9 सितंबर 1981
आज भी ट्यूशन की फी किसी स्टूडेंट से नहीं मिली….. घर में खाना नहीं बना….. बच्चों को बिलखता देख, मन भीतर से रो पड़ा…. पत्नी के ताने अपने ढंग से घायल कर रहे थे। बड़बड़ाते हुए पत्नी पड़ोस से किसी प्रकार खुशामद करके आटा मांग लाई I बच्चे तो नमक वाली रोटी खाकर सो गए I मैं न खा सका… न सो सका I
5 अक्टूबर 1993
मेरा कोचिंग संस्थान बहुत अच्छा न सही, पर गुजर बसर हो रहा है I आज एक नए टीचर ने ज्वाइन किया और क्लास लेने के बाद जब वह जाने लगा तो उसने 200 रुपये की मांग की।
मेरे मुंह से निकल गया .. आज ही तो आपने ज्वाइन…. उसने चूल्हा जलाने की बात की तो मुझे वो दिन याद हो आया, जब मेरी पत्नी को पड़ोस के घर से आटा मांगना पड़ा था I मैंने तुरंत उसे रुपए दे दिए I
आज मेरा मन बहुत शांत है I
15 मई, 2020
कोरोना कोविड-19 वायरस फैलने से मजदूर पैदल ही सपरिवार घरों को लौटने लगे हैं I जैसे-जैसे भूखे-प्यासे पैदल ही चले जा रहे हैं I
मैंने अपने सभी स्टाफ को बिना किसी भेदभाव के सबको नित्य – प्रतिदिन भोजन कराने का आदेश दे दिया I मेरा कोचिंग संस्थान आज सफलता का शीर्ष स्पर्श कर रहा है I
आज मेरा मन अत्यधिक प्रसन्न है I
***
लेखक
डॉ ध्रुव कुमार
व्योम, पी. डी. लेन, महेंद्रू,
पटना- 800006 ( बिहार )
दूरभाष : 9304455515
ईमेल: dhrub20@gmail.com
प्रकाशित तिथि: 18 जुलाई 2025