राघवेंद्र सैनी का उपन्यास भलोल भाग -18

भलोल

भाग -18

बाऊजी ने सख्ती से माँ को झाड़ दिया था। मैं कुछ नहीं बोला था। मैंने नाश्ता किया और बंसे से मिलने उसके कारखाने चला गया। वहाँ उनके पिताजी, उनके सारे भाई देख कर बहुत खुश हुए। उनके पिताजी ने भी कहा, “निन्दी, तेरी सेहत बन गई। तू सोहना हो गया है। खाना-पीना खूब मिलता है?” “जी, मौसा जी ! बस खाना वेस्ट नहीं करना चाहिए। बाकी जितना

मर्जी खाएँ।”

“मीट और शराब भी मिलती है?”

“हफ्ते में तीन दिन मीट मिलता है। उन्हीं तीन दिन दो पेग पेमेंट पर रम के भी मिलती हैं।”

“क्यों, रम फ्री नहीं मिलती?”

“मिलती है, अगर मौसम खराब हो तो एरिया का डॉक्टर इसके आदेश देता है।”

“छुट्टी आने पर भी तो रम मिलती है?”

“हाँ जी, दो बोतल मिली है जी।”

“एक बोतल हमें मिल जाएगी? एक बोतल कितने की है?”

“बिल्कुल मिल जाएगी। एक बोतल 6 रुपए की है।”

बंसे के पापा जी खुश हो गए। बंसे को कहा, “तू आज दोपहर को घर चले जा। करीम खान की दुकान से आधा किलो चिकन लेकर चला जाना। यह ले पैसे। अपनी मम्मी को कहना, मसाला तैयार रखे, मैं खुद आकर चिकन बनाऊँगा।”

मुझे रम की बोतल के 6 रुपए दिए। मैं घर जाने लगा तो बंसा भी मेरे साथ हो लिया। रास्ते से चिकन लिया और अपने बैग से मैंने रम की बोतल निकाल कर दे दी। रास्ते में मैंने धर्मू के बारे पूछा तो बंसे ने कहा, “कालेज जाता है। शाम को मिलेगा।”

मैं शाम को बाऊजी के दफ्तर चला गया। उन्होंने मुझे माईसेवा के बाजार से रोमर की शानदार घड़ी लेकर दी थी। सच में बाईं कलाई सज गई थी। टाइम देखने में सुविधा हो गई थी। एक सौ चार रुपए की आई थी। उस समय देश
में इससे बढ़िया घड़ी कोई नहीं थी। करमोड्योड़ी मार्केट से मुझे दो पैंटें और दो कमीजें भी लेकर दी। सिलने भी दे दी।

बाऊजी ने कहा, “अभी घर में कुछ मत बताना। तुम घर जाओ, मैं ऑफिस का काम निपटा कर आता हूँ।”

घर पहुँचा तो मैंने माँ-बहन को घड़ी दिखाई। वे कुछ नहीं बोलीं। मैं समझ गया कि वे अंदर से खुश नहीं हैं। उनके लिए मैं भलोल और दोमुई ही था। वे कैसे बर्दाश्त करती कि मुझे इतनी सुंदर घड़ी लेकर दी गई है। रात को तो माँ-बहन लड़ने को उतारू थी कि मुझे दो पैंटें और दो कमीजें भी लेकर क्यों दी हैं।

बाऊजी ने कहा था, “क्यों न लेकर देता, आज तक बड़े तीनों ने मुझे क्या दिया है? उजाड़ा-ही-उजाड़ा है। जिसे आप लोग निखट्टू कहते थे, भलोल कहते थे, उसने मुझे चार सौ रुपए लाकर दिए हैं। उसे घड़ी की जरूरत थी, कपड़ों की जरूरत थी। मैंने उसी के पैसे से लेकर दिए। जब-जब पैसे आएँगे, आगे भी लेकर देता रहूँगा।”

“वह दो महीने घर रह कर रोटी भी तो खाएगा?” माँ ने कहा था।

“रोटी तो तुम उन्हें भी खिलाओगी जिन्होंने घर का सत्यानाश करके रख दिया है। वह जो जबलपुर में बीमार है, घर आएगा तो क्या तुम उसे भूखे रखोगी? तुम तो उसे आगे पढ़ाने के लिए भी तैयार हो, किस बूते पर? मैं उसे नहीं पढ़ाऊँगा।”

मैं ड्योढ़ी पर खड़ा सब सुन रहा था। मन में केवल एक ही बात थी। माँ की सोच ऐसी है तो औरों के बारे सोचा ही नहीं जा सकता। लगता था, जैसे मुझे इस माँ ने जन्म नहीं दिया है। जाने कैसे मेरी दोनों आँखों के कोर नम हो गए थे।

मैं उनके सामने गया तो सभी चुप हो गए थे। मैंने उन्हें शो नहीं होने दिया कि मैंने सारी बातें सुन ली हैं। अगर उन्हें पता भी चल जाता तो शायद उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ने वाला था। पर मैंने सोच लिया था कि मैं नाश्ते के अलावा घर में कुछ नहीं खाऊँगा। माँ को अपने लिए रोटी बनाने की तकलीफ नहीं होने दूँगा।

बहुत देर बाद मैंने अपनी एक कविता में लिखा था, “अधूरी राह, अधूरी चाह, अधूरापन-सा जीवन
सूने पथ पर चलने वाले सूना तेरा जीवन”

यह सूनापन मेरे जीवन से कभी नहीं गया।

उन दिनों सौ रुपए बहुत हुआ करते थे। मैंने अनुमान लगा लिया था कि रोज लंच डिनर बाहर करूँगा तो बड़े आराम से गुजारा हो जाएगा। दूसरे रोज मैं घर से नाश्ता करके निकला तो मैंने माँ को कह दिया. “माँ मेरा लंच और डिनर मत बनाना।”

उन्होंने मुँह बनाया और चुप रहीं थी। मैं गली से बाहर निकल कर अपने जीवन के इस सूनेपन के बारे सोचता रहा था। टेनिंग के बाद छुट्टी आने पर मैं आराम करना चाहता था। सोना चाहता था लेकिन मेरे जीवन में आराम नहीं था। मन में अब ‘कहाँ’ का प्रश्न था। ऐसे समय लोग भगवान की शरण में जाते हैं। मैंने दरबार साहिब यानी गोल्डन टेंपल जाने की सोची। वहीं बैठ कर शबद-कीर्तन सुनूँगा और वहीं लंगर खा लूँगा।

जीटी रोड पर आकर मैंने मानासिंह रोड पकड़ी। उस समय पाथी ग्राऊंड में बस अड्डा नहीं बना था और संगम थेटर भी नहीं बना था। जहाँ अब संगम थेटर है, वहाँ बहुत सी झुग्गियाँ हुआ करती थी। वे अब कहाँ चली गईं, पता नहीं था।

राघवेंद्र सैनी
क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment