” वो सीनियर थे ” मैंने सस्पेंस खत्म किया
” फिर ” उसने अपनी आँखें उत्सुकता और जिज्ञासा से बड़ी करते हुए कहा
” फिर क्या ” मैंने कंधे उचकाते हुए कहा
” अच्छा आप लोग कब मिले ” अब वो आलथी – पालथी मार दीवान पर मेरे सामने बैठ गई जैसे कोई श्रोता कथा श्रवण के लिए तैयार हो
” मुझे प्रेमचंद की कर्मभूमि नही मिल पाई थी तब उन्होंने ही तो अपनी किताब मुझे दी थी ,
और कहा था
“मुन्नी और सकीना का चरित्र चित्रण जरूर देख लेना “
मैंने अपनी आवाज़ ज़रा भारी कर उसी गंभीरता से कहा
” जाने कैसे पता चल गया था ” मुझे फिर वही आश्चर्य हुआ
अच्छा तो ऐसे मिले पहली बार ” वो खीखियाई
” अच्छा प्रपोज़ किसने किया , उसने न ” उसने फिर अटकल लगाई
उसका “उसने ” मुझे चुभ सा गया
” प्रपोज़- व्रपोज़ हमारे टाइम में कोई नही करता था “
मैं अतीत में खोती हुई बोली
” अरे ! तो किसीको पता कैसे चलता था कि फलां फलां से प्यार करता है ” उसने बड़ी हैरानी जताई
” वो तो आँखे कह जाती हैं ” मैंने मन में कहा
” सच आप दोनों में से किसी ने भी किसीसे कुछ नही कहा ” जैसे उसे विश्वास ही न हो रहा हो
” हाँ बाबा , किसी ने ऐसा कुछ किसी से नही कहा “
मैंने उसे यकीन दिलाते हुए कहा
” फिर ? ” उसने मन की गीली मिट्टी को कुछ और कुरेदते हुए कहा
” फिर तीन साल बाद उनकी शादी होगई , उनकी ही जात वाली लड़की से ” मैंने बात पूरी की
” और सब खतम , है न ” उसने भी बात खतम करते हुए कहा
” क्यूँ सब ख़त्म ” मैं छटपटाहट से भर बोली
” पता है जब उन्हें अपनी बीवी की पहली सालगिरह पर कुछ देना था और उन्हें सूझ नही रहा था तब भी उन्होंने सभ्या के हाथ रुपये दे मुझे कहलवाया था कि अपनी पसंद से कोई चीज़ खरीद दूँ “
“और आपने खरीदी ?” अब उसके आश्चर्य का कोई ठिकाना नही था
” हाँ , सोने की अंगूठी ली थी मैंने स्मिता जी के लिए ” मैंने आंखों में प्यार भर कर कहा
” मम्मा, आपको जेलेसी नही हुई ” वो अब भी हैरान थी
” क्यूँ हो जलन ” मैंने कहा
” क्यूँ न हो ” वह अड़ती हुई बोली
” आप तो प्यार करती थी न उससे फिर आप…
वो आपका प्यार वन साइडेड होगा ” उसने मुझे समझाइश देते हुए कहा
” प्यार में कोई जलन नही होती ,और न कोई शर्त,दूसरा हमें चाहे ही ये भी नही ” मैंने झुंझलाहट में कहा
“मैं जानती हूं वो मुझसे प्यार करते थे , और अब भी करते हैं , तभी तो अभी दो साल पहले सभ्या के भतीजे की शादी में मैंने उनकी आंखों में देखा था “
मैं आश्वस्त , मगर चुप
” ओ ssss , अनकंडीशनल लव ” उसने मुझपर हँसते हुए कहा
” प्यार तो अनकंडीशनल ही होता है ” मैंने यकीन से कहा
” वैसे भी तू ने पूछा था कि आपने किसीसे प्यार किया था क्या ,ये थोड़ी पूछा था कि किसीने आपसे प्यार किया था या नही “
मैंने उसके सर पर चपत सी लगाई
” मैं उनसे प्यार करती थी ,
करती हूँ और करती रहूँगी “
मैंने मन ही मन मे बाँहें फैला खुले आसमान तले जोर से चिल्लाते हुए अपने प्यार का ऐलान किया
” कितने इनोसेन्ट हो आप मम्मा ,इसे क्रश कहते हैं “
उसने मुझे इस तरह से बाहों में भर लिया जैसे मैं उसे भरा करती थी
मन कह रहा था
” यही तो प्यार है पगली,कैसे समझाऊँ तूझे “
मेरी आँखों में राधा, मीरा, ,सुधा ,ललिता जैसे अनगिनत चेहरे घूम रहे थे ।