वहाँ कौन है? (भाग 20)
सभी साँस रोके कुमार के पास एकत्रित होकर उस गोल धातु की पट्टिका को देखने लगे।
“कितनी अद्भुत नक्काशी है!” प्रभा की आँखों में कौतूहल झलक रहा था। उसने टॉर्च का प्रकाश पट्टिका पर डाला। “ये वृत्ताकार रेखाएँ… और यह किनारों पर जो लिखा है… यह किस लिपि में है? मैंने ऐसी लिपि कभी नहीं देखी।”
कुछ क्षण तक कोई कुछ नहीं बोला। सभी एकटक पट्टिका को निहार रहे थे। कुमार की दृष्टि अब भी उन्हीं अक्षरों पर टिकी हुई थी। उसके चेहरे पर ऐसा भाव था मानो वह उन्हें पढ़ नहीं रहा बल्कि उन्हें याद कर रहा हो।
धीरे-धीरे उसके होंठ हिले।”यहाँ लिखा है…”
सबकी निगाहें उसी पर टिक गईं, “…’जब कुंजी अपने रक्षक के हाथ पहुँचेगी तभी द्वार स्वयं मार्ग देगा। समय आ गया है कि जो स्मृतियाँ पत्थरों में सो रही हैं, वे फिर जागें।'”
गुफा में अचानक ऐसा सन्नाटा छा गया कि सबको अपनी धड़कनें सुनाई देने लगीं।सबसे पहले प्रभात ही बोला, “रुको… तुमने इसे कैसे पढ़ लिया?”
कुमार जैसे नींद से जागा हो। उसने आश्चर्य से सबकी ओर देखा।, “मैं…”, उसने फिर पट्टिका की ओर देखा,”मुझे नहीं पता।”
“मतलब?” सुक्खी ने पूछा।
“मैं सच कह रहा हूँ। मैं इन अक्षरों को पहली बार देख रहा हूँ… लेकिन जैसे ही मैंने इन्हें देखा, इनका अर्थ अपने-आप मेरे मन में उतरता चला गया। ऐसा लगा… जैसे कोई भीतर बैठा मुझे पढ़कर सुना रहा हो।”
उदय बहुत ध्यान से कुमार को देख रहा था।, “क्या तुम्हें पूरा विश्वास है कि तुमने सही पढ़ा?”
“हाँ… लेकिन कैसे पढ़ा, यह मैं खुद नहीं जानता।”
प्रभा ने पट्टिका अपने हाथ में लेकर फिर उन अक्षरों को देखने की कोशिश की।, “मेरे लिए तो यह केवल टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएँ हैं।”
सुक्खी ने भी देखा, “मुझे तो लगता है किसी ने गोल-गोल कीड़े बना दिए हैं।”
तनावपूर्ण वातावरण में भी प्रभात मुस्कुरा दिया।उदय ने पट्टिका को सावधानी से हाथ में लिया। उसने दस्ताने पहने हुए थे।
“ये किसी ज्ञात भारतीय लिपि जैसी नहीं लग रही। न ब्राह्मी… न शारदा… न खरोष्ठी… न ग्रंथ…।”
वह कुछ क्षण सोचता रहा, “लेकिन इसकी संरचना बहुत व्यवस्थित है। हर चिह्न का क्रम निश्चित है। इसका अर्थ है कि यह किसी विकसित भाषा की लिपि रही होगी।”
“तो इसका नाम क्या होगा?” मायरा ने पूछा।
उदय ने सिर हिलाया, “हम अनुमान ही लगा सकते हैं।”
कुमार अनायास बोल पड़ा, “दीप्ताक्षर…”
सबने एक साथ उसकी ओर देखा।
“क्या?”
“…इस लिपि का नाम दीप्ताक्षर है।”, इस बार कुमार स्वयं चौंक गया,”मैंने… यह कैसे कह दिया?”
उदय के चेहरे पर गंभीरता उतर आई, “तुम्हें सचमुच कुछ याद नहीं?”
“नहीं सर।”
“लेकिन तुमने अभी इसका नाम भी बता दिया और अर्थ भी।”
कुमार चुप रहा।उसके पास कोई उत्तर नहीं था।
उदय ने गहरी साँस ली, “फिलहाल इसे यहीं छोड़ो।”
उसने पट्टिका को मुलायम कपड़े में लपेटकर अपने सुरक्षित बैग में रख दिया,”अब देखते हैं कि इस ‘कुंजी’ का संबंध किससे है।”
उसने टॉर्च से इधर–उधर निरीक्षण करना शुरू कर दिया।गुफा भीतर की ओर धीरे-धीरे सँकरी होती जा रही थी। ऊपर छत से पानी की बूँदें लगातार टपक रही थीं।कहीं-कहीं चट्टानों पर सफेद कैल्साइट की परतें चमक रही थीं।
प्रभात ने टॉर्च ऊपर घुमाई।
“देखिए सर…”, छत से लटकी लंबी पत्थर की संरचनाएँ चमक रही थीं।
“स्टैलेक्टाइट्स…” उदय ने कहा, “और नीचे जो ज़मीन से ऊपर उठ रहे हैं, वे स्टैलेग्माइट्स।”
“मतलब हजारों साल से पानी टपकता रहा होगा?” प्रभा ने पूछा।
“हाँ।”
उदय ने उत्तर दिया, “एक सेंटीमीटर बनने में भी कई दशक लग जाते हैं। इसका अर्थ है कि यह गुफा अत्यंत प्राचीन है।”
वे धीरे-धीरे आगे बढ़ते गए।अचानक गुफा थोड़ा चौड़ी हो गई।सामने पत्थरों की एक विशाल दीवार खड़ी थी लेकिन यह प्राकृतिक नहीं लग रही थी। मानो किसी ने बड़े-बड़े शिलाखंडों को जोड़कर उसे बनाया हो।
मायरा धीरे से बोली, “उदी… यह दीवार नहीं…”
उदय ने टॉर्च का प्रकाश ऊपर डाला।दोनों ओर चौखट जैसी सीधी रेखाएँ स्पष्ट दिखाई दे रही थीं। बीच में वही वृत्ताकार चिह्न उभरा हुआ था जो पट्टिका पर बना था।
उदय की आँखें फैल गईं, “यह… दरवाज़ा है।”
सभी कुछ क्षण उसे देखते रह गए। कोई कुछ नहीं बोला।
सबकी दृष्टि उस विशाल पत्थर के द्वार पर जमी हुई थी। उसके मध्य बना गोलाकार स्थान और उदय के बैग में रखी धातु की पट्टिका का आकार लगभग एक जैसा था।
सबसे पहले सुक्खी ने ही चुप्पी तोड़ी, “सर… क्या हम उस पट्टिका को यहां लगाकर देखें?”
उदय ने तुरंत सिर हिला दिया, “नहीं।”
“क्यों?”
“क्योंकि हमें नहीं पता कि यह वास्तव में कुंजी है या केवल प्रतीक। अगर यह किसी यांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है और हमने बिना तैयारी के इसे सक्रिय कर दिया तो पता नहीं इसके बाद क्या होगा।”
प्रभात ने सहमति में सिर हिलाया, “सही कह रहे हैं सर। पिछली बार भी बिना सोचे-समझे ही कुमार नीचे गिर गया था।”
मायरा धीरे-धीरे द्वार के पास पहुँची। उसने हथेली पत्थर पर रखी, “अजीब है…”
“क्या?”
“इसका तापमान बाकी दीवारों जैसा नहीं है।”
उदय भी आगे आया। उसने डिजिटल इन्फ्रारेड थर्मामीटर से तापमान मापा।
“बाकी चट्टानों का तापमान सत्रह डिग्री है… लेकिन इस द्वार का केवल ग्यारह डिग्री।”
“इतना अंतर?”
“हाँ।”
सुक्खी ने तुरंत थर्मल कैमरा निकाल लिया।।कुछ ही क्षण बाद स्क्रीन पर द्वार का चित्र उभर आया। सभी हैरानी से देखने लगे।
पूरे पत्थर का तापमान लगभग समान था लेकिन बीच का गोलाकार भाग बाकी हिस्से से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहा था। उसके चारों ओर वृत्त की आकृति में हल्का तापीय अंतर स्पष्ट था।
“सर… इसका मतलब इसके पीछे खाली जगह है।”
उदय ने सिर हिलाया, “संभव है।”
प्रभा ने कैमरे से लगातार कई तस्वीरें लीं और कहा, “अगर यह सचमुच दरवाज़ा है तो इसके पीछे कोई दूसरा कक्ष होना चाहिए।”
“और हो सकता है वही इस पूरी गुफा का मुख्य भाग हो।” प्रभात बोला।
कुमार अब भी चुप था।उसकी दृष्टि उसी वृत्ताकार स्थान पर टिकी हुई थी।
“क्या हुआ?”, उदय ने पूछा।
“कुछ नहीं…”, कुमार ने उत्तर तो दे दिया लेकिन वह जानता था कि उसने सच नहीं कहा। उसे कुछ महसूस हुआ था मगर क्या? यह उसे खुद समझ नहीं आ रहा था।
उदय ने घड़ी देखी।, “हमें यहाँ बहुत देर हो चुके हैं।”
“सर…” सुक्खी बोला, “क्या आज यहीं तक?”
“हाँ।”
“लेकिन…”
“नहीं।”, उदय की आवाज़ दृढ़ थी।, “अभी हमारे पास पर्याप्त जानकारी नहीं है। आज जितना देखा है, पहले उसी का विश्लेषण करेंगे। बिना योजना के आगे बढ़ना ठीक नहीं होगा।”
किसी ने विरोध नहीं किया। वे सभी वापस लौटने लगे।कुछ ही मिनट बाद वे रस्सियों तक पहुँच गए।एक-एक करके सब ऊपर चढ़ने लगे।सबसे अंत में उदय बाहर आया।गुफा से बाहर निकलते ही सबने राहत की साँस ली। जंगल की ताज़ी हवा जैसे उनका स्वागत कर रही थी।
उसी समय प्रभा की नज़र सामने वाली चट्टान पर पड़ी।
“देखो…”
सबने उधर देखा।वही गुलाबी रंग की छोटी-सी चिड़िया।आज भी वह बिल्कुल उसी तरह बैठी थी जैसे उन्हें पहले दिन दिखाई दी थी। उसकी लंबी गुलाबी पूँछ हवा में धीरे-धीरे हिल रही थी।वह उड़ नहीं रही थी।बस शांति से उन्हें देख रही थी।
“लगता है इसे हमारी आदत हो गई है।” प्रभात मुस्कुराया।
“मुझे तो लगता है कि इसे हमारा ही इंतजार था , तभी तो देखो..कैसे देख रही है हम सभी को।”, मायरा ने पानी की बतल से एक घूंट पिया।
ऐसा लगा चिड़िया ने जैसे उनकी बात सुन ली हो।वह धीरे-धीरे फुदकती हुई चट्टान से नीचे उतरी फिर बिना किसी डर के सीधी कुमार की ओर बढ़ी।अगले ही क्षण वह हल्की-सी उड़ान भरकर सीधे कुमार के कंधे पर आ बैठी।
“अरे…”, सुक्खी की आँखें फैल गईं,”इसे तो इंसानों से बिल्कुल डर नहीं लगता!”
कुमार भी बिल्कुल स्थिर खड़ा था।चिड़िया ने अपनी छोटी-सी लाल चोंच से उसके गाल को हल्के से छुआ।
अनायास कुमार मुस्कुरा दिया।”पता नहीं क्यों…”वह बहुत धीमे बोला,”…लगता है मैं तुम्हें पहले से जानता हूँ।”
उसने बहुत प्यार से अपनी उँगलियाँ उसके मुलायम पंखों पर फेरीं।चिड़िया ने आँखें कुछ क्षण के लिए बंद कर लीं।फिर अचानक उसने पंख फैलाए।एक मधुर स्वर निकाला…और अगले ही क्षण नीले आकाश में विलीन हो गई। सभी कुछ देर तक उसे उड़ते हुए देखते रहे।
“मै सच कहूँ…” प्रभा बोली, “आज पहली बार किसी जंगली पक्षी को इंसान के साथ इतना सहज देखा है।”
उदय ने कुछ नहीं कहा लेकिन उसने यह बात उसके मन में कहीं बैठ गई।
शाम तक वे सब गेस्ट हाउस लौट आए।दिनभर की थकान अब उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रही थी।कमरे में पहुँचते ही उदय ने सबसे पहले अपना बैग खोला।
उसने बड़ी सावधानी से धातु की पट्टिका बाहर निकाली।कुछ क्षण उसे देखता रहा।फिर उसी अलमारी के लॉकर में रख दिया…जहाँ पहले से नीला कंगन सुरक्षित रखा था।जैसे ही पट्टिका कंगन के पास रखी गई…एक क्षण के लिए दोनों वस्तुओं पर बहुत हल्की-सी चमक उभरी।इतनी क्षीण…कि उदय को लगा शायद यह उसकी आँखों का भ्रम हो।उसने लॉकर बंद किया।चाबी घुमाई और बिना कुछ सोचे कमरे से बाहर निकल गया।
खाना खाकर सभी लोग अपने बिस्तरों पर सोने चले गए ।रात गहरा चुकी थी।गेस्ट हाउस में सन्नाटा पसरा हुआ था। अचानक आधी रात के बाद…नीले कंगन से नीली आभा धीरे-धीरे फैलने लगी।कंगन हल्का-सा काँपा।वह लॉकर की सीमा से बाहर आने लगा।लेकिन उसी क्षण…धातु की पट्टिका की नक्काशियों के बीच से अत्यंत कोमल सुनहरी-रूपहली आभा फूट निकली।
दोनों आभाएँ आमने-सामने थीं..नीली और सुनहरी।
कमरे में कोई ध्वनि नहीं थी फिर भी ऐसा लग रहा था जैसे दोनों के बीच कोई मौन संवाद चल रहा हो।
नीला कंगन आगे नहीं बढ़ा।वह वहीं ठहर गया
उसकी नीली चमक कुछ क्षीण पड़ गई।सुनहरी-रूपहली आभा धीरे-धीरे पूरे लॉकर में फैल गई।कुछ देर बाद दोनों की रोशनी एक साथ मंद होती चली गई और कमरा फिर से गहरे सन्नाटे में डूब गया।
Megha
( ऊं हूं, आप लोग किसी एक दिन कमेंट करते हो फिर पता नहीं कहां बारिश में प्याज के पकौड़े खाने चले जाते हो। ऐसा थोड़ा ही होता है कि पढ़कर बिना कमेंट किए चले जाओ।)