आज उसे करीब से देख रही थी। मँहगे कपड़े और जेवर उसे खूबसूरती प्रदान करने में असफल हो रहे थे। उसके चेहरे पर एक विशेष तरह की तनाव से भरी रेखाएँ उभरी हुई थीं।
मैंने बारीकी से उसके चेहरे पर सुख के चिन्ह ढूंढने की कोशिश की। मोटी क्रीम की तहें, काजल, लिपिस्टिक चुगली करते हुए उसकी अंतर्व्यथा को मुखरित कर रहीं थीं।मेरी तलाश जारी थी। तलाश में मेरे हाथ आईं चेहरे की त्वचा पर गहराती झाइयों के धब्बे, वर्षों से जागती हुई सी आँखों के नीचे फैले काले घेरे। मृत कोशिकाओं से निर्मित उसकी त्वचा को देख मेरी आँखें भर आईं।
मुझे ध्यान आया इसे पत्नी नहीं बल्कि यह उसकी औरत है कहकर वह लोगों से इसका परिचय करवाया करता था। अक्सर लोगों को यह बताया करता था कि उसने अपने दिमाग का इस्तेमाल करके बहुत धन कमाया है। उसके कमाए हुए धन से परिवार सहित उसकी औरत को भी ऐशो आराम की जिंदगी मिली है। उसकी औरत बड़ी भाग्यवान है।
सच कहूँ तो उसकी औरत से मिलने के पश्चात उस आदमी की असलियत को मैंने शिद्दत से महसूस किया था।
कान्ता रॉय
54-ए, सेक्टर-सी
बंजारी, कोलार रोड
भोपाल – 462042
मो.9575465147
ईमेल – roy.kanta69@gmail.com