लघुकथा – नाम चित्रा मुद्गा द्वारा

नाम(लघुकथा)

लेखिका चित्रा मुदगल

“मतऊ डोम की पतोहू रतिया डोम कौन है ससुरी?”
 
घूँघट काढ़े एक मँझोले कद की इकहरी काया औरतों के गोल से निकलकर कदम भर आगे बढ़ आयी।
 
अपनी मेहरियों, महतारियों और बच्चों की बगल में सहमे खड़े मर्द विस्मय में डूबे अनुमान नहीं लगा पा रहे थे कि उनके चमरौटी टोला में गाँव के सरपंच ठाकुर रिछपाल सिंह अपने लठैतों के संग क्यों आये हैं और क्यों उन्होंने पूरे टोले को अपने सामने पेश होने का फरमान जारी किया है।…
 
लघुकथा _अग्नि संकल्प — Vcare Language Academy
“तो तू है रतिया डोम !” मर्द को देखते ही पीठ कर खड़ी हो जाने वाली औरतों के शील संकोच के आदी ठाकुर रिछपाल सिंह रतिया के कदम पर आगे आ खड़े होने के दुस्साहस पर चौंके।
 
“अपने बेटवा को लेकर कल तू स्कूल में उसका नाम लिखवाने गयी थी?”
 
सिर हिलाकर घूँघट ने हामी भरी।
 
“दुबे मास्टर बता रहे थे कि… तूने अपने बेटवा का नाम देवेन्द्र प्रताप सिंह लिखवाया है?”
 
घूँघट ने स्वीकारोक्ति की।
 
“तुम्हारी सुअर-सी औलादों को स्कूल में संग बैठने-पढ़ने की सरकारी इजाजत क्या मिल गयी कि तू मतऊ, दतऊ, धनकुआ, ईसुरी नाम छोड़ बाभन, ठाकुरों के नाम रखने लगी? तेरा बेटवा देवेन्द्र प्रताप सिंह हो गया है तो तू हो गयी उसकी महतारी ठकुराइन ! क्यों, हो गयी न !” उनके हड़ियल आतंकित चेहरों पर बल्लम-सी कोंचती नजर डाल ठाकुर रिछपाल सिंह ने ठठाकर एक भयानक ठहाका भरा। संग लठैत चेले चपेड़ों ने जुगल-बन्दी की।
 
हँसी रुकी तो उन्होंने रतिया पर कटाक्ष कसा।
 
“सुनो हरामखोरो, सभी आज से इस राँड़ को ठकुराइन कहकर पुकारना… भई, जिसका बेटा ठाकुर उसकी माँ डोमिन कैसे हो सकती है! हो सकती है?”…
 
“नाबदान के कीड़ेऽ…” अगले ही पल ठाकुर रिछपाल सिंह ने दाँत पीसे- “गनीमत इसी में है साऽलोऽ, अपनी औकात में रहो। बाभन, ठाकुर बनने की कोशिश न करो… वरना…”
 
“लम्बरदार छिमा कर दो… बैली बहुरिया शौकिया गयी होगी… कउन मुकाबला मालिक… कहाँ आप, कहाँ हम पाँव की धोवन… आजे स्कूल जाके लड़िका का नाम बदलवा देव.. बिसुआस करो मालिक…”
 
धैर्य चुक गया। सहसा माथे से घूँघट सरका। रतिया लाज-लिहाज छोड़ गरजी-
 
“बाबू ऽऽ, काहे पाँवों में गिर रहे हो लम्बरदार के ! तनिक पूछो सरपंच जी से, ठाकुर के बेटे का नाम मतऊ, दतऊ धरा जा सकता है तो हम धर लें?”
 
“चुप्प… मुँहजोरी कर रही? हरामिन कुतिया, आगे मुँह चलाया तो तेरी देह की बोटी-बोटी चील कव्वों को खिला दूँगा… अकल ठिकाने कर, समझी !”
 
“मार डारौ.. खिला दो, डर कर हम साँच के पर नहीं कतर सकते, मालिक। ठाकुर के बेटे का नाम ठाकुरों जैसा न धरें तो क्या डोम-चमारों वाला धर दें?”
 
ठाकुर रिछपाल सिंह क्षणांश सन्नाटे में आ गये। अचानक वे पलटे और अपने दल-बल सहित टोले से बाहर हो गये।…
 
चित्रा मुदगल 

Author