सदियों पहले
एक दिन
जैसे ही मैं बुदबुदाया–
आज से शुरू होता है
मेरा मरण काल!
माँ धिक्कार उठी–
क्यों अपशकुन बोलता है रे!
मैंने समझाया–
देह का उठ जाना ही नहीं
सत्ता के गलियारे में
चापलूसों-सा
जा खड़ा होना भी
मर जाना ही है;
अच्छे रहन-सहन की खातिर
जाना पड़ेगा माँ!
हम रूखी-सूखी खा लेंगे,
खुले आसमान के नीचे सो लेंगे,
लेकिन खबरदार!
आँख उठाकर
एक बार भी उधर देखा तो…
माँ ने धिक्कारा था।
ऐसा क्यों?–
मैंने पूछा था।
ज़मीर की खातिर–
माँ बोली।
उसी दिन से
मातृ-भक्त जनता-जनार्दन हम–
जमीन पर सोते हैं
हथेली पर खाते हैं
वोट देते हैं
लेकिन क्या मजाल, कि
आँख उठाकर
एक बार भी देखते हों
कुर्सी की ओर!