राघवेंद्र सैनी का उपन्यास ‘भलोल ‘ भाग -27

भलोल

भाग -27

मैं हवलदार हरिदयाल सिंह जी को कभी भूल ही नहीं पाया था। मुझे आज भी उनकी लड़ाई से पूर्व की डांट याद है। उनकी बात मेरे जेहन में थी स्टोर को हर तरह से स्थापित करने के बाद मैंने ओ.सी. साहब को इवनिंग क्लासें अटैंड करने के लिए एप्लीकेशन लिखी और सेना की निर्धारित प्रणाली द्वारा प्रस्तुत किया। परमिशन मिली परंतु विदाऊट प्रैजुडिस फ्रीम ड्यूटीज अर्थात स्टोर के सारे कार्य करते हुए मैं क्लासें अटैंड कर सकता हूँ।

मैं इससे भिज्ञ था कि मुझे किसी तरह की रियारत नहीं मिलेगी। मैंने ‘न्यू ऐरा कालेज’ में प्री-यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया। आसान विषयों का चुनाव किया, अंग्रेजी, इतिहास, हिंदी और पोलिटीकल साइंस। शाम 6 से 9 बजे तक क्लासें होतीं थी। आते-आते रात के साढे नौ पौने दस बज जाते थे। नायक घोष साहब मेरे लिए खाना लेकर रखते थे। जैसे-तैसे खाना खाकर निवृत्त होता, रात के दस बज जाते। सेना के नियमानुसार रात के दस बजे तक सभी जवान अपनी चारपाई पर होने चाहिए और लाइटें बंद कर दी जातीं।

मन के भीतर रात को पढ़ने की इच्छा होते हुए भी, इस नियम के रहते मैं पढ़ नहीं पाता था। कालेज में और स्टोर में थोड़ा पढ़ता। इतने से काम नहीं चलेगा, यह मुझे कालेज की आंतरिक परीक्षा से पता चल गया था। अपनी इस समस्या को लेकर मैं हवलदार कर्मचंद जी के पास गया। उन्होंने मुझे देर रात तक लाइट जलाने की परमिशन के लिए एप्लीकेशन देने के लिए कहा और सलाह दी कि परमिशन मिलने पर एक ‘टेबल लैंप’ ले आना जिससे अन्य लोग डिस्टर्ब न हों।

मैंने एप्लीकेशन दी और मुझे देर रात लाइट जलाने की परमिशन मिल गई। अन्य अधिक डिस्टर्ब न हों, एक टेबल लैंप भी ले आया था। कुछ दिन तो ठीक-ठाक चला फिर बाद में जैसे ही मैं दस बजे पढ़ने बैठता, लाइट चली जाती। बाद में पता चला कोई हमारे ब्लॉक का फ्यूज निकाल कर ले जाता है। जब मैं सो जाता चुपचाप फ्यूज लगा भी जाता था। शीत ऋतु का प्रारंभ था, रात को इतनी गर्मी नहीं होती थी, नहीं तो ऐसा करने पर हंगामा हो जाता।

मेरे साथियों ने, जो मेरी पढ़ाई को लेकर खुश थे, बहुत प्रयत्न किया कि उस व्यक्ति को पकड़ा जाए जो फ्यूज निकालने जैसी खराब हरकत करता है परंतु वे इसमें सफल नहीं हुए थे। सभी मैकेनिक थे, पता नहीं क्या करते सिर्फ हमारे ब्लॉक की लाइट जाती थी।

मैंने किसी को कुछ नहीं कहा। बाहर यूनिट की सिक्योरिटी लाइट में पढ़ना शुरू किया। कुछ दिनों बाद पता चला, किसी ने पत्थर मार कर बल्ब तोड़ दिए हैं। उनमें केवल डूडियाँ फंसी रह गई हैं। मैं हृदय से बड़ा दुखी हुआ। मैं इस बात को भूल नहीं पा रहा था कि दिन-रात मेरे साथ काम करने वाले मेरे साथी जवान ही मेरी पढ़ाई में बाधक थे। वे चाहते ही नहीं थे कि मैं आगे पढूँ अथवा जीवन में उन्नति करूँ, नहीं तो वे इस प्रकार की बाधाएँ नहीं डालते।

मैं अपने जीवन के इस बिखराव को समझ रहा था। जैसे-जैसे वे मुझे तंग करते गए, मैं अपनी पढ़ाई को लेकर दृढ प्रतिज्ञ होता गया था। मैंने सोचा था, एक रोज ऐसा आएगा जब मैं पास हो जाऊँगा, मेरे हाथ में सर्टिफिकेट होगा जो इन सबके मुँह बंद कर देगा।

एक काम हमारे प्लाटून हवलदार जी ने और किया। यूनिट लाइन से पंक्तिबद्ध होकर चलने से मुझे छूट दे दी जिससे इस दौरान भी मैं पढ़ना चाहूँ तो पढ़ सकूँ। इसके लिए मैं छोटे-छोटे नोट्स बना कर अपनी जेबों में रख लेता और आते-जाते याद करता था।

“यह छोरा तो बावरा हो रहा सै।” ऐसे कमेंट रोज मेरे कानों में पड़ने लगे थे परंतु मैंने कभी इनकी परवाह नहीं की, “रात को लड़कियों के साथ पढ़ता है, पढ़ेगा क्या खाक?”

कालेज कोएड था। रात को राजिन्द्रा अस्पताल की ओर आने वाली दो लड़कियाँ अपनी-अपनी साइकिलों पर मेरे संग चल रहीं होतीं थीं, इस प्रकार वे स्वयं को सुरक्षित महसूस करती थी। उसी समय रात को डिनर के बाद घूमने निकले मेरे साथी जवान मुझ पर फिकरे कसते। मुझे लड़कियों के साथ देख कर जहाँ वे सीटियाँ बजाते, वहीं कई मेरा रास्ता रोक कर बात करने की कोशिश भी करते थे। मैं समझ नहीं पाता था, सारा दिन मुझ संग काम करने वाले जवान, मेरा रास्ता रोक कर क्या बात करना चाहते हैं। मुझे रुका देख, लड़कियों को थोड़ा आगे जाकर रुकना पड़ता था। वे मुझसे केवल एक ही प्रश्न करते, “मजे ले रहे हो?”

मैं जल्दी से पीछा छुड़ाकर लड़कियों के पास आ जाता। फिर हम वापसी की ओर बढ़ चलते। लड़कियाँ शंकित होकर पूछती, “कौन थे?”

मैं उन्हें कहता, “मेरे साथी जवान थे। मेरी पढ़ाई के लिए पूछ रहे थे कि कैसी चल रही है।”

वे आश्वस्त होकर संग-संग चलती रहती। मैं जवानों की इस मानसिकता को कभी समझ नहीं पाया था कि उनकी नजरों में लड़के-लड़कियों के बीच केवल एक ही संबंध होता है क्या। मन बड़ा दुखी और पीड़ित होता। आज लड़कियाँ शंकित नहीं हैं परंतु कालांतर में जब उन्हें पता चलेगा तब वे क्या सोचेंगी? मेरे साथी ऐसे हैं तो मैं कैसा हूँगा? शंकित वे मेरे प्रति भी हो जाएँगी। अपने प्लाटून हवलदार को कह कर जब अपने अधिकारियों से बात की तब जाकर यह सिलसिला बंद हुआ।

क्रमशः

राघवेंद्र सैनी

WhatsApp Image 2026-06-14 at 20.06.06 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment