नीना अंदोत्रा का उपन्यास ‘ सरोरुह ‘-भाग -4

 

सरोरुह

भाग -4

धुंधली यादें

चाँद फिर लौट आया आसमान में और चंदों भी लौट आई। नन्हा चिंटू उसे देखकर दौड़ा और उससे लिपट गया। चंदों ने चिंटू को अपनी बांहों में भर लिया और कसकर माथा चूमा। कितना खास होता है माँ-बच्चे का रिश्ता। एक बच्चे की दुनिया उसकी माँ होती है और माँ के अंतर्मन का चैन बच्चे में। सुबह से चिंटू ने अपनी माँ को नहीं देखा था। चंदों जब समय पर घर नहीं लौटती, तो उसका बार-बार दरवाज़े तक आना और बाहर गली में झांककर देखना जारी रहता है। चंदों जानती है कि चिंटू को उसकी ज़रूरत है, लेकिन जीवन कई हिस्सों में बंटा होता है।
चंदों को रह-रहकर जानकी की याद आती है और याद आता है बचपन। चिंटू को गोद में लेकर वह बचपन की यादों में खो जाती है।
सुंदर – मुंदरिए- हो,
तेरा कौन विचारा-हो
दुल्‍ला भट्टी वाला- हो, दुल्‍ले ने धी ब्‍याही-हो
सेर शक्‍कर पाई- हो, कुड़ी दा लाल पटाका-हो…
उसे याद आया कि कैसे वो और जानकी स्‍कूल में हर बार लोहड़ी पर धमाल मचाती थी, खूब नाचती थी और टीचर को भी साथ पकड़ लाती थी जानकी। टीचर भी उनके साथ मिलकर नाचती। जानकी का यूँ सबमें घुलमिल जाना उसे अच्‍छा लगता था। वह जानकी के संग रहना चाहती थी हर पल, उसके घर भी जाना चाहती थी, तब उसके पिता ने उसे समझाया, ‘दोस्ती बराबर वालों में होती है, वह तो मालिक की बेटी है। बड़े जैलदारजी की।’
‘ये बड़े जैलदारजी कौन होते हैं? क्या ये भगवान होते हैं?’
‘ऐसा ही समझ लो। उनकी वजह से ही तुम भी स्कूल जा पा रही हो। जानकी का दाखि़ला जब हीरानगर के अच्छे स्कूल में करवाया गया था और स्कूल ले जाने और लाने की ज़िम्मेदारी उन्होंने मुझे सौंपी थी। तब तुम्हारी पढ़ाई का खर्चा भी उन्होंने उठाने का जिम्मा लिया था और तभी तुम्हारा दाखिला हो पाया था इसलिए बड़े जैलदार जी हमारे लिए भगवान से कम नहीं हैं I’ केशो दास बेटी को हमेशा समझाते हुए यही कहते और चंदों की आँखों के सामने कितने दृश्य तैर जाते I दोनों स्कूल में सहेलियां कम और बहनें ज़्यादा लगती थीं। कई अध्यापक तो पूछ भी लेते, ‘क्या तुम दोनों बहनें हो?’
चंदों उस एक-एक पल को याद कर रही है, जो दोनों ने साथ गुजारे थे। जैसे-जैसे दोनों सहेलियां बड़ी होती गईं, दोनों पर समाज का रंग थोड़ा-थोड़ा चढ़ता गया। जातिभेद का असर जुबां पर आने लगा, जानकी अब चंदों के लिए उसकी जानकी दीदी बन गई थी। जानकी भी तब कहाँ इंकार कर पाई थी उसे दीदी बोलने से, उसने यही देखा था, यही वो सीख भी रही थी। कुछ खाईयां इतनी गहरी होती है कि कई जज़्बाती सागर इसमें समा सकते हैं।
दोनों सहेलियों के जज़्बात भी उसमें समा चुके थे। चंदों ने अपने पिता से इस भेद के बारे में कितने किस्से सुन रखे थे। कभी-कभी सुनते हुए हैरान हो जाती। अपनी डायरी में वह शायरी के साथ-साथ कभी इन किस्सों को भी लिखा करती थी। बड़े जैलदार जी के पिताजी का किस्सा भी उसमें दर्ज है।
यह तब की बात है, जब इस इलाके में जैलदार हुक्म सिंह का सिक्का चलता था। मजाल कि इस इलाके में उनकी इच्छा के विरुद्ध कुछ हो जाए, लेकिन न जाने क्यों गिरधारी इस बात को भूल गया। बेटे की शादी की ख़ुशी में उसने सिर पर तुरले वाली पगड़ी पहन ली थी और सीना चौड़ा कर गाँव में घूम रहा था। तभी जैलदार हुक्म सिंह ने उसे देख लिया। उनकी नज़र जैसे ही गिरधारी की तुरले वाली पगड़ी पर पड़ी, उन्होंने गुस्से में आकर अपनी छड़ी से उसे नीचे गिरा दिया। गिरधारी की टांगें कांपने लगी थीं। वह नजऱें झुकाकर, हाथ जोड़कर चुपचाप खड़ा हो गया। जैलदार हुक्म सिंह उसको मर्यादा में रहने का हुक्म देते हुए चले गए।
गाँववालों ने गिरधारी को तसल्ली दी, सिर्फ टोका ही तो है, शुक्र करो ऊपर वाले का कि पीटा नहीं। उनके पिता तो बहुत हैवान थे, तुरलेदार पगड़ी पहनने वाले की चमड़ी उधेड़ कर रख देते थे।
चंदों सोचने लगी, पीढ़ी-दर-पीढ़ी गांठें कुछ ढीली तो हुई हैं, जहाँ हुक्म सिंह जी अपने पिता से कम क्रूर निकले, वहीं उनके बेटे यानी जानकी के पिता बड़े जैलदार जी कुछ हद तक सम्मान के साथ बात करते हैं अपनी कामगार कौम से, और आज जानकी ने दो क़दम और आगे बढ़ा दिए, उसके कप से चाय पीते हुए… चाय के प्याले ने जैसे सदियों की खाई को पाट दिया, पर क्या जानकी उनकी उत्तराधिकारी मानी जाएगी! कहीं ऐसा तो नहीं होगा कि उसके भाई खाई पाटने की जगह और गहरी कर देंगे!!
चंदों बेचैन होकर ख़ुद से ही कहने लगी, ‘नहीं, मैं ऐसा कभी नहीं होने दूंगी, अगर वे दो क़दम बराबरी की तरफ़ आगे ना बढ़े, तो कम से कम मैं तो उनकी चौखट पर क़दम नहीं रखूंगी, अभी तो बस बड़े जैलदार जी के प्रति सम्मान है और जानकी से हमदर्दी।’
ख़यालों में खोते खाते हुए वह अपने काम निपटाने लगी। घर के कामकाज करने के बाद उसने अपने पिता को दवाई दी और चिंटू को सुला दिया। इस बीच जैसे जानकी उसके साथ ही बनी रही, उसे कभी भी नहीं लगा था कि जानकी के साथ बीता बचपन उसे आज इस तरह बेचैन कर देगा। रेडियो पर डोगरी गीत बज रहे हैं और केशोदास रोज की तरह आज भी गुनगुना रहे हैं I एकाएक घड़ी पर चंदों की नज़र गई, तो उसे ध्यान आया कि बेचैन तो अभी कोई और भी हो रहा होगा। जल्दी से फेसबुक मैसेंजर ऑन किया तो एक के बाद एक कई मैसेज थे। मिस्ड वॉयस कॉल भी।
‘आज तो ख़ैर नहीं।’ बुदबुदाते हुए चंदों ने वॉयस कॉल की।
‘कहाँ थी तुम, जानती हो न कि मैं परेशान हो जाता हूँ। तुम ठीक तो हो न?’
‘हाँ, मैं ठीक हूँ, सॉरी। ‘ चंदों के स्वर से चंदर समझ चुका था कि काम में व्यस्त होने के कारण आज वह भूल गयी होगी। दोनों में अब इतना सामंजस्य बन चुका था कि बिना कहे भी एक-दूसरे की कितनी ही बातों को समझ जाया करते।
‘चंद्रिका जी आज इतनी व्यस्त थी कि उनको अपने चंदर की याद भी नहीं आयी, जबकि पता है कि ऑफिस से आते ही उसे आपकी आवाज़ सुननी होती है।’ चंदर ने बातचीत में रोमांच भरते हुए कहा।
‘माफ़ कर दो ना अब।’ बहुत आहिस्ता से पूरी नज़ाकत के साथ चंदों बोली।
‘एक शर्त पर माफ़ करूंगा।’
‘हर शर्त मानूँगी…।’
‘तुम्हें देखना चाहता हूँ, सिर्फ़ पाँच मिनट, प्लीज़ मना मत करना।’
‘आज नहीं, फिर कभी प्लीज़।’
‘सिर्फ़ पांच मिनट…।’
दोनों की प्लीज़ के बाद चंदर की प्लीज़ जीत गयी और चंदों ने वीडियो कॉल की मंजूरी दे दी।’
बिखरे हुए बाल, झुकी नज़रें चंदर की आँखों में घर कर गयीं और चंदर उसे एकटक निहारता ही रहा, फिर आहिस्ता से बोला, ‘तीन मिनट हो चुके हैं… सिर्फ़ दो मिनट बाकी हैं, कुछ बोलोगी नहीं?’ चंदों ने ना में सिर को हिला दिया।
‘अच्छा मुझे चरोक्नी बनाना तो सिखा दो।’ चरोक्नी सुनते ही चंदों की हँसी फूट पड़ी।
‘अरे, मैंने ऐसा क्या कह दिया? तुम मुझे अपनी डिश बनाना नहीं सिखा सकती?’
‘ज़रूर सिखाऊंगी, पर अभी आपके पाँच मिनट पूरे हो गए हैं।’
‘पाँच मिनट और प्लीज़…।’ चंदर कुछ और बोलता इससे पहले चंदों ने ना में सिर हिलाते हुए फोन काट दिया।
चंदर ने वॉयस कॉल की, ‘तुम मुझसे इतना शर्माती क्यों हो।’
‘मैं… नहीं तो! ! मैं क्यों शर्माने लगी आपसे।’
‘अच्छा, फिर कौन शर्मा रहा था? तुम्हारा भूत?’
‘बिलकुल भूत ही होगा।’
‘भूत इतने रमणीक होते हैं?’
‘पता नहीं। यह सब छोड़िए, यह बताएं कि कुछ खाया भी है या नहीं?’
‘भूखा मर गया एक आशिक़ किसी के इंतज़ार में, उसने ख़बर भी न ली भरे बाज़ार में।’
‘ओह! माफ़ कर दीजिए, कान पकड़ कर सॉरी।’
‘मुझे क्या पता कि कान पकड़ रखे हैं… वीडियो कॉल करके दिखाओ…।’
‘पहले कुछ खाइए।’
‘अभी तो आमलेट और ब्रेड ही खाऊंगा यार… और कुछ नहीं बना सकता। तुम बात करती रहो। मैं खा रहा हूँ।’
‘पता है चंदर, आज मैं अपनी बचपन की सहेली से मिली, जो कहीं खो गई थी।’ बोलते हुए उसकी आँखों के सामने बचपन के दृश्य थे।
‘अरे वाह! तब तो पार्टी बनती है।’
‘बिलकुल, पता है… हम दोनों ने कितने लोगों की नाक में दम किया है? हरेक शरारत साथ करती थीं और डांट भी हमें साथ ही पड़ती।’
‘ओह! मतलब ये हुआ कि तुम बचपन से ही नाक में दम करने वाली हो। मतलब मेरी खैर नहीं।’ चंदर ने खनकते हुए लहजे में कहा।
‘आप मज़ाक़ ही कर लें।’
‘नहीं… नहीं, सुनाओ तुम… अपने बचपन के किस्से, जानना चाहता हूँ तुमको।’
‘हम दोनों गर्मियों के दिनों में पूरी दोपहर आम के बाग़ में गुजारते। नमक और मिर्ची साथ ले जाते और खट्टी अमिया पेड़ों की छांव में बैठ कर खाते। मैं अपनी गुड़िया साथ ले जाती और जानकी अपनी गुड्डा लाती… फिर बनता मिट्टी का प्यारा-सा घर… शादी रचाते… कितने ख़ूबसूरत दिन थे वो।’
‘नकली शादी में भी इतनी ख़ुशी! असली करके देखो, कितनी ख़ुशी मिलेगी…।’
चंदों एकदम से चुप हो गई, उसे लगा कि बस अभी इस वक्‍़त वो और जानकी घर बना रहे हैं और किसी ने उन दोनों का घर तोड़ दिया…। उसका गला भर आया।
उधर से चंदर का बोलना जारी रहा, ‘अरे चुप क्यों हो गई… हेलो… चंद्रिका…।
खुद को संयत करते हुए बोली चंदों, ‘हाँ, वो नेटवर्क नहीं आ रहा था।’
‘अच्छा…और बताओ? क्या करती थीं तुम दोनों।’
‘हम… हम घटनाक्रम तैयार करते… जब भी स्कूल जाने का मन नहीं होता था, तो हम दोनों में से कोई एक ऐसा घटनाक्रम तैयार करती कि दोनों को छुट्टी मिल जाती।
‘घटनाक्रम…?
‘अरे बहाना बना लेते। जैसे तबीयत ठीक न होने का या फिर रास्ते में कहीं गिर गए या कपड़े गंदे हो गए… बस ऐसे छोटे-छोटे बहाने।’ उसने अपनी आँखों की कोर तक पहुँचे आँसू को पोंछते हुए कहा।
‘भरपूर जिया है बचपन को तुमने।’
‘हाँ… आठवीं तक तो बाऊजी ही स्कूल छोड़ने जाते थे, पर तब भी हम दोनों कोई न कोई बहाना बना ही लेते थे।’
‘बहानेखोर हो बचपन से ही।’ चंदर की बात सुन चंदों हँसने लगी।

चंदर की बातें उसे एक ख़ूबसूरत दुनिया में ले जाती, उदासी पीछे छूट जाती। वह ख़ुश होकर पुराने किस्सों की गठरियां एक-एक कर खोलती रहती, ‘वक्‍़त कितना बदल गया है ना, मेरे बाऊजी हमें साइकिल पर स्कूल छोड़ते थे। साइकिल भी कहाँ होती थी सबके पास। जिनके पास स्कूटर होता, उसकी तो अलग ही ठसक होती और जिनके पास नहीं होता, उनके मन में कसक रहती… मेरे मन में थी मुझे भी चाहिए था वेस्पा स्कूटर। अगर किसी के पास वेस्पा स्कूटर होता था तो वह ख़ुद को बीएमडब्ल्यू के मालिक से कम नहीं समझता था।’
‘सच में तुमने कितने क़रीब से देखी है ज़िंदगी और हमारे लिए सब कुछ हमारा…।’ बोलते हुए चंदर चुप हो गया।
‘चुप होने की ज़रूरत नहीं है। जब मैं आपको किस्से सुनाती हूँ, तो आप आँखें बंद कर के सुना करें और जिया करें इन किस्सों को।’
‘अच्छा सुनो! मैंने तुम्हें एक गाना भेजा है। उसे देखो पहले।’ बोलने के साथ ही चंदर ने फोन काट दिया।
हैदर फ़िल्म का गाना, शाहिद कपूर और श्रद्धा कपूर पर फ़िल्माया गया।
‘खुल…कभी तो
खुल कभी कहीं
मैं आसमान तू मेरी ज़मीन…’
‘मैं ये गाना तुम्हारे साथ जीना चाहता हूँ चंद्रिका।’ गाने के साथ ही चंदर का मैसेज था।
‘हाथों का खुरदुरापन मत देखना,
जब मेहंदी लगे हाथों को,
लेंगे अपने हाथों में,
हो सकें तो सिर्फ़ अपना नाम,
पढ़ना मेरे सुर्ख हाथों में।’
चंदों के इस मैसेज ने चंदर को अपनी बात रखने की अनुमति दे दी थी।
‘मैं मिलना चाहता हूँ, जहाँ भी तुम कहोगी।’
‘इतनी जल्दी नहीं, थोड़ा समय दें मुझे।’
‘कॉल करता हूँ।’
‘ठीक है, पर दो बजे तक सो जायेंगे।’
‘नहीं, तीन बजे तक।’ मैसेज के साथ ही चंदर ने मैसेंजर कॉल कर दी। दिन के मुक़ाबले रात को बढ़ती हुई सर्दी कमरे के तापमान को ललकार रही थी। चंदों गर्म पानी की बोतल कभी अपने पैरों में रख रही थी, तो कभी हाथों पर। कभी कांगड़ी का ज़माना था, हर घर में कांगड़ी होती थी और बिस्तर में कांगड़ी के बिना घुसना जैसे कोई दोष होता था, पर समय के साथ कितनी चीज़ों ने अपने महत्व को खो दिया था। जब से चूल्हे में आग जलना कम हुई थी, तब से कांगड़ी घर के स्टोर या छत पर ही दिखती, कुछ घरों में डेकोरेशन पीस बनकर बैठक की शान बढ़ाती दिखती। घरों में अब रूम हीटर और हॉट बैग आ गए थे, पर ठंड तो फिर भी ठंड ही होती है।
‘शादी करोगी मुझसे?’ चंदर ने चंदों की हेलो के साथ अपना प्रपोज़ल रख दिया।
‘क्या हो गया? इतनी जल्दी में क्यों है?’
‘जल्दी? नहीं तो, बिलकुल भी नहीं, बस सोचता हूँ कि जिस पर दिल आया है वो पहले से ही बड़ी है और मैं नाबालिग, देर हो गयी तो वह कहीं और बड़ी न हो जाये।’ चंदर ने मज़ाक़ करते हुए कहा।
‘अच्छा? जाओ मेरी ओर से इनकार है।’
‘सच में!! और हम दोनों जो इतना समय साथ गुज़ारते हैं, ये क्या है? मेरी नज़र में तो यही शादी है।’
‘हम्म्म।’
‘उम्म्म्म, तुम ख़ुश तो हो ना मेरे साथ?’
‘हम्म्म।’
‘क्या हम्म? हाँ या न बोलो।’
‘हाँ, बहुत।’
‘कभी महसूस करती हो मुझे अपने आस-पास?’
‘अक्सर मुझे छूकर निकल जाते हो…।’ बोलते हुए चंदों की देह में सिरहन दौड़ गयी।
‘मैं तुम्हें कभी भी ख़ुद से अलग नहीं करूंगा।’
‘हम्म्म।’
‘मैं हमेशा तुम्हारी हम्म्म के साथ तुम्हारी कल्पना करता हूँ कि हम्म्म का मतलब तुम्हारी आँखों का बड़ी हो जाना, तुम्हारा शर्मा जाना, और तुम्हारी मौन स्वीकृति।’ कुछ पल के लिए दोनों में मौन पसर गया।
‘कभी किसी ने प्रेमपत्र लिखा है तुम्हारे लिए?’ चंदर के इस सवाल ने चंदों के होंठों पर मुस्कुराहट बिखेर दी।
‘हाँ, जब मैं दसवीं में थी।’
‘सच में?’
‘हाँ, सच में।’
‘बताओ हमें भी… किसने लिखा था? क्या लिखा था?’
‘पता नहीं किसने लिखा था, नए साल का पहला दिन था, कड़ाके की ठंड थी उस दिन। चारों तरफ़ धुंध थी। मैं और जानकी इतनी ठंड में पता नहीं क्या सोच कर स्कूल गए थे। किसी ने मेरी किताब में नए साल का कार्ड रखा था और लिखा था –
‘चाँद सी मेहबूबा हो मेरी कब ऐसा मैंने सोचा था
हाँ तुम बिलकुल वैसी हो जैसा मैंने सोचा था।’
‘ओह… मुझे बहुत जलन हो रही है इस बेनाम आशिक़ से।’
‘सच कहूँ तो मुझे बहुत अच्छी फ़ीलिंग आती थी ये पढ़कर। बहुत सालों तक कार्ड को संभाल कर भी रखा, पर पता ही नहीं चला लिखने वाले का।’
‘बेचारा डर गया होगा तुमसे।’
‘पता नहीं, पर सच में बहुत अच्छे दिन थे। चिटि्ठयों वाले दिन, ग्रीटिंग कार्ड वाले दिन… बार-बार ख़त पढ़ना… पुराने कार्ड देखना…।’ पुराने वक्‍़त को याद करते हुए चंदों गंभीर हो गयी।
‘बहुत धैर्य होता होगा लोगों में तब … मुझमें नहीं है, मैं क्या करूं ?’
‘आप सो जाइए। साढ़े तीन बज चुके हैं।’
‘इतने अच्छे टॉपिक पर बात चल रही है और तुम मुझे सुलाने में लगी हो!’
‘सोएंगे, तभी तो ख्‍़वाब देखेंगे।’
‘ऐसा है, तो सो जाते हैं, पर मैं उन दिनों का प्रेमी नहीं हूँ, कल हर दो घंटे में तुम्हारा मैसेज आना चाहिए मेरे पास।’
‘ठीक है बाबा, सब शर्तें मंज़ूर… अब सो जाइए।’
एक-दूसरे को गुड नाइट कहना पड़ा, नाइट सच में गुड ही तो है, चंदों हैदर फिल्म के गाने को सुन रही है… खुद को चंदर की बांहों में महसूस कर रही है और चंदर अपनी मोबाइल स्क्रीन पर एकटक उसकी फोटो देखे जा रहा है… इंतज़ार एक सज़ा भी है, पर इसमें मज़ा भी है। एक ख़ुशनुमा सुबह… धरा को अपनी आग़ोश में लेती दुधिया रोशनी…। जीवन की चहलक़दमी… गली में बतियातीं औरतें… चाय की प्याली में डुबकी लगाते आदमी… कहीं बर्तनों की घिस-घिस तो कहीं पड़ोसियों की खिट-पिट।
सुबह की दस्तक की हाज़िरी भरती…।
मंगला रंभा रही है, पर चंदों आज चंदर की यादों के साथ सुस्ताना चाहती है। हाय यह मोहब्बत में सुकून से जो नींद आती है, ऐसी नींद तो नींद की गोली खाने से भी नहीं आती होगी I मोहब्बत में पड़ा मन सुस्ताना चाहता है, चाहता है मीलों दूर रहने वाले प्रेमी के प्रेम की कल्पनाओं के झूले झुलना दूरी सिफ़र होती हुई दो लोगों को एक पल में क़रीब ले आती हैं I नाजुक ख़्वाबों को मोहब्बत में पड़ा इंसान सहेज लेना चाहता है और यही हाल चंदर और चंदों का था I चंदर के ख़्वाब पक्के थे पर चंदों के कच्चे – पक्के थे I चंदर वाकई उसे पसंद करता है इस एक बात को चंदों पूरी तरह से स्वीकार नहीं कर पाई थी I मन का एक कोना धीरे से कह देता ‘शायद वह ज्यादा वक़्त मेरे साथ गुजारते हैं, ज्यादा बातचीत को मोहब्बत समझ रहे हों I कल को कोई पछतावा नहीं होना चाहिए I’ इस एक ख्याल से चंदों के नाजुक ख़्वाब सहम जाते I वह नहीं चाहती थी यह रिश्ता किसी पछतावे की आग में जलकर खाक हो जाये I
मोहब्बत ख़्वाब लेकर आई थी तो कुछ अनसुलझे सवाल – जवाब भी थे I जिन्हें अक्सर चंदों सुलझाने की कोशिश करती पर कभी सब सुलझ जाते तो कभी सब उलझ जाते और कभी कुछ सुलझाने के लिए बचता ही नहीं I हर तरफ़ एक आवाज़ गूंजती, हवा में मोहब्बत तैर जाती और चंदों चंदर की हो जाती I

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment