नीना अंदोत्रा का उपन्यास ‘ सरोरुह ‘-भाग -5

 

भाग -5

अतीत की गांठें

चंदों ने अपने बारे में चंदर को बहुत बार बताना चाहा, पर कुछ था जो उसे बोलने नहीं देता था। डर था या फिर संकोच, वह पूरी तरह से समझ नहीं पाई। बूढ़े पिता और चिंटू की ज़िम्मेदारी उसके कंधों पर थी। बेशक उसने ज़िंदगी को बहुत नज़दीक से देखा था। बार-बार गिरना और फिर उठकर चलना अब उसकी आदत में शामिल था। गाँव में वह सबके साथ घुलमिल कर रहती, पर अगर कोई उसे प्यार भरी नज़रों से देखता, तो वह असहज हो जाती थी जबकि चंदर के साथ वह हमेशा सहज रहती। बहुत बतियाती, हँसती, पर न जाने क्यों अपने अतीत को उजागर नहीं कर पा रही थी। अतीत की गांठें बहुत मज़बूत होती हैं और वर्तमान को इन गांठों को खोलने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ती है I चंदों ने मेहनत तो बहुत की अपने अतीत को पीछे छोड़ने के लिए पर यह गुजरा कल आज में भी कहीं न कहीं से झाँकने के लिए हाज़िर हो ही जाता I
केशो दास ने जीवन निर्वाह के लिए सारी उम्र जैलदारों के घर में काम किया। पीढ़ी दर पीढ़ी की परंपरा को केशो दास ने निभाया। इस हवेली में केशो दास के पिता की उम्र निकली थी और चंदों भी ना चाहते हुए इसी परंपरा को निभा रही थी। उसके मन में इन परम्पराओं से आगे बढ़ने की ललक है, वह बहुत खामोशी से अपने लिए अवसर तलाश रही है। पिता ने उस अवसर की ज़मीन तैयार की और बड़े जैलदार जी ने बहुत बार आर्थिक तंगी आने पर केशो दास का साथ दिया। यह भी एक वजह थी कि केशो दास ना चाहते हुए भी बेटी को जैलदार जी के यहाँ काम पर भेजते। उसे यही सीख देते, ‘गाँव में रहना है तो सबसे बनाकर रखना।’ चंदों भी सबसे बनाकर रखना चाहती थी, लेकिन इस तरह तो नहीं!! दूसरी ओर जैलदार साब के भी कोई दूसरा इतने करीब नहीं था जितना केशो दास था उसने अपने इमानदार व्यवहार से मालिक और नौकर से आगे का रिश्ता जैलदार साब के साथ बांध लिया था इसलिए जब भी किसी ख़ास मुद्दे पर उनको किसी से सलाह मशवरा करना होता तो केशो दास को अपने करीब पाते I
‘माँ मुझे स्कूल छोड़ने नहीं चलोगी क्या आज ?’ नन्हे चिंटू ने तैयार होते हुए चंदों से पूछा। ‘चंदो माँ, चंदो माँ…।’ चंदों को जवाब न देते देख चिंटू बार-बार उसका नाम पुकारने लगा, उसकी पुकार से चंदो अपनी दुनिया से बाहर आ गई।
‘जल्दी तैयार हो जा, तुझे स्कूल छोड़कर मुझे काम पर भी जाना है।’
‘मैं तो कब से तैयार हो गया हूँ, बस आप ही पता नहीं कहाँ खोई हुई हैं।’ चिंटू के मुँह से यह सब सुनकर चंदों की बाँछें खिल गईं।
‘चंदो… चंदो… सुन तो।’ रणधीर ने चंदों को स्कूल से बाहर निकलते देख आवाज़ दी, पर वह सुनकर भी सुनना नहीं चाहती थी।
‘कुसले दा आवाज़ देया न, सुनती क्यों नहीं?’ रणधीर ने आगे बढ़कर रास्ता रोकते हुए कहा।
‘मैंने आपको बहुत बार बोला, इया मेरा रसता नी रोका करो।’
‘तुम्हें ऐसे ही अकेले उम्र गुज़ारनी है ?’
‘मैं कैसे भी अपनी उम्र गुज़ारूं, आपको क्या तकलीफ़ है।’ चंदों ने चिढ़ते हुए कहा।
‘मुझे होती है तकलीफ़… तुमको बहुत ख़ुश रखूंगा चंदो, जरा-सी आंच भी नहीं आने दूंगा।’
‘बस बहुत हो गया। कितनी बार कहा है, कोई मेल ही नहीं है हमारा। और अगर मेल होता भी, तब भी हाँ नहीं करती। आज के बाद मुझे तंग मत करना।’ उसने गुस्से से रणधीर के आगे हाथ जोड़ते हुए कहा और तेज़ क़दमों से चली गई।
रणधीर पास के गाँव के जमींदार का बेटा है, जो पिछले कुछ समय से चंदों से अपनी मोहब्बत का इजहार कहीं भी कर देता, जो कि चंदों की नज़र में सिवाय आवारागर्दी के कुछ भी नहीं था I उसने कितनी लड़कियों को मोहब्बत के नाम से ठगते हुए देखा था इसलिए उसका मानना था कि रणधीर उसको चाहता नहीं है पर फूहड़ता बश वह आपे से बाहर है और उसकी फूहड़ता से चंदों अक्सर परेशान हो जाती I वह अच्छे से जानती है कि गाँव में जो जात – पात की परम्परा है I उसे दूर करना इतना आसान नहीं है और यही कारण था उसने रणधीर से दूर रहने में ही भलाई समझी !!
परेशान चंदों को काम में उलझे देख बड़ी जैलदारनी से रहा न गया तो उसने बात छेड़ दी, ‘के गल एै चन्दो, बड़ी चुप-चुप हो ?’ पर चंदों ने कोई जवाब नहीं दिया। ‘अज फिर रणधीर ने किश आखिया?’
आस पास के गाँव के सभी लोग जानते हैं कि रणधीर चंदों पर फ़िदा है। कुछ उसे ज्ञान भी देते कि इतने बड़े घर का लड़का तुझे चाहता है और क्या चाहिए तुझे? कब तक ऐसे बैठी रहेगी? पर चंदों को उनकी बातों में सिवाय चटकारे के कुछ नज़र नहीं आता।
‘अकेली औरत को देख कर, सभी आजमाएंगे, पर मैं अपनी ज़िंदगी अपनी शर्तों पर ही जीऊंगी।’ चंदों ने जैसे अपने आप से कहा और जल्दी से काम करना शुरू कर दिया। वह अपने कहे हुए वाक्य को बार-बार मन में दुहराती हुई सोच के समंदर में तैरने लगी और काम करती रही। जब भी वह परेशान होती है, तो ज्‍़यादा फुर्ती से काम करती है। जानकी समझ गई कि उसके मन में भारी उथल-पुथल है। उसने चंदो को अपने पास बिठाया और बोली, ‘उसके घर में किसी चीज़ की कोई कमी नहीं है अगर कमी है तो किसी अपने की अपनेपन की I बचपन में ही माँ की मृत्यु के बाद उसकी दुनिया खाली हो गयी थी I दो बड़े भाई हैं जिन्होंने अपने घर बसा लिए हैं पर रणधीर अकेला रहता है I वह घर बसा सकता है पर पता नहीं वह तुम्हें कब से पसंद करता है I अच्छा इंसान है , तुम अपने बारें में कुछ सोचती क्यों नहीं हो चंदो ?’
‘क्या सोचूं ? क्या उसका पसंद करना ही सब तय करता है? मेरी पसंद-नापसंद का कोई मतलब नहीं ? और अच्छा इंसान क्या ऐसा होता है कि कहीं भी रास्ता रोक कर, दिल हथेली पर रखकर बैठ जाये ? इसे फूहड़ता कहते हैं I उसे लगता है अमीरी के दम पर किसी को भी हासिल कर सकता हूँ I’ चंदों की प्रश्नभरी आँखों को देखकर जानकी को ऐसे लगा जैसे किसी औरत ने विद्रोह की पहली सीढ़ी पर क़दम रखते हुए अपने मन की बात कही है।
‘तुम सही कह रही हो, पर हम औरतें इतना सोचती ही कहाँ हैं कि हम क्या चाहती हैं। जो पसंद करता है, उसके पीछे हो लेती हैं…पर…।’
‘पर क्या ? जो व्यक्ति मेरी मान – मर्यादा नहीं समझ सकता वह प्रेम को क्या समझेगा ? उसे पता होना चाहिए ग्रामीण रहन – सहन में एक स्त्री का ऐसे रास्ता रोकने से उसके चरित्र पर समाज कितने सवाल खड़े करता है और औरतें… औरतें तो अपनी मानसिकता की जितनी गुलाम हैं इतनी किसी दूसरे की नहीं और इस गुलामी से आजाद होने का एक ही रास्ता है उचित शिक्षा जिससे इस क्षेत्र की सब औरतें दूर हैं और जिसका अभाव आज भी आम जीवनशैली प्रभावित कर रहा है I’ चंदों के तर्क सुनकर जानकी हैरान है I आज वह जिस चंदों से मिली है वह हररोज मिलने वाली चंदों से अलग है I इसमें एक आग है, दबा हुआ विद्रोह है जो बदलाव चाहता है I
मन से उदासी का बादल थोड़ा-थोड़ा छंटने लगा। काम समेटने के साथ-साथ चंदों अपनी उदासी को भी समेटती रही। पर रह-रहकर रणधीर का ख़याल उसे परेशान करता। जब भी वह इस तरह से उसका पीछा करता था तो वह उदास हो जाती। किसी को चाहना कोई अपराध नहीं है, लेकिन इस तरह पीछे पड़ जाना तो ठीक नहीं है। बेचैनी को दिल में समेटे वह घर लौट आयी पर बूढी पारखी नजरों ने बेटी का चेहरा पढ़ लिया । उदास होना और उदासी में डूब जाना दोनों में अंतर है और इस अंतर से बेखबर चंदों उदासी में डूब गयी थी I कभी झुंझलाहट चिंटू पर उतार रही थी तो कभी किये हुए काम को करने बैठ जाती I किसी का छूना इतना बुरा भी लग सकता है वह समझ ही नहीं पा रही है और फिर चाहे वो अनचाही छुयन ज़रा सी ही क्यों न हो पर मन पर प्रहार गहरा करती है I
‘अज मेरा पुत्तर कैं उदास एै ?’ बूढ़े पिता ने सवाल किया।
‘बस थोड़ा थक गई हूँ। चिंटू को खाना खिला देती हूँ, नहीं तो वह सो जायेगा बदमाश।’ हँसते हुए उसने पिता की ओर देखा और खाना लेने चली गई पर केशो दास इतना तो समझ गये थे कि बेटी परेशान है चाहे वह कुछ न कहे I एक समय के बाद हम सब इतने बड़े हो जाते हैं कि कभी जिन माता-पिता को देखते ही हमारा दुख आँखों से बहने लगता था, उन्हीं माता-पिता की वक्‍़त के साथ झुकी कमर देख कर हम अपना दुख छिपाना सीख जाते हैं।
बेशक चंदों भी अब एक ज़िम्मेदार औरत बन गई है, अपने दुख छिपाना सीख चुकी है, पर दुनिया के हर पिता की तरह केशो दास अपनी बेटी की आँखें पढ़ सकते हैं। वे जानते हैं कि उसकी बातूनी आँखें बिना कारण के ख़ामोशी का जामा नहीं पहन सकती। आँखों की भी अपनी एक भाषा होती है, जिनको सुनना नहीं, पढ़ना पड़ता है और केशो दास अपनी बेटी की आँखों की हर लिपि समझते थे I उसके हर हाव – भाव को वह झट से पहचान लेते थे I एक वक़्त था जब वह सुबक – सुबक कर सब अपने पिता को सुना देती थी पर बड़े हो जाना बहुत जगह चुपी दे देता है और इस चुपी की कुछ बातों को चंदों ने भी अपना लिया था, ताकि उसके बूढ़े पिता किसी कारण आहत न हों पर पिता तो पिता हैं वह चुपी की, खींझ की, मुस्कुराहट की हर भाषा को अच्छे से समझते हैं, उन्हें किसी शब्दकोश की ज़रूरत नहीं है I
लेखिका – नीना अंदौत्रा

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment