मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है’ भाग – 11

वहाँ कौन है? (भाग 11)

सभी लोग बहुत थक चुके थे और अपने–अपने कमरों में आराम करने चले गए। मायरा और प्रभा कमरे में आते ही बिस्तर पर लेट गईं।

“अब सही लग रहा है तुम्हें पैर में?” प्रभा ने पूछा।

“थोड़ा दर्द और हल्की जलन है… बाकी अब ठीक हूँ।” मायरा ने अपनी पिंडली की ओर देखते हुए उत्तर दिया।

“हम लोग बहुत घबरा गए थे। तुम्हारी बेहोशी टूट ही नहीं रही थी।”

मायरा ने प्रभा की ओर देखा और उसका हाथ हल्के से दबा दिया। “थैंक यू… मेरा इतना ध्यान रखने के लिए।”

प्रभा मुस्कुरा दी। “पागल! हम सब एक टीम हैं। इसमें थैंक यू कैसा? चल, अब थोड़ा आराम कर ले।”

“हाँ…”, मायरा ने आँखें तो बंद कर लीं, लेकिन नींद उससे बहुत दूर थी।

बार-बार उसकी आँखों के सामने वही नीला जल, वही मत्स्य कन्या, क्रिस्टलों का महल और वह रहस्यमयी मत्स्य कुमार आ जाता।

‘क्या वह सपना था?… अगर सपना था तो इतना वास्तविक क्यों लगा?… और अगर सच था… तो मैं यहाँ प्रभा की गोद में कैसे लेटी थी?’ उसने गहरी साँस ली और करवट बदल ली।

उधर उदय भी अपने कमरे में लेटा छत देख रहा था। उसके मन में केवल एक ही बात घूम रही थी, ‘क्या यह सब उस लापता मंदिर से जुड़ा है… या हम किसी बिल्कुल अलग रहस्य के बीच पहुँच गए हैं?’

कुमार अपनी डायरी में दिनभर की घटनाएँ लिख रहा था। उसने अंतिम पंक्ति लिखी, “जंगल कभी अपने सभी रहस्य एक साथ नहीं खोलता।”

प्रभात और सुक्खी बार-बार उसी गायब हो चुके जलाशय के बारे में चर्चा करते रहे।

“यार, कैमरा वहीं मिला… तस्वीरें भी हैं… फिर जगह कहाँ गई?” प्रभात बोला।

“यही तो समझ नहीं आ रहा।”

आख़िरकार थकान ने सबको अपनी गिरफ्त में ले लिया।

तभी…दरवाज़े पर दस्तक हुई। , “साहब… खाना तैयार है।”

रामसेवक की आवाज़ सुनकर सभी बाहर निकल आए। डाइनिंग हॉल में आज केवल नमकीन चावल और ताज़ा दही रखा था।
रामसेवक सबको परोस रहा था।, “आज आप लोगों ने दोपहर में देर से खाना खाया था। इसलिए सोचा हल्का भोजन ही बना दूँ। ज़्यादा भारी खाना रात में ठीक भी नहीं रहेगा।”

“आपने बिल्कुल सही किया।” मायरा ने मुस्कुराकर कहा।”सच कहूँ तो आज इससे ज़्यादा खाने का मन भी नहीं है।”

सब चुपचाप खाना खाने लगे। दिनभर की थकान उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रही थी। भोजन समाप्त होने के बाद भी कोई उठकर नहीं गया। सब वहीं बैठे बातें करते रहे।

तभी कुमार बोला, “उदय सर… वह नीला कंगन कहाँ है? एक बार फिर देखते हैं।”

“हाँ। मायरा उसे ले आओ प्लीज।”,उदय ने कहा

मायरा अपना बैग ले कर वहीं आ गई। उसने अंदर वाली ज़िप खोली और सावधानी से कंगन बाहर निकालकर मेज़ पर रख दिया।

कंगन को देखते ही सभी उसके चारों ओर आ गए।कुमार ने उसे हाथ में उठाया।,”अजीब बात है… देखने में पत्थर जैसा लगता है लेकिन वजन बिल्कुल नहीं है।”

“और इसकी चमक भी अलग है।” प्रभा ने कहा।

उदय ध्यान से उसे देखने लगा। कंगन की बाहरी सतह पर अत्यंत महीन नक्काशी बनी हुई थी।कुछ योद्धा विचित्र अस्त्र लिए खड़े थे।एक स्थान पर दूल्हे के समान सजा एक पुरुष दिखाई दे रहा था।

उसके सामने कई स्त्रियाँ थीं जिनमें से एक दुल्हन जैसी प्रतीत हो रही थी।लेकिन सबसे विचित्र बात यह थी कि उन सभी के केवल धड़ बने थे। कमर के नीचे का भाग किसी अज्ञात लिपि से ढका हुआ था।

ऐसा लगता था मानो कलाकार ने जानबूझकर शरीर का निचला भाग नहीं उकेरा हो।

“ये कौन-सी लिपि है?” प्रभात ने पूछा।

उदय ने सिर हिलाया।, “मैंने पुरातत्व की पढ़ाई में भी ऐसी लिपि कभी नहीं देखी।”

कंगन अब मायरा के हाथ में था।जैसे ही उसकी उँगलियाँ उस पर पड़ीं…उसे लगा मानो वे अक्षर उसके सामने स्वयं स्पष्ट होने लगे हों।उसे शब्द समझ आने लगे। वह पढ़ भी सकती थी…

लेकिन उसी क्षण कंगन हल्का-हल्का गर्म होने लगा।उसकी सतह पर बने अक्षर धुँधले पड़ने लगे।

एक-एक करके सारी लिपि धुएँ की तरह विलीन होने लगी।मायरा चौंक गई।

“क्या हुआ?” कुमार ने पूछा।

मायरा ने तुरंत स्वयं को सँभाला।, “कुछ नहीं… बस लगा शायद कोई पुरानी लिपि होगी। समझ नहीं आई।”

उसने बिना कुछ और कहे कंगन उदय की ओर बढ़ा दिया। हालाँकि उसके मन में प्रश्नों का सैलाब उमड़ चुका था।, ‘मैं इसे पढ़ कैसे पा रही थी?’

उदय ने कंगन वापस लिया।, “फिलहाल इसे संभालकर रखते हैं। हो सकता है आगे कभी इसकी जानकारी मिल जाए।”

उसने फिर उसी अंदर वाली ज़िप में कंगन रख कर जिप बंद कर दी। कुछ देर और बातें होती रहीं। फिर सब अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। रात धीरे-धीरे और गहरी होती चली गई।

पूरा गेस्ट हाउस गहरी निस्तब्धता में डूब गया।दूर कहीं किसी उल्लू की आवाज़ सुनाई दी। हवा में पत्तों की बहुत हल्की सरसराहट थी।

उदय गहरी नींद में था। तभी…उसके बैग के भीतर बहुत हल्की नीली रोशनी चमकने लगी। बैग के भीतर रखे कंगन की नीली आभा धीरे–धीरे बढ़ने लगी।

कमरे में कोई हलचल नहीं थी। उदय गहरी नींद में सो रहा था।
कुछ क्षण बाद बैग की ज़िप बिना किसी आवाज़ के इतनी खुली कि भीतर रखा कंगन बाहर निकल सके।

वह धीरे–धीरे बैग के मुँह तक आया और फर्श पर उतर गया।अब उसकी नीली चमक पहले से कहीं अधिक स्पष्ट थी। ऐसा लग रहा था मानो वह निर्जीव वस्तु न होकर किसी उद्देश्य से बाहर आया हो। वह बहुत हल्के–हल्के घूमने लगा।

एक बार खिड़की की ओर…फिर दरवाज़े की ओर…फिर कमरे के दूसरे कोने की ओर…मानो किसी की उपस्थिति खोज रहा हो।

उसकी नीली आभा कमरे की दीवारों पर लहरों जैसी आकृतियाँ बना रही थी। उसी समय खिड़की से आती चाँदनी और अधिक उजली हो गई। जैसे ही पूर्णिमा का चाँद बादलों से बाहर निकला, कंगन की आभा भी तेज़ हो गई। वह कुछ पल के लिए बिल्कुल स्थिर हो गया।

ऐसा लगा मानो उसे जिस चीज़ की तलाश थी, उसका कोई संकेत मिल गया हो।

लेकिन अगले ही क्षण…बादलों का एक घना टुकड़ा चाँद के सामने आ गया।चाँदनी कमरे से गायब हो गई और उसी पल…कंगन की पूरी नीली चमक बुझ गई।

इतनी अचानक कि जैसे किसी ने उसे छिप जाने का आदेश दे दिया हो। अब वह फिर एक साधारण पत्थर का कंगन दिखाई दे रहा था। कुछ क्षण बाद वह वहीं फर्श पर निश्चल पड़ा रहा।कमरे में फिर वही गहरा सन्नाटा लौट आया।

सुबह…उदय की आँख सबसे पहले खुली।वह तैयार होने के लिए उठा तभी उसकी नज़र फर्श पर पड़े नीले कंगन पर गई।

“अरे…!” वह तुरंत झुक गया। “यह बाहर कैसे आ गया?”

उसे स्पष्ट याद था कि पिछली रात उसने स्वयं उसे बैग की अंदर वाली ज़िप में रखा था। उसने बैग खोलकर देखा।

ज़िप अब भी बंद थी।”अजीब है…”कुछ क्षण वह सोचता रहा।

‘शायद कुमार… या सुक्खी… या प्रभात ने देखा होगा और वापस रखना भूल गए होंगे।’ लेकिन अगले ही पल उसने सिर हिला दिया।, ‘नहीं… वे लोग बिना पूछे किसी के सामान में हाथ नहीं लगाते।’

उसने कंगन हथेली पर रखा।, “लगता है मैं ही ठीक से रखना भूल गया था।”वह उसे वापस बैग में रखने लगा।

तभी…उसे अपनी हथेली में बहुत हल्का-सा कंपन महसूस हुआ।
इतना हल्का…जैसे कंगन बैग में जाने से इंकार कर रहा हो।उदय का हाथ वहीं रुक गया।

उसने ध्यान से कंगन को देखा।वह पूरी तरह स्थिर था।, “वहम…”

वह मुस्कुराया लेकिन इस बार मुस्कान में विश्वास कम और संदेह अधिक था।उसने सावधानी से कंगन फिर उसी अंदर वाली ज़िप में रखा और ज़िप पूरी तरह बंद कर दी।

कुछ देर बाद सभी नाश्ते के लिए डाइनिंग हॉल में एकत्र हो गए।
रामसेवक पहले से ही वहाँ मौजूद था।”आज जंगल के दूसरे हिस्से में जाना है न साहब?”

“हाँ।” उदय ने उत्तर दिया।

रामसेवक ने सबकी ओर एक नज़र डाली।

फिर उसकी निगाह अनायास उदय के बैग पर ठहर गई।केवल एक क्षण के लिए…लेकिन उस एक क्षण में उसके चेहरे पर जैसे राहत की हल्की-सी झलक उभरी।

“क्या हुआ?” उदय ने पूछा।

“कुछ नहीं साहब।”, रामसेवक तुरंत सामान्य हो गया।

“जल्दी नाश्ता कर लीजिए। वन विभाग की जीप आने वाली होगी।”

उदय ने उसे कुछ क्षण देखा। उसे लगा जैसे रामसेवक कुछ छिपा रहा है।

लेकिन क्या?यह समझ नहीं आया।

थोड़ी ही देर बाद सब अपना सामान लेकर बाहर आ गए। वन विभाग की जीप उनका इंतज़ार कर रही थी।आज जंगल का दूसरा हिस्सा उनकी प्रतीक्षा कर रहा था…और शायद…जंगल भी।
Megha

( नीला कंगन बाहर क्यों आया था? क्या लिखा है उस पर जिसे सिर्फ मायरा ही पढ़ सकती है। कमेंट्स में बताइए मुझे और हां कंजूसी नहीं कीजिए। नीला कंगन आप पर भी नजर रख रहा है।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment