इमरोज अशील का उपन्यास ‘ गूँगी मोहब्बत’-भाग -25

 

गूँगी मोहब्बत’

भाग -25

तमिलनाडु के तिरुची में एक रेस्टोरेंट , अभी अभी रेस्टोरेंट के हॉल में एक खूबसूरत नॉर्थ इंडियन लड़की का प्रवेश हुआ । टाइट जींस के साथ ढीली टी शर्ट , मैच करता हुआ हेयर रिबिन, पैरट शेप्ड नोज, काम्बुग्रीवा(शंख जैसी गर्दन वाली स्त्री)।इधर उधर नजरें फैला कर देखा और एक खाली कॉर्नर सीट पर जा कर बैठ गयी। उसका फिगर इतना आई कैचिंग था कि वहां बैठा हर शख्स बस उसी को देखे था रहा था । वेटर भी उसके बैठते ही लपक कर उसकी टेबल पर पहुंच गया ,

” क्या लाऊं मेम?”

उस हसीन बला ने एक नजर मेन्यू कार्ड पर डालते हुये एक प्लेट मोचार चाप ( केले के फूल के पकौड़े) और एक एनर्जी ड्रिंक आर्डर कर दिया था । वेटर ऑर्डर लेकर चला गया था और उस लड़की ने एक उचटती सी निगाह पूरे रेस्टोरेंट पर डाली । उसने एक नजर में ही जान लिया था कि सेंटर टेबल पर बैठे हुये दो शख्स कॉमन बिल्कुल नहीं थे। और ये सच भी था । उनमें से एक जाफना ग्रुप का सेकेंड चीफ अंगोला लोक्का था और दूसरा उसका सबार्डीनेट तिरुचि का ही वेदानाथन।जब वो लड़की आते हुये उनके टेबल के पास से गुजरी थी तो मदहोश करने वाली खुशबू उन दोनों के नथुनों से टकरायी थी । अपनी कॉफी पीते पीते एक निगाह बरबस ही उस बला की ओर उठ गयी थी ।दोनों का ध्यान एक पल के लिये उस लड़की की तरफ गया और फिर अपनी बातों में उलझ गये थे। उस लड़की ने इत्मीनान से अपना मोचार चाप फिनिश किया और अपनी ड्रिंक की कैन ओ पलट पलट कर उसकी आखिरी बूंद तक हलक के नीचे उतार ली । वहां मौजूद पुरुष उसके कांच से गले को देखकर अनुमान लगा रहे थे कि ये बूंद गले में कहां तक पहुंची होगी।

इंसान की फितरत बहुत अजीब होती है ।कुछ मामलों में तो एकदम कुत्ते जैसी। सड़क से निकलती हुई किसी भी चमचमाती कार के पीछे दौड़ने वाले कुत्तों को भी पता नहीं होता कि उनका इस दौड़ का मकसद क्या है ? लेकिन दौड़ते हैं,जी भर दौड़ते हैं, हांफ जाने तक ,निढाल हो जाने तक दौड़ते हैं। सपोज करिये कि कार खड़ी भी हो जाये तो भी वो बेचारे क्या ही कर लेंगे।

यही हालत वहां बैठे युवाओं और अधेड़ो की थी। हालांकि जो मेल कपल के साथ थे ,वो नजर चुरा के देख रहे थे लेकिन देख रहे थे।अचानक वो लड़की अपनी सीट छोड़कर उठी । बिल उसने टिप के साथ टेबल पर ही छोड़ दिया था और सबको एक स्माइल देते हुये रेस्ट्रां से बाहर चली गयी थी । एकदम बैठे हुये अधिकांश लोगों को लगा जैसे एक बहुत ही शानदार मूवी देख रहे थे जो अब खत्म हो चुकी थी ।

तभी अचानक हॉल के मध्य से शोरगुल उभरा ।सेंटर टेबल पर बैठा एक आदमी बात करते करते बेहोश हो गया था । हां ,यह जाफना ग्रुप का सेकेंड चीफ था ।

रेस्टोरेंट के मैनेजर ने पुलिस को फोन कर दिया था । और साथ बैठा आदमी बता रहा था कि कॉफी पी रहे थे, अचानक इनका शरीर एंठने लगा और मुंह से आवाज निकलनी बंद हो गयी थी ।

पुलिस इंस्पेक्टर आर० वेंकटेश झुक कर बॉडी की जांच करने लगे।उन्होंने उसकी नाक के पास अपनी उंगलियां लगायीं और फिल्मी अंदाज में कैप उतार कर खड़े होते हुये बोले, ” ही इज़ नो मोर नाउ। इनके साथ कौन है ? बॉडी को पोस्टमार्टम के लिये ले जाना पड़ेगा । लेकिन इस बीच साथ वाला आदमी वहां से खिसक चुका था ।उसकी पूंछ का भी कहीं अता पतानहीं था ।

” चेक ऑल सी सी टीवी प्रापर्ली। डोंट मिस ए सिंगल मूमेंट । ” अपने सबार्डीनेट को आदेश देते हुये इंस्पेक्टर वेंकटेश अपनी जरूरी लिखा पढ़ी को पूरा करने एवं रेस्टोरेंट में मौजूद कस्टमर्स के बयान दर्ज करने में बिजी हो गये।

वहां मौजूद लोगों के बयान के अनुसार उन्होंने कोई खास बात नोटिस नहीं की थी । इस तरह से प्रायम सस्पेक्ट के रूप में टेबल पर बैठा साथ वाला आदमी ही बार बार सबके दिमाग में आ रहा था और वो आदमी फिलहाल गधे के सिर से सींग की तरह गायब हो चुका था ।इंस्पेक्टर वेंकटेश उस समय चौंक पड़ा था जब उसने कॉफी के मग देखे ।उसने वो दोनों मग सावधानी के साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट से उठवा लिये थे। इंस्पेक्टर वेंकटेश ने फिलहाल बॉडी का पंचनामा करके उसे पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया था और सी सी टीवी फुटेज के आधार पर मृतक और उसके साथ वाले आदमी की आइडेंटिटी पता करने के लिये आवश्यक निर्देश जारी कर दिये थे। रेस्टोरेंट भी सील करवा दिया था । उस दिन के खाने के सैंपल ले लिये गये थे और उस टेबल पर रखे दो कॉफी मग भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिये थे।

ऐन इसी समय वो लड़की एक लक्जरी कार में बैठकर किसी को फोन कर रही थी ,

” यस सर । ऑल इज़ वेल । सब उम्मीद से अधिक आसान था ।” लड़की के चेहरे पर वैसी ही एक संतोष पूर्ण मुस्कराहट थी जैसी किसी फुटबालर के चेहरे पर बाल गोलपोस्ट में डालकर आती है।

” यू डिजर्व माय प्रेज माय चाइल्ड । यू विल बी रिवार्डिड फॉर दिस ।लेकिन अभी वहीं रुकना है तुम्हें एंड कीप वाचिंग । एक और बात , हमारी जिंदगी केवल इस बात पर डिपेंड है कि हम कितना अलर्ट हैं।सो टेक केयर अबाउट दिस टू।”

अगले एक घंटे में ही तिरुचि में हंगामा बरपा हुआ था । मरने वाले आदमी की शिनाख्त हो गयी थी । और पुलिस ये सोचकर हैरान थी कि श्रीलंका की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शुमार अंगोला लोक्का किस तरह से खामोश मौत का शिकार हो गया था । एक शख्स जो खुद मौत बांटता घूम रहा था , आज खुद लावारिसों की तरह गुमनाम मौत मर गया था । श्रीलंकाई दूतावास को सूचना दे दी गयी थी और पुलिस अब लोकल क्रिमनल वेदानाथन की तलाश में जुट चुकी थी।कुछ दिन पहले हुयी गैंगवार के बाद फिर ये बड़ी घटना घट गयी थी।अब पुलिस की खुद इज्जत पर बन आती थी।फिलहाल सभी यही मानकर चल रहे थे कि वेदानाथन ही इस मामले की अगली कड़ी है ।

कौन थी वो लड़की?

वेदानाथन की क्या भूमिका रहेगी?

उस लड़की ने फोन पर किससे बात की थी ?

क्या पुलिस असली कातिल तक पहुंच पायेगी?

दोस्तों आप सब की मोहब्बत के लिये बेहद शुक्रिया। चलते रहिये ,सफर जारी है…

 

 

Author

Leave a Comment