भाग -14
” एक तरफ हमें यह भी सोचना है कि जब अंकल आँटी को इस बात का पता लगेगा तो उन पर क्या गुज़रेगी ? जिस बेटी को बहुत उत्साह के साथ , जीवन भर की पूँजी लगाकर विदा किया, वह दो दिन बाद वापस आ जाती है, कभी न जाने के लिए। कैसा लगेगा उन्हें ?” अब मिताली भी सोच में पड़ गई।
गतांक से आगे –
” उर्वशी, तू क्या एक बार कोशिश करके नहीं देख सकती , शायद कुछ सँवर जाए ” निधि ने कुछ सोचते हुए कहा।
” मतलब ? ” उर्वशी ने उसे देखा।
” देख एक तरह से तेरी शादी तो टूटने के कगार पर ही है। अगर तू एक बार वापस चली जाए और एक मौका दे शौर्य को, मतलब थोड़ा समय और देख ले। फिर भी अगर वो अपनी जिद पर कायम रहता है तो आ जाना। फिर डिवोर्स और एलिमनी का देख लेंगे। “
” नॉनसेंस ,ये क्या बात हुई, उसने पहली ही रात इसके नारीत्व का अपमान किया है। क्या वह माफी के या दूसरा मौका देने के लायक है ?” मिताली फिर आवेश में आ गई।
” तू इस कदर खूबसूरत है उर्वशी, एक साधारण पुरूष तेरी सुंदरता को नकार दे, क्या यह बात तुझे आहत नहीं करती ? “
” मतलब यह उसे … “
” शटअप, मेरा कोई मतलब नहीं, बस ऐसे ही सोच रही थी, एक लॉजिकल बात ।” निधि की बात पर वह दोनो भी सोच में पड़ गईं। तीनो ही काफी देर तक सोच में पड़ी रहीं। क्या करे, क्या न करे, यह समझ नहीं आ रहा था।
उमंग ने उसे उलझा हुआ देखा, तो एकांत देखकर प्रश्न किया, कि जबसे वह उससे मिला है, देख रहा है कि वह खुश नहीं है। उसने अधिक दबाव बनाया तो उर्वशी ने शौर्य का रवैया बता दिया। सुनकर पहले तो वह भड़क गया। फिर उसके भविष्य का सोचकर धीरे धीरे शान्त हो गया। उसने उत्कर्ष को बुलाकर सारी बात बताई। उत्कर्ष भी आवेश में आ गया। थोड़ी देर वे लोग आपस में सलाह मशविरा करते रहे, फिर पिता को भी यह बताने का निश्चय किया। बहन को तसल्ली दी कि पापा से बात तो करनी पड़ेगी। उन्हें बिना बताए हम कैसे कोई भी कदम उठा सकते हैं। उर्वशी ने उन्हें रोकना चाहा तो वे उसे तसल्ली देते हुए बोले कि उसे फिक्र करने की ज़रूरत नहीं, वह मामले को बहुत अच्छी तरह हैंडल करेंगे ।
इसके बाद उसने मम्मी पापा को पास में बैठाकर बहुत समझदारी से सारी स्थिति बताई । सुनकर उन पर भी वज्रपात सा हुआ। सारी रात सभी सदस्य जागते रहे और समस्या का समाधान खोजते रहे। अंत मे उसके पिता ने शिखर से बात करने का निश्चय किया। सुबह होने के थोड़े समय बाद उन्होंने शिखर को फोन लगाया और सारी बात बताई। सुनकर वह हैरान रह गए । उन्होंने कल्पना ही न कि थी कि बात इतनी बिगड़ चुकी है। उन्होंने तो सोचा था सुंदरी पत्नी पाकर, शौर्य सब कुछ भूल जाएगा और ग्रेसी नाम की फाँस आसानी से निकल जाएगी, पर उसकी जिद उन्हें चिंता में डाल गई। उन्होंने वादा किया कि वह उर्वशी का पूरा साथ देंगे और मामले को सुलझाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने उर्वशी से बात करनी चाही तो उसने इनकार कर दिया।
दोपहर बाद पुनः शिखर का फोन आया और उन्होंने बताया कि माँ सा तथा वह स्वयं शौर्य को समझाएंगे। बस उर्वशी थोड़ा धैर्य से काम ले। उन्होंने जोर दिया कि वह नियत दिन में वापस आ जाए। पापा ने जब बताया कि वह जाना नहीं चाहती तो उन्होंने फिर उससे बात करने की इच्छा प्रकट की। इस बार उसे बात करनी पड़ी। वह उसे बहुत कुछ समझाते रहे। अंततः वह ससुराल वापस जाने को तैयार हो गई।
* * * * *
उसे वापस लिवा ले जाने के लिए शौर्य, शिखर व उनके दोनों बच्चे आये। उसके परिवार के साथ शौर्य बहुत विनम्रता और प्रसन्नता से मिला । बस उसके साथ ही थोड़ा उदासीनता बरतता रहा। इस बार फिर उनलोगों के साथ काफी फल, मिठाई और उपहार थे। पापा ने उनके इतना कुछ लाने पर ऐतराज़ किया तो उन्होंने रस्मों की बात कहकर टाल दिया। वापसी में शौर्य की गाड़ी में बच्चे बैठने को हुए तो शिखर ने उन्हें रोक दिया।
” बच्चों, आप हमारे साथ आइए।”
” पापा, हमें काकी सा के साथ बैठना है। ” सौम्य ने मनुहार करते हुए कहा।
” सौम्य, स्वस्ति, आप दोनों हमारी गाड़ी में आइए। काका सा और काकी सा को बहुत सारी बातें करनी हैं। “
” बैठने दीजिये न भाई सा, हमें कोई बात नहीं करनी है। ” शौर्य बोल पड़ा।
” शौर्य, बच्चे हमारे साथ बैठेंगे। अब आप कुछ समय तक, सब भूलकर बस अपनी पत्नी के साथ समय गुज़ारिये। ” उन्होंने आदेश दिया। शौर्य अब कुछ न कह सका। एक गाड़ी में शिखर, उनके बच्चे , एक अंगरक्षक व दूसरी गाड़ी में उर्वशी , शौर्य और दूसरा अंगरक्षक बैठकर चल दिये।
गाड़ी आगे बढ़ी तो उसने शौर्य की ओर देखा, तो वह दूसरी तरफ देखने लगा। उनदोनो के मध्य पर्याप्त दूरी थी। वह इंतज़ार करती रही उसके बोलने का, पर वह शांत था। कभी मोबाइल में व्यस्त तो कभी व्यवसाय की बातों में। उर्वशी भी बाहर के दृश्य देखती रही। तभी एक फोन आया और शौर्य के सम्बोधन से पता लगा कि दूसरी ओर शिखर था। उन्होंने उसे आदेश दिया कि वह फौरन फोन बंद करे और अपनी पत्नी से बात करे। शौर्य ने झुँझला कर फोन स्विच ऑफ कर लिया। कुछ पल वह बेचैनी से पहलू बदलता रहा। उसकी स्थिति देखकर न चाहते हुए भी वह मुस्कुरा दी।
” क्या हुआ ?” शौर्य ने उसकी ओर देखा।
” कुछ भी नहीं “
” आप मुस्कुरा क्यों रही हैं ?”
” क्या अब मुस्कुराने के लिए भी आपसे इजाज़त माँगनी होगी ?”
” बिल्कुल नहीं, हमारा आप पर कोई दावा नहीं। “
” दावा तो हम दोनों का ही एक दूसरे पर बनता है, आप न मानें, यह और बात है। लेकिन हकीकत यही है। ” उसने जवाब दिया। शौर्य उसे देखता रह गया।
” सुना है आप बहुत अच्छी अभिनेत्री हैं। “
” सिर्फ रंगमंच पर, हकीकत में तो आप ज्यादा बढ़िया अभिनेता हैं। ” उसके जवाब पर शौर्य के चेहरे पर अप्रिय भाव आ गए। पर वह मौन रह गया।
” आपकी ग्रेसी कैसी है ?” उसने प्रश्न किया तो वह चौंक गया। उसने गौर से उसे देखा।
” ठीक है, बहुत अच्छी है। “
” क्या इस समय कोई तसवीर है आपके पास ?”
” क्या करेंगी आप ?”
” देखना चाहती हूँ। जिसने कुँवर सा का दिल चुरा लिया, उसमें कोई बात तो होगी । “
वह कुछ पल अनिश्चय की स्थिति में रहा । शायद सोच रहा था कि उसे तस्वीर दिखाई जाए या नहीं।
” आप जितनी खूबसूरत नहीं, पर हमारे लिए वह दुनिया मे सबसे सुंदर है। “
” बिल्कुल होगी, आखिर सुंदरता तो देखने वाले कि नज़रों में होती है। ” उसने जवाब दिया। उसके शब्द सुनकर शायद शौर्य का असमंजस दूर हो गया और उसने मोबाइल में से एक चित्र निकाल कर उसे दिखा दिया। उर्वशी ने देखा एक स्मार्ट सी लड़की मुस्कुरा रही है, जो वैसे तो आकर्षक थी पर तुलनात्मक रूप में उसके आगे कहीं नहीं ठहरती थी। तो मेरा मुकाबला इससे है ? उसने सोचा और स्वयं को आत्मविश्वास से भरपूर पाया।
” अच्छी है। ” उसने प्रशंसा करते हुए मोबाइल वापस पकड़ा दिया। उसकी तारीफ भरे शब्दों ने शौर्य पर सकारात्मक असर डाला। अब वह सहज नज़र आ रहा था। थोड़ी देर औपचारिक बातें हुईं फिर उर्वशी को नींद आ गई। धीरे धीरे उसका सर लुढ़कता हुआ शौर्य के कंधे पर टिक गया। उसने एक बार उसे देखा फिर सहज भाव से बैठा रहा।
क्रमशः