पसेरी भर गेहूं पीसती हुई औरतें
हर दो मुट्ठी दाने डालती हुई उठाती थी एक गीत
ननद और भाभी सुर से सुर मिलाकर गाती थीं जंतसार
इस वेदना को कहां समझ पाया संसार
लोरियां सुनातीं हुई दादी या नानी की लग जाती थी आंख
एक अद्भुत सुख मिलता था उस गोद में
मैं पिछड़ा कवि पिछले समय को खींच कर लाता हूं कविताओं में
और प्रस्तुत करता हूं वेदना – राग
करता हूं संकलित और सौंपता हूं तुम्हें
मुझे खुद पता नहीं तुम इन्हें पढ़ोगे या सजा दोगे शेल्फ के पिछले कोने में
जैसे रास्ते पर गाते हुए किसी गायक को अनसुना करते हुए बढ़ जाते हैं लोग
कितना लापरवाह रहा कि सौंप दिया मैंने तुम्हें दर्द का दस्तावेज सप्रेम
मुझे मालूम नहीं इस प्रेम के साथ कैसा करोगे सलूक
अकेले में बैठकर विचारता हूं
यह क्या कर दिया मैंने
क्या ये किताबें रह जायेंगी अपठित
या किसी दिन तुम या तुम्हारे पुत्र – पौत्र
बेच देंगे इन्हें कबाड़ में
मैं बैठकर सोचने लगता हूं
कि कैसी भूल कर दी
कि कर दिया अनर्थ
उठने लगते हैं मस्तिष्क में प्रश्नों के बवंडर
कैसे कोई पिता अपनी पुत्री का हाथ सौंपते हुए
नहीं कर सका पात्रता का विचार।
कवि
ललन चतुर्वेदी
प्रकाशित तिथि: 17 जुलाई 2025