ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -25

25-

अब वह उसे और अवसर नहीं दे सकती। वाकई रिश्ते सोच समझकर अपने बराबरी वालों में करने चाहिए। ज्यादा ऊँची उड़ान भरोगे, तो मुँह के बल गिरोगे। सोच- सोच कर उसका मस्तिष्क फटा जा रहा था। मन में बेहद क्लेश था। उसे अपनी मूर्खता पर क्रोध आ रहा था, अच्छी भली ज़िन्दगी गुज़र रही थी, पर उसने स्वयं अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारी। वह क्यों इस विवाह के लिए तैयार हुई ? जिसे वह जानती नहीं थी, जिसके लिए मन में कोई भाव नहीं थे, उसे अपने जीवन की बागडोर सौंप दी। किसलिए ? इसलिए कि वह उस व्यक्ति का भाई था, जिसे उसने प्रेम किया था। कितना वाहियात तर्क है। जो सुनेगा वही उसकी मूर्खता पर हँसेगा। कोई तुक है इस बात की ? उमंग ने, सिम्मी ने, सबने उसे सोच समझकर फैसला लेने को कहा था, पर स्वयं पर अति विश्वास के चलते उसने किसी की बात को तवज्जो नहीं दी. वाकई जो स्वयं को दुनिया में सबसे ज्यादा अक्लमंद समझता है वहीं सबसे बड़ा मूर्ख होता है. वह अव्वल दर्जे की मूर्ख है.
पूरे रास्ते वह सोच विचार में मग्न मौन बैठी रही. शिखर बार- बार उसे देखते और अनुमान लगाने का प्रयत्न करते की उसके मन मस्तिष्क में क्या चल रहा है? राणा पैलेस से उसके जाने का ख्याल उन्हें परेशान कर रहा था। अब शायद वह कभी लौटकर नहीं आएगी। उन्हें तो उसे देखने की आदत हो गई थी। अब क्या करेंगे वह ? काश वह किसी तरह उसे रोक पाते। उनका जी चाह रहा था, कि शौर्य को गिरेबान पकड़ कर लाएं और उसके कदमों में डाल दें, कि लो, यह रहा तुम्हारा अपराधी। इसे जो चाहे सज़ा दो, पर वह कुछ कर नहीं सकते थे। उसका कष्ट उन्हें यातना दे रहा था। अब यह अमूल्य रत्न उनसे दूर हो जाएगा. वह करीब से देखने को तरस जाएंगे. फ़्लाइट मुम्बई पहुँची, तो शिखर के स्टाफ़ से दो मजबूत कद काठी के नज़र आते व्यक्ति, उनके स्वागत के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
” उर्वशी, हमें आधे घण्टे के अंदर मीटिंग अटेंड करनी है इसलिए हम सीधे वहीं जा रहे हैं , आपको आपके रूम तक मिस्टर कुलकर्णी पहुँचा देंगे। जाकर आराम कीजिये, समय से खा पी लीजियेगा। फ्री होते ही हम आते हैं । ” उन्होंने कोमल स्वर में कहा। फिर आगे बढ़कर एक काले रंग की फॉर्च्यूनर का पिछला दरवाजा खोला और उसे बैठने का इशारा किया। उनके स्टाफ के उन दो व्यक्तियों में से एक उसकी गाड़ी में ड्राइवर के बग़ल में बैठ गया और गाड़ी आगे बढ़ गई।
कुलकर्णी ने उसे होटल ‘ ग्रैंड हयात ’ के एक रूम तक छोड़ दिया. दरवाजा खोलकर वह कमरे में पहुँची तो वहाँ का जायजा लिया. वह एक बड़ा सा लक्ज़री रूम था.जहाँ का इंटीरियर उसे प्रीमियम लुक दे रहा था. आगे बढ़कर वह वहाँ पड़े. डबलबेड पर बैठ गई और राहत की साँस ली. अब वह कुछ अच्छा महसूस कर रही थी। अपनी धरती पर कदम रखते ही, उसका तनाव कुछ कम हुआ था। अब बस दो दिन बाद वह अपनों के बीच होगी। फिर नए सिरे से जीवन की शुरूआत करनी होगी। उसके लिए पहले सोच समझकर रुपरेखा बनानी होगी. ताकि वह अपना भविष्य बना सके और उसे किसी पर निर्भर न रहना पड़े. अब वह स्वयं को कोई गलती करने की इजाजत नहीं दे सकती थी.
सबसे पहले उसने शावर लेकर नाइटी डाल ली। अब उसके पास सिर्फ एक जोड़ी जीन्स टॉप ही थे, जिन्हें वह पहनकर आयी थी। इन कपड़ों को धोने सुखाने की कोई जुगाड़ करनी होगी। वह अपने विचारों में गुम थी कि फोन के बजने से व्यवधान पड़ गया। शिखर का फोन था, पूछ रहे थे कि कुछ खाया पिया या नहीं। उसने बोल दिया कि अभी उसका मन नहीं है। थोड़ी देर बाद दरवाजे पर दस्तक हुई। उसने अंदर आने की आज्ञा दी, तो एक बेयरा हाथ में ट्रे लेकर खड़ा था। उसमें एसप्रेसो कॉफी और स्नैक्स थी। वह हैरान थी कि उसने ऑर्डर नहीं दिया था,कि तभी कुलकर्णी अंदर आ गया
” मैम, सर ने कहा है कि यह आपको लेना है “
” ओके, थैंक्स। ” उसने जवाब दिया। कुलकर्णी चला गया।
अजीब मुसीबत है, मन न हो, भूख न हो , तब भी लेना है। यानी मेरी एक -एक बात पर नज़र रखी जा रही है। कुलकर्णी को भी यहीं रोक दिया है, पर मुझे इतनी सिक्योरिटी की क्या ज़रूरत है ? जब सब पर इतनी नज़र रखते हैं , तो क्या इन्हें शौर्य की उन सब बातों की खबर नहीं होगी ? जरुर होगी। तो फिर अपने भाई को इन सब बातों के लिए रोका क्यों नहीं ? क्या जानबूझकर चुप थे ? हो सकता है सच में उन्हें खबर न हो। सोचते हुए उसने कॉफी के घूँट भरे तो तन मन में ताज़गी भरती चली गई। अब उसे महसूस हुआ कि वास्तव में उसे कॉफी की ज़रूरत थी। दो दिन से उसने ढंग से न खाया पिया था और न सोई थी। टीवी ऑन किया तो उसमें मन नहीं लग रहा था। बस बेमतलब वह चैनल सर्फ़ करती रही। फिर वह सोने की कोशिश करने लगी। दो घण्टे आँख बंद करके लेटी रही, पर तनाव के कारण नींद नहीं आयी।
वह अर्धजागृतवस्था में थी कि दरवाजे पर पुनः दस्तक हुई। उसने अंदर आने की आज्ञा दी तो एक अटेंडेंट एक सूटकेस लेकर खड़ा हुआ था। वह उससे पूछ ही रही थी कि किसका सामान है तभी शिखर की कॉल आ गई।
” सामान पहुँच गया ?”
” जी, किसका सामान है ? “
” आपका, कुछ नए कपड़े और ज़रूरत का बाकी सामान है। “
” मैंने कहा तो था कि मैं अब आप लोगों की कोई भी चीज़ नहीं लूँगी। “
” मूर्खतापूर्ण बात मत करिए उर्वशी, अभी आज और कल का दिन है , फिर ट्रेवल करना है। अगर कहीं और जाना पड़ गया तो ड्रेस तो चाहिए न ।”
” लेकिन ..” उसने कुछ कहना चाहा।
” मिलते हैं। ” कहकर उन्होंने फोन रख दिया और उसके मुँह की बात अधूरी रह गई।
सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें पाँच छः जोड़ी विभिन्न प्रकार की ड्रेसेज, दो जोड़ी रात में पहनने के वस्त्र, अंतर्वस्त्रों के जोड़े, दो जोड़ी फुटवियर, पर्स, एक छोटी सी वैनिटी किट, जिसमें ज़रूरत का सभी सामान था, और भी छोटी मोटी सभी वस्तुएं, जिनकी उसे आवश्यकता पड़ सकती थी। वह हैरान रह गई, एक एक चीज़ का कितना ख्याल था उन्हें। काश उनके स्वभाव का थोड़ा अंश उनके भाई में भी होता। ऐश्वर्या जैसी दम्भी स्त्री के साथ वह बरसों से निभा रहे थे। मजाल है जो कभी उसे कुछ कहा हो, या कोई रोक टोक की हो। न कोई झगड़ा न शिकायत।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment