वहां कौन है? (भाग 17)
फिर कुमार को भी नींद आने लगी। वह कमरे में जाकर सो गया। सुबह जब वह नहाने जा रहा था उसे ऐसा लगा जैसे उसे कोई बुला रहा हो। उसने कमरे से बाहर आकर देखा लेकिन कोई भी नहीं था। ऐसा दो –तीन बार हुआ। कुमार को लगा उसे वहम हो रहा है इसलिए चौथी बार आने वाली आवाज को अनसुना करके वह नहाने के लिए चला गया।
“अजीब बात है, अभी तो यहां कुछ नहीं था। अचानक बाल्टी में गुलाब की पंखुड़ियां कैसे आ गईं।”, कुमार तौलिया कमर से लपेटे हुए हैरानी से देख रहा था।
तभी उसकी नजर नहाने के लिए प्रयोग होने वाले पटरे पर पड़ी। वहां एक कटोरी में सूजी का हलवा रखा हुआ था।
” यार, यह सब क्या है!”, कुमार धीरे–धीरे चलता हुआ हलवे के पास गया। गर्म हलवे से भाप उड़ रही थी और उस पर बादाम किशमिश काजू सजे हुए थे।
कुछ हिचकते हुए कुमार ने हलवे की कटोरी उठाई।” यह कटोरी…”, कुमार सोच में पड़ गया,” यह तो आज सुबह गेस्ट हाउस के डायनिंग रूम में देखी थी, सब्जी थीं इसमें!”
कुमार दरवाजा खोलकर कमरे से बाहर निकलने ही वाला था कि ऊपर से फूल और पत्तियां गिरने लगी और साथ ही सम्मिलित आवाजों में गाने के स्वर आए,” हैप्पी बर्थडे टू यू, हैप्पी बर्थडे टू यू, हैप्पी बर्थडे डियर कुमार..हैप्पी बर्थडे टू यू!”
कुमार ने देखा उसकी टीम के सारे लोग ताली बजाते हुए गा रहे थे। ” अरे यार यह सब …”, उसने सबको कटोरी दिखाई। वह आगे बोलने ही वाला था कि प्रभा ने उसकी बात काट दी।
” हाँ, यहां तुम्हारे लिए केक का इंतजाम नहीं हो सकता था इसलिए रामसेवक जी ने कहा कि वह हलवा बना देंगे तो तुम फिलहाल इसी से काम चलाओ।”
कुमार उन लोगों को भावुक होकर देखता ही रह गया। वह तो खुद ही अपना जन्मदिन भूल गया था मगर ये लोग नहीं भूले। उसकी आंखों में आंसू छलक आए।
” थैंक्स यार, तुम लोग कितने अच्छे हो। गिव मी अ बिग हग ।”, कहते हुए कुमार ने अपनी बाहें फैला दी। सभी भाग कर उससे लिपट गए। कुछ देर वे सभी ऐसे ही खड़े रहे।
” सुन भाई, तेरा तौलिया न खिसक जाए। तूने टाइट तो बाँधा है न इसे।”, तभी सुक्खी ने बहुत राजदार अंदाज में कहा।
कुमार सकपका कर पीछे हट कर अपना तौलिया देखने लगा। अचानक उसे कुछ याद आया।
” बर्थडे मनाने का यह कौन सा तरीका है कि बाथरूम को ही सजा दिया तुम लोगों ने। यार ऐसा कौन करता है, मै तो थोड़ा सा घबरा भी गया था।”, कुमार ने आँखें तरेरी।
” मानता है न एकदम अलग हटकर सोचा हमने। मै तो टॉयलेट सीट पर भी मोमबत्ती लगाने वाला था पर सुक्खी ने मना कर दिया।”,प्रभात ने उत्साह में भरकर बोला।
” शुक्र है..”, कुमार ने बोला ही था कि सुक्खी सामने आ कर उसका कंधा पकड़ कर धीरे से बोला,” मैने इसलिए मना किया था कि अगर तू बिना देखे बैठ जाता तो तू जल जाता न!”
कुमार ने उसे ऐसे देखा जैसे उसे अचानक लाल फूलों वाला गाउन पहना दिया गया हो।
” कुमार , ये लोग झूठ कह रहे हैं। मैने मना किया था
इनको। मैने तो यह बोला था कि टॉयलेट सीट को चारों ओर फूलों पत्तियों से और रिबन से सजा देते हैं। पर यहां रिबन नहीं मिला। सॉरी, अगली बार लायेंगे पहले से।”, कुमार हक्का–बक्का रह गया जब उदय सर ने यह बात बोली।
” ग़ज़ब हो सभी , सच में गजब!”, वह फुसफुसाया फिर जोर से हँस पड़ा। “सच में ,ऐसा जन्मदिन किसी का नहीं मनाया गया होगा। सुबह आंख खुलते ही इंसान बाथरूम में जाए और…”, हँसते हँसते उसकी आँखें पानी आ गया।
” इसी कारण अजीब सी आवाज निकाल कर मुझे बार–बार बाथरुमे बाहर कर रहे थे। वह तो अच्छा हुआ कि चौथी बार की आवाज पर मैने ध्यान नहीं दिया और अंदर आ गया वरना पता नहीं और क्या कर डालते तुम सब और उदय सर आप भी न…”,
कुमार हँसते हुए अपनी झोंक में बोले जा रहा था।
” चौथी बार?..हमने तो बस तीन बार आवाज निकाली थी।”,मायरा ने टोका।
मगर शोर में किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। रामसेवक भी उनकी खुशी में मुस्कुरा रहा था। कुछ देर तक शोर शराबा करने के बाद वे लोग तैयार होकर डायनिंग रूम में आ गए। आज रामसेवक ने भी हलवे के अलावा तरह तरह की गर्म पकौड़ियां बनाई हुई थी।
” गिल्की ( तोरई) की पकोड़ी!…यह तो मेरी फेवरेट है। रामसेवक जी आपको कैसे पता चला।”, कुमार उत्साहित हो गया जब प्याज और आलू की पकौड़ी के बाद उसे गिलकी की पकौड़ी मिली।
” आपको पसंद है यही बड़ी बात है, वैसे हमारे इलाके में बनाई जाती है यह। और भी कई तरह की पकौड़ी है, खाकर देखिए न!”, रामसेवक ने और पकौड़ियां परोसते हुए कहा। ” यह भुट्टे की है और यह पालक की।”
“अहा, मजा आ गया। “,सभी ने पेट भरकर नाश्ता किया और रामसेवक से नाश्ते की जी भरकर तारीफ़ की।
नाश्ते के बाद वे सभी खाने के सामान पैक करवा कर फिर से जंगल की ओर बढ़ गए।
” ये देखो, वही कल वाली गुलाबी चिड़िया …साथ – साथ उड़ रही है।”,मायरा ने उंगली से इशारा करते हुए कहा।
” कितनी प्यारी लग रही है यह उड़ते हुए।”, प्रभा ने निहारा।
” मैने फिर से इसकी तस्वीर ले ली है। पिछली बार पता नहीं कैसे सेव नहीं हुई थी।”,वनरक्षक ने फोटो देखते हुए कहा। इस बार तस्वीर सेव हो गई थी।
उदय ने उचक कर तस्वीर देखी। ” आज हमें उन्हीं चट्टानों के पास ही छोड़ना जहां कल गए थे।”
” कुछ मिला क्या वहां?”,वन रक्षक ने जिज्ञासा दिखाई।
” अभी तक तो नहीं पर शायद कुछ मिल जाए।”, उदय ने जो कहा देखा जाय तो वह झूठ भी नहीं था।
” ऐसा क्या दिख गया?”, वनरक्षक ने पुनः पूछा।
” कुछ असामान्य है वहां इसलिए आज ठीक से खोजबीन करेंगे।”, उदय ने संक्षेप में उत्तर दिया।
कुछ समय बाद वे सभी चट्टानों के पास आ गए। रोज जैसे निर्देश देकर वनरक्षक और ड्राइवर चले गए। कंधों पर सभी सामान और रस्सियां लटकाएं वे सभी निश्चित स्थान की ओर बढ़ गए जहां कुमार ने गुफा के दरवाजे की बात कही थी।
एक जगह दो पत्थरों के बीच एक छोटा पत्थर अटका देख कर कुमार ने इशारा किया,” यही है।” वह भाग कर वहां गया और उस पत्थर को हिलाने लगा।
” रुक कुमार, मै कद में ज्यादा हूं। मै आसानी से पत्थर तक पहुंच जाऊंगा।”,उदय ने कुमार को एक तरफ कर उस पत्थर को हर तरफ से हिलाने की कोशिश की मगर काफी समय बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। उदय के माथे पर पसीने की बूंदें चमक उठीं।
“मै करता हूं सर।”,कुमार ने विनम्रता से उदय को पीछे किया और फिर से पत्थर घुमाने लगा। पांच मिनट भी नहीं बीते थे कि पत्थरों के नीचे एक रास्ता खुल गया।
इस बार कुमार सावधान था इसलिए वह गुफा में नहीं गिरा।
गुफा में उतरने से पहले प्रभात ने एक विशाल शिला के चारों ओर स्टैटिक क्लाइम्बिंग रोप बाँधकर उसकी मजबूती जाँच ली। सुक्खी ने गाँठों को दोबारा कसकर देखा और फिर एक-एक कर सभी ने अपने सेफ्टी हेलमेट पहन लिए। हेलमेट के सामने लगी हुई एलईडी हेडलैम्प (Headlamp) जल उठी। प्रत्येक के पास कमर पर बँधा हार्नेस, दस्ताने, प्राथमिक उपचार किट, दो-तरफ़ा रेडियो, अतिरिक्त टॉर्च और एक छोटा आपातकालीन ऑक्सीजन कैनिस्टर भी था।
“कोई भी अकेले आगे नहीं जाएगा।” उदय ने सबकी ओर देखते हुए कहा। “दो-दो की दूरी बनाए रखना। जहाँ ज़रूरत होगी वहीं निशान बनाएँगे, ताकि लौटते समय रास्ता न भटके।”
सुक्खी ने प्रवेश द्वार का जीपीएस बिंदु दर्ज किया, फिर एक लाल फ्लोरोसेंट मार्कर से चट्टान पर छोटा-सा तीर बना दिया। प्रभा कैमरे से पूरे प्रवेश द्वार का वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी, जबकि प्रभात हर दस-पंद्रह मीटर पर फ्लोरोसेंट रिफ्लेक्टिव टेप बाँधता जा रहा था। कुमार सबसे आगे नहीं, बल्कि उदय के साथ चल रहा था ताकि यदि उसे पिछली बार की कोई बात याद आए तो तुरंत बता सके।
गुफा के भीतर का तापमान बाहर की अपेक्षा काफी कम था। नमी के कारण पत्थरों पर फिसलन थी, इसलिए सभी सावधानी से कदम रख रहे थे। कहीं-कहीं छत इतनी नीची हो जाती कि झुककर निकलना पड़ता, तो कहीं रास्ता अचानक चौड़ा हो जाता। उनकी हेडलैम्प की रोशनी अँधेरे को चीरती हुई आगे बढ़ रही थी, लेकिन कुछ ही मीटर बाद वह भी निगल ली जाती।
उदय ने धीमे स्वर में कहा, “बिना वजह किसी पत्थर को मत छूना। अगर यह प्राकृतिक गुफा नहीं है तो यहाँ कोई यांत्रिक व्यवस्था या कमजोर संरचना भी हो सकती है। पहले निरीक्षण करेंगे, फिर आगे बढ़ेंगे।”
सभी ने सहमति में सिर हिलाया और सावधानी से अगले मोड़ की ओर बढ़ने लगे।
तभी गुफा के भीतर कहीं से एक आवाज़ गूँजी, ” तो यह बात है!”
Megha
( यह आवाज किसकी है? क्या उन्हें गुफा में कुछ मिल गया है? कुमार के सामने चौथी आवाज किसकी आई थी? गुलाबी चिड़िया उनके साथ क्यों उड़ रही थी। सभी सवालों के जबाव मिलेंगे अगर कमेंट्स बढ़ते जायेंगे।)