वहां कौन है? (भाग – 6)
अगले दिन सुबह नाश्ते के समय रामसेवक ने एक ऐसी बात बताई जिसने सबको चुप कर दिया।
“कल रात आप दोनों जहाँ खड़े थे, वहाँ से थोड़ी ही दूर झाड़ियों के पास की मिट्टी पर तेंदुए के ताज़ा पैरों के निशान मिले हैं।”
उसने चाय के कप सबके सामने रखते हुए कहा।
“इसीलिए कह रहा था कि रात में जंगल में निकलना खतरे से खाली नहीं है।”
मेज पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया।
“मगर ये दोनों वहाँ कर क्या रहे थे?” मायरा ने भौंहें सिकोड़ते हुए पूछा।
प्रभात ने तुरंत उत्तर दिया, “वो… हम लोग ऐसे ही टहलने गए थे। कुमार के गैस बन रही थी न, इसलिए।” उसने कुमार की ओर देखा। “है न?”
“हाँ… बहुत गैस बन रही थी। उदय सर से पूछ लो, उसी वजह से गए थे।”
कुमार ने सहज दिखने की कोशिश की लेकिन उसकी नज़र अनायास ही रामसेवक से टकरा गई। रामसेवक बिना कुछ बोले सबके सामने बिस्कुट रख रहा था। उसके चेहरे पर कोई भाव नहीं था।
“अच्छा छोड़ो ये सब।”मायरा ने बात बदल दी। “आगे की योजना बताओ, उदी।”
उदय ने पराँठे के आख़िरी कौर में सब्जी लपेट कर उसे खत्म किया।
“मैं जंगल में प्रवेश की सारी औपचारिकताएँ पूरी करता हूँ और विभाग से एक जीप भी ले लेता हूँ। हमारी इनोवा हर जगह नहीं जा पाएगी। तब तक तुम लोग सारा ज़रूरी सामान तैयार कर लो।”
नाश्ता समाप्त होते ही सब अपने-अपने बैग व्यवस्थित करने लगे।
रस्सियाँ…टॉर्च…फर्स्ट-एड किट…दूरबीन…जीपीएस डिवाइस…पोर्टेबल ईएमएफ मीटर…हैंडहेल्ड ग्राउंड स्कैनर…कम्पास…ड्रोन…पावर बैंक…कैमरे…और सूखा भोजन।
प्रभात बैग बंद करते-करते धीरे से कुमार के पास आया।”यार… एक बात समझ नहीं आई।”
“क्या?”
“अगर रात को जो आँखें थीं वो तेंदुए की थीं… तो सिगरेट के टोटे तेंदू के पत्ते पर किसने रखे?”
कुमार कुछ क्षण सोचता रहा, “शायद रामसेवक ने।”
“लेकिन उसने बताया क्यों नहीं?”
प्रभात चुप हो गया।
“हो सकता है तेंदुए के निशान देखकर वही बात उसके दिमाग से निकल गई हो।”कुमार ने टॉर्च बैग में रखते हुए कहा। “छोड़ न… अभी इससे ज़्यादा ज़रूरी काम सामने है।”
कुछ देर बाद वे जंगल विभाग की जीप में बैठे थे। ड्राइवर के साथ एक वनरक्षक (बीट गार्ड) भी मौजूद था।
सभी औपचारिकताएँ पूरी हो चुकी थीं। अनुमति-पत्र, पहचान, प्रवेश रजिस्टर और सुरक्षा निर्देश, सब पूरे कर दिए गए थे।
जीप धीरे-धीरे गेस्ट हाउस से निकल गई। प्रभात ने पीछे मुड़कर गेस्ट हाउस की ओर देखा।उसे लगा…रामसेवक तेज़ी से पीछे वाले हिस्से की ओर जा रहा है।अगले ही क्षण…वह दिखाई देना बंद हो गया।
प्रभात ने आँखें मल लीं। “लगता है मेरे दिमाग के सारे स्क्रू ढीले हो गए हैं।” वह बुदबुदाया।
सुक्खी ने सुन लिया, “पहले कभी कसे भी थे क्या? बचपन से ही नहीं है तेरे दिमाग में स्क्रू।”
जीप में हँसी गूँज उठी।ड्राइवर मुस्कुराया, फिर बोला, “अगर हँसी पूरी हो गई हो तो अब थोड़ा धीरे बात कीजिए। जंगल में ज़्यादा शोर जानवरों को परेशान करता है।”
उदय ने सबको शांत रहने का इशारा किया।
जंगल भीतर जाते-जाते बदलने लगा। ऊँचे साल ,तेंदू और सागौन के वृक्ष…लटकती जंगली बेलें…बाँस के घने झुरमुट…
भीगी मिट्टी की सोंधी गंध…और हवा में घुली जंगली फूलों की हल्की सुगंध।
ऐसा लग रहा था मानो हर साँस फेफड़ों को नया जीवन दे रही हो।अचानक ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिए। वह लगभग दौड़ता हुआ सड़क किनारे पहुँचा। “सर… ज़रा देखिए!”
वनरक्षक भी उसके पीछे गया।कुछ देर बाद दोनों लौटे।
ड्राइवर के चेहरे पर उत्साह था।”आज तो किस्मत खुल गई।” उसने मोबाइल आगे बढ़ाया। “ये देखिए…”
मोबाइल स्क्रीन पर एक साँप की तस्वीर थी।उसका रंग सामान्य भारतीय नाग जैसा काला नहीं था, बल्कि धूसर-सफेद था।
वनरक्षक बोला, “यह भारतीय नाग (Naja naja) का ल्यूसिस्टिक (Leucistic) रूप है।”
“ल्यूसिज़्म एक दुर्लभ आनुवंशिक स्थिति होती है जिसमें शरीर का सामान्य रंगद्रव्य बहुत कम बनता है। इसलिए इसका रंग इतना हल्का दिखाई देता है।”
“ज़हरीला उतना ही होता है जितना सामान्य नाग।”
सुक्खी ने तस्वीर ध्यान से देखी।”लगता है कहीं देखी है…शायद किसी डॉक्यूमेंट्री में।”
ड्राइवर मुस्कुराया, “मैंने तो पहली बार देखा है। उसने तस्वीरें सुरक्षित रख लीं और जीप आगे बढ़ा दी।
करीब आधे घंटे बाद रास्ता समाप्त हो गया। वनरक्षक बोला,
“यहां से आगे जीप नहीं जा पाएगी। आप लोग पैदल चले जाइए लेकिन शाम को चार बजे से पहले ही यहां आ जाइयेगा। हम लोग तब तक जंगल में गश्त लगाते हैं। ठीक चार बजे इसी जगह मिलेंगे हम।”, ड्राइवर ने कहा।
और हाँ, रास्ता न भूलें इसके लिए पेड़ों, घास पर निशान लगाते चलिएगा हर दस कदम पर या तो घास में ,झाड़ियों में गांठे बांध लेना।”, वनरक्षक ने कहा। ” सावधानी से रहियेगा और प्लीज कोई कचरा मत फैलाना, थैली में रखना सब।जंगल को वैसा ही छोड़िए जैसा अभी है।”
उदय ने जीपीएस ऑन किया।
प्रभा हर कुछ दूरी पर पेड़ों पर नारंगी रंग की कपड़े की छोटी-छोटी पट्टियाँ बाँधने लगी जिन्हें बाद में आसानी से हटाया जा सकता था।
कुमार रास्ते का डिजिटल ट्रैक रिकॉर्ड करता जा रहा था। वे पैदल आगे बढ़ रहे थे। सब एक कतार में।
सबसे आगे उदय…उसके पीछे मायरा…फिर सुक्खी…प्रभा…प्रभात…और सबसे पीछे कुमार।
चारों ओर ऐसा सन्नाटा था कि सूखे पत्ते पर पैर रखने की आवाज़ भी साफ सुनाई दे रही थी।
अचानक प्रभा रुक गई। “सुनो…” सब ठहर गए।”पानी की आवाज़ आ रही है।”
सुक्खी मुस्कुराया, “मतलब पास में झरना है।झरना है…तो चट्टानें भी होंगी। क्या पता मंदिर का कोई सुराग वहीं मिल जाए।”
” इतनी जल्दी और आसानी से तो मंदिर नहीं मिल सकता। वह मंदिर आज तक किसी को नहीं दिखा है, यह भी तो सोचो।”, उदय ने दिमाग लगाया।
कुमार बोला,” हो सकता है खोजने वाले सभी लोगों ने यही सोचा हो और वहां नहीं गए हों, ऐसा भी तो हो सकता है।”
उदय ने सिर हिलाया, “चलो… देखते हैं।”
कुछ दूर चलने पर उन्हें एक बोर्ड दिखाई दिया। ‘झरना – 120 मीटर →’
प्रभात हँसा, “लगता है हम पहले खोजी नहीं हैं।”
“ज़रूरी नहीं।” सुक्खी बोला। “सबने वही देखा हो… जो हम देखने वाले हैं। वैसे भी हमें खोज करना है। बिना किसी नक्शे के बिना किसी सुराग के। हवा में तीर चलाते हुए यहां तक आ गए हैं तो पानी में भी तीर चला लेंगे।चलो अब।”
कुछ ही देर बाद वे झरने के सामने खड़े थे। झरना बहुत ऊँचा नहीं था लेकिन उसका पानी काले पत्थरों पर गिरता हुआ महीन धुएँ-सा फैल रहा था।
चारों ओर विशाल चट्टानों और घने वृक्षों ने ऐसा घेरा बना रखा था कि दोपहर होने के बावजूद सूर्य की एक भी किरण वहाँ तक नहीं पहुँच पा रही थी। पत्थरों पर जमी काई, हवा में तैरती नमी और लगातार गिरते पानी की ध्वनि उस स्थान को किसी भूले हुए संसार जैसा बना रही थी।
कोई पक्षी भी वहाँ नहीं चहचहा रहा था सिर्फ़ झरना…और उसका अंतहीन संगीत। टीम तुरंत काम में लग गई।
उदय डिजिटल नक्शे से चट्टानों की स्थिति मिलाने लगा।
प्रभा हैंडहेल्ड ग्राउंड स्कैनर से आसपास की बड़ी चट्टानों के भीतर किसी खोखले हिस्से का संकेत खोज रही थी।
कुमार ईएमएफ मीटर पर असामान्य रीडिंग देख रहा था।
प्रभात हर चट्टान, दरार और प्राकृतिक आकृति की तस्वीरें खींच रहा था।
सुक्खी रस्सी के सहारे ऊँची चट्टानों की दरारों तक जाकर देख रहा था।
मायरा झरने के किनारे-किनारे चलते हुए आसपास की हर छोटी-बड़ी चीज़ पर ध्यान दे रही थी।
अचानक…
उसकी नज़र एक पत्थर की दरार में फँसी किसी नीली चमक पर पड़ी। वह झुकी।उँगलियों से काई हटाई।भीतर एक नीला कंगन दबा हुआ था।
वह धातु का नहीं था।किसी पत्थर से बना प्रतीत होता था।
सबसे आश्चर्य की बात यह थी कि वर्षों तक पानी और नमी में रहने के बावजूद उस पर समय का कोई असर दिखाई नहीं देता था।
मायरा ने उसे सावधानी से उठाया…कुछ क्षण उसे देखा और बिना कुछ कहे अपने बैग की सुरक्षित जेब में रख लिया।
उसे बिल्कुल भी अंदाज़ा नहीं था…कि उसकी यह छोटी-सी खोज बहुत कुछ बदलने वाली थी।
Megha
( नीला कंगन, क्या रहस्य है इसका? रामसेवक के बारे में प्रभात का भ्रम था या सच? क्या मंदिर उसी झरने के पास कहीं हैं? क्या लगता है आपको? अपने विचार जरूर बताइये। केवल पढ़कर आगे न बढ़ें बल्कि कमेंट्स भी करें क्योंकि कहानी की दिशा तय करने के साथ ही साथ आपके कमेंट की बढ़ती संख्या लेखक के लिए भी अमृत बन कर उसे लिखने की ऊर्जा देती है।)