मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -19

वहाँ कौन है? (भाग 19)

“इसे बाहर कैसे निकाला जाए? खोह बहुत छोटी है।” कुमार ने इतना धीमे कहा कि केवल सुक्खी ही सुन सका।

सुक्खी ने फिर टॉर्च की रोशनी खोह के भीतर डाली। इस बार दोनों ने स्पष्ट देखा। भीतर कोई गोल धातु की वस्तु आधी पत्थर में धँसी हुई थी। उसकी सतह पर बेहद महीन नक्काशी उभरी हुई थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सदियों की धूल भी उसकी चमक को पूरी तरह ढक नहीं सकी थी।

“सर को बुलाना पड़ेगा।” सुक्खी ने फुसफुसाकर कहा।

कुमार ने हल्का-सा सिर हिलाया। वह बिना किसी घबराहट के सामान्य भाव बनाकर उदय के पास पहुँचा।

“सर… ज़रा इधर आइए। कुछ मिला है।”

उदय ने बिना उनकी ओर देखे इतना ही कहा, “तुम लोग आगे बढ़ो, मैं आता हूँ।”

वनरक्षक और ड्राइवर का ध्यान अभी प्रभात और मायरा पर था, जो गुफा की दूसरी दीवार पर बनी अजीब आकृतियों को देख रहे थे।

कुछ क्षण बाद अवसर देखकर उदय धीरे-धीरे चलते हुए वहाँ पहुँचा।, “क्या मिला?”

कुमार ने टॉर्च की रोशनी खोह के भीतर डाली। उदय के चेहरे का रंग बदल गया।”यह…लगता है कोई धातु की वस्तु है।”

उदय कुछ क्षण उसे देखता रहा। फिर बहुत धीमे स्वर में बोला, “इन दोनों का ध्यान यहाँ से हटाना होगा।”, उसने बिना पीछे देखे प्रभा की ओर हल्का-सा इशारा किया।प्रभा तुरंत समझ गई।

वह ज़ोर से बोली, “सर! ज़रा इधर आइए। यहाँ दीवार पर कुछ चमक रहा है।”

प्रभात भी बात समझ गया था इसलिए वह भी अभिनय करते हुए उधर भागा।, “अरे… यह देखिए! ऐसा लग रहा है जैसे पत्थर के भीतर कोई आकृति बनी हो।”

मायरा ने भी साथ देते हुए कहा,”यहाँ हवा भी अलग महसूस हो रही है… शायद कोई दूसरा रास्ता हो।”

तीनों की आवाज़ सुनते ही वनरक्षक चौकन्ना हो गया, “कहाँ?”

वह और ड्राइवर तेज़ी से उनकी ओर बढ़ गए।

इधर उदय तुरंत घुटनों के बल बैठ गया।उसने दस्ताने पहने और अपनी बहुउद्देश्यीय फोल्डिंग टूल (Multi-tool) से बहुत सावधानी से धातु की वस्तु के किनारे की मिट्टी हटानी शुरू की।
कुछ ही देर में उसका लगभग आधा भाग दिखाई देने लगा। वह वास्तव में एक गोल धातु की पट्टिका थी।

उस पर बेहद जटिल नक्काशी बनी थी। बीच में कमल जैसा एक चिह्न था जिसके चारों ओर वृत्ताकार रेखाएँ घूम रही थीं। किनारों पर ऐसी लिपि अंकित थी जिसे उनमें से कोई पढ़ नहीं पा रहा था।

“लगता है किसी तंत्र का हिस्सा है।”, उदय ने धीरे से कहा।

उसने दोनों हाथों से पकड़कर उसे बाहर खींचने का प्रयास किया।कुछ नहीं हुआ।…उसने थोड़ा और बल लगाया..
फिर भी नहीं। ” अधिक समय से यहीं होने के कारण शायद यह नीचे से जाम है।”

इस बार उसने अलग कोण से पकड़कर घुमाने की कोशिश की।पट्टिका अपनी जगह से एक रत्ती भी नहीं हिली।

उसी समय पीछे से ज़ोरदार आवाज़ गूँजी,”बस! बहुत हो गया।”

सभी चौंककर पीछे मुड़े।वनरक्षक और ड्राइवर उनके बिल्कुल पीछे खड़े थे।वनरक्षक के हाथ में बंदूक थी।उसकी आँखों में अब मुस्कान नहीं थी।, “हमको बेवकूफ़ बना रहे थे?”

ड्राइवर गुस्से से बोला, “उधर हमें पत्थर दिखा रहे थे और इधर खुद खजाना निकाल रहे थे!”

प्रभात धीरे-धीरे पीछे हटने लगा।वनरक्षक गरजा “जहाँ हो वहीं खड़े रहो। किसी ने एक कदम भी आगे बढ़ाया तो गोली मार दूँगा।”

गुफा में अचानक सन्नाटा छा गया।सिर्फ़ सभी की साँसों की आवाज़ सुनाई दे रही थी।उदय ने धीरे से हाथ ऊपर उठा दिए।, “तुम लोग गलत समझ रहे हो।”

“चुप रहो !, बेवकूफ समझा है क्या हमें! “वनरक्षक चीखा।

“अब निकालो उसे जो भीतर छिपा है। पहले तुम लोग निकालोगे… फिर हम देखेंगे।”

उदय ने एक बार फिर पट्टिका की ओर देखा।उसने मन ही मन सोचा कि आगे पता नहीं क्या होगा जो खोज हाथ लगी है ,वह भी चली जाएगी। शायद यहीं से कोई सुराग मिल जाता।

उसी क्षण…गुफा के भीतर अचानक बहुत हल्की-सी मधुर ध्वनि गूँज उठी।पहले किसी ने ध्यान नहीं दिया…फिर ध्वनि धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी। ऐसा लग रहा था जैसे दूर कहीं असंख्य छोटी-छोटी घंटियों की झंकार एक साथ उठ रही हो।

“ये… आवाज़ कैसी है?”,मायरा फुसफुसाई।

अगले ही पल गुफा के भीतर सुनहरे और रूपहले सूक्ष्म कण चमकने लगे।पहले कुछ…फिर सैकड़ों…फिर देखते-देखते पूरा वातावरण उन्हीं कणों से भर गया।

वनरक्षक ने घबराकर बंदूक तानी। “ये क्या है, क्या है यह सब…हो क्या रहा है यह!”

उसकी बात पूरी भी नहीं हुई थी कि कणों का एक चमकता हुआ बादल उसके और ड्राइवर के चारों ओर घूमने लगा।

दोनों ने आँखें ढक लीं। “हटाओ इन्हें… हटाओ!”मगर उदय की टीम सिवाय कुमार के खुद हतप्रभ थी। कुमार ने इस बारे में उन्हें बताया तो था किंतु अपनी आंखों से यह सब देखना …विचित्र अनुभूति थी।

उनकी आवाज़ गुफा में गूँजने लगी।अचानक दोनों की पलकों पर भारीपन उतर आया।अगले ही क्षण दोनों अचेत होकर भूमि पर गिर पड़े।

सुनहरे-रूपहले कणों के बादल उन्हें धीरे-धीरे घेरने लगे।ऐसा लग रहा था जैसे किसी अदृश्य शक्ति ने उनके शरीरों को स्पर्श किया हो।एक पल…दूसरा पल…और अगले ही क्षण…दोनों वहाँ नहीं थे।

“यह क्या, वे दोनों कहां चले गए…?”, प्रभा के मुँह से अनायास निकला।

कुछ ही क्षण बाद पूरा बादल भी धीरे-धीरे विलीन होने लगा। गुफा फिर पहले जैसी शांत हो गई।सभी स्तब्ध खड़े थे।किसी के मुँह से शब्द नहीं निकल रहे थे।

सबसे पहले सुक्खी बोला, “सर… वे दोनों कहाँ गए?यह सब सच में ,कितना अजीब है। पहली बार ऐसा कुछ देखा है, अजीब मगर सुंदर भी! “

कुमार बिना किसी आश्चर्य के गुफा के बाहर की ओर देखने लगा।

“वे जा चुके हैं।”

सबने उसकी ओर देखा।, “तुम्हें कैसे पता?”

कुमार स्वयं भी चौंक गया कि उसने यह बात कैसे कह दी।उसने धीरे से कहा, “मुझे… पता नहीं। बस… ऐसा लगा कि अब उन्हें कुछ याद नहीं रहेगा। उन्हें यही लगेगा कि वे हमें यहाँ छोड़कर बाहर चले गए थे।”

उदय ने हैरानी से उसकी ओर देखा, “तुम ऐसा कैसे कह सकते हो?”, कुमार के पास कोई उत्तर नहीं था। अचानक उदय को कुमार के पूर्वाभास के बारे में याद आया और वह चुप हो गया।

उसी समय गुफा के बाहर उनकी जीप में …वनरक्षक ने धीरे-धीरे आँखें खोलीं।ड्राइवर भी उठकर बैठ गया, “अरे… हम सो गए थे क्या? अभी तक यहीं हैं “

उसने सिर पकड़ लिया।, “पता नहीं।”

वनरक्षक ने चारों ओर देखा।, “उन खोजियों की टीम कहां गई? यहीं तो छोड़ा था हमने। पता नहीं ऐसा क्या खोज रहे हैं जिसके लिए रोज चले आते हैं।

ड्राइवर ने हँसते हुए कहा, “हो न हो, वे लोग उसी खजाने की तलाश में आए हैं जिसकी कहानी बचपन से सुनते आ रहे हैं।”

वनरक्षक मुस्कुराया।, “हमारे बाप-दादाओं ने भी यही किस्से सुनाए थे। पूरी उम्र इस जंगल का चप्पा-चप्पा छान लिया… कुछ नहीं मिला। इतने लोग आए… कोई कुछ नहीं ढूँढ़ पाया। ये क्या ढूँढ़ लेंगे?”

दोनों हँसने लगे। ड्राइवर ने जीप स्टार्ट की और वहाँ से चले

उधर उदय ने खोह की ओर देखा।”अब इसे निकालना होगा।”

वह फिर आगे बढ़ा लेकिन कुमार ने धीरे से उसका हाथ पकड़ लिया।,”नहीं सर।”

“क्यों?”

“मुझे नहीं पता… लेकिन ऐसा लग रहा है… इसे केवल मैं ही बाहर निकाल सकता हूँ।”

गुफा में एक बार फिर गहरा सन्नाटा छा गया।कुमार धीरे-धीरे खोह के सामने बैठ गया।उसने आँखें बंद कीं। अनायास उसकी हथेली उस गोल धातु की पट्टिका पर जा टिकी।उसी क्षण पत्थर के भीतर कहीं बहुत धीमी-सी ‘टक’ की ध्वनि हुई।

पट्टिका पर बनी नक्काशियाँ मंद सुनहरी आभा से चमक उठीं।

इस बार कुमार ने उसे खींचा नहीं। उसने केवल हल्का-सा स्पर्श किया।मानो वह स्पर्श पहचान लिया गया हो।गोल धातु की पट्टिका स्वयं धीरे-धीरे घूमी…फिर बिना किसी प्रयास के खोह से बाहर खिसकती हुई आकर कुमार की दोनों हथेलियों पर ठहर गई।

यह दृश्य भी कम हैरतअंगेज नहीं था। उस पत्रिका पर सुंदर चित्र उकेर हुए थे साथ ही कुछ लिखा भी हुआ था जिसे कुमार पढ़ने लगा।
Megha

( कुमार तो पढ़ लेगा पट्टिका पर क्या लिखा है मगर मै नहीं पढ़ सकती कि सीरीज पढ़के आपके मन में क्या आ रहा है इसलिए कमेंट्स करते रहिए अच्छे अच्छे और हां स्टीकर gif मत डालें उसकी जगह इमोजी भेज सकते हैं पर लिखेंगे भी तो बहुत अच्छा लगेगा क्योंकि आपके मन की भाषा मेरे लिए रहस्मयी नहीं रहेगी। वरना मै भी रहस्य में उलझी रह जाऊंगी तो लिखूंगी कब अगला भाग! 😀😀)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment