तुम्हारे लिए
**********
भाग चौंतीस
*************
” क्या हुआ जाह्नवी,बहुत गहरे सोच में पड़ गयी है
यार तू तो…” जाह्नवी जैसे सोते से जागी, उसने तत्काल खुद को संभालते हुए कहा..” नहीं, मैं तेरी ही कही बातों को सोच रही थी,तू एकदम ठीक कह रही है, फिलहाल इन बातों का
सचमुच कोई मतलब नहीं है,आई प्रॉमिज तन्मय को ले कर अब तुझे मैं और तंग नहीं करूंगी,चल अब हम चलते हैं यहां से..” जाह्नवी के रूख में आए इस यकायक से आए बदलाव को अपर्णा समझ नहीं सकी,पर वो भी जाह्नवी के साथ उठ खड़ी हुई थी।
तन्मय के पास जब जाह्नवी का फोन आया था ,तो जिस तरह से वो बात कर रही थी ,थोड़ा सा अजीब सा लगा उसे,ऐसे सीधे तो कभी बात नहीं की थी कभी उसने..तन्मय
ने सोचा भी,मगर उसे इस बात का कारण समझ नहीं आया।
तन्मय ने जाह्नवी से झूठ नहीं बोला था,सच में उसने
एक तरकीब ढूंढ निकाली थी और यह तरकीब उसने जाह्नवी
में जो भी अपर्णा के बारे में ,उसकी मनःस्थिति और वो अब आगे क्या करने वाली है, यह सुन लेने के बाद ,और सब कुछ समझते हुए ही ढूंढी थी।उसे समझ में आ गया था कि जो भी अपर्णा के साथ हो गुजरा है उसके बाद तो उसका प्यार जैसे शब्द पर से विश्वास ही हट गया होगा ,उसे खुद पर और खुद की कमअक्ली पर जरूर बहुत गुस्सा आ रहा होगा कि इतने दिनों तक वो कैसे विमलेश की असलियत को, उसके नापाक इरादे को भांप नहीं पाई ,ऐसे में उसका कुछ भी कहना या करना उसे विश्वास नहीं दिला सकता था, जो शख्स खुद की समझ पर ही ऐतबार न कर पा रहा हो,वो भला किसी दूसरे
पर क्या ही विश्वास कर पायेगा,बस यही सोच कर उसने यह
तरकीब सोची थी और तरकीब यह थी कि वो अपने मुआमले
में ऐसे व्यक्ति को लायेगा ,जो उसके लिए अपर्णा के पास जाकर उसकी वकालत कर सकता हो ,वो भी एक ऐसे रास्ते
से जिस रास्ते को नैतिक रूप से , सामाजिक रूप से गलत न कहा जा सके,क्योंकि अपर्णा ने जो रास्ता अपनाया था वो पहले ही गलत साबित हो चुका था, और ऐसा तो बस एक
ही व्यक्ति था उसके पास और वो थी मेघा,उसकी बहिन मेघा जो एक सही रास्ता साबित हो सकती थी और उसकी नैया
को आसानी से पार लगा सकती थी।
यह काम भी मगर इतना आसान नहीं था,क्योंकि इस
के लिए पहले उसे मेघा को हर तरह से कन्विन्स करना होगा , उसे पहले पूरी बात ठीक से समझानी होगी,तभी न केवल वो अपर्णा को बल्कि उसके घर पर भी सबको इस मुआमले पर एक मत कर सकती है ,खासकर उसके पापा को,पर इसके लिए जरूरी है कि पहले मेघा उसके पक्ष को समझ पाए,और यही सोच कर वो आज ऑफिस से लौट कर अपने कमरे से , अपनी मेघा दीदी को कॉल करने बैठा था….
” हैलो दीदी ,क्या हुआ ,आप तो यहां आने वाली थी न ,आई नहीं…”
” अरे ,तुझे अचानक क्या हुआ है ,यह फोन तो ममा
को करना चाहिए था ,कर तू रहा है ,कुछ हुआ है क्या,सच
बता क्या बात.है….”
” नहीं ,फोन पर नहीं.,आप आयेंगी तभी आप से बात करूंगा और आपको पहले यह प्रोमिज भी करना होगा कि आप चाहें मेरी बात माने या न माने यह बात आपको खुद
तक ही रखनी है….”
मेघा अब तन्मय की बात सुन कर चौंकने लगी थी क्योंकि यह तो एकदम नये तरह से बात कर रहा था तन्मय ,
वो उसकी बात सुनते ही बोल पड़ी.. ” तू पहले मुझे यह बता , मेरे सामने इतनी भूमिका क्यूं बांध रहा है..बता क्यूं नहीं रहा
है आखिर बात क्या है…” मेघा तन्मय से उम्र में लगभग पांच साल बड़ी थी ,इसलिए हमेशा तन्मय से बहुत अधिकार से
बातें करती थी ,और उसकी बातें सुन कर आज वो मन ही मन परेशान हो उठी थी ,ऐसा पहली बार हो रहा था कि तन्मय उससे ऐसे बात करने को कह रहा था,उसकी आदत से तो वो बहुत अच्छे से परिचित थी ,वो इस तरह से अपने मन की बात कहने के लिए कभी भी आतुर नहीं दिखा था ,बचपन से ही वो बहुत अन्तर्मुखी किस्म का लड़का था ,और मुश्किल से अपने मन की बात कह पाता था….
“बोलता क्यूं नहीं ,आखिर हुआ.क्या.है…” तन्मय मगर अड़़ गया था..” नहीं ,ऐसे नहीं ,आप यहां आइये.और हो सके तो अकेले.,तभी.कहूंगा. मैं आपसे यह बात …”
” ठीक है, मैं कल ही आती हूं …” मेघा एकदम बेचैन
हो उठी थी ,उसका अपना काम छोड़कर इतनी जल्दी निकल पाना आसान नहीं था ,पर उसे लग गया था कि सच में तन्मय को उसकी जरूरत है, वह अगले दिन ही अकेली आ पहुंची थी..उसे इस तरह आया देख कर तो मजिस्ट्रेट साहब और
प्रभा जी भी विस्मित हो गये थे..” कहां है ,हमारे कुल का नया सितारा,मैं सिर्फ उससे मिलने और बधाई देने आई हूं…” और कुछ देर बाद दोनो भाई बहिन तन्मय के कमरे में एक दूसरे के सामने बैठे हुए थे…..
” देख तन्मू ,मैं कल से ही यह सोच सोच कर परेशान हूं
कि आखिर तेरे दिमाग में चल क्या रहा है मुझे तेरी हर शर्त मंजूर है और अब जल्दी से बता बात क्या है, और तेरा टाइम शुरू होता है अब… “
नाटकीय ढंग से मेघा ने अपनी कलाई पर बंधी हुई घड़ी को देखते हुए तन्मय को अपनी उंगली से इशारा करते हुए कहा ,और तन्मय ने भी देर नहीं की उसे शुरू से आखिर तक एक एक बात बताने में ,बात सचमुच पेंचदार थी , और बहुत हद तक अविश्वसनीय भी ,खासकर मेघा के लिए ,उसे तो यह कभी लगता ही नहीं था कि तन्मय इतना कुछ अपने भीतर छुपाए हुए है,उसे अपने पति दिवाकर की कही हुई बात याद आई ,उसने जरूर कहा था कि हो सकता है तन्मय मन ही मन किसी को पसन्द करता हो,कितना सही सिद्ध हुआ था दिवा कर,तन्मय की बातें सुन कर गहरे सोच में पड़ गयी थी मेघा।
” मुझे इस मुआमले में कुछ भी कहने से पहले उस अपर्णा से मिलना पड़ेगा ,उसे अपनी तरह से जांचना होगा, हां ,यह मैं कह सकती हूं कि मैं तेरे उसके प्रति रूझान को
खुले दिल से लूंगी ,मुझे इस को ले कर कोई ऐतराज नहीं है ,
मैं उससे मिलने के लिए भी उसके प्रति किसी पूर्वाग्रह को
पाल कर नहीं जाऊंगी…”
” और कब और कैसे मिलेंगी आप उससे…”
” आज ही ,बल्कि अभी मैं उसके स्कूल में जा रही हूं , तेरी बातों को सुनने के बाद तो अब मैं भी बहुत उत्सुक हूं उसे देखने और उससे मिलने को…उसके बाद अगला कुछ
तय करते हैं….”
*****************************
(शेष आगे…)
अजय कुमार