इमरोज अशील का उपन्यास ‘ गूँगी मोहब्बत’-भाग -24

 

गूँगी मोहब्बत’

भाग -2

अनंता और माही को साथ लेकर जब गरिमा चाय की टपरी पर आयी ,तब तक अमर वहां से गायब हो चुका था । गरिमा इस बात को लेकर सरप्रायज्ड थी कि अभी अभी यहां बैठा आदमी एक दम भूत बनकर कहां उड़ गया था । गरिमा की उलझन अपनी जगह थी और अनंता का बड़बड़ाना अपनी जगह ,

” देखो , इंसान के चेहरे के हजार रंग होते हैं। देख कर कोई जान भी नहीं सकता कि साफ सुथरा दिखने वाला आदमी भी कितना मनहूस और कुलच्छनी हो सकता है …ब्लाह ब्लाह ।”

” शांत हो जा मियां, मुझे लगता अगर तू जज होती तो उसे सीधा बिना मुकदमा पैरवी फांसी पर लटका देती । ले चाय पी ” हंसते हुये गरिमा ने चाय का ग्लास अनंता और माही की तरफ बढ़ाया ।

” हम कांच के ग्लास में चाय नहीं पीते।हमको मिट्टी के कुल्हड़ में दो।” अनंता अब अमर से चाय पर उतर आयी थी ।

” क्यों? ग्लास में क्यों नहीं पीती ?” गरिमा ने पूछा

 

“अरे ग्लास तो सबके जूठे होते, कोई भी पी जाता है।ये हमको नहीं जंचता । और चाय का असली स्वाद तो कुल्हड़ में ही है।

” मिट्टी को सोंधी खुशबू चाय के जायके में मिल जाती है।

जैसे कोई लड़की वापस सावन में मायके में मिल जाती है।।”

शायराना अंदाज में बहुत बेतकल्लुफी के साथ अनंता ने कहा ।

” तुझे आजकल बहुत मायका ससुराल सूझता है मेरी लाड़ो। क्या बात है? चुहल करने वाले अंदाज में माही ने अनंता से पूछा ।

अरे, ब्याह नहीं हुआ तो बरातें तो देखीं हैं। और जल्दी ही तेरी भी देखूंगी ।गरिमा जी आप बताओ, कुछ गलत बोली मैं?”

गरिमा इन दोनों की चुटीली बातों का मजा ले रही थी । गरिमा चाय वाली बात समझती थी क्योंकि खुद उसकी अम्मा अपना चाय का ग्लास अलग रखतीं थीं।गरिमा का दिमाग अमर में उलझा था कि आखिर कहां गया होगा ।

उधर खाना बंट चुका था ।और गांव वाले वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। कुछ साथ के लोग माही और अनंता को आवाज देकर बुला रहे थे।उन दोनों ने जब पुकार सुनी तो जल्दी जल्दी चाय खत्म करके पैसे देने लगीं।

” चाय के लिये मैंने बोला था , पैसे मैं दूंगी।” गरिमा ने निर्णायक अंदाज में कहा ।

” बिटिया लोग , दुकान राहगीरों के लिये रखी है। तुम सब मेरी घर की बेटियां हों।चाय के पैसे कोई नहीं देगा । ये तो हमारी तरफ से थी ।” दुकानदार ने बहुत ही आत्मीय भाव से चाय के पैसे नहीं लिये। वो दरअसल चौमढ़ा के ही एक काका थे। भगवान की भी कुछ अलग ही रहती है ।बड़ा दिल अक्सर गरीबों के हिस्से रखता है।

जब वो दोनों चलने लगीं तो गरिमा ने किसी कशमकश से उबरते हुये उनसे कहा,

“सुनो, वो लड़का सुपर किलर नहीं था । मुझे कुछ कन्फ्यूजन हो गयी थी ।ही इज़ जेंटल वन। कभी कभी हम बिना जाने ही रयूमर्स के बेसिस पर किसी को ग़लत या सही समझ लेते हैं। “

दोनों के मुंह से एकदम निकला ,”अरे।ऐसे कैसे”

“जो मैं अब कह रही हूं ,वहीं सच है।” गरिमा ने थके अंदाज में कहा जैसे वो अपना कोई बड़ा दांव हार रही हो।पास में ही खड़ी टूरिस्ट बस का ड्राइवर फुल ऑन स्पीकर मोड़ में गाना बजा रहा था ,

” सोचता हूं तुम्हें दूं मैं सौगात क्या?

दिल तो देते हैं सब, दिल की औकात क्या?

जान हाजिर है मेरी अगर चाहिये…

आप के प्यार की एक नजर चाहिये।”

और यहां वो दोनों लड़कियां सरप्रायज्ड थीं। लेकिन वापस गांव जाने वाले लोग उन्हें पुकार कर रह गये थे ,इसलिये अपने चेहरों पर तमाम आश्चर्य लिये अनंता और माही फिलहाल चली गयीं थीं।

गरिमा को खुद नहीं पता था कि उसने सही किया या ग़लत किया ।उसे ये भी पता नहीं था कि इसके कांसीक्वेंसिस क्या होंगे। उसका इस तरह का कोई विचार नहीं था लेकिन जब उसने अमर को अनंता को हसरत भरी निगाहों से देखते देखा तो न जाने किस भावना के वशीभूत होकर उसने उन दोनों लड़कियों के सामने अमर की इमेज क्लियर करने की कोशिश की थी। हालांकि ये बात वो एक बार सुबह जब अनंता ने फोन किया था और अमर ने सुन लिया था तब भी सोच चुकी थी।और अगर देखा जाये तो गरिमा की रेस्पोंसबिलटी भी बनती थी।फिलहाल उसने वहीं किया था जो उसे सही लगा।

लेकिन होता है न कि कुछ चीजें अपनी तरह से असर करतीं हैं। जब से गरिमा के थ्रू उन लड़कियों को पता चला था कि अमर इज़ अ सुपर किलर , उन दोनों के दिमाग में वो लड़का नाच के रह गया था। शक्ल से इतना मासूम दिखने वाला इंसान किलर निकला ,यह सोच सोच कर उन्हें गुस्सा आ रहा था। अनंता के मन में शायद अपराधबोध भी था कि उस किलर के लिये कितना बड़ा स्टैंड ले लिया था और कैंची लेकर खड़ी हो गयी थी। अब जब उसे पता चला कि वह लड़का किलर नहीं है तो आश्चर्य के साथ साथ कहीं न कहीं डीप डाउन इन द हर्ट उसे खुशी भी मिली थी। अभी दोनों लड़कियां उसी विषय पर बात करते हुये घर की तरफ उतरतीं चलीं जा रहीं थीं..

” यार ,मेरा दिल पहले ही कह रहा था कि वो‌ लड़का ऐसा नहीं होगा ..गंदे लोग कुछ भी करें लेकिन उनके फेस पर वो ग्लो आ ही नहीं सकता जैसा उस के फेस पर था।मन की कालिख चेहरे पर छा ही जाती है।” अनंता ढलान पर उतरते हुये माही से बोले जा रही थी।

माही अनंता को छेड़ने वाले अंदाज में बोली , “

अच्छा इतने अच्छे से फेस स्टडी की है मेरी लाड़ो ने। और बता ,,,,और क्या कह रहा था दिल ।”

“धत्त..” अनंता के गाल और सुर्ख होने लग गये थे। ” मेरे कहने का मतलब था कि बुरे लोगों का औरा अलग होता है। आदमी देखे से समझ आ जाता है।”

” अच्छा ,तो हमारी लाड़ो देख देख के समझने में लगी हैं। वैसे देख कर समझना ,समझ कर देखने से तो अच्छा ही है।” माही कम नहीं थी और बात को डुअल मीनिंग के साथ करके अनंता को परेशान कर रही थी।

” यार ,तुमसे तो बात करना फिजूल है। अब मैं बोलूंगी ही नहीं।” अनंता चिढ़ गयी थी।

“अरे मेरी लाड़ो, आय वाज़ जस्ट किडिंग।” एक मिनट के लिये सीरियस होने की एक्टिंग करते हुये माही ने फिर कहा, ” वैसे कुछ भी कहो, लड़का तो मस्त था यार । काश ऐसा कोई मेरा जीजा होता..।”

वो फुल ऑन मूड में थी और अनंता की टांग खींच रही थी। इस तरह की की हल्की फुल्की बातें करते हुये दोनों सहेलियां लगभग घर पहुंचने वालीं थीं। वैसे भी शाम होने ही वाली थी और पं० शिवनाथ जी आरती की तैयारी कर ही रहे होंगे। अगर कोई विशेष अड़चन नहीं आती थी तो अनंता भी आरती में नियमित सम्मलित होती थी ।

इधर इधर उधर थोड़ा बहुत खोजने के बाद गरिमा को अमर एक चट्टान पर बैठा दिखाई दिया। उसके पास पहुंचते ही बोली,

” यहां क्यों आए गये? मैं वहां खोज रही थी। उन लड़कियों से मिलाती जो अस्पताल में तुम्हारी सेवा कर रहीं थीं। “

” और वो मुझे देखते ही चीख पड़तीं ,हत्यारा मिल गया। लोगों को मुफ्त का तमाशा मिल जाता। है न? ” प्रश्नवाचक भाव में अमर ने पूछा। उसका मूड थोड़ा अपसेट लग रहा था।

“सॉरी यार ,दैट वाज़ टोटली माय मिस्टेक। लेकिन अब सब सही हो गया है।मैंने उन्हें बता दिया है कि यूं आर अ जेंटलमैन।”

अमर ने कोई आंसर नहीं दिया। बस उठ कर चल दिया। अंधेरा होने लगा था और वो वापस थाने की ओर चल दिये थे।अभी गरिमा सिंह जीप स्टार्ट ही कर पायी थी कि फोन स्क्रीन पर अम्मा का नंबर फ़्लैश होने लगा।

” हां, अम्मा ! राधे राधे। थोड़ी देर में कॉल बैक करें।”

“अरे बिटिया, कमाल हो गया । आज वो लोग फिर आये थे। सब कागज दे गये और कह गये कि अब इस मकान से उन्हें कोई मतलब नहीं । तुमने कैसे किया ये सब ।बताओ।” अम्मा की खुशी उनकी आवाज से छलक रही थी।

” अम्मा ,बाद में बात करते हैं। अभी जीप चला रहे हैं। “

क्या हुआ ,कैसे हुआ ,पता नहीं था लेकिन अम्मा की खुशी देखकर गरिमा काफी अच्छा फील कर रही थी।लेकिन ये चमत्कार कैसे हुआ ? वो अपनी फेमिली के लोगों को अच्छे से समझती थी ।आज तक तो इतने गुड फेस के साथ उन लोगों ने कोई विहैव किया नहीं था। वो कुछ ज्यादा सोच नहीं पायी लेकिन ये सोच कर खुश थी कि अम्मा खुश हैं। आखिर ले दे कर दुनिया में एक वही तो थीं जिनकी वजह से उसे परिवार का अर्थ पता था।

अचानक गरिमा के दिमाग में कोई ख्याल आया और उसने अमर की तरफ देखा। अमर अपनी उंगलियों में एक करेलिया उलझाये खिड़की से बाहर की तरफ देख रहा था। गरिमा की आंखों में कृतज्ञता के भाव साफ साफ देखें जा सकते थे। हालांकि उसे ये अब तक समझ नहीं आ रहा था कि अगर अमर ने ही ये सब किया है तो कैसे किया होगा। आखिर ये इंसान क्या बला है? घातक जहर के बाद भी बच जाना, इसकी वजह से अस्पताल के बाहर खूनी गैंगवार, एस० पी० साहब का डाउन टु अर्थ होकर बात करना , आज ये सब , करेलिया का महंगा विदेशी ब्रांड और इतना कूल टेम्पर ।अगर सब सही है तो नेट पर इतनी रोंग इन्फार्मेशन क्यों? ये आदमी उसके लिये एक पहेली बनता जा रहा था जिसे जितना समझ रही थी,उतना ही और उलझती जा रही थी।

 

प्यारे दोस्तों,

आप की तरह ही हमारे भी दिल में कुछ सवाल हैं कि अनंता और अमर के बीच गरिमा का क्या होगा ?

अमर और अनंता कैसे मिलेंगे?

आप के साथ साथ हम भी खोजेंगे इन सवालों के जबाब इसी उपन्यास के अगले पन्नों पर…

Author

Leave a Comment