वहां कौन है? ( भाग 15)
रामसेवक के हाथ कांप रहे थे। उसने बहुत श्रद्धा से पहले उस पांडुलिपि को अपने माथे से लगा कर नमन किया उसके बाद उसे स्वच्छ स्थान पर रखकर अलमारी से एक डिब्बी में रखे अभ्रक, हल्दी तथा रोली के मिश्रण को थोड़ा सा अपनी हथेली पर रखकर कोई मंत्र बुदबुदाया। उसके बाद उसने पांडुलिपि के ऊपर उसे बिखेर दिया।
कुछ पल के इंतजार के बाद पांडुलिपि से सुनहरी आभा निकलने लगी और उसके अक्षर स्पष्ट हो गए। उसने आँखें बंद करके पांडुलिपि खोली। जो पृष्ठ उसके सामने आया ,वह उसे पढ़ने लगा,
” दरारे पुकार लेंगी उसे जो सदियों से चलकर अब दोबारा आया है। उसकी अमानत है सुरक्षित उसकी स्मृतियों में , उसे उसी से वापिस लेकर अब उसे पुनः सौंपने का समय आया है।”
यह पढ़ते ही रामसेवक को सब समझ आ गया। ” प्रभु के आशीर्वाद से हमारी पीढ़ियों की प्रतीक्षा समाप्त होने वाली है।”, कहते हुए उसकी आंखों से आंसू बहने लगे।
पांडुलिपि बंद करके उसने पुनः यथा स्थान पर रख दी।धरती पर बैठ कर अपने दोनों हाथ आकाश की ओर उठा कर अपने पूर्वजों का आह्वान किया।
” हे पुरखों! हे रक्षकगण! मुझे आपसे जो उत्तरदायित्व प्राप्त हुआ है, उसे पूर्ण करने का समय आ गया है। हे रहस्य रक्षकों की टोली, मुझे कुंजी प्रदान करें !”
रामसेवक तब तक आह्वाहन करता था जब तक कमरे में अंधकार नहीं हो गया। अंधेरा होते ही उसके सामने सुनहरे–रूपहले जुगनू जैसे कणों का बादल आ गया जिसने धीरे–धीरे बढ़ते हुए उसे अपने अंदर समाहित कर लिया।
रामसेवक उस बादल में पूरी तरह लुप्त हो गया था। अब पूरा कमरा मात्र सुनहरे–रुपहले कण से भरा हुआ था और एक बहुत ही मंद संगीत की ध्वनि वातावरण में गुंजित हो रही थी जिसके शब्द– धुन पहले कभी किसी ने नहीं सुनी थी।
जंगल में उदय और टीम के सभी लोग कुमार को खोज रहे थे। उनकी आवाजें जंगल में जाकर वापिस उन तक लौट कर आ जाती थीं। कुमार का अभी तक कोई अता पता नहीं था।
“पता नहीं, कुमार कहाँ है? वह सुरक्षित तो होगा न?”, सुक्खी ने चेहरे पर आए पसीने को पोंछते हुए कहा।
” अगर उसे कुछ हुआ तो मै खुद को कभी माफ़ नहीं कर सकूंगा। यहां तक आने का आइडिया मेरा ही था।”, उदय ने अपना सिर दोनों हाथों में थाम लिया था।
” पर वह जा कहां सकता है! कहीं कोई जंगली जानवर तो…”, मायरा ने घबराहट में कहा।
” कुछ भी मत बोलो।”, प्रभा ने कहा मगर कोई भी कुछ भी अनुमान लगाने में असमर्थ था।
वे अब वन विभाग की जीप का इंतजार कर रहे थे ताकि वापिस लौट कर विभाग की मदद से कुमार को खोजना जारी रख सकें।
वे परेशान थे कि अचानक चट्टानों के बीच से कुमार निकलते हुए दिखाई दिया। प्रभा ने सबसे पहले उसे देखा और उत्साहित होकर चिल्ला पड़ी,” कुमार! कुमार आ गया।”
सभी भागते हुए कुमार के पास पहुंचे। प्रभात ने उसे कसकर गले लगा लिया, ” कहां चला गया था,हम सभी कितने परेशान थे!” सभी के चेहरे पर यही सवाल था।
सुक्खी की आँखें उसे वापिस और सही सलामत देखकर भर आईं थीं।
उदय ने प्रभात के हटने के बाद कुमार के पास जाकर उसे गले लगाए और पूछा, ” तुम ठीक हो न? कोई चोट वगैरह तो नहीं लगी?
” जी सर, मै ठीक हूं।”, कुमार ने उदय की आंखों में देखते हुए मुस्कुरा कर कहा।
” हुआ क्या था कुमार? कहां चले गए थे तुम ?”, उदय ने सवाल किया।
” मुझे माफ करना दरअसल जब तुम लोग आँखें धो रहे थे उस समय मै उस चट्टान पर बनी रेखाओं को फिर से देख रहा था। मैने पाया कि वे रेखाएँ जिस दिशा में इशारा कर रही थीं वहां दो पत्थरों के बीच में एक पत्थर फँसा हुआ था। मैने जैसे ही उस पत्थर को निकलने की कोशिश में उसे हिलाया डुलाया। मेरे नीचे का पत्थर खिसक गया और मै सीधा गुफा में गिर गया।”
” क्या, गुफा!”, उदय ने पूछा।
” हाँ सर, यह वही गुफा थी जिसके बारे में हमारे उपकरण संकेत दे रहे थे। मै ऊपर से आती रोशनी में गुफा को देख रहा था कि उसका दरवाजा बंद हो गया। घुप्प अंधेरे में मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि मै कहां हूँ ,कहां जा रहा हूं।”, कुमार ने बताया।
” फिर तुम बाहर कैसे आए?”, मायरा ने पूछा।
” अँधेरे में अचानक दूर एक हल्की चमक दिखाई दी। पहले लगा जैसे जुगनू हों, लेकिन अगले ही क्षण वे असंख्य सूक्ष्म सुनहरे-रूपहले कणों में बदल गए। मै उनकी रोशनी में बढ़ता चला गया। मुझे तुम सबकी आवाज आ रही थी ,मैने पुकारा भी तुम सभी को मगर शायद मेरी आवाज तुम लोगों को नहीं पहुंच रही थी।”, कुमार ने कहा।
” हाँ, हम लोग तुम्हें खोज रहे थे। हर जगह और आवाज लगा रहे थे। “, प्रभा ने कहा।” आगे बताओ फिर क्या क्या हुआ?”
” मै उन कणों के साथ– साथ चलता रहा फिर एक जगह वे रुक गए तो उनकी रोशनी में मुझे एक चौकोर पत्थर दिखा। वे सारे कण वही इकट्ठे थे । मैने उसे छुआ..कुछ नहीं हुआ पर जैसे ही मैने उसे नीचे की तरफ दबाया…गुफा का द्वार खुल गया।”, कुमार ने राहत की सांस ली।
” तुमने वहां कुछ देखा?”, सुक्खी ने पूछा।
” कहां देखा! दरवाजा बंद होते ही मेरी सिट्टी पिट्टी हम हो गई थी।
” चलो कोई बात नहीं,अब हम जान गए हैं कि गुफा के अंदर जाने और बाहर निकलने का रास्ता कहां है। कुछ समय में जीप आ जाएगी।
बिना तैयारी और सुरक्षा उपकरणों के नीचे उतरना मूर्खता होगी। कल रस्सियाँ, अतिरिक्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था के साथ आएँगे फिर गुफा में
उतरकर जांच पड़ताल करेंगे।”, उदय ने कहा।
Megha
( उफ्फ रहस्य रक्षकों की टोली आ गई है गुफा का द्वार भी मिल गया मगर मुझे आपके कमेंट्स तक पहुंचने का कोई कार्य नहीं मिल रहा है क्योंकि आप कमेंट्स लिख ही नहीं रहे। ऐसा अत्याचार क्यों😭 क्या आपको इसे पढ़ना पसंद नहीं आ रहा है या पढ़ना पसंद है पर फिर कमेंट्स लिखने में आलस आ रहा है? तो सुनो न , आलस अच्छी बात नहीं, अपने अंगूठे की एक्सरसाइज करवाते रहिए कमेंट्स लिखकर, स्वास्थ्य बहुत अच्छा होगा। करके देखिए