भलोल
भाग -28
जनवरी का महीना था। परीक्षा के लिए बहुत कम समय रह गया था। सर्दी बढ़ गई थी। रात होते ही प्रायः धुंध पडनी शुरू हो जाती और तेज हवाएँ चलने लगती थीं। ऐसा होने पर भी दूसरी यूनिट की सिक्योरिटी-लाइट में पढ़ना मेरी मजबूरी थी।
खाना खाते ही, टोपी पहन कर, कंबल ओढ़ कर मैं सिक्योरिटी-लाइट के नीचे आ जाता। कई बार धुंध इतनी होती कि बहुत प्रयत्न करने पर भी कापी पर लिखे शब्दों को पढ़ना मुश्किल होता। एक रोज मैं ऐसी ही कोशिश में था कि एक जानी पहचानी आवाज मेरे कानों में पड़ी, “अरे नरेंद्र, तुम?”
यह मेरे आफिसर कमांडिग मेजर पी.एम. मेनन साहब थे जो अपनी पत्नी संग, बच्चे को प्राम में डाले कहीं से आ रहे थे, “इतनी रात और इतनी सर्दी में तुम यहाँ क्यों पढ़ रहे हो? मैंने तुम्हें रात भर लाइट जलाने की परमिशन दी हुई है। फिर दूसरी यूनिट की सिक्योरिटी लाइट में, क्यों?”
मैं एकाएक उनके प्रश्नों का उत्तर नहीं दे पाया था। मन के भीतर यह बात भी थी कि सत्य बताने का मतलब था सबसे बैर मोल लेना। दोबारा पूछने पर मुझे सत्य बताना पड़ा था कि कैसे दस बजने के बाद फ्यूज निकाल दिया जाता है और सिक्योरिटी लाइट के बल्ब तोड़ दिए गए थे।
आगे बोलते-बोलते मेरा गला अवरुद्ध हो गया था। सुनकर मेजर साहब एकाएक मेरी बात का जवाब नहीं दे पाए थे लेकिन मेम साहब एकदम बोल पड़ी थी। उनके स्वर में जबरदस्त आक्रोश था, “डार्लिंग, क्या तुम कमांड करते हो? एक बच्चा पढ़ना चाहता है और उसे पढ़ने नहीं दिया जाता? इतनी सर्दी है, बीमार पढ़ जाए तो कौन रिस्पोंसिबल है?”
“डार्लिंग, इसने मुझे कभी बताया ही नहीं।”
“एक जवान तुम्हें क्या बताएगा, तुम्हें पता होना चाहिए कि तुम्हारी यूनिट में क्या हो रहा है? यू आर रिस्पोंसिबल फॉर एवरीथिंग इन द यूनिट।”
मेजर साहब ने मेम साहब की बात का कोई उत्तर नहीं दिया था परंतु मुझे कहा था, “आज तुम मेरे कहने पर लाइन में चले जाओ और सो जाओ। कल तुम्हारे पढ़ने का प्रबंध हो जाएगा।”
मैंने, “जी सर।” कह कर मेजर साहब और मेम साहब का अभिवादन किया और लाइन में अपनी चारपाई पर आकर सो गया था।
दूसरे रोज जब मैं वर्कशॉप पहुँचा तो सब जिम्मेदार अधिकारियों की क्लास लगी हुई थी। मैं सीधे स्टोर में जाकर अपने कार्य में व्यस्त हो गया था। मुझे पता नहीं, मेजर साहब ने उन अधिकारियों से क्या-क्या कहा परंतु 12 बजे के करीब मुझे बुलाया गया तो केवल सेना शिक्षा विभाग के मास्टर जी खड़े थे जो जवानों को शिक्षा देने के लिए हर यूनिट में पोस्ट होते हैं।
मैंने मेजर साहब को सैल्यूट किया और आदेश के लिए चुपचाप खड़ा हो गया। मेजर साहब ने बिना किसी भूमिका के मुझे कहा, “मैं तुम्हें मास्टर जी के कमरे में एडजस्ट कर रहा हूँ। वे भी एम.ए. कर रहे हैं। तुम्हें पढ़ने में दिक्कत नहीं होगी। तुम जितनी देर चाहो लाइट जला सकोगे बल्कि अपनी पढ़ाई के लिए मास्टर जी से भी सहायता ले सकते हो।”
“थैंक्यू सर।” मैंने कहा।
“तुम्हारा खाना कौन लाकर रखता है?”
“सर, नायक घोष साहब मेरा खाना लाकर रखते हैं।”
“हूँ, जब तुम कालेज से आकर खाना खाते होगे तो वह बिल्कुल ठंडा हो चुका होता होगा, है न? मैं समझता हूँ, ठंडा खाना तुम खा ही नहीं पाते होगे?”
मैं चुप रहा। मेजर साहब की बात का कोई उत्तर नहीं दे पाया था। देता भी क्या।
“मैंने हवलदारमेजर को आदेश दिया है कि तुम्हारा खाना टिफन में डाल कर मेस ब्वाय मास्टर जी के कमरे में पहुँचा दिया करेगा। मास्टर जी के पास हीटर है। खाना गर्म करके खाने में तुम्हें सुविधा होगी लेकिन पढ़ाई को लेकर तुम मुझे निराश नहीं करोगे।”
“जी, सर।”
“ठीक है, मास्टर जी, मार्च करें।” मेजर साहब ने कहा।
हम दोनों ने सैल्यूट किया और कमरे से बाहर आ गए। उसी शाम मैं मास्टर जी के कमरे में शिफ्ट हो गया।
पढ़ाई को लेकर मैंने मेजर साहब को निराश नहीं किया था। वे दो वर्ष
तक मेरे ऑफिसर कमांडिंग रहे और मैंने दोनों वर्ष उन्हें सर्टिफिकेट लाकर दिखाए। वे बहुत खुश हुए। उन्होंने अपने साथ सोफे पर बैठा कर मुझे रम ऑफर की जिसे मैंने बड़ी विनम्रता से यह कह कर अस्वीकार कर दिया था, “सर, मैं पीता नहीं हूँ।”
मेम साहब ने मुझे गर्म-गर्म चाय पिलाकर भेजा और कहा, “जीवन में चाहे कितनी भी मुश्किलें आएँ, अपनी पढ़ाई मत छोड़ना। उसे पूरा करना।”
मुझे उनकी बात सदा याद रही थी। आज मैंने एम.ए. (हिन्दी) में कर लिया है। मैं मेजर साहब और उनकी मेम साहब के सहयोग को कभी भूल नहीं पाया था। मैं हवलदार हरिदयाल सिंह जी को भी कभी भूल नहीं पाया था। मेरी पढ़ाई के असली सूत्रधार वही थे। वे शहीद न होते तो आज हमारे बीच होते। उनके लिए मेरी आँखें सदा नम रहीं। मैं उनकी स्मृति में सदा नतमस्तक रहा।
मैंने बी.ए. पार्ट-2 की पढ़ाई जारी रखी थी। तभी मेरी पोस्टिंग लद्दाख की फार्वर्ड औरडनैंस यूनिट की आ गई थी। मुझे दो महीने की छुट्टी के बाद सीधे अपनी नई यूनिट में रिपोर्ट करना था। मेरे मूवमेंट आर्डर में लिख दिया था कि छुट्टी के बाद चण्डीगढ़ ट्रांजिट कैंप में रिपोर्ट करें।
जिस रोज मैंने अमृतसर के लिए ट्रेन पकड़नी थी, उसी रोज बाऊजी का लैटर मिला था। विकेश ने फिर पढ़ाई छोड़ दी है। मौसी का पैसा भी बर्बाद किया। अब नौकरी ढूंढ रहा है। बड़े तीनों ने घर को उजाड़ कर रख दिया था। मन दुखी हुआ लेकिन कुछ नहीं किया जा सकता था।
बाऊजी रिटायर हो गए थे। उन्हें बहन की शादी की चिंता थी। वे
जल्दी-से-जल्दी उसकी शादी कर देना चाहते थे। कुछ लड़के देखे भी लेकिन गाँव के थे। बहन गाँव में ब्याह नहीं करना चाहती थी।
फिर होशियारपुर जिले का एक लड़का मिला, उनके पिता तहसीलदार थे। बड़े बेटे की शादी हो गई थी। छोटे की करनी थी। दोनों एन.एफ.एल. में अधिकारी थे और नया नंगल यूनिट में कार्यरत थे। यह 10 दिसंबर, 1966 की बात है। बहन की शादी बाऊजी ने अपने हाथों से की। वे संतुष्ट थे।
छुट्टी के बाद मैंने चण्डीगढ़ ट्रांजिट कैंप में रिपोर्ट किया। उन्होंने हवाईजहाज से लेह भेजा और लेह से मैं अपनी नई यूनिट में पहुँचा। नई यूनिट में जाते ही मेरा प्रोमोशन भी आ गया था। मैं नायक बन गया था। मुझे क्वार्टरमास्टर की ड्यूटी दी गई थी। मैंने घर में पैसे भेजने के लिए माँ के नाम कैमिली अलॉटमेंट करवा दी थी। मेरी सैलरी का 80 प्रतिशत रिकार्ड सीधे थी को भेजने लगा था।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी