राघवेंद्र सैनी का उपन्यास भलोल भाग -22

भलोल

भाग – 22

आखिर वह दिन आ ही गया जिस रोज मुझे जाना था। मुझे स्टेशन तक छोड़ने किसी ने नहीं जाना था। बाऊजी ने दफ्तर जाना था और बाकी किसी के जाने का सवाल ही नहीं उठता था। रात को ही चमन को स्टेशन पर छोड़ने के लिए बोल दिया था। मैं खुश था कि अमृतसर की सड़कों पर आवारागर्दी करने की बजाय मैं यूनिट की रूटीन में रम जाऊँ।

नाश्ता करने के बाद इस बार माँ ने मुझे लंच और डिनर पैक करके दिया था। बाऊजी ने मुझे एक तरफ ले जाकर समझा दिया कि मैं पैसे माँ को भेजा करूँ, खुश हो जाया करेगी। शायद इसी कारण मुझे रास्ते का खाना दिया गया था। बाऊजी को मैंने कुछ नहीं बोला था। यह मेरी मौन स्वीकृति थी।

बाऊजी पहले ही दफ्तर चले गए थे। चमन ने रिक्शे पर सामान रखा तो मैंने माँ को प्रणाम किया। दोनों छोटे भाई स्कूल चले गए थे। बहन विदा करने बाहर नहीं आई थी।

चमन मुझे स्टेशन के बाहर तक छोड़कर चला गया। उसे दो रुपए दिए। मैंने कुली से सामान उठवाया और गाड़ी के डिब्बे में आ गया। कुली ने कहा, “बाहर लिस्ट में अपना सीट नंबर देख लो, वहीं सामान लगा दूँगा।”

मैंने लिस्ट में अपना नाम देखा और कुली से कहा, “बर्थ नंबर 32 पर सामान रख दो।” मैंने कुली को पैसे दिए और वह चला गया।

मुझे साइड की नीचे वाली बर्थ मिली थी। इतनी देर में एक और जवान आया। उसकी ऊपर की 33 नंबर बर्थ थी। उसने कहा, “साहब, मुझे दिल्ली जाना है। आप भी अपना बिस्तर लगा लें, मैं ऊपर अपनी बर्थ पर लगा लेता हूँ। रात का जगा हूँ। मुझे, दिल्ली तक सोते जाना है।”

मैं कुछ नहीं बोला था। उसने अपना बिस्तर ऊपर लगाया। मेरी सीट के नीचे उसने अपना बैग भी सेट किया और ऊपर चढ़ गया। मैं भी बर्थ पर बिस्तर लगा कर आराम से टांगें फैला कर बैठ गया। टी-टी आया तो उसने बर्थ का चार्ज लिया। अब किसी ने नहीं आना था।

मैं अपनी सीट पर लेटा और कंबल लेकर सो गया। मेरा एक दिन और रात का सफर था। गाड़ी दो बजे लुधियाना पहुँची तो मैंने लंच किया। वहीं से मैंने अपनी पानी की बोतल भर ली। काफी देर यूँ ही बर्थ पर ऊंघता रहा। अंबाला में जगा। यहाँ बहुत से जवान उतरे और चढ़े भी।

गाड़ी चली तो मैं फिर सो गया। दिल्ली रात को 8 बजे पहुँची। यहाँ गाड़ी ने दो घंटे रुकना था। मुझे अलर्ट होकर आगे का सफर करना था। चाहे रिजर्व डिब्बा था फिर भी कई उठाईगिरे टी-टी की मिलीभगत से डिब्बे में चढ़ जाते थे और सामान चोरी करके ले जाते थे।

दिल्ली से गाड़ी चली तो ग्वालियर जाकर रुकी। ग्वालियर से चली तो टी-टी सबको सावधान करने लगा, “आगे भिण्ड-मुरैना डाकुओं का इलाका है। सभी यात्री अपनी लोहे की खिड़कियाँ भी बंद कर लें। झांसी से पहले उन्हें कोई न खोले। कई हादसे हो चुके हैं। अगर किसी औरत का हाथ बाहर लटका है और उसमें सोने की चूड़ियाँ हैं तो डाकू हाथ काट कर ले जाते हैं।”

डर के मारे सभी ने लोहे की खिड़कियाँ बंद कर लीं। मैं सो गया था। भिण्ड-मुरैना कब गुजरा, पता नहीं चला। सुबह 6 बजे गाड़ी झांसी पहुँची। झांसी-गले की फांसी। पता नहीं, इस शहर के लिए यह कहावत क्यों मशहूर हुई। चाय पी और फ्रेश होने वाशरूम चला गया। अगला स्टेशन बाबीना था। मैंने अपना बिस्तर बांध लिया था। बैग निकाल कर सीट पर रख लिया था। उतरने की पूरी तैयारी कर ली थी।

बाबीना रेलवे स्टेशन से अपनी बैरक में पहुँचा तो सभी वर्कशॉप जाने की तैयारी कर रहे थे। मुझे देखते ही शोर मच गया, “आ गया दाना।”

सभी ने हाथ मिलाया और कहा, “पहले जाओ, ब्रेकफास्ट कर लो।”

फौज में यह एक शानदार परंपरा है कि ब्रेकफास्ट के समय ‘ब्रेकफास्ट’ करने के लिए कहा जाता है, लंच के समय ‘लंच’ और डिनर के समय ‘डिनर’ करने के लिए कहा जाता है। अगर यूनिट की स्ट्रेंथ पर न भी हो तो भी उसे खाना सर्व किया जाता है। हाँ, ऐसे जवानों से नोमिनल रेट से ‘गेस्ट चार्ज’ लिया जाता है। जैसे मैं था। मेरी आज शाम की हाजरी थी। मैं कल से यूनिट की स्ट्रेंथ पर आऊँगा। मुझसे एक दिन का ‘गेस्ट चार्ज’ लिया जाएगा, वह भी सैलरी मिलने पर। खाने के लिए मना नहीं किया जाएगा। इसके लिए ऐसे ही सख्त आदेश थे।

मैं मेस में नाश्ते के लिए गया तो मेस कमांडर ने मेरा जबरदस्त स्वागत किया, “आओ बाबू जी, बैठो। आज सुबह की हाजिरी है या शाम की?”

मुख से ‘दाना’ निकलते-निकलते रह गया था। मेस-कमांडर ने भी इसलिए पूछा कि उसी के अनुसार क्वार्टरमास्टर से राशन लेना होता है। मैंने कहा, “शाम की।”

चार पूरी और खूब सारी सब्जी खाने के लिए दी गई। सब्जी बहुत टेस्टी थी। मेस-कमांडर ने पूछा, “पूरी और चाहिए? सफर से आए हो, भूख लगी होगी और ले लो। चिंता मत करो ‘गेस्ट चार्ज’ उतना ही लगेगा।” कह कर वह मुस्कराया था। मैंने उसकी आँखों में असीम स्नेह देखा था।

मैंने एक पूरी और खाई फिर बैरक में आ गया। लोहे की पाइप वाली चारपाई पर बिस्तर लगाकर सो गया। शाम को रोलकाल में हवलदार कर्मचंद जी ने मेरा लीव सर्टिफिकेट जमा कर दिया।

सुबह मुझे सभी के साथ पी-टी करनी थी। पी टी ड्रेस में नेकर, बनियान और उसके ऊपर जर्सी पहननी थी। मैंने रात को तैयार करके रख लिया था। वर्कशॉप में ओवर ऑल-कंबीनेशन पहननी थी। फौज की आम भाषा में इस ड्रेस को ‘डांगरी’ कहते हैं। वर्कशॉप की यही ड्रेस थी। मेकेनिकों ने गाडियों और ‘टैंकों’ के नीचे लेट कर काम करना होता था और हम स्टोर वालों को सारा दिन कलपुरजों में खेलना होता था। यही ड्रेस श्रेष्ठ थी।

मैंने ‘डांगरी’ भी निकाल कर रख ली थी। सुबह बेड-टी के साथ ही सब उठ गए। फ्रेश हुए और पी-टी के लिए तैयार हुए। 20 मिनट की पी-टी होती थी। पी-टी के बाद ब्रेकफास्ट करके सीधा वर्कशॉप। नहाने का प्रोग्राम सभी शाम को रखते थे। सुबह नहाने का टाइम नहीं होता था।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment