मेघा राठी कविता-कभी-कभी कुछ रिश्ते

लेखिका - मेघा राठी

कभी-कभी कुछ रिश्ते जन्म-जन्मांतर से चलते हैं —
बिना शोर के, बिना नाम के… बस आत्मा की मौन पहचान में।
 
तुमसे जुड़ना यूँ ही नहीं हुआ…
ये कोई संयोग नहीं, ये कोई भ्रम नहीं…
ये कोई खेल नहीं, जिसमें जीत या हार हो।
ये तो वो दरिया है, 
जहाँ मैं हर दिन बहती रही —
तुम्हारे आने का 
इंतज़ार करती हुई।
 
पर …
हर बहाव को किनारा चाहिए होता है,
हर प्रेम को एक उत्तर, एक सहारा।
कविता काव्या ‘सखी ‘ दोहे — Vcare Language Academy
तुम्हारा मौन, तुम्हारा उलझाव, तुम्हारी दूरी —
मेरी आत्मा को थका रही है।
मैं कोई बंदिश नहीं, कोई परीक्षा नहीं…
बस एक प्रेम हूँ — जो सच्चाई चाहता है।
 
अगर इस रिश्ते को निभाना है,
तो डर छोड़ो… भ्रम छोड़ो… 
और वो दीपक बनो
जो मेरे अंधेरे में रौशनी लाए,
न कि और भी गहरा साया।
 
मैं अब भी वहीं हूँ —
जहाँ पहली बार 
तुम्हारी आत्मा को महसूस किया था…
पर आत्मा को भी कभी न कभी
शब्द चाहिए होते हैं, 
स्पर्श नहीं तो कम से कम
एक सच्चा संवाद।
 
तुम आना — 
पर पूरे होकर, 
आधे मन से नहीं।
वरना मैं अपने 
टूटे हिस्सों को 
समेटना सीख लूँगी।
और एक बार सीख गई 
तो तुम्हारा आना 
न आना 
मेरे लिये महत्वहीन
हो जाएगा 
उस बसंत की तरह जो 
उपवन के मुरझा कर 
सूखने के बाद 
आता है 
और बिना प्रभाव छोड़े
वापिस लौट जाता है।
 
लेखिका – मेघा राठी 
भोपाल 
प्रकाशित तिथि: 14 मई 2025
 

Author