राजकुमार धर द्विवेदी के दोहे-माँ

रचनाकार -राजकुमार धर द्विवेदी

बहन विदेशी-बंधु से, करे फोन पर बात।
अम्मा अँधी हो गई, याद करे दिन -रात।।
 
जिनके घर में हो रही, नोटों की बरसात।
उनकी माँ फुटपाथ पर, खाती बासी भात।।
 
तीन पूत त्रयलोक के, दिए त्रिलोकीनाथ।
वह माँ आश्रम में रहे, दुनिया कहे अनाथ।।
 
भूखी -प्यासी माँ रहे, तनिक न उनको ध्यान।
घर में उनके पल रहे, महँगे-महँगे श्वान।।
 
प्रेरणा गुप्ता गंतव्य की ओर — Vcare Language Academy
दान -पुण्य करता फिरे, जाकर गंग नहाय।
चरण धूलि माँ की नहीं, लेता शीश लगाय।।
 
माँ को कभी न मानिए, अपने ऊपर भार।
माँ के ही आशीष से, कोठी, बंगला, कार।।
 
माँ से ही घर स्वर्ग है, बिन माँ नरक समान।
माँ जैसा रिश्ता नहीं, दूजा ‘राज’ जहान।।
 
 
 
-राजकुमार धर द्विवेदी
प्रकाशित तिथि: 6  जून 2025