इमरोज अशील का उपन्यास ‘ गूँगी मोहब्बत’-भाग -27

 

गूँगी मोहब्बत

भाग -27

तिरुची पुलिस के लिये यह नाक का सवाल बन गया था । हाल ही में तिरुची में हुई घटनाओं की जांच के लिये एक स्पेशल टीम गठित कर दी गयी थी ।और इंस्पेक्टर वेंकटेश की इस टीम का प्रभारी बनाया गया था । अभी यह लोग सी सी टी वी फुटेज खंगाल रहे थे। अचानक इंस्पेक्टर वेंकटेश चौंक उठा था ।

” रोको , रोको …ज़ूम करो… “

एक चेहरे को देखकर इंस्पेक्टर वेंकटेश चौंक उठा था । यह यहां क्या कर रही है ? उसके सामने स्क्रीन पर एक खूबसूरत लड़की का चेहरा था और वो उस चेहरे को कैसे भूल सकता था । अचानक वेंकटेश के सामने आठ वर्ष पहले के दृश्य घूमने लगे थे। उस समय वो यू पी एस सी की तैयारी के लिये मुखर्जी नगर नयी दिल्ली रहता था और दक्षा दंडवते भी उसी कोचिंग को ज्वॉयन किये थी । शी वाज़ एक्स्ट्रीमली गुड इन ऑल पेपर्स । जाने कितने लड़कों का आय ए एस बनने का सपना उस लड़की की वजह से टूट गया था । कहा जाता है कि हर सफल पुरुष के पीछे एक औरत का हाथ होता है लेकिन कौन नहीं जानता कि उसी एक औरत की वजह से हजार पुरुष असफल भी हो जाते हैं। दक्षा दंडवते को हालांकि उन सबसे कोई मतलब नहीं था लेकिन सेंटर ऑफ टॉक वही रहती थी । वेंकटेश आय ए एस नहीं बन पाया था लेकिन सुना गया था कि दक्षा की भी कोई और जॉब लग गयी थी । हालांकि उस समय दोनों के मध्य सामान्य व्यवहार था और नोट्स वगैरह एक्सचेंज कर लेते थे ।लेकिन बाद की आपा धापी वाली जिंदगी , कौन किसे याद रह जाता है। यहां कहानी थोड़ी अलग थी , वेंकटेश भी उसी के ख्वाब बुनता रहता था और अब तक अपने अधूरेपन को सम्हाल कर रखा था । वो तो बेचारा कभी अपनी बात भी नहीं कह पाया था ।क्या है कि एक दौर में हम उन चीजों को भी खोने से डरते हैं, जिन्हें पा ही नहीं सकते। लेकिन मन को उड़ने से ख्वाब देखने से कौन मना कर पाया है।तैयारी का समय तो वेंकटेश जी ने प्रेम कवितायें लिखते हुये गुजार दिया था । वो तो ये है कि बोर्न इंटेलीजेंसी के दम पर गिरते पड़ते उसे ये नौकरी मिल गयी थी और जिंदगी चल रही थी ।

” लेकिन ये यहां क्या कर रही है? दक्षा दंडवते इस शहर में और इस रेस्टोरेंट में क्या कर रही है ? क्या ये एक कोइंसिडेंस है या ….? मन ही मन वेंकटेश ने सोचा । उसने नोटिस किया था कि उस वेदानाथन और लोक्का की टेबल के पास से जब वो गुजरी थी तो उधर देखा भी नहीं था लेकिन गति कुछ कम ही हुई थी ।बहुत स्पष्ट इसलिये भी नहीं दिख रहा था कि एन उसी समय एक वेटर कोई ऑर्डर रिसीव करने के लिये एकदम से उसे क्रॉस करके गुजरा था ।

वेदानाथन और लोक्का के हाव-भाव देखकर कर लग रहा था कि वो पूर्व परिचित हैं और उनके फुटेज देखकर कोई भी कह सकता था कि वो गंभीर विषय पर गहन वार्ता कर रहे थे। फिलहाल पूरी फुटेज को दो बार देखने के बाद भी वेंकटेश एंड टीम को कोई क्लू नहीं मिला था । पोस्टमार्टम रिपोर्ट्स के अनुसार अंगोडा लोक्का की लिवर की जांच से प्राथमिक तौर पर यह कहा जा सकता था कि प्वॉयजन मेन काज ऑफ डेथ था। डिटेल्स के लिये अभी वेट करना था क्योंकि कुछ जांचें अभी पेंडिंग में थीं। एक चौंकाने वाली बात ये भी सामने आयी थी कि जो भी जहर इस्तेमाल किया गया था वो इंस्टैंट किलिंग स्टफ था और इस प्रकार के दुर्लभ जहर केवल इज़रायली खुफिया एजेंसी मोसाद के द्वारा ही प्रयोग किया जाता है। वेंकटेश यह सब सुनकर हैरत में पड़ गया था। मरने वाला श्रीलंकाई ,किलिंग वेपन इज़रायली , और मारने वाला इंडियन । चीजें उम्मीद से जादा उलझी हुई सामने आने वालीं थीं।

 

तिरुची से बहुत दूर ,लक्षद्वीप के पास किसी द्वीप में अब्दुल्ला यामीन हेडक्वार्टर में बैठे थे। नताशा ,राजन और लगभग बीस लोग भी वहां मौजूद थे। सब अब्दुल्ला यामीन के बोलने का इंतजार कर रहे थे। अब्दुल्ला यामीन एक पके बालों वाला लेकिन जिस्मानी तौर पर एकदम फिट, भूरी बिल्लौरी चमकदार आंखें और लगभग पचपन वर्ष की उम्र का इंसान था। अगर उसके सफ़ेद खिचड़ी बालों को नजर अंदाज कर दिया जाये तो उसकी उम्र का अंदाज लगाना एक मुश्किल काम था।उसने हॉल में मौजूद सभी लोगों पर एक नजर डालते हुये कहना शुरू किया, ” ओमानी आर्गनाइजेशन में आप सब का खून पसीना शामिल हैं और इसलिये आप सब आज यहां बुलाये गये हैं। पिछले एक सप्ताह में चीजें तेजी से बदलीं हैं और हम सब को तैयार रहना होगा । जिस तरह की खामोशी दिखायी पड़ रही है, ये केवल एक छलावा है।मेरे सोर्सेज ने इन्फार्म किया था कि अभी अय्यर ,नताशा और मि० अमर को ट्रेस करने के लिये जाफना ग्रुप का बिग वन इंडिया आया था । सरप्रायजिंगली किसी ने इंडिया में घुसने के एक घंटे के अंदर ही उसे मार दिया। अब स्थिति ये है कि हमको ये भी नहीं पता है कि जिसने उसे मारा है ,वो अपना दुश्मन है या दोस्त ।अपने सारे कांटेक्ट्स एक्टिव मोड पर ले आइये । किसी भी अप्रत्याशित घटना के लिये तैयार रहें। ” यह कहते हुये अब्दुल्ला ओमानी ने सभी को गहरी नज़र से देखा जैसे सबको टटोलने की कोशिश कर रहे हों।

” सर,सॉरी, बट क्या हम लोग उड़ती लड़ाई नहीं ले रहे उस लड़के के लिये। आखिर इसमें हमारी कोई डायरेक्ट इन्वॉल्वमेंट तो है नहीं।व्हाई शुड वी गेट बॉदर ऑफ हिम ।” एक जिम्मेदार से दिखने वाले व्यक्ति ने अपनी चिंता जताने की कोशिश की।

उसकी बात सुनकर नताशा के चेहरा एकदम भभक कर लाल हो गया था इससे पहले कि नताशा कुछ कहती अब्दुल्ला यामीन बोल उठे,

” तुम्हारी चिंता वाजिब है लेकिन हम क्रिमिनल्स तो हैं पर अहसान फरामोश नहीं। अगर मि० अमर नहीं होते तो ये अब्दुल्ला यामीन जाने कब का खाक में मिल चुका होता। कुछ ऐसे रिश्ते जिंदगी झोली में डाल देती है जिनमें फायदा नुकसान नहीं देखा जाता। मि० अमर हमारे पारिवारिक सदस्य हैं और हम किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हट सकते। अगर उनकी जान लेने की कोशिश की गयी है तो यह हमारी व्यक्तिगत लड़ाई है। आप सब जानते हैं कि अंडरवर्ल्ड की दुनिया में भी यह संगठन हमने लोकतांत्रिक तरीके से चलाया है। अगर आप में से कोई इस लड़ाई में शामिल नहीं होना चाहता तो वो पीछे हट सकता है। ” यह कहकर अब्दुल्ला यामीन खामोश हो चुके थे।

” हमारे होते हुये कोई भी लड़ाई आप की अकेले की कैसे हो सकती है? हम साथ जियें न तो क्या, साथ मरने से कौन रोक सकता है। ” उसी शख्स ने तुरंत ही जबाब दिया। लेकिन अब्दुल्ला की अनुभवी आंखें उस शख्स के चेहरे पर टिकी हुईं थीं।

दक्षा दांडेकर कौन है?

तिरुचि रेस्टोरेंट कांड का मास्टर माइंड कौन है?

इंस्पेक्टर वेंकटेश की जांच किस दिशा में जायेगी?

सवाल तो बहुत सारे पर जबाब सिर्फ वही है। सफर जारी रहेगा आप सब अजीम दोस्तों के साथ…

Author

Leave a Comment