ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -23

23-

आप हमारे तो क्या हमारे यहाँ काम करने वालों के भी आसपास भी ख़डी होने की हैसियत नहीं रखती हैं .” वह क्रोध में उटपटांग बोलता जा रहा था और उर्वशी अवाक होकर सब सुनती रह गई. शौर्य के शब्द उसके कानों में पिघले हुए लावे की तरह उतरते चले गए. इतना अपमान, इतना घमंड, क्या वह जमीन में रेंगते कीड़े मकौड़े से भी गई गुजरी हो गई? वह शौर्य की पत्नी है या उसकी खरीदी हुई कोई गुलाम?
” बस कीजिये, आज आपने सारी सीमाएं पार दीं। अब आपके साथ एक पल भी रहना गुनाह है। “
कहते हुए वह कमरे से बाहर निकल गई। बाहर आकर वह स्वयम को शांत करने का प्रयास करने लगी। उसे महसूस होने लगा जैसे उसकी देह से भीषण ज्वाला निकल रही है और वह उसकी तपिश से जली जा रही है. उसके वजूद को आज गाली दे दी गई है. उसके परिवार, उसके पिता का भयंकर अपमान हुआ है. अब वह इस व्यक्ति, इस परिवार में नहीं रह सकती. इतनी जलालत के बाद अब उसका वहाँ रुकना लानत भरा होगा. जो व्यक्ति उसका सम्मान नहीं कर सकता, उसे किसी लायक नहीं समझता उससे अब क्या अपेक्षा करना. ऐसे निर्दयी और अहंकारी व्यक्ति की उसे कोई आवश्यकता नहीं. अब इस संबंध में कुछ नहीं बचा. कुछ समय सोच विचार में निकला, फिर उसने मोबाइल निकालकर शिखर का नम्बर डायल किया
” हैलो ” दूसरी घण्टी पर ही उन्होंने फोन उठा लिया।
” आप जितनी जल्दी से जल्दी मेरी वापसी की टिकट करवा सकते हैं, करवाइए। मुझे अपने घर जाना है। ” वह आवेश भरे स्वर में बोली।
” उर्वशी, आप बच्चों वाले रूम में आइए। ” उन्होंने आदेश दिया और फोन काट दिया। वह पल भर को खड़ी रही, फिर बच्चों के कमरे की ओर चल दी। उसी समय शिखर भी वहाँ पहुँच गए। उन्होंने अपने दोनों बच्चों को कहा कि वह उर्वशी से कुछ ज़रूरी बात करना चाहते हैं इसलिए वो लोग थोड़ी देर को अपनी माँ के पास चले जाएं। स्वस्ति और सौम्य ने मुड़कर चाची की ओर देखा और फिर तुरंत वहां से चले गए।
” बताइये क्या बात है ?”
” मुझे वापस जाना है “
” वजह ?”
वह खामोश रही।
” उर्वशी, वजह बताइये। “
” आज सब खत्म हो गया, शौर्य ने हर लिमिट क्रॉस कर दी। ” कहते हुए उसने सब कुछ बता दिया। सुनकर शिखर का गुस्से से चेहरा लाल हो गया।
” हम अभी बात करते हैं उनसे। “
” कोई फ़ायदा नहीं. मैं अब यहाँ एक पल भी रुकना नहीं चाहती और अब आप मुझसे वापसी की उम्मीद मत रखियेगा। “
” उर्वशी, इस तरह तो आप ….”
” इस अपमान के बाद मैं किसी कीमत पर नहीं रुक सकती। हम, आप लोगों जितने रईस नहीं, पर इस रिश्ते के लिए हमने कोई प्रयास नहीं किया था. यह रिश्ता लेकर आप आये थे मेरे घर, आप चाहते थे कि यह विवाह हो। “
” हाँ उर्वशी, हमने कब इनकार किया, हम ही आये थे। क्योंकि आपसे बेहतर हमें कोई नहीं लगा। शौर्य मूर्ख हैं, जिन्हें हीरे और काँच में फ़र्क नहीं मालूम। उनकी तरफ से हम आपसे माफी मांगते हैं । ” कहते हुए उन्होंने सचमुच हाथ जोड़ दिए।
” प्लीज़ ऐसा मत करिये, अब कोई गुंजाइश नहीं बची। मेरी तरफ से आप इस रिश्ते को समाप्त समझिये. ऐसा व्यक्ति के अपना जीवनसाथी तो क्या, परिचित होने पर भी मैं अपना अपमान समझूंगी.”
” पर हम कैसे भूल जाएं की यह बात हमारे खानदान के लिए बेहद शर्मनाक है। “
” राणा साहब, जिस व्यक्ति से मेरा रिश्ता जुड़ा था, जब उसकी ही नज़र में मेरी कोई क़ीमत नहीं तो मैं किसके लिए यहाँ रहूँ ? मैं मरी नहीं जा रही थी उनसे शादी करने के लिए. बल्कि उनके लिए मैंने अपनी सबसे बड़ी ख्वाहिश का गला घोंटा है. मेरे सामने मेरा सुनहरा भविष्य खड़ा था, जिसे अपनी नासमझी में मैंने ठुकरा दिया. एक बात बताइये, अगर स्वस्ति के साथ उसका पति ऐसा व्यवहार करे तो क्या आप अपनी बेटी को उस घर में रुकने देंगे ?”
” नहीं। ” उन्होंने धीरे से कहा। ” ठीक है , एक इमरजेंसी आ जाने की वजह से हमें कल मुम्बई जाना पड़ेगा। आप हमारे साथ चलिए। दो दिन बाद हम खुद आपको वहाँ लेकर चलेंगे। आपके पिता से माफ़ी भी माँगनी होगी, कि हम उनकी बेटी का ख्याल नहीं रख पाए। “
” मैं अकेली जा सकती हूँ।”
” आप अकेली नहीं जाएँगी, हम छोडकर आएंगे आपको ।”.
” एक बात और, मुझे अब एक अलग रूम भी चाहिए, उस रूम में वापस नहीं जाऊँगी। अकेले रहना चाहती हूँ। किसी से बात करने का भी मन नहीं मेरा।”
” हो जाएगा इंतज़ाम, तब तक आप यहीं रुकिए। ” कहकर वह बाहर निकल गए।
थोड़ी देर में उसके लिए अलग कमरे का इंतजाम हो गया। उसका सामान भी उसके कमरे में पहुँचा दिया गया। उसने सूटकेस में से एक नाइटी और एक जोड़ी जीन्स टॉप निकालकर अटेंडेंट को बाकी सामान वापस ले जाने को कहा। तभी शिखर वहाँ आ गए। उन्होंने सब कुछ जानने के बाद वह सामान उसे रखने को कहा, जिसपर उसने इनकार कर दिया।
” यह सब आपका ही है उर्वशी ” उन्होंने उसे समझाना चाहा।
” जिस घर से अब सम्बन्ध टूट गया वहाँ से अब कुछ भी लेना मेरे पापा का अपमान है। ” इस बात को सुनकर, शिखर उससे फिर कुछ न कह पाए।

* * * * *

शिखर के वहाँ से जाते ही उसका आवेश पानी बनकर आँखों से बह निकला । देर तक वह अश्रु बहाती रही. जब खूब रो ली तो दिल हल्का हो गया। अब वह विचार करने लगी कि आगे क्या कदम उठाए। घर में अभी उसने किसी को कुछ न बताने का निर्णय लिया। यह सब जानकर माँ पापा पर क्या गुजरेगी? कैसे बर्दाश्त करेंगे वह यह सदमा? अपनी जीवनभर की पूँजी लगाकर कितने अरमानों से उन्होंने जिस बेटी को विदा किया था, अब वह खोटे सिक्के सी नकार दी गई. जब बाकी लोगों को पता लगेगा तो वे लोग क्या सोचेंगे? शायद यही कि बड़े उछलकर एक ऊँचे परिवार से रिश्ता जोड़ने गए थे. अपनी औकात भूल गए थे, अब भुगतो. जो भी हो अब वह इतनी गिरी हुई सोच वाले व्यक्ति से कोई रिश्ता नहीं रखेगी. उसने यह भी निर्णय लिया, कि वह अब राणा खानदान से कोई भी चीज़ स्वीकार नहीं करेगी। उससे मूर्खता हुई, जो भावनाओं में बह कर वह विवाह के लिए तैयार हो गई। यदि उस समय ही मना कर देती, तो आज अपना सम्मान बचाए रखते हुए वह नई मंजिलों की ओर कदम बढ़ा रही होती. एक सुनहरा भविष्य उसका इंतजार कर रहा था। उसने स्वयं अपनी किस्मत के दरवाजे बंद कर दिए। सचमुच लड़कियाँ परले दर्जे की मूर्ख होती हैं। कभी समाज के भय से, तो कभी परिवार का सोचकर, अपनी हर इच्छा का गला घोंट देती हैं, तो कभी प्रेम के वशीभूत होकर अपना जीवन स्वाहा कर देती हैं।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment