वहाँ कौन है? (भाग 10)
प्रभात उस जगह से थोड़ा आगे बढ़ा।
“यहाँ वे बरगद होने चाहिए थे… और इस तरफ जलाशय… हम लोग यहीं खड़े थे… और मायरा जब बेहोश हुई थी तो…”
वह अचानक रुक गया। “अरे… यह क्या!” उसकी आवाज़ जैसे पूरे जंगल में गूँज गई।
“डीएसएलआर मिल गया! देखो… यहीं पड़ा है।”
वह झटपट झुककर कैमरा उठा लाया। सुक्खी और प्रभा भी तेजी से उसके पास पहुँच गए।
“चलो, कम से कम कैमरा तो मिल गया।” प्रभा ने तुरंत कैमरा ऑन किया और तस्वीरें देखने लगी।
पहली कुछ तस्वीरें सामान्य थीं फिर वही जलाशय… दोनों विशाल बरगद… बीच की त्रिकोणीय चट्टान…,”देखो… सब कुछ तो कैमरे में है।”
उसने स्क्रीन दोनों को दिखाई। प्रभात ने कैमरे से नज़र उठाकर सामने देखा।
सिर्फ जंगल। न बरगद…न जलाशय…न चट्टान।
दोनों दृश्य जैसे एक-दूसरे का मज़ाक उड़ा रहे थे।
“अगर यह सब सच में था… तो गया कहाँ?”,सुक्खी ने धीमे स्वर में कहा। कुछ क्षण तीनों वहीं खड़े रहे। किसी के पास कोई उत्तर नहीं था। आख़िरकार प्रभात ने कहा,
“चलो… बहुत देर हो चुकी है। सब लोग चिंता कर रहे होंगे।”
तीनों तेज़ कदमों से वापस लौटने लगे। जहाँ वन विभाग की जीप उन्हें छोड़कर गई थी, वहाँ बाकी सभी उनका इंतज़ार कर रहे थे। उन्हें देखते ही उदय ने राहत की साँस ली।
“आ गए! कैमरा मिल गया?”
“हाँ सर… कैमरा तो मिल गया।”,सुक्खी का स्वर सामान्य नहीं था।
“लेकिन… वहाँ कुछ बहुत अजीब हुआ।”
“क्या?”
उदय, कुमार और मायरा एक साथ उसकी ओर देखने लगे।सुक्खी ने पूरी घटना शुरू से अंत तक बता दी। कैसे कैमरा वहीं पड़ा मिला… कैसे कैमरे में जलाशय और बरगद साफ दिखाई दे रहे थे…और कैसे वास्तविकता में वहाँ कुछ भी नहीं था।
कुछ क्षण तक कोई कुछ नहीं बोला।आख़िर उदय ने कहा, “अजीब है… बहुत अजीब।”
कुमार ने धीरे से कहा, “अगर हम गलत जगह होते… तो कैमरा वहाँ मिलता ही नहीं।”
किसी ने उसकी बात काटी नहीं।उसी समय वन विभाग की जीप वहाँ आ पहुँची।
ड्राइवर ने मुस्कुराते हुए पूछा,”कैसा रहा आज का दिन? सब ठीक-ठाक?”
उदय भी मुस्कुरा दिया। “हाँ… बढ़िया रहा। कल जंगल का दूसरा हिस्सा देखेंगे।”
टीम के सभी सदस्य समझते थे कि बिना किसी ठोस प्रमाण के ऐसी बातें किसी बाहरी व्यक्ति को बताना व्यर्थ था। इसलिए उन्होंने जलाशय और गायब हुई जगह का ज़िक्र नहीं किया।
शाम तक वे गेस्ट हाउस लौट आए।नहा-धोकर सब डाइनिंग हॉल में बैठे थे। मायरा के अचानक बेहोश होने के कारण दोपहर का भोजन ठीक से नहीं हो पाया था। अब सभी को तेज़ भूख लगी थी।
चाय के साथ वे अपना पैक किया हुआ खाना भी खा रहे थे।तभी सुक्खी ने कैमरा उठाया। “एक बात नोट की तुम लोगों ने?”
“क्या?”, कुमार ने पूछा।
“कुछ तस्वीरों में… मुझे नीले धुएँ जैसा कुछ दिखाई दे रहा था। और उसके पीछे… जैसे कोई धुँधली आकृति।”
“कहाँ?”
उदय ने कैमरा हाथ में लिया। सुक्खी ने एक तस्वीर खोल दी।
“यहीं… इस तरफ।”
उदय ने ध्यान से देखा। “मुझे तो सिर्फ हल्की धुंध दिखाई दे रही है।”
“नहीं सर… अभी यहीं थी।” सुक्खी ने कैमरा वापस लिया।
“देखिए…”, वह अचानक रुक गया।
उसके चेहरे का भाव बदल गया। “अरे… अभी तो…”
“क्या हुआ?”
“आकृति गायब हो गई…”
उसने एक-एक करके सारी तस्वीरें फिर देखीं।अब उनमें सिर्फ जंगल था। नीली धुंध भी जैसे पहले से बहुत हल्की हो गई थी।
“मैं कसम खाकर कह सकता हूँ… अभी थी।”, सुक्खी बैचेन होकर फोटो बार–बार देख रहा था।
कुछ क्षण के लिए पूरे कमरे में सन्नाटा छा गया।तभी मायरा हल्की मुस्कान के साथ बोली, “ठीक वैसे ही… जैसे मेरे ब्लड मून वाली तस्वीरों में था।”
सब उसकी ओर देखने लगे।”तब भी तुम लोगों को कुछ नहीं दिखा था… और सब मेरा मज़ाक उड़ा रहे थे।”
उदय ने पहली बार उसकी ओर गंभीरता से देखा, “शायद… हमें उस बात को इतनी आसानी से नहीं टालना चाहिए था।”
“शायद नहीं…”, मायरा ने धीमे लेकिन दृढ़ स्वर में कहा।”वह सच था।”
“तो साहब… कैसा लगा जंगल?” रामसेवक चाय के खाली कप उठाते हुए उनके पास आ गया।
“बहुत सुंदर।”, उदय ने सहजता से उत्तर दिया।
रामसेवक ने एक-एक चेहरे पर नज़र डाली।, “कोई परेशानी तो नहीं हुई?”
“नहीं…”, प्रभात हँस पड़ा। “बस आज पूरा एडवेंचर हो गया।”
“अच्छा?”रामसेवक ने हल्की उत्सुकता दिखाई, “और… जंगल में घूमते समय कोई सामान-वामान तो नहीं छूट गया?”
यह सुनते ही प्रभात और कुमार ने अनायास एक-दूसरे की ओर देखा। उन्हें पिछली रात वाले सिगरेट के टोटे याद आ गए।
“नहीं…”उदय ने तुरंत उत्तर दिया। “एक कैमरा रह गया था… लेकिन मिल गया।”
रामसेवक का हाथ एक पल के लिए वहीं ठिठक गया, “मिल गया?” उसने सामान्य दिखने की कोशिश की।
“जी।”
“अच्छी बात है।”
वह फिर सामान्य गति से बर्तन समेटने लगा।
लेकिन उसकी आँखों में अब पहले जैसी सहजता नहीं थी।
रसोई की ओर जाते हुए उसके कदम कुछ क्षण के लिए रुक गए।
उसने बिना पीछे मुड़े बहुत धीमे स्वर में खुद से कहा, “किंतु ये लोग… वहाँ तक पहुँचे कैसे?”
उसके चेहरे पर पहली बार स्पष्ट चिंता दिखाई दी। “इतने वर्षों में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ…”
वह कुछ क्षण वहीं खड़ा रहा फिर गहरी साँस लेकर बिना कुछ और कहे अंदर चला गया।
Megha
( ऐसा कैसे हो सकता है कि कोई स्थान अचानक से ऐसे गायब हो जाए जैसे कभी था ही नहीं? रामसेवक क्या जानता है? आप क्या सोच रहे हैं, जल्दी बताइए इससे पहले कि नीली धुंध मेरे शब्दों पर भी आ जाए।)