ज्योत्सना कपिल का उपन्यास ‘ उर्वशी’ भाग -29

29-

उसने सहानुभूति से उन्हें देखा। वह भावुक होकर कहते जा रहे थे।
” आपको पहली बार देखा, तो सारी रात सो न सके। बार बार आपकी मोहिनी मूर्ति आँखों के सामने घूमती रही। उसके बाद आपका हर प्ले देखा। आपको दूर से देखकर ही हमें सुकून मिल जाता था। फिर सुना कि आपको फ़िल्म का प्रस्ताव मिला है। हमें लगा कि अब आप हमसे दूर हो जाएंगी। आपको खुद से दूर नहीं करना चाहते थे । खो देने का डर … बस इसीलिए शौर्य से आपकी शादी करवाने का गुनाह कर बैठे। “
” ईश्वर अक्सर बेमेल जोड़ियाँ बना देता है। उसे भी मजा आता है ,इंसान के साथ खिलवाड़ करके, उसे तड़पा के। उधर भाभी सा को आपकी कद्र नहीं, इधर शौर्य को मेरी परवाह नहीं। ” उसका स्वर भी भारी हो गया था। उन्होंने पुनः उसे हृदय से लगा लिया।
” मत परेशान होइए, हम हैं न आपके साथ, आपके लिये। ” उन्होंने उसकी पलकों पर अपने अधर रख दिये। फिर उसके मस्तक, कपोल छूते हुए, अपने बेताब अधर, उसके अधरों पर रख दिये। एक सिहरन सी उसके भीतर दौड़ गई। जब उनके होंठों ने उसके गले को छुआ तो एक बेसुधी सी उसपर छाने लगी। वह अपने सारे क्लेश भूल गई और उनके प्रेम को आत्मसात करने लगी। शिखर की व्यग्रता बढ़ती ही जा रही थी, उनके होंठ उसकी देह पर जहाँ तहाँ एक नई इबारत लिख रहे थे और वह बेसुध सी उन्हें अपने हवास पर छाने दे रही थी। अब उसकी बाहें भी उनके गिर्द कस गईं थीं और प्रेम का प्रतिउत्तर देने लगी थी। जब दो प्रेमी, पूरे मन से एक दूसरे को स्वीकार करते हैं, समर्पण करते हैं तो संसार में उससे बढ़कर खूबसूरत और अनमोल कोई वस्तु नहीं। वह पल बेहद कीमती थे। वह दोनों एक दूसरे में डूबकर पूरी दुनिया भूल चुके थे।
सुबह उसकी आँख खुली तो देखा शिखर मोहित से उसे देख रहे हैं। उसके चेहरे पर शर्म की लाली दौड़ गई, उसने उनके रोमिल वक्षःस्थल में अपना चेहरा छुपा लिया। शिखर के लबों पर मुस्कान खेल गई, उन्होंने उसे अपनी बाजुओं में छुपा लिया। फिर उसके केशों को चूमते हुए पूछा
” कोई मलाल ?”
” उहूँ ” उसने इनकार में सर हिला दिया।
” श्योर ?”
” जी, कभी ऐसा भी हो सकता है , इसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी। परन्तु हो गया, तो मलाल भी नहीं है। “
” ओके, अब हम अपने सुइट में जा रहे हैं, आप भी तैयार होकर नाश्ते के लिए आ जाइये। ” वह उठते हुए बोले। उन्होंने पुनः उसके कपोल चूम लिए और फिर वहाँ से निकल गए। वह कुछ देर बिस्तर पर ही पड़ी रही। रात की सारी घटनाएं उसके मस्तिष्क में घूम रही थीं। थोड़ी देर बाद वह उठकर वॉशरूम में चली गई। स्नान करके जब वह उनके सुइट में गई तो वह भी नहा धोकर ऑफिस जाने के लिए तैयार हो चुके थे। वेटर टेबल पर नाश्ता सजा रहा था। दूध, कॉर्न फ्लैक्स, उपमा, कॉफी, फ़ल, बटर ,टोस्ट ,जैम।
उन्होंने उसे सोफ़े पर बैठने का इशारा किया। वेटर के जाने के बाद वह टोस्ट पर बटर लगाने लगी। तब तक शिखर ने एक प्लेट में थोड़ा उपमा सर्व कर लिया। चम्मच में थोड़ा उपमा लेकर उन्होंने उसके मुँह की ओर बढ़ा दिया। उसने भी थोड़ा उपमा उन्हें खिला दिया फिर दोनों चुपचाप नाश्ता करते रहे ।
” दिल तो नहीं कर रहा, पर जाना पड़ेगा, कोशिश करेंगे की जल्दी आ जाएं। ” नाश्ता समाप्त होने के बाद वह बोले।
” आप क्या करेंगी ?”
” देखती हूँ। “
” कहीं घूम आइये। कुछ शॉपिंग कर लीजिये। ” कहते हुए उन्होंने अपने वॉलेट में से क्रेडिट कार्ड निकाल कर, उसकी ओर बढ़ा दिया। उसने इनकार में सिर हिला दिया।
” रख लीजिए, अब आप पर हमारा अधिकार बन गया है। “
” फिलहाल मुझे किसी चीज़ की ज़रूरत नहीं। ” उसके स्वर की दृढ़ता भांपकर वह चुप रह गए।
” चलते हैं, टेक केयर। ” उसका सर थपथपाकर वह बोले और बाहर निकल गए। उर्वशी अपने कमरे में आ गई।
पलँग पर बैठकर वह देर तक टीवी के चैनल बदलती रही। आँखें टीवी पर जमी थीं पर दिमाग ताजे घटनाक्रम की ओर कुलाँचें भर रहा था। अचानक परिस्थियाँ जिस तेजी से पलटी थीं , वह हैरान रह गई। यकीन करना मुश्किल लग रहा था, कि क्या वास्तव में उसने अपने प्रेम को पा लिया है ? सब कुछ स्वप्नवत ही लग रहा था। उनदोनों की अपने प्रेम की स्वीकारोक्ति, उसके बाद की अंतरंगता, सब कुछ कितनी तेजी से परिवर्तित हुआ। इस सबकी तो कभी कल्पना भी नहीं की थी। यह सही हुआ या गलत, इस मसले पर वह सोच ही नहीं रही थी। मन में न कोई मलाल था, न अपराध भावना। अवसाद के जिस दौर से वह गुज़र रही थी, अब क्षीण हो गया था। वापसी का प्रश्न ही नहीं था, बस अब उसे सब कुछ नए सिरे से शुरू करना था। अपना शौक, आत्मनिर्भरता, माता, पिता या भाइयों पर वह बोझ नहीं बनेगी। वे सब, अपने कर्त्तव्य पूरे कर चुके हैं। अब वह उनसे कुछ स्वीकार नहीं कर सकती। राणा फैमली या शिखर से भी उसे कुछ नहीं लेना है, जो करना है अपने दम पर करना है। इन सब विचारों में वह डूबी हुई थी कि तभी उसका मोबाइल बजने लगा। उसने देखा तो पापा का फोन था। तीन दिन से उसने उनसे बात नहीं कि थी, इसीलिए परेशान हो रहे होंगे। पर वह फोन उठाने की स्थिति में नहीं थी। जो परिस्थितियाँ थीं, वह उन्हें बता नहीं सकती थी और झूठ भी नहीं बोलना चाहती थी। अब जो बात होगी, वह घर जाकर ही होगी। कुछ सोचकर उसने मोबाइल उठाया और टाइप करने लगी।

‘ हम सब ठीक हैं पापा। टाइम मिलते ही बात करती हूँ, बाय, टेक केयर।’

जब सबको पता लगेगा कि वह शौर्य से सम्बन्ध समाप्त करके आयी हैं तो सबकी क्या प्रतिक्रिया होगी ? सब उसे समझेंगे, या उसे ही दोष देंगे ? पापा और उमंग तो उसकी भावनाओं को समझेंगे, मम्मी शायद उसे समझाने का प्रयास करेंगी। जितना उन्हें वह जानती है उसके हिसाब से तो वह उन लोगों में से हैं, जो घर को बचाये रखने के लिए हर समझौता करने को तत्पर रहती हैं। पर अब किसी समझौते की वह आगे क्या करेगी ? दिल्ली जाना ठीक होगा या नहीं ? उसे तो बस एक काम आता है, अभिनय , वह करने पर शिखर को अच्छा नहीं लगेगा। हालाँकि अब वह उस परिवार से नाता तोड़ आयी है, उस हिसाब से तो वह जो चाहे करे, उसे अधिकार है। पर गृह त्याग का निर्णय तो उसका है।

क्रमशः

WhatsApp Image 2026-06-16 at 13.30.59 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment