इमरोज अशील का उपन्यास – गूँगी मोहब्बत -भाग -21

गूँगी मोहब्बत 

भाग -21

शाहदरा : चांदनी चौक के बाद पुरानी दिल्ली का सबसे पुराना उपशहर ,यमुना के किनारे बसा हुआ ,मुगल काल के एक एक पल का गवाह । दोपहर के बाद का समय था। शहर के किसी बाहरी हिस्से में एक विला के अंदर तीन पुरुष एवं दो महिलाएं बैठीं हुईं थीं । उनके चेहरों पर मातमी सन्नाटा बिखरा हुआ था । एक दम शांति व्याप्त थी एंड नोबडी नोज हू इज गोइंग टू ब्रेक द आइस ।

” मूलमणि! आखिर पिछले दो घंटे में ऐसा क्या हो गया है कि हमारे सारे क्लाइंट्स पीछे हट गये हैं। हमारी डील्स तो प्रॉफिटेबल थी । लोगों का हम पर से भरोसा कम क्यों है गया है? ” उनमें से जो सबसे उम्रदराज शख्स था उसने गला खंखारते हुये कहा ।

वो शख्स जिसे मूलमणि कहकर बुलाया गया था ,कुछ बोलने ही वाला था कि उसका फोन बज उठा । यूं अचानक फोन आना सबको नागवार गुजरा था ।आज जितने भी फोन आये थे, सब मनहूसियत भरे थे और एक और फोन..

“सर, हमारे ऑफिस में सेल टैक्स के लोग आये हुये हैं , क्या करना है?

” हम्म, देखता हूं ।कहकर मूलमणि ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दिया था। कड़वे चेहरे के साथ यह खबर बाकी लोगों को भी सुना दी गयी थी। अभी सब लोग इस झटके से उबरे भी नहीं थे कि चिंतामणि का फोन घनघना उठा ।यह मूलमणि का छोटा भाई था इसका खल्वाट सर और गर्दन पर लटकती मांस को देखकर ही कोई भी जान सकता था कि यह आदमी बहुत ही काइयां और घाघ किस्म का है।स्क्रीन पर फ़्लैश होते नंबर को देखकर उसने जान लिया था कि यह लक्ष्मीनगर ऑफिस से मैनेजर का फोन है।

” बको,क्या बकना है?”

“सर, आर ०टी० ओ० ने ओवर लोड दिखा कर अपनी सारी गाड़ियां सीज कर दी हैं।” मिमियाते हुये मैनेजर ने कहा।

यही और रह गया था। पूरा परिवार परेशान था।पिछले दो घण्टे के अंदर यह दसवां फोन था। सब के सब मनहूस खबरें लेकर आयें थे। पता नहीं क्या हुआ लेकिन ऐसा लगता था कि उन पर किसी बुरे साये की नजर पड़ गयी हो। सारा बिजनेस ठप्प होने के कगार पर था।उन्होंने तो हाल-फिलहाल किसी को अफेंड भी नहीं किया था।

“यह सब संयोग नहीं है।दुनिया में कुछ भी अचानक नहीं होता है। कोई है जो इस सब के पीछे है । और जिस तरह से उसने हमारे ऊपर ग्रिप बनायी है,यह स्पष्ट है कि वह कोई बड़ी ताकत है। उससे मिलो और निगोशियेट करो।” उस बूढ़े आदमी ने जो कि वास्तव में उन दोनों का पिता था ,ने अपने जीवन का संपूर्ण अनुभव अपनी दो बातों में सामने रख दिया था।

” डैड! किस से लड़ूं? किस से निगोशियेट करूं ? कोई सामने तो हो ? मूलमणि चाह कर भी अपनी इरीटेशन छुपा नहीं पाया था और झुंझलाते हुये बोला था।

सच भी था ।आज लगभग दोपहर बाद से ही मणि फेमिली में हंगामा मचा हुआ था। किसी ने उनके पूरे बिजनेस सिस्टम को ब्लॉक कर दिया था।लेकिन उन‌ लोगों को अब तक ये भी पता नहीं था कि ये सब कर कौन रहा है। मुश्किल से दो घण्टे,केवल दो घण्टे के अंदर पूरा परिवार लगभग सड़क पर आ गया ।ये लोग कोई बिजनेस टायकून्स में शुमार नहीं थे लेकिन फिर भी अच्छी हैसियत के मालिक थे। अभी वो मातम मना ही रहे थे कि उनके विला के सामने एक बेंटले बेंटायगा एस यू वी टाइप रुकी और उसमें से एक पचास वर्षीय सूटेड बूटेड आदमी नीचे उतरा। उसका औरा इतना जबरदस्त था कि जैसे ही वह गेट के पास आया,दरबान ने अपने आप ही गेट खोल दिया। बहुत ही प्रोफेशनल अंदाज में वो लम्बे लम्बे कदमों से अंदर आ गया और इस वक्त मणि फेमिली के सामने आकर बैठ गया था ।बिना किसी भूमिका के उसने कहना शुरू किया ,

” मुझे भूपेंद्र राठी कहते हैं। राठी बिल्डर्स के नाम से छोटा मोटा काम है। मुझे लगता है कि मैं जनार्दन मूलमणि जी से बात कर रहा हूं। मुझे आपकी शाहदरा वाली प्रापर्टी में इंट्रेस्ट है।आय होप हमारे साथ डील करना आप पसंद करेंगे। ” बिना लाग लपेट के उस शख्स ने कम शब्दों में अपनी बात रख दी थी।

” हम लोग अभी कुछ भी सेल आउट नहीं कर रहे हैं ।आप के पास कोई ग़लत सूचना है मि० राठी।” मूलमणि एकदम बोल उठा।

” आप सोच लीजियेगा। क्या आप चाहते हैं कि शाम तक आप की प्रॉब्लम्स और बढ़ जायें? आप शायद सही से सुन नहीं पाये हैं। भूपेंद्र राठी फ्रॉम राठी बिल्डर्स ।” इस बार उसने अपने शब्दों को चबाते हुये बोला था।

और अचानक चिंतामणि को जैसे कुछ याद आ गया। हो। राठी बिल्डर्स मतलब वो कुख्यात बिल्डर जो विश्नोई गैंग की लीगल फेस है।उनके तो बहुत किस्से हैं ।अचानक वो जूड़ी के मरीज की तरह कांपने लगा था। उसे पता था कि भूपेंद्र राठी को नाराज़ करने का मतलब है शाहदरा में यमराज को नाराज़ करना। इसके कांसीक्वेंसिस बहुत बुरे हो सकते थे। तुरंत अपने पिता के कान में कुछ खुसर पुसर की और फिर वो बूढ़ा आदमी जिसे भूपेंद्र राठी ने जनार्दन नाम एड्रेस किया था, राठी से मुखातिब होते हुये बोला,

” हम शायद जानते हैं आप को , आय मीन सुना है आप के बारे में।हम लोग अभी कुछ बिजनेस अफेयर्स को लेकर थोड़ा पजल्ड थे । इसलिये आप को पहचानने में वक्त लगा। आय होप आप इसे दिल पर नहीं लेंगे।वैसे इस डील में आप का क्या इंट्रेस्ट है और मेरा क्या फायदा?। “

“इंट्रेस्ट मुझे नहीं ,मेरे एक दोस्त को है । उसे वो प्रापर्टी चाहिये ।और चाहिये का मतलब चाहिये है। रही आप के फायदे की बात , आप के बाकी सारे इश्यूज इसी डील से जुड़े हैं। आप को डिसायड करना है कि आप को अपनी प्रॉब्लम्स बढ़ानी हैं या कम करनी हैं। आप समझ तो पा रहे होंगे कि मैं क्या कह रहा हूं।”

वह बूढ़ा आदमी दुनिया देख चुका था। वो समझ गया था कि सब समस्याओं की जड़ वो प्रापर्टी ही है। जो आदमी बिना सीन में आये इतनी समस्याएं क्रियेट कर सकता है वो कितना पॉवरफुल होगा। ।वो अपनी सिचुएशन समझ रहा था । एक तरफ पूरा फेमिली बिजनेस दांव पर था और दूसरी तरफ वो मकान । उसने तुरंत ही डिसायडिंग वे में कहा,

” आप मेरे बाकी सारे इश्यूज शॉर्ट आउट कर दीजिये। वो प्रापर्टी आप को गिफ्ट करता हूं। हम सब आप से बेहतर ताल्लुकात की उम्मीद रखते हैं।

” आप ग़लत समझ रहे हैं । मुझे वो फ्री में नहीं चाहिये। आप को उसकी मार्केट वैल्यू का भुगतान मिलने वाला है। बस आप को सेल करना होगा ,इसे आप चाहें जो समझें।”

यह कहते हुये उसने अपना ब्रीफकेस खोलकर उनके सामने रख दिया जिसमें लगभग दो करोड़ की करेंसी थी।

” हमारे दोस्त एक इथिकल इंसान हैं और वो समझते हैं कि प्रापर्टी आप की है ।इसलिये उनके बिहाफ पर मैं आप को पे कर रहा हूं । आप प्लीज जाकर मिसेज अंजना मणि को सूचना दे दीजियेगा कि वो मकान हमेशा उनका ही रहेगा। लीगल फॉर्मेलिटीज आप अपने हिसाब से पूरी करते रहियेगा।” राठी ने यह कहते कहते अपने फोन से कोई नंबर डायल करके निर्देश दिया था , ” रिलीज एवरीथिंग। “

भूपेंद्र राठी जैसे हवा की तरह आया था वैसे ही चला गया था । यहां दोनों मणि ब्रदर्स मन ही मन झुंझला रहे थे। उनका बस चलता तो वो भूपेंद्र राठी का खून पी जाते। लेकिन अपने पिता को सरेंडर देखकर और राठी के रुतबे को महसूस कर दोनों भाई समझ गये थे कि वो जो भी था ,उनके लेवल से काफी ऊपर था। हां,एक अच्छी बात ये थी कि उनके पास फिर फोन आने शुरू हो गये थे। लेकिन इस बार सारी फोनकॉल्स गुड न्यूज लेकर आयीं थीं।

कौन था भूपेंद्र राठी का दोस्त ?

क्या यह गरिमा सिंह की फेमिली थी?

क्या अमर अपने सोर्सेज से मदद कर रहा था?

ये सब जानते रहेंगे बाद में। फिलहाल चलकर देखते हैं कि पहाड़ क्या गुल खिला रहे हैं?

 

Author

Leave a Comment