नीना अंदोत्रा का उपन्यास सरोरुह – भाग -6

सरोरुह

भाग – 6

दस बज कर दस मिनट

चंदर शाम के सात बजे तक घर पहुँच जाता और चंदों भी शाम के सात बजने का इंतज़ार करती। इंतज़ार हमेशा भारी नहीं होते हैं, कभी-कभी सुखद भी होते हैं, यह इस पर निर्भर करता है कि इंतज़ार देने वाले व्यक्ति के मन में आपके प्रति कितनी चाहत है। चंदों के इंतज़ार की गहराई को चंदर दूर बैठा भी नाप लेता और चंदों लाख व्यस्तता में भी उसके लिए कुछ समय चुरा लेती।
हल्की-हल्की बारिश शुरू हो रही है, जिससे ठंड को बढ़ रही है। चिंटू रजाई में सिमटकर सो चुका है। इस ठंडे मौसम में भी केशोदास ने अपना बिस्तर बरामदे में ही लगवाया। चंदों ने खूब कहा कि भीतर आ जाएं, लेकिन वह नहीं माने। उनकी ज़िद के आगे अक्सर हार ही जाती है वह और फिर चिंटू के पास रजाई में दुबक जाती है। फेसबुक पर लोगों की पोस्ट देखते हुए चंदर के मैसेज का इंतज़ार करने लगती है।
‘हेल्लो…।’ मैसेज देखते ही उसका चेहरा खिल गया।
‘हम्म…।’
‘उम्म्म्म…।’
‘अब तो मैं चुप ही रहूँ तो अच्छा है।’ चंदों उम्म्म का मतलब समझ चुकी है।
‘अरे बोलो दिल खोल कर बोलो। आज तो बस सुनना है तुम्हें, जो भी छिपा रखा है ख़ुद में सब बता दो।’
‘कुछ भी तो नहीं छिपा रखा। आज आप बोलो, आपको सुनना है।’
‘है एक तिलिस्म…
जो गाहे-बगाहे सबको अपनी ओर खींचता है।’
‘चंद्र है उसका नाम।’ हँसने की इमोजी के साथ।
‘इन्द्र धनुष के रंगों सी रूह है जिसकी, वो दिलकशी हो तुम,
तुम्हें ख़ुद ही नहीं पता, इस कायनात में कहाँ की हो तुम।’
‘जो बस गया है आपमें, ये उसका नसीब है,
वरना किसको पूनम का चाँद, हर रोज़ आग़ोश में लेता है।’
‘वाओ… शेर के बदले में, खुद सा खूबसूरत शेर अदा किया चाँद ने ।’
‘कोई चाँद नहीं हूँ।’ हया ने ख़ुद में सिमटते हुए कहा ।
‘चलो कोई छोटा मोटा उल्कापिंड ही सही, क़यामत ला देने वाला।’
‘कंट्रोल…।’
‘नहीं होता, मैं कॉल कर रहा हूँ। मुझे आवाज़ सुननी है तुम्हारी।’
‘नहीं, पहले फ्रेश हो जाओ और कुछ खा लें फिर बात करते हैं।’ चंदों ने सिगरेट जलाते हुए कहा।
‘तुमने डिनर कर लिया?’ चंदर ने पूछा।
‘हाँ, गाँव में लोग जल्दी खाना खा लेते हैं। आपकी दिल्ली में मौसम कैसा है?’ बदलते मौसम की हलकी ठंड को महसूस करते हुए चंदों ने पूछा।
‘आज ठण्ड है यहाँ, सिगरेट पीने का मन कर रहा है, पर तुमसे किया वादा नहीं तोड़ सकता।’
‘जल्दी से मुंह-हाथ धोकर कुछ खा लें। मैं इंतज़ार कर रही हूँ, बाद में बात करते हैं।’ अपने हाथों में जलती हुई सिगरेट को हँसते हुए देख चंदों ने मैसेज किया।
बदले में उसने भी बहुत सारी किस की इमोजी भेज दी। हरेक मैसेज उसे अल्हड़ उम्र में ले जाता। चंदर को अक्‍सर सिगरेट पीने से मना करने वाली चंदों अकेलेपन को जलाने के लिए सिगरेट का सहारा ही लेती थी, लेकिन इन दिनों उसे भी सिगरेट की ज्‍़यादा तलब न लगती, वह बस चंदर को महसूस करने के लिए ऐसा करती।
चंदर ने खाना खाने के बाद मैसेंजर पर कॉल किया और बातों का सिलसिला शुरू हो गया। सारी रात दोनों ने बातों ही बातों में गुज़ार दी। दोनों एक-दूसरे के साथ ख़ुश थे। कभी साहित्य की दुनिया की बातें करते, तो कभी राजनीति के मुद्दों पर, तो कभी सामाजिक मुद्दों पर। जिस चंदों ने वर्षों पहले सजने-संवरने से हर रिश्ता तोड़ लिया था, वही चंदों बंद कमरे में ख़ुद को संवारने लगी थी। वर्षों पहले जो ओढ़नी उसने संदूक में बंद कर दी थी, अब रात के अँधेरे में उसे ओढ़कर चंदर की कल्पना करने लगती।
‘तुम ख़ुश तो हो न मेरे साथ?’ बातचीत को विराम लगाते हुए चंदर ने पूछा।
‘हाँ, हूँ तो। किसी सपने जैसा लगता है सब कुछ।’
‘सपना क्यों?’
‘हक़ीक़त इतनी ख़ूबसूरत कहाँ होती है।’
‘अच्छा…!!’
‘हम्म्म…।’
‘उम्म्म्म, अब ये बताओ कि हक़ीक़त क्यों ख़ूबसूरत नहीं होती?’
‘आप ही बताओ?’ उसने चंदर के सवाल पर अपना सवाल रख दिया।
‘मुझे लगता है तुम बेहतर समझा सकती हो इसलिए बोलो।’
‘जब दो लोग प्यार में होते हैं, तो दोनों दोहरी ज़िंदगी जीते हैं। अजीब-सा सुकून होता है।’ चंदों ने गम्भीर होते हुए कहा।
‘मुझे तो तुमसे प्यार है और मैं ये मान कर चलूं कि तुम्हें भी मुझसे प्यार है?’
‘पता नहीं पर हर पल आपका ख़याल रहता है। कहाँ हो, कैसे हो, क्या कर रहे होंगे।’
‘हाँ ये बात तो है। मुझे तो जब भी वक़्त मिलता है मैं तुम्हारी तस्वीर को ज़ूम करके देखता हूँ। बहुत तड़प होती है तुम्हें पाने की।’
दोनों में कुछ देर के लिए ख़ामोशी पसर गई। चंदर जब भी ऐसा कुछ बोलता तो चंदों उसे अपने बहुत करीब महसूस करती। रात धीरे-धीरे रूमानी होने लगी, पर ज्यादा रूमानियत भी कभी-कभी डरा ही जाती है।
‘मुझे डर लगता है कभी-कभी।’
‘किस बात का डर? तुम जैसा कहोगी, वैसा ही होगा। बस भरोसा करना मेरा।’
‘अपने अतीत का डर, आपके ऊब जाने का डर।’
‘जो भी था, वो अतीत था। जब भी तुम्हारा मन हो, मुझसे कह देना। मैं तुम्हारा आज हूँ और मुझे आज में ही जीना है।’
‘पर मेरे अतीत को आप शायद स्वीकार न कर सकें।’ चंदों ने अपनी खिड़की से झांकते हुए अँधेरे में आँखें गड़ा दीं। उसे लगा कि अतीत के अँधेरे में और खिड़की से झांकते हुए अँधेरे में जऱा भी फ़र्क़ नहीं है।
‘पता है चंद्रिका, ज़रूरी क्या है? ज़रूरी आज को जीना है और हम सब या तो अतीत में जीते हैं या फिर भविष्य की चिंता में मरते रहते हैं, जबकि ज़रूरी सिर्फ़ आज है और मैं बहुत ख़ुश हूँ तुम्हारे साथ। ऐसा लगता है तुम मेरा ही हिस्सा हो।’
‘हम्म्म्म…।’ गहरी सांस के साथ।
‘मैं इतना कुछ बोला और बदले में…।’
‘सुनो, ख़ुश रहा करो, एकदम ख़ुश, जैसे घड़ी दस बज कर दस मिनट पर मुस्कुराती है न !! मैं चाहता हूँ कि तुम बिलकुल ऐसे ही मुस्कुराती रहो। तुम्हारे चेहरे पर कभी भी आठ बज कर बीस मिनट नहीं होने चाहिए। समझ रही हो न कि मैं क्या कह रहा हूँ…!! रोनी शक्ल मत बनाया करो। मैं हर पल तुम्हें देखता हूँ।’
‘हम्म्म्म…।’
‘उम्म्म्म, क्या हुआ कुछ बोलोगी नहीं।’
‘समझ नहीं आ रहा क्या बोलूं।’ चंदों कुछ भावुक हो गई।
‘तुम्हें पता है… मैंने जब तुम्हारी शेरो-शायरी पढ़ी, तभी से एक कशिश-सी मेरे दिल में जगी थी। तुमसे बात होने लगी, तो बस पहली बार में ही प्यार हो गया। यकीन था कि एक ना एक दिन तुमसे बात होगी। मैं हर रोज़ तुम्हारी शक्ल-सूरत अपने ख़यालों में बनाता… सच तुम मेरे ख़यालों से बहुत मिलती हो। तुम बताओ तुम्हें कैसा महसूस होता है मेरे लिए ?’
‘आपने मुझे बहुत बड़ा उपहार दिया है, इसलिए अच्छा लगता है आपसे बात कर के।’
‘उपहार? मैंने तो अभी तक कुछ भी नहीं दिया तुम्हें!! पर हाँ सोच रहा हूँ कि कुछ…।’ चंदर ने मुस्कुराते हुए कहा।
‘सबसे बड़ा उपहार तो वक़्त है और आप मुझे वक़्त देते हैं। तन्हा-सी ज़िंदगी को महफि़ल कर देते हैं।’ बोलते हुए चंदों की नज़र बाहर के छंटते अँधेरे पर थी। बातों-बातों में सुबह के छह बज गए। रात की बारिश ने सर्दी के आगमन का स्वागत कर दिया। सुबह का उजास चंद्रिका को चंदो बना रहा है। दिन भर के काम आँखों के सामने आकर खड़े हो गए।
‘आप कुछ देर सो जाओ, ऑफिस में भी काम होगा आपको।’
‘और तुम..?’
‘मुझे बहुत काम है।’
‘ऐसे क्या काम हैं, जो सुबह छह बजे तुम्हें करने हैं।’
‘जब मिलूंगी तब बताऊंगी, अभी आप सो जाओ।’
‘जो आज्ञा देवी, पर हक़ीक़त ख़ूबसूरत नहीं होती, ये तो तुमने समझाया ही नहीं!’
‘इस पर फिर कभी भाषणबाज़ी होगी। अब समय इजाज़त नहीं दे रहा है।’ चंदर बातें करना चाहता था पर चंदों की व्यस्तता बीच में आ गई। दोनों ने शाम को बात करने के वादे के साथ एक-दूसरे से विदा ली।
दोनों कुछ पल के लिए अपनी–अपनी जगह पर ठहर गए।
जैसे समय ने अपनी साँस रोक ली हो,
जैसे भोर की आहट अचानक किसी अनजाने संकोच में
रुककर पीछे हट गई हो।
मानो हवाएँ भी धीमी पड़ गई हों,
पेड़ अपनी डालियों को झुकाकर
क्षण भर को देखना चाह रहे हों
कि इन दो आत्माओं के बीच क्या घट रहा है।

पर यही ठहराव भीतर कहीं बेचैनी भी जगाता है।
चंदों के लिए हर आज के क्षण में एक परछाई है—
गुज़रे वक़्त की परछाई।
वह वक़्त, जो बीतकर भी बीतता नहीं,
जो बार–बार लौटकर उसकी हँसी को अधूरा कर देता है।
उसे लगता है, अतीत एक गुप्त दरवाज़े की तरह है
जो किसी भी वक्त खुल जाता है
और भीतर की धुंध फैलाकर
आज के रंगों को धूमिल कर देता है।

और उसके मन में वे दो प्रश्न—
जो कभी प्रश्न न होकर
उसके अस्तित्व के हिस्से बन चुके हैं।
“एक महानगर में पला–बढ़ा,
आधुनिक सुविधाओं में घिरा लड़का
उसे क्यों चाहेगा?”
और फिर उससे भी अधिक भयावह—
“अगर उसने उसका सच जान लिया,
तो क्या उसकी आँखों में वही चमक बनी रहेगी?”

इन सवालों का उत्तर उसके पास कभी नहीं रहा।
कभी वह डरते–डरते इन्हें टाल देती,
तो कभी भीतर कोई विद्रोही स्वर उठकर कहता,
“जवाब की परवाह क्यों करनी?
जब आज है, तो आज को जी लेना चाहिए।”
पर क्या सचमुच इतना आसान है
गुज़रे हुए वक़्त को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना?
क्या अतीत को अनदेखा करना
इतना ही सरल है
जितना किसी किताब के पन्ने पलट देना?

उसके भीतर एक खींचातानी चलती रहती।
एक ओर अतीत का बोझ,
दूसरी ओर वर्तमान का आकर्षण।
कभी उसे लगता जैसे वह किसी पुल पर खड़ी है,
पुल के एक सिरे पर अंधेरा है,
दूसरे सिरे पर रौशनी,
और वह बीचोंबीच जकड़ी खड़ी है।

फिर भी, मन के सबसे भीतरी कोने में
एक मासूम इच्छा हर बार सिर उठाती,
आज को जी लेने की,
आज की साँसों को पकड़कर
कुछ पल अपने हिस्से बना लेने की।
चाहे कल क्या लाए,
चाहे सच उजागर हो या छिपा रह जाए,
पर इस ठहराव में,
इस क्षण में,
वह जीना चाहती है।
लेखिका – नीना अंदौत्रा

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment