डॉ. उपमा शर्मा द्वारा यात्रा वृत्तांत

लेखिका -डॉ. उपमा शर्मा

“कोई भी शहर अपना अतीत नहीं बताता।वह हथेली की रेखाओं की  तरह गुँथा रहता है, वह गलियों के नुक्कड़ पर, खिड़कियों की झँझरी, सीढ़ियों के बेनिस्टर पर,शलाकाओं के एंतेना पर, पताकाओं के बाँसों पर लिखा रहता है।वह शहर के हर भाग पर खरोंचों, खाँचों, नक्काशियों के भीतर बसा रहता है।”
इतालवी लेखक इतालो काल्विनो के शब्द पढ़़ते हुए मैं उत्तराखंड की वादियों में खो जाती हूँ जहाँ कुछ दिन पहले ही होकर आयी हूँ।अल्मोड़ा, जागेश्वर, कौसानी, रानीखेत,मजखाली ये जगह हैं या स्वप्न जिनकी स्मृतियों में विचरते हुए हम अपने अन्दर की पगडंडियों पर टहलने लगते हैं।
विजयश्री तन्वीर डाई अलोन — Vcare Language Academy
दिल्ली की उमस भरी गर्मी और कामकाज की थकन से कुछ पल सुकून से गुजारने को डाॅक्टर साहब और बच्चे कोई स्वप्न सरीखी जगह की तलाश में हैं।बचपन की स्मृतियों में गुँथा अल्मोड़ा जागेश्वर और गोलू देवता मंदिर मेरी स्मृतियों में सहज ही चले आते हैं।मम्मी अपने छुटपन में वहीं रही है ये बात जान बच्चे अतिउत्साह से लबरेज हैं। 
“वाउ मम्मा, आप वहाँ रही भी हो।पापा हम वहीं चलेंगे इस बार।”
सबकी सहज स्वीकृति के साथ ही जाने की रूपरेखा बनने लगती है।
“टिकिट्स बुक करा लो।फिर सीट मिलने में परेशानी होगी।”
“मम्मा चलेंगे गाडी़ से ही।”
“दूरी बहुत है बेटा।फिर पहाड़ के सर्पीले रास्ते।वहाँ गाडी़ चलानी आसान नहीं।”
“तुम मुझे अन्डरएस्टीमेट कर रही हो।”
“वो बात नहीं लेकिन.. “
“अब कुछ भी हो लेंगे अपनी ही गाड़ी से।”
“रुकने के लिए बुकिंग तो करा लेते।”
“वो सब मैंने देख लिया है।तुम बाकी की तैयारियाँ करो।”
सवेरे सवेरे हम सब निकल लिये।रास्ते में हाथ का बनाया खाने का सामान देख बच्चे हँस देते हैं कि माँ अपनी किचन एक्सपर्टाइज दिखाने का एक पल भी नहीं छोड़ती।बच्चों के पापा भी इसमें शामिल हो जाते हैं। 
मैं थोड़ा बनावटी गुस्सा हो जाती हूँ।बेटियाँ मनाने में लग जाती हैं। ऐसे ही हँसी ठिठोली करते,सोते जागते हमारा कारवाँ हल्द्वानी को छूता हुआ नैनीताल पहुँच जाता है। 
हम यात्रा की थकान दूर कर विश्राम की सोचते हैं लेकिन बच्चे नैनी झील के जादू में खोये नौकायन की कहने लगे।हम पहले मल्लीताल के लिए निकल गये।नयनदेवी के दर्शन कर बाहर घूमने लगे।तरह तरह की चीजें बिक रही थीं।नैनीताल 64 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है।पौराणिक कथा के अनुसार माता सती का नयन यहाँ गिरा था।नैनी झील में लगाई डुबकी मानसरोवर में लगाई डुबकी जितनी ही पवित्र मानी जाती है।
अब बच्चे नौकायन के बिना मानने वाले नहीं थे।हम झील पर पहुँच गये।रंग-बिरंगे याट थे, पैडल वाली नौकायें थीं।माँझी भी झील में नौका में चक्कर लगवा रहे थे।हमने माँझी वाली नौकायें ही चुनी।पानी में मछलियाँ तैर रही थीं ।नौका विहार के साथ माँझी से बातचीत भी चल रही थी।कहते हैं कभी यहाँ 60 ताल थे।इस झील का निचला हिस्सा तल्लीताल और ऊपरी भाग मल्लीताल कहलाता है।ताल की गहराई 15 से 156 मीटर तक मापी गई है, हाँलाकि सही जानकारी किसी को भी नहीं पता।।लम्बाई 1358 मीटर और चौड़ाई 458 मीटर है।ताल के चारों ओर सड़क है।जहाँ पर्यटक सैर करते दिख रहे हैं।झील पर सफेद बतखों का झुंड देख बच्चे बहुत खुश हो गये।रात का दृश्य और नयनाभिराम था।आसपास के बल्बों की रोशनियों में नहाया ताल अपनी जगमगाहट से रोशनियों का जादू बिखेर रहा था।हम देर रात तक इस दृश्य को निहारते रहे।फिर मॉल रोड की दुकानें घूम कुछ खरीददारी कर विश्राम के लिए होटल चले गये। 
नैनीताल से मन नहीं भरा था लेकिन हमारी आज रात की ठहरने की बुकिंग मुक्तेश्वर की थी। नैनीताल की ठंडक भरी स्मृतियों को सहेजे हम मुक्तेश्वर की ओर चल दिए।उजली धूप में चमकती सड़क, किनारे पर लंबे पेड़ों की लहराती फुनगियाँ। आह! प्रकृति का अद्भुत सौन्दर्य।कुमाऊँ की पहाड़ियों में 2286 मीटर ऊँचाई में बसा मुक्तेश्वर।नीलकंठ, नंदा देवी, त्रिशूल हिमालय की चोटियों के पीछे से उगता सूरज इतना सुंदर लग रहा था कि हम वहाँ से हटना ही नहीं चाह रहे थे।हिमालय के इस अनुपम सौन्दर्य पान से जी भर ही नहीं रहा था।लेकिन सीमित समय  में सब कुछ देख लेने के चाव ने आगे बढ़ने को प्रेरित कर ही दिया।अब हम शिवजी के मन्दिर की ओर चल दिये जो कि 2314 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है।इसे मुक्तेश्वर मंदिर भी कहते हैं।मंदिर तक पहुँचने के लिए 100 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ी लेकिन भगवान शिव के साथ ब्रह्मा ,विष्णु,पार्वती,हनुमान और नंदी जी के दर्शनों ने सारी थकान दूर कर दी। 
बाहर लंगूरों के जमावडे़ को देख बच्चे घबरा गये।फिर सबको आराम से निकलते देख थोड़े संयत हुए।
अब तक हम बहुत थक चुके थे। खासकर बच्चे।लेकिन यहाँ तक आ मंदिर के साथ ही लगी हुई चौली की जाली आने का लोभ हमसे संवरण न हुआ।बच्चों को यहाँ की कुरकुरी पकौड़ी और सूखे आलू की सब्जी एक बार फिर खिलाने का लालच दिया तो वो भी चलने को राजी हो गये।किवदंती है कि यहाँ देवी और राक्षस के बीच युद्ध हुआ था।यहाँ से घाटी का नजारा देख हमारी सारी थकन उड़न छू हो गई।
सारा दिन घूमने के बाद यहाँ का वेटरनरी इँस्टीट्यूट और लाइब्रेरी देख हम वापस होटल आ गये अगले दिन तरोताजा हो 
मुक्तेश्वर की हरीभरी वादियों और हिमालय की चोटियों से ढके  दृश्यों को आँखों में बसा हमारी कार रानीखेत के लिए निकल पडी़।किनारे पर झुकते पेड़, आकाश में तिरते बादल, भीगी कोमल धूप की चमकीली परतें।कार के खुले शीशे से आती सर्द हवाओं ने सारी थकान चुरा ली थी।बच्चे जरूर शोर मचा रहे थे कब पहुँचेंगे ? मैं रास्ते की सारी खूबसूरती को कैमरे और आँखों में भरती हुई मंत्रमुग्ध बैठी हुई थी। न जाने कब तक ऐसे ही खोयी रहती कि आन्या का स्वर कानों से टकराता। 
“मम्मा उतरोगी नहीं क्या? कार में ही रहना है।ज़्यादा थक गईं क्या?”
“कितना सुंदर दृश्य है! “
“हाँ मम्मा!देखो आ गये हम उत्तराखण्ड राज्य के एक प्रमुख पहाड़ी पर्यटन स्थल रानीखेत। देवदार और बलूत के वृक्षों से घिरा सुंदर सा हिल स्टेशन।यहाँ से भी हिमालय दर्शन हो रहा था।हिमाच्छादित मध्य हिमालयी श्रेणियाँ चमक रही थीं।ऐसा लग रहा था ऊँची ऊँची चोटियों पर ढेर सारी चाँदी बिखरी पडी़ हो।बच्चे कल से ही गोल्फ कोर्स सुनते आ रहे थे।डॉक्टर साहब ने गाड़ी उसी ओर बढ़ा दी।कुछ ही देर में हम रानीखेत से तकरीबन 5 किमी दूर स्थित गोल्फ कोर्स पहुँच गये।बच्चों ने यहाँ की हर प्रमुख जगह दिखाने की फरमाइश कर डाली।
बच्चों को सर्वाधिक आनन्द कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर तथा नागा रेजिमेंट द्वारा संचालित म्यूजियम में आया।यहाँ रखे विभिन्न युद्धों में पकड़े गये अस्त्र और ध्वज देख बच्चे बहुत खुश थे। 
आशियाना पार्क में जंगल थीम पार्क देख बच्चों की लाॅटरी निकल आई।बच्चों को खुश देख हमने भी राहत की साँस ली।
खाने पीने के बाद बिनसर महादेव, मनकामेश्वर मंदिर के दर्शन कर बच्चे बहुत थक गये। 
अगले दिन कौसानी का प्रोग्राम बना हम विश्राम के लिए होटल आ गये।
जब से घर से निकले इतनी बार कौसानी का नाम लिया कि बच्चे भी कहने लगे।”पापा अब पहले कौसानी फिर कहीं और।”
कौसानी बागेश्वर जिले का प्यारा सा गाँव।हिमालय की खूबसूरती के दर्शन कराता पिंगनाथ चोटी पर बसा कौसानी।कोसी और गोमती नदियों के बीच बसा भारत का स्विटजरलैण्ड कौसानी। 
हमारी यात्रा का बहुप्रतीक्षित पड़ाव।
किसी शहर को पहली बार देखना विचित्र अनुभव है, वह किसी अज्ञात दुनिया के नक्षत्रमंडल से एकाएक छिटककर एक तारे की तरह सामने आ जाता है। किसी परी कथा के जादुई आलोक मंडल सा। 
चीड़ और बांज के पेड़ों से घिरा हुआ कौसानी जब तब स्मृतियों में उतर उन्हें महका देता है।
हिमालय पर्वतमाला को छूकर आती मलयाली शीतल हवायें चेहरे को छू मन महका देती हैं।
अनासक्ति आश्रम से बर्फ से ढके हिमालय को देख ह्रदय आनन्द से सराबोर हो जाता है।बच्चे आनन्द के अतिरेक में चिल्लाने लगते हैं। “मम्मा वो देखो अपनी पूरी आन और शान के साथ दिखती हिमालय की चोटियाँ।”
वहाँ लिखे नामों को देख बच्चे बताते हैं “पापा देखो वो चौखंबा,वो  नीलकंठ होगा,ये नंदा घुंटी,और ये तो त्रिशूल ही है।फिर ये ?”
ये नंदा देवी, नंदा खाट,नंदा कोट और पंचचुली हैं।बच्चों के पापा उनका कौतुहल शांत करते हैं।
कहते हैं कौसानी की सुंदरता और शान्ति ने महात्मा गाँधी को बहुत प्रभावित किया था।यहीं पर उन्होंने अनासक्ति योग नामक लेख लिखा था। इस आश्रम में एक अध्ययन कक्ष और पुस्तकालय, प्रार्थना कक्ष है। प्रार्थना कक्ष में गाँधी के जीवन से संबंधित चित्रों को बच्चे ध्यान से देख रहे हैं और अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा लेते हैं। 
बस स्टैंड से थोड़ी दूर पर स्थित पंत संग्रहालय देखे बिना और कहीं जाने को मैं राजी नहीं होती। यहाँ उनकी कविताओं का संग्रह, पत्र पुरस्कार, उनकी दैनिक उपयोग की वस्तुएँ देख हम चाय बागान के लिए निकल लेते हैं। 
208 हैक्टेयर में फैले इस चाय बागान के अन्दर जाने की इजाज़त इसी शर्त पर बड़ी मुश्किल से मिलती है कि एक भी पत्ता नहीं तोड़ेंगे और कुछ नुकसान नहीं करेंगे।हम यहाँ से चाय लेकर शाॅल फैक्टरी आ गये। कौसानी वूलन हाउस में हाथ की बनी गरम टोपियाँ और कमीज़ खरीदी।अनासक्ति आश्रम के पास शाॅल एंपोरियम से शाॅल पहले ही ले चुके थे।
कौसानी से निकलते हुए मुख्य चौराहे के पास बनी दुकान से मेरी बचपन की स्मृतियों में बसा
मडु़ए का आटा, गौहत की दाल और बुरांज का शरबत लेना नहीं भूली
कौसानी को मधुर स्मृतियों में सँजोये हम शाम को अल्मोड़ा आ गये।अल्मोड़ा अपनी ऐतिहासिक विरासत के साथ प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है।नगर में एक ओर चन्दकालीन किले तथा मंदिर हैं, तो वहीं दूसरी ओर ब्रिटिशकालीन चर्च तथा पिकनिक स्थल हैं।
हमारा कमरा रोशनी से भरा है-बड़ा खुला हुआ ।सामने सुंदर काँच की खिड़की और खिड़की से झाँकते आकाशचुंबी वृक्ष और ऊँचे ऊँचे पहाड़।हम चाय पीने रेस्तराँ में आ गये।अलग अलग मेज पर लोग चाय कॉफी पी रहे थे।मेरा ध्यान बरबस पहाड़ की लड़कियों की तरफ चला गया। परंपरागत पहाड़ी पहनावे में ढकी लड़कियाँ अपनी सहेलियों के साथ खा पी रही थीं।उसमें एक स्निग्ध किस्म की सौम्यता थी। चाय पीकर हम बाजार निकल आये।यहाँ के पारम्परिक परिधान और यहाँ की प्रसिद्ध मिठाई ‘बाल मिठाई’ लेकर वापस कमरे में आ गये अगले दिन की यात्राके लिए तरोताजा होने। 
देवभूमि उत्तराखंड की गोद में बसे मंदिरों और धर्मस्थानों के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।मेरी भी बचपन की यादों में चितई का गोलू देवता का मंदिर रचा बसा है। इसकी आस्था की लोकप्रियता विदेशों तक में है।यहाँ पहुंचने वाली भक्तों की भीड़ और मंदिर परिसर में लगातार गूँज रही घंटों की आवाज से ही इसकी लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मंदिर परिसर में लगे उत्तराखंड टूरिज्म डिपार्टमेंट के बोर्ड पर गोलू देवता मंदिर का नाम चितई मंदिर बताया गया है।मैं थोड़ी देर के लिए सोच में पड़ जाती हूँ ये वही मंदिर है जहाँ मैं चाचा के साथ आई थी।बोर्ड पर लिखी सूचना कि गोलू देवता को समर्पित यह मंदिर त्वरित न्याय के लिए स्थानीय लोगों में प्रसिद्ध है हम अंदर बढ़ जाते हैं। गौर भैरव, शिव का एक रूप है जो कि गोलू देवता के अवतार में यहां पूजे जाते हैं। मंदिर में हजारों अद्भुत घंटे-घंटियों का संग्रह है। यह भी जानना दिलचस्प है कि जिन लोगों की मनोकामना पूरी हो जाती है वे यहां घंटी चढ़ाते हैं। यानी मंदिर की घंटियां लोगों को न्याय मिलने या उनकी
अन्य मंदिरों की तरह यह मनोकामना करने या मन्नत मांगने की तरीका बिल्कुल अनोखा है। यहां लोग बकायदा आवेदन पत्र लिखकर मन्नत माँगते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, लोग न्याय पाने के लोग आवेदन पत्र देते हैं। बहुत से लोग तो स्टाम्प पेपर पर लिखकर अपनी बात रखते हैं। 
लोग किसी मामले में न्याय पाने के लिए गोलू भगवान के दरबार में लिखित अर्जी देते हैं। पंडित इस अर्जी को पढ़कर गोलू देवता को सुनाते हैं। इसके बाद इस आवेदन पत्र को लोग मंदिर परिसर में टांग देते हैं। मनोकामना पूरी होने पर लोग यहां घंटी चढ़ाने आते हैं। किसी प्रकार की गलती होने पर लोग यहां गोलू देवता से क्षमा याचना करते हैं। 
हम भी अपना आवेदन पत्र दे ,दर्शन कर वापस अपने कमरे में आ गये।
हमारी कार छोटे से गाँव की ओर जा रही है।चारों ओर हरे-भरे पेड़-पौधे धुंध की चादर से ढके पड़े हैं।सूर्य की किरणें देवदार के पत्तों के बीच से छन-छन कर आ रही हैं।पक्षियों के झुंड हिमालय की कतारों को लांघ रहे हैं।सड़क इस कदर मुड़-मुड़ जाती है, मानो आगे रास्ता ही नहीं है। एकाएक प्रकृति जी खोल कर हमारा स्वागत कर रही है।एक सम्मोहन से घिरने लगते हैं हम।आ पहुँचते हैं अल्मोड़ा से ३५ किलोमीटर दूर स्थित केंद्र जागेश्वर धाम के प्राचीन मंदिर।यहाँ लगभग 250 मंदिर हैं जो प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस क्षेत्र को सदियों से आध्यात्मिक जीवंतताप्रदान कर रहे हैं।मंदिरों में गुप्त साम्राज्य की झलक भी दिखलाई पडती है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अनुसार इन मंदिरों के निर्माण की अवधि को तीन कालों में बांटा गया है। कत्यरीकाल, उत्तर कत्यूरीकाल एवं चंद्र काल। बर्फानी आँचल पर बसे हुए कुमाऊं के इन साहसी राजाओं ने अपनी अनूठी कृतियों से देवदार के घने जंगल के मध्य बसे जागेश्वर में ही नहीं वरन् पूरे अल्मोडा जिले में चार सौ से अधिक मंदिरों का निर्माण किया। मंदिरों का निर्माण लकडी तथा सीमेंट की जगह पत्थर की बडी-बडी शिलाओं से किया गया है। दरवाजों की चौखटें देवी देवताओं की प्रतिमाओं से अलंकृत हैं। मंदिरों के निर्माण में तांबे की चादरों और देवदार की लकडी का भी प्रयोग किया गया है
पुराणों के अनुसार शिवजी तथा सप्तऋषियों ने यहां तपस्या की थी। कहा जाता है कि प्राचीन समय में जागेश्वर मंदिर में माँगी गई मन्नतें उसी रूप में स्वीकार हो जाती थीं जिसका भारी दुरुपयोग हो रहा था। आठवीं सदी में आदि शंकराचार्य जागेश्वर आए और उन्होंने महामृत्युंजय में स्थापित शिवलिंग को कीलित करके इस दुरुपयोग को रोकने की व्यवस्था की। शंकराचार्य जी द्वारा कीलित किए जाने के बाद से अब यहां दूसरों के लिए बुरी कामना करने वालों की मनोकामनायें पूरी नहीं होती केवल यज्ञ एवं अनुष्ठान से मंगलकारी कामनाओं की पूर्ति होती है।
मंदिर के पास गिरते हुए पानी की कल-कल सुनाई देती है।पलकों पर नींद झुक आती है।निर्झर पर बहती हवा,मैं शायद किसी स्वप्न नगरी में चली आई हूँ। और तब मुझे काल्विनो की बात याद हो आई, “तुम्हारे पैर कहीं बाहर नहीं चलते, जहाँ तुम्हारी आँखें देखती हैं, बल्कि वहाँ, जो भीतर है, दबा हुआ, मिटा हुआ। “
 
डॉ. उपमा शर्मा 

Author