भलोल
भाग -20
मैं गुरुद्वारे वाली गली में घुसा और जैसा बताया था। उनके घर पहुँच कर ‘डोर बेल’ बजाई। दरवाजा एक अधेड़ उम्र के आदमी ने खोला। वे कुछ पूछते, मैंने कहा, ” मैं जतिंदर कश्यप का क्लासफैलो हूँ। हम दसवीं तक इकट्ठे पढ़े थे। मेरे एक और क्लासफेलो जोगिंदर ने बताया तो…”
वे आगे कुछ नहीं सुन सके। उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा और अपने साथ अंदर ले गए। उन्होंने इस तरह व्यवहार किया जैसे मैं जतिंदर आ गया होऊँ।
हाथ पकड़कर अंदर ले जाने वाले जतिंदर के पिताजी थे। उनकी माँ आई और मेरे गले लगकर खूब रोई। मेरी आँखों में भी आँसू थे। मैं समझ ही नहीं ना रहा था कि मैं उन्हें कैसे हौंसला दूँ। उनकी दोनों बेटियाँ आईं और उन्होंने अपनी माँ को संभाला, “माँ, यह जिंदी नहीं हैं। यह उनके दोस्त हैं जो अफसोस करने आए हैं। उनमें से एक ने अपनी माँ को पानी लाकर दिया। मेरा भी गला सूख रहा था। मैंने भी पानी मांगा। पानी पिया तो मेरा मन भी संभला। जंदी के पिता जी बोले, “बुरा मत मानना, बेटा, उसकी क्लास का कोई भी आता है तो उसकी माँ इसी तरह रोती है। पीछे अपने ऐक्सीडेंट से पहले जोगिंदर आया था तो उसके गले लग कर भी ऐसे ही रोई थी।”
“मैं तो समझ ही नहीं पा रहा हूँ कि आपके दुख को कैसे बाँटू ?”
“हमारे दुख को कोई नहीं बाँट सकता, बेटा। यह तो जिंदगी-भर का रोना ” कह कर उनके पिता दूर कहीं खो गए थे।
जिंदी की दोनों बहने हमारे स्कूल की ग्रुप फोटो ले आई थी। “भैया, यह जिंदी भैया हैं। आप इसमें कहाँ हैं?”
मैं तीसरी पंक्ति में खड़ा था। मैंने उन्हें बता दिया। एक ने कहा, “भैया आगे बैठे हैं। आप पीछे क्यों खड़े हैं?”
“इसके दो कारण थे। एक तो वे छोटे कद के थे, मैं लंबू था। दूसरा,
आपके भैया पढने में होशियार थे। मैं फाडी था, पढ़ने में निकम्मा था इसलिए मुझे पीछे खड़ा किया गया था।”
वे कुछ नहीं बोलीं थीं। उनकी आँखें भर आईं थीं। मुझे लगा, वे फोटो के बहाने विलाप कर रही हैं। मेरी आँखें फिर नम हो गईं थीं, बस आँसू नहीं निकले थे। उसी समय जिंदी की माँ एक कटोरी में खीर ले आई, “मेरे जिंदी को खीर बहुत पसंद थी। तुम खाओगे तो मुझे लगेगा कि मेरा जिंदी खा रहा है।”
जिंदी के पिता जी ने इशारा किया कि चुपचाप खा लूँ। मैंने कटोरी पकड़कर खीर खा ली। तभी हरजीत जाने कहाँ से सामने आ कर खड़ी हो गई, “आप यहाँ, हरजीत?”
“यही प्रश्न तो मैं आप से करना चाहती हूँ। आप यहाँ कैसे?”
“जतिंदर मेरा क्लासफेलो था। मैं उसकी मौत का अफसोस करने आया हूँ।”
“जिंदी भैया मेरे कजिन थे।”
“आप दोनों एक-दूसरे को जानते हैं?”
“मामू, दो दिन पहले पापा इन्हीं को बोल कर गए थे कि अमृतसर तक मेरा ख्याल रखें। आज इन्हें यहाँ देखकर मैं हैरान रह गई हूँ।”
मैं उठ खड़ा हुआ। सभी को नमस्कार किया और बाहर चला आया। सारा परिवार दुखी था। सबने अपने-अपने ढंग से मेरे साथ दुख बांटा था। खुद भी रोए और मुझे भी रुलाया था। मन बहुत भारी था। कहीं और जाने का मन ही नहीं हुआ। मैं घर लौट आया। माँ ने कहा, “खाना तैयार है, खाना खा ले।”
मन तो नहीं था, फिर भी खाया। खाकर मैं लेट गया और गहरी नींद की आगोश में चला गया। मैं तब जगा जब धर्मू के साथ बंसा मुझे बुलाने आया। मैं तैयार हुआ। हम तीनों कंपनीबाग के लिए निकल गए। उस मैदान से गुजरे जहाँ हम बचपन में खेला करते थे। बंसे ने कहा, “याद है, निंदी, हम यहाँ खेला करते थे? हमारे साथ खेलने, रानी, कमला और रचना भी आ जाया करती थी।”
“हाँ बंसे, बहुत रोमांटिक दिन थे। 7वीं तक यह रोमांटिक खेल चलता रहा था,” मैंने कहा।
“फिर उन लड़कियों ने आना बंद कर दिया था,” धर्मू ने मस्ती में कहा। “वे लड़कियाँ बड़ी हो गईं थीं और हम भी बड़े हो गए थे। पर धर्म को कोई फर्क नहीं पड़ा था। उसका घर में ही काम हो जाता था,” कहकर बंसा खूब हँसा था। धर्म सिर्फ मुस्कराता रहा था।
मैंने कहा, “क्या शानदार दिन थे। लेकिन दोस्तो। हम जा कहाँ रहे हैं?
“कंपनीबाग में ठंडी खुई से शर्मा की टिक्कियाँ खाएँगे और वापिस आएँगे लेकिन जेब ढीली होगी हमारे फौजी निंदी की,” बंसे ने कहा।
मैंने कहा, “बिल्कुल, मेरी सरकारी नौकरी भी लगी है।”
टिक्कियाँ खाकर हम कंपनीबाग में यूँ ही आवारागर्दी करते रहे। घर जाने को मन नहीं कर रहा था। पेट तो भरा हुआ था। घर जा कर सोना ही था। माँ पूछेगी तो कहूँगा, रात की सब्जी से सुबह नाश्ता कर लूँगा। बंसे, धर्मू के साथ बाहर खा लिया था।
घूम कर घर पहुँचे तो रात के 10 बजने वाले थे। माँ ने खाने के लिए पूछा। मैंने कहा, “बंसे, धर्मू के साथ बाहर खा लिया था।”
वे कुछ नहीं बोलीं थीं। मैं बैठक में रजाई लेकर सो गया। बैठक में ही मेरे सोने का प्रबंध किया गया था।
धीरे-धीरे मेरी दो महीने की छुट्टी खत्म होती जा रही थी। दस दिन पहले मुझे एम.सी.ओ. जाकर मिलिट्री कोटे से वापसी की रिजर्वेशन करवानी थी। मैंने अपना फ्री रिटर्न वारंट लिया और नाश्ता करके पैदल ही रेलवे स्टेशन की ओर चल पड़ा। मैं जीटी रोड पर पहुँचा तो पीछे से चमन रिक्शा लेकर आया।
“बैठो, बाऊजी, मैं आपको छोड़ देता हूँ।”
“यार, तू पैसे नहीं लेता। तेरे रिक्शे पर नहीं बैठना।”
“बोहनी का टाइम है। जो देंगे मैं ले लूंगा। जाना कहाँ है?”
“रेलवे स्टेशन।”
“बैठो, बाऊजी, दो रुपए दे देना।”
मैं बैठ गया, मैं बोला, “चमन, याद है, हमारे साथ एक जतिंदर कश्यप पढ़ता था, गोरा-सा घुंघराले बालों वाला लड़का। हम उसे जिंदी कहा करते थे।”
“थोड़ा-थोड़ा याद तो आ रहा है। बाऊजी, टाइम भी तो बहुत हो गया है। की होया उसे?”
“मैट्रिक तक वह मेरे साथ पढ़ा था। कल मैं अपने एक और क्लासफैलो से मिलने गया तो पता चला उसकी मौत हो गई है। बेचारा अपने माँ-बाप का अकेला लड़का था। पीछे दो बहने रह गई हैं।”
“बहुत दुख हुआ बाऊजी। तुसी कहीं हुसैनपुरा गुरूद्वारे वाली गली के लड़के को बार तो नहीं कर रहे?”
“हाँ, मैं उसी की बात कर रहा हूँ। कल में उनके घर गया था, अफसोस करने। वे खुद भी रोए और मुझे भी बहुत रुलाया।”
“बहुत जुल्म हुआ था, उनके साथ। बहुत धूम मची थी उस लड़के के मौत की पर मौत के आगे किसी का जोर नहीं है।”
“हाँ, चमन।”
“लो, बाऊजी, रेलवे स्टेशन आ गया। बातों में पता ही नहीं चला।”
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी