मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है’ भाग -13

 

वहाँ कौन है? (भाग 13)

“यह कुछ मिलने का इशारा है क्या?” प्रभा ने उत्सुकता से पूछा।

उदय ने ईएमएफ मीटर की स्क्रीन पर एक नज़र डाली। अभी कुछ क्षण पहले ही उसमें हल्का-सा उतार-चढ़ाव आया था, लेकिन अब रीडिंग फिर सामान्य हो चुकी थी।

“उसे रहने दो। पिछली बार भी ऐसा हुआ था। जब तक लगातार रीडिंग न मिले, उसे आधार नहीं मान सकते।”

उसने मीटर बंद करके बैग में रख दिया।

“हर बीप का मतलब अलौकिक घटना नहीं होता। कई बार प्राकृतिक चुंबकीय परिवर्तन भी ऐसा कर देते हैं। फिलहाल हम उसी चीज़ पर ध्यान देंगे जिसके प्रमाण हमारे सामने हों।”

टीम फिर आगे बढ़ गई।

उनके सामने फैला चट्टानों का इलाका जंगल के बाकी हिस्से से बिल्कुल अलग दिखाई देता था। यहाँ ऊँचे-ऊँचे शिलाखंड इस प्रकार एक-दूसरे पर टिके हुए थे मानो किसी प्राचीन शिल्पकार ने उन्हें सोच-समझकर व्यवस्थित किया हो। कहीं दो विशाल चट्टानों के बीच इतनी सँकरी दरार थी कि एक समय में केवल एक व्यक्ति ही निकल सकता था तो कहीं कई टन वज़न का पत्थर दूसरे पत्थर के ऊपर इस तरह टिका था कि देखकर ही आश्चर्य होता था कि वह सदियों से गिरा कैसे नहीं।

नीचे ज़मीन पर सूखे पत्तों की परत बिछी थी। बीच-बीच में काई जमी हुई चट्टानें थीं, जिन पर पैर रखते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही थी।

ऊपर पेड़ों की शाखाएँ इतनी घनी थीं कि धूप मुश्किल से छनकर नीचे पहुँच पा रही थी। पूरे क्षेत्र में हल्का-सा धुँधलापन था जिससे चट्टानों की आकृतियाँ और भी रहस्यमयी प्रतीत हो रही थीं।

“चलो, सब वापिस अपने –अपने काम में लग जाओ। और सुनो , सभी लोग सावधानी से चलना।” उदय ने सबको चेताया। “कोई भी अकेले बहुत दूर मत निकलना अगर कुछ भी असामान्य दिखे तो आवाज़ देना।”

सभी ने सहमति में सिर हिलाया।


प्रभा कैमरा लेकर अलग-अलग कोणों से चट्टानों की तस्वीरें लेने लगी। वह केवल सुंदर दृश्य नहीं बल्कि हर ऐसी आकृति भी रिकॉर्ड कर रही थी जो सामान्य से अलग दिखाई दे।

सुक्खी अपने टैबलेट पर पूरे क्षेत्र का डिजिटल नक्शा तैयार कर रहा था। जीपीएस के साथ वह प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थान के निर्देशांक भी दर्ज करता जा रहा था।

कुमार हर कुछ कदम पर रुककर आसपास का बारीकी से निरीक्षण करता। कभी मिट्टी को देखता, कभी चट्टानों को, तो कभी हवा में फैली किसी अनजानी गंध को महसूस करने की कोशिश करता।
मायरा का ध्यान बार-बार चट्टानों के बीच बनी संकरी दरारों की ओर चला जाता। ‘,यहां कुछ तो है।’

उसी समय प्रभात की आवाज़ पूरे क्षेत्र में गूँज उठी, “सर… ज़रा इधर आइए!”

सब उसके पास पहुँच गए।एक विशाल चट्टान की सतह पर पाँच गहरी समानांतर रेखाएँ बनी हुई थीं। दूर से देखने पर वे किसी विशाल जानवर के पंजों के निशान जैसी लग रही थीं।

“किसी भालू के पंजे?” प्रभा ने अनुमान लगाया।

उदय झुककर उन निशानों को ध्यान से देखने लगा।उसने हथेली उन रेखाओं पर फेरी।पत्थर की सतह पर कटाव बहुत साफ़ था।

“नहीं…”, वह धीरे से बोला।

“अगर यह किसी जानवर के पंजे होते तो हर रेखा की गहराई अलग होती। यहाँ पाँचों कट बिल्कुल एक जैसे हैं।”

सुक्खी ने तुरंत स्केल निकाल लिया।वह एक-एक रेखा का माप लेने लगा।, “पहली और दूसरी के बीच चार सेंटीमीटर।दूसरी और तीसरी… लगभग उतना ही, तीसरी और चौथी…” उसने दोबारा नापा।

“चार दशमलव एक सेंटीमीटर और आख़िरी भी लगभग उतनी ही।”

वह उदय की ओर देखने लगा।, “सर… यह प्राकृतिक नहीं लग रहा।”

उदय ने सहमति में सिर हिलाया।, “या तो किसी औज़ार से बनाया गया है… या फिर ऐसी प्राकृतिक प्रक्रिया से बना है जिसकी जानकारी हमें अभी नहीं है।”

प्रभात ने उँगली से एक रेखा के भीतर जमी धूल हटाई।, “अगर किसी ने बनाया है… तो किसने?”

उसका प्रश्न हवा में ही रह गया। किसी के पास उसका उत्तर नहीं था।

इसी बीच मायरा चुपचाप वहाँ से कुछ दूर चली गई। दो विशाल चट्टानों के बीच बनी एक सँकरी दरार के सामने पहुँचते ही उसके पैर रुक गए। किसी अज्ञात भावना के वशीभूत होकर उसने अपनी हथेली सामने की चट्टान पर रख दी। अगले ही क्षण उसके पूरे शरीर में एक सिहरन दौड़ गई। पत्थर असामान्य रूप से ठंडा था। इतना ठंडा कि उसकी उँगलियाँ कुछ ही सेकंड में सुन्न होने लगीं। यह सामान्य ठंडक नहीं थी।

ऐसा लग रहा था जैसे वह चट्टान भीतर से बर्फ नहीं, बल्कि किसी अनजानी ऊर्जा को समेटे हुए हो।

तभी कुमार उसके पास आ गया, ” क्या हुआ मायरा?”

” इस चट्टान को छू कर देखो जरा, कितनी ठंडी है यह।”, मायरा ने चट्टान से हाथ हटाकर कुमार से कहा।

कुमार कुछ देर तक उसी चट्टान को देखता रहा। न जाने क्यों उसके भीतर एक अजीब-सी बेचैनी होने लगी। ऐसा नहीं था कि उसे कोई आवाज़ सुनाई दे रही हो या कोई आकृति दिखाई दे रही हो लेकिन फिर भी उसे महसूस हो रहा था कि इस स्थान पर कुछ ऐसा है जो सामान्य नहीं।

उसने मायरा की ओर देखा और फिर धीरे से हथेली चट्टान पर रख दी।

पत्थर वास्तव में ठंडा था… सामान्य से कहीं अधिक ठंडा।

उसने आँखें बंद कर लीं।कुछ क्षण तक कुछ भी नहीं हुआ।

फिर उसके कानों में बहुत हल्की-सी कंपन जैसी ध्वनि गूँजी। वह शब्द नहीं थे, केवल कंपन… कुमार ने तुरंत आँखें खोल दीं।
ध्वनि समाप्त हो चुकी थी।

“क्या हुआ?” मायरा ने पूछा।

“तुमने कुछ सुना?”

“नहीं।”

“समझ नहीं आया…” कुमार ने फिर चट्टान की ओर देखा, “जैसे… धरती के बहुत भीतर कहीं कुछ हिला हो।” उनको बात करते देखकर उदय और बाकी लोग भी उनके भी पास आ गए। उदय ने भी स्वयं चट्टान पर हाथ रखकर देखा।

“मुझे तो कुछ महसूस नहीं हो रहा।”

सुक्खी ने तुरंत अपना ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (Ground Penetrating Radar) निकाला।

“एक मिनट… इसे यहीं चलाकर देखते हैं।”

उसने जीपीआर की एंटीना यूनिट चट्टान की सतह पर रखी और धीरे-धीरे उसे आगे बढ़ाने लगा। स्क्रीन पर पहले सामान्य रेखाएँ उभरती रहीं, फिर अचानक एक जगह पहुँचते ही ग्राफ़ में तीव्र परिवर्तन दिखाई दिया।

बीप…

बीप…

बीप…

इस बार संकेत लगातार आ रहे थे। “सर!” सुक्खी लगभग उत्साहित होकर बोला, “यह देखिए।”

सभी उसकी स्क्रीन के चारों ओर इकट्ठा हो गए। स्क्रीन पर लगभग छह से आठ मीटर नीचे एक बड़ा अनियमित खाली भाग दिखाई दे रहा था। उसके किनारे बिल्कुल प्राकृतिक गुफाओं जैसे भी नहीं लग रहे थे।

“यह खाली जगह है?” प्रभा ने पूछा।

“हाँ… लेकिन साधारण नहीं।”, सुक्खी ने स्क्रीन पर उँगली रखते हुए समझाया,

“अगर नीचे केवल ठोस चट्टान होती तो तरंगें लगभग समान रूप से लौटतीं। लेकिन यहाँ देखिए… सिग्नल अचानक टूट रहा है, फिर दूसरी सतह से वापस आ रहा है। इसका मतलब नीचे कोई खोखला भाग है।”

“गुफा?”

“हो सकती है या फिर…” कुमार धीमे स्वर में बोला।सब उसकी ओर देखने लगे। “…या फिर किसी ने कभी यहाँ कुछ बनाया था, हो सकता है कि वही मंदिर अथवा कोई दूसरी ही नयी खोज …”

उदय की आँखों में चमक आ गई।उसने स्वयं दोबारा जीपीआर चलाया।इस बार भी परिणाम लगभग वही आया।

“कमाल है…”, वह बुदबुदाया।

“रीडिंग झूठ नहीं बोल रही। नीचे सचमुच कोई कैविटी है।”,प्रभात उत्साहित होकर बोला,

“तो फिर खुदाई करते हैं!”

उदय मुस्कुरा दिया।, “इतना आसान नहीं है।”

“क्यों?”

“यह संरक्षित वन क्षेत्र है। बिना अनुमति एक इंच मिट्टी भी नहीं हटाई जा सकती। अगर हमने ऐसा किया तो पूरा अभियान यहीं खत्म हो जाएगा।”

सभी कुछ क्षण के लिए चुप हो गए। इतनी बड़ी खोज…और वे उसे छू भी नहीं सकते थे।

कुमार फिर उसी चट्टान को देखने लगा।

Megha
( क्या लगता है? क्या मिला होगा इस A .R.G.टीम को? क्या इनकी खोज पूरी होने वाली है? रेखाओ का रहस्य क्या है? कुमार इतना बेचैन क्यों है क्या उसे कोई पूर्वाभास हो रहा है या फिर वहम। जरूर बताइए , क्या पता आपके ढेर सारे कमेंट्स देखकर मंदिर आपको भी बुला ले।)

 

 

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment