नीना अंदोत्रा का उपन्यास सरोरुह – भाग -9

सरोरुह

भाग -9

सुकून की उम्र इतनी-सी!

 

समय मोहब्बत के साये में बीत रहा है। चंदर के मन में चंदों से मिलने के ख़याल मचलते रहते हैं, तो वहीं चंदों प्रेम वेग में बहती हुई कभी अलसा जाती तो कभी अपनी दिनचर्या का नियम बदल देती। दिन अच्छा निकल आया, सुबह जल्दी उठने वाली चंदों अभी तक सो रही है और उसके सोने से सारा घर सो रहा है। हर घर किसी एक व्यक्ति विशेष से जागता और सोता है और केशो दास का घर चंदों के साथ जागता और सोता है। सब काम रुककर उसके क़दमों की आहट का इंतज़ार कर रहे हैं।
केशो दास समझ चुके हैं कि आज उनकी लाडली दुनिया से बेख़बर नींद की गोद में चैन से सो रही है, पर समय कब किसी भी रिश्ते की परवाह करता है। समय का काम है अपनी गति से दौड़ना, इस दौड़ में उसके साथ किसी ने क़दम मिलाया या पीछे रह गया इससे वक़्त को कभी कोइ फ़र्क़ नहीं पड़ता है।
पूरे आँगन में सूरज मीठी धूप लेकर बिछ गया है। केशो दास ने चारपाई पर बैठे हुए चंदों को आवाज़ दी पर जब वह न उठी तो कमरे में जाकर उठाना ज़रूरी समझा। कमरे में पहुँचते ही केशो दास की नज़र चंदों से लिपटे चिंटू पर पड़ी। माँ-बेटा अपनी छोटी-सी दुनिया लेकर सोये हुए हैं। बरामदे की दुनिया में और कमरे की दुनिया में ज़मीन-आसमान का अन्तर है। कमरे के भीतर जैसे पूरी दुनिया समाई है और बरामदे में एक ठूंठ हो चुका पेड़ जो सिर्फ़ ज़मीन से उखड़ जाने की प्रतीक्षा में है। केशो दास बेटी को सुकून से सोते हुए देख रहे हैं। वह बेटी का यह सुकून छिनना नहीं चाहते, पर वक़्त कहाँ मनमर्ज़ियाँ करने देता है।
‘चंदो…कुसले दा बडलै ओया, उठाना नी..।’ पिता ने बेटी का सिर सहलाते हुए कहा। चंदों की आँखों के किवाड़ सामान्य से ज़्यादा खुल गए। इतने सालों बाद पिता का यूँ सहलाना कुछ पल के लिए बचपन की ओर ले गया, पर कमरे तक आती रोशनी ने उसके पैर बचपन की ज़मीन पर ठहरने न दिए। जिम्मेदार व्यक्ति एक पल भी व्यर्थ नहीं गवाना चाहता और न ही कभी चाहता है कि उसके कारण उसके किसी अपने को कोई ज़रा सी भी परेशानी हो और चंदों के मन में यह बात आँखें खोलने से पहले ही आ गयी कि उसके देर तक सोने से उसके पिता को उसके हिस्से के कामों से निपटना पड़ा होगा I
‘जाग की नी आयी।’ बुदबुदाती हुई चंदों ने चिंटू का सिर सहलाया और बरामदे में आ गयी।
‘कोई बात नहीं, आराम से कर लो, जो भी काम है, कुछ मैंने कर दिए हैं।’ केशो दास बोलते हुए चूल्हे से हुक्के की चिलम में आग डालने लगे।
आज कितने सालों बाद उसके बाऊजी ने सारे काम किए। छल्ली की रोटियां और गोभी की कढ़ी बना दी। घर के सब काम कर दिए गए, जिसे केशो दास ने थोड़े बहुत काम कहा था, जिसे देखकर चंदों हैरान हो गई।
चंदों को आज भी याद है कि उसकी माँ के गुज़र जाने के बाद उसके बाऊजी ने सिर्फ़ उसके लिए घर और बाहर के कामों को संभाल लिया था और जब बाऊजी तवे पर उंगलियां जला लेते तो वह भगवान से मन ही मन कहती थी कि उसे जल्दी से बड़ा कर दे ताकि वह तवे पर रोटियां बना सके। हर बचपन को बड़े होने की लालसा बिलकुल ऐसे होती है जैसे बड़े होकर उनके हाथ में जादू की छड़ी आ जायेगी जिससे वह सब कुछ अपने मन मुताबिक़ कर सकेंगे पर बड़े होने पर हकीक़त की छड़ी से जब वास्ता पड़ता है तब जीवन का सार समझ आता है I
वक़्त कुछ हक़ीक़तें तो कुछ सपने लेकर दौड़ रहा है। ज़िंदगी रोज़ की तरह चल रही है। चंदर के गुड मॉर्निंग मैसेज का रिप्लाई कर चंदों अपनी दिनचर्या शुरू करती है। आज कोई हड़बड़ी नहीं है, इसलिए चूल्हे के पास बैठ सबने तसल्ली से नाश्ता किया। चंदों बूढ़े पिता को खाना खाते हुए बीच – बीच में ध्यान से देखती तो पिता उसे पहले से ज्यादा कमज़ोर दिखते I यही पिता थे जिनकी उंगली थामे वह पूरा गाँव घूमती थी I उसने हमेशा अपने पिता की आँखों में हैसियत से बढ़कर उसके उज्जवल भविष्य के सपने देखे थे I यही सपने चंदों के लिए उर्जा साधन थे I
चंदों ही नहीं केशो दास भी अपने बचपन को याद कर रहे हैं। सर्दियों में उनकी माँ चूल्हे पर मक्के की रोटियाँ बनाया करती थीं और वह सब भाई-बहन माँ के इर्द-गिर्द बैठकर खाना खाते थे। घोर गरीबी होते हुए भी उन दिनों रिश्तों में मिठास थी I एक सादा जीवन जीकर संतोष था जीवन में I माँ जो कभी थकती ही नहीं थी, न चूल्हे चौंके से न बाहरी काम से I कितनी गर्माहट थी उन दिनों रिश्तों में, उसी गर्माहट को केशो दास ने वर्षों बाद आज अपने चूल्हे के पास महसूस किया। चंदों में केशोदास को अपनी माँ को देखते हैं, यही स्नेह तो माँ से मिलता था उनको जो आज बेटी से मिल रहा है I
चंदों ने नाश्ता कर, चिंटू को तैयार किया और बाऊजी को शाम को मिलते हैं बोलकर घर से बाहर निकल गयी। हर दिन अपने साथ कुछ तय किए हुए वादे लेकर आता है, चाहे वो वादे दिल से निभाएं जायें या अनमने मन से, पर निभाने पड़ते हैं। जैलदारों के घर पर काम करना चंदों के लिए एक ऐसा वादा था जिसे उसने कभी किया नहीं था पर अपने पिता के कहने पर हर दिन वह निभा रही है।
हवेली पहुँची तो चंदों ने महसूस किया, झर-झर करती हवेली आज कुछ ज्‍़यादा ही उदास है। बड़े जैलदारजी बरामदे में लगी आरामदायक कुर्सी पर बैठे हैं, पर मन में आराम नहीं। बेचैनी की टीस है, जो आँखों के समंदर को बीच-बीच में उछाल रही है। जानकी अपने कुछ कपड़े और दोनों बच्चियों का सामान बिखेर कर अपने कमरे में बैठी हुई है। दो बड़े सूटकेस अपना मुंह खोले फैले हुए हैं।
सबका कहना है कि बेटी का अपना घर है। ब्याह करके गई है, इसलिए उसे अपने घर जाना चाहिए। कोई ख़ैर-ख़बर लेता है या नहीं, इन सब बातों को नजऱअंदाज़ कर उसको हक़ से वहाँ रहना चाहिए। बड़े जैलदार जी का मन समाज की इन बातों को स्वीकार नहीं करता, पर खुल कर कुछ कहने की अवस्था में भी नहीं हैं वे, इसलिए जानकी दुखी मन से सामान पैक कर रही है।
मौन मन का तूफ़ान उसी के हिस्से आता है, जिसका मौन होता है और यह तूफ़ान समय से पहले ही ख्‍़वाहिशों, ख़ुशियों का विनाश कर देता है। इस समय यह तूफ़ान चार लोगों के भीतर ठहर गया है। चंदों जो सब जानकर जानकी को गले लगाने की हिम्मत नहीं कर पा रही है, दूसरे बड़े जैलदार साहब जो समाज का विरोध करना चाहते हैं, पर समाज ने जैसे उनकी ज़ुबान और हिम्मत को कील दिया, तीसरी थी बड़ी जैलदारनी जो अपनी विधवा बेटी की ज़िंदगी को रेंगते हुए देख रही हैं और चाहती हैं कि किसी तरह से उनकी बेटी के जीवन में खुशियां आ जाएं, जबकि जानती वे भी हैं कि यह इतना आसान नहीं है। मन के तूफ़ान को शांत करने के प्रयत्न करती हुई बड़ी जैलदारनी चंदों को काम बताती हुई बीच-बीच में जानकी के कमरे में जाकर बैठ जातीं। आँखें ख़ामोश, ज़ुबान ख़ामोश और मन में सवालों का तूफ़ान और इस तूफ़ान की वेगमयी आँधी में जो बह रही है, वह है जानकी।
‘यह सब अचानक से ? कल तक तो ऐसी कोई बात नहीं हुई थी।’ जानकी को कमरे में अकेले देख चंदों ने हैरानी प्रकट करते हुए कहा। आँखें बचपन की सहेली से मिली तो मौन तूफ़ान की तेज़ धार बारिश में बदल गई। जिन घरों में बेटियों का पालन पोषण एक औरत समझ कर किया जाता है उनके लिए उनकी जुबान सबसे ज्यादा अपने हित में ही नहीं खुलती है I जानकी को भी तो एक पारम्परिक परिवार से मर्यादा, इज़्ज़त जैसे जेवर मिले थे जो आज उसे ही काट रहे हैं I दर्द ज़ुबान खोलना चाहता है पर इस जुबान को कौन समझेगा यह प्रश्न उसे बोलने न देता I
‘कुछ भी अचानक नहीं घटता है चंदो, हर घटना बहुत समय से पहले घटने की तैयारी में जुट जाती है और जब वह अपने रूप में सामने आती है तो हम सबको लगता है कि सब कुछ अचानक हुआ है।’ जानकी ने भारी आवाज़ में कहा, जिसे सुन चंदों को चारों तरफ़ से शोर सुनाई देने लगा- ‘दुख हो या सुख, शादी के बाद लड़की को ससुराल में ही रहना चाहिए, ‘सहन नहीं होता, तो लड़ना सीखो, साम, दाम, दण्ड, भेद की नीति को अपनाते हुए अपने ही घर में बने रहने से इज्जत है। ‘अपनी कमी भी तो देखनी चाहिए ना, एक बेटा हो जाता तो…!!’ इन तानों से चंदों का ही दम घुटने लगता था, तो फिर जानकी का हाल क्या होता होगा!!
‘ऐसे वह बुत की तरह बैठने से क्या होगा ? जब तुम्हारा मन नहीं है जाने का तो क्यों उस मरुस्थल में पानी की तलाश करने जाना जिसके बारे में कम से कम तुम तो अच्छी तरह से जानती हो कि वहाँ पानी सूख चुका है I’ चंदों के विरोध ने छलांगे मारते हुए कहा I
‘नहीं बोला जाता मुझसे I मेरी जुबान बाऊ जी के बुढ़ापे के आगे लडखडा जाती है आख़िर इस उम्र में वह कितना सहन करें I’ जानकी की आँखों की नमी वो सब भी कह गयी जिसे जुबान कह नहीं पाई I विचारों की गति इतनी तेज़ होती है कि एक पल में सदियों का सफ़र तय हो सकता है। चंदों कभी जानकी को भरे-पूरे परिवार में अकेली देख रही है, तो कभी वह उसको तिरस्कार के ज़हर को धीरे-धीरे पीते हुए देख रही है, कभी उसकी आँखों के सामने बचपन की चंचल सखी चली आती है, कैसे उसकी मुस्कान छिन गई!!
चंदों चाहती है कि वह विरोध कर दे, जानकी को उसका हक़ दिलाए, मगर इस घर में उसकी हैसियत ही क्या है!! वह अपनी हैसियत के बारे में सोचने लगी, तभी जानकी ने उसकी हथेली को अपनी दोनों हथेलियों के बीच में रखकर कहा, ‘चंदो, अगर मुझे कभी कुछ हो गया, तो तू मेरी बेटियों की देखभाल अपने चिंटू की तरह ही करेगी, वादा कर।’
चंदो एकटक उसकी आँखों में देखती रही, हरेक बात कहने की जरूरत नहीं होती। सामान सब पैक हो चुका है। कमरा चुप है। दो दिन बाद जानकी को अपने घर जाना है, वो अपना घर जहाँ पर कोई भी उसका अपना नहीं है, कोई उसके इंतज़ार में नहीं है। सबसे खराब होता है वहाँ जाना, जहाँ किसी भी आँख में इंतज़ार नहीं दिखता।
चंदों के घर जाने का समय हो गया, पर एक बेचैनी है, जो उसे जानकी के कमरे से बाहर नहीं जाने दे रही। कितनी बार वह दरवाज़े तक जाती और लौट कर उसके पास बैठ जाती। जब चुप ना रहा गया तो उसने जानकी का हाथ अपने हाथ में ले लिया।
‘तुम मुझे अपना समझती हो ना ?’
‘यह भी कोई पूछने वाली बात है। हम बचपन से साथ हैं और देखो हमारे नसीब भी एक जैसे हैं।’ बोलते हुए जानकी की आँखें कम-ज्यादा भीगने लगीं।
‘तुम मुझसे वादा करो। हर रोज़ मुझे फ़ोन करोगी। हर बात मुझे बताओगी, हर बात मतलब हर बात।’ चंदों ने अपनी आख़िरी बात पर ज़ोर देते हुए कहा। जानकी को हाँ में सिर हिलाते देख उसने फिर से कहा, ‘सिर मत हिलाओ, मुझसे बात करो। तुम हर छोटी से छोटी बात मुझे बताओगी और सबसे ज़रूरी बात यह कि कभी ख़ुद को अकेला नहीं समझोगी। मैं तुम्हारे साथ हूँ और रहूँगी। यह हमेशा याद रखना।’
‘कितना बड़ा आश्वासन है यह कि तुम अकेली नहीं हो।’ किसी भी टूटे हुए अकेले व्यक्ति को अकेला नहीं होने देता। जीवन से हारे हुए इंसान को मुट्ठीभर उम्मीद ही तो चाहिए होती है और यह मुट्ठीभर उम्मीद मैं हमेशा अपने पास रखूंगी I’ बोलते हुए जानकी चुप हो गई पर उसकी आँखें चंदों को बेचैन कर रही हैं। वह चाहती है कि इस उम्मीद के बीज को वह संभाले, यकीन करे कि एक दोस्त है, उसके लिए हमेशा हमेशा। उसने जानकी के कंधों को पकड़कर, उसकी आँखों में आँखें डालकर कहा, ‘मैं तब तक घर नहीं जाऊंगी, जब तक तुम मुझसे वादा नहीं करती कि तुम कभी भी हार नहीं मानोगी।’ हारने का मतलब चंदों समझती थी इसलिए मन में एक डर था कहीं जानकी हारती हुई जीवन युद्ध से न हार जाये I
‘मैं तो उस दिन ही हार गई थी चंदो जिस दिन मुझे सफ़ेद लिबास ओढ़ना पड़ा था।’
‘ज़िंदगी सिर्फ़ एक व्यक्ति तक ही होती है क्या ? तुम जानती हो, तुम्हारी इस हार का असर तुम्हारी बेटियों पर क्या होगा ! और क्या हो गया अगर वक्‍़त ने यह सफ़ेद लिबास दे दिया तो!’
‘बताओ कितना साथ दे सकती हो तुम मेरा ? क्या ज़रूरत पड़ने पर मिलने आ सकोगी मुझसे ?’
‘मिलने भी आऊंगी और ज़रूरत पड़ी तो तुम्हें वहाँ से लेकर भी आऊंगी। तुम बस समाज के बंधनों के विरुद्ध जाने की हिम्मत रखना। तुम इस बात को समझ लो कि तुम अकेली नहीं हो, मैं हर हाल में तुम्हारे साथ हूँ।’
एक वादा लेकर चंदों जानकी के कमरे से बाहर आ गई। दोनों भाभियां बाहर के बरामदे में बैठकर शाम की चाय का आनंद ले रही हैं। बड़ी जैलदारनी टेलीविजन में सत्संग देख रही हैं, जानकी एक नए संघर्ष के लिए ख़ुद को तैयार कर रही है और चंदों सोच रही है, सुकून की उम्र इतनी-सी क्‍यों होती है! क्यों हर इंसान झूठ से इतना बंधा हुआ है कि वह सच को देखना ही नहीं चाहता है I जबकि सच घर के हर सदस्य को पता है और वो यह है कि जानकी नहीं जाना चाहती तिरस्कार की दुनिया में पर अपनों का बोझ इतना ज्यादा है कि वह चाहकर भी बोल नहीं पा रही I चुप्पी की घुट्टी जो कुछ घरों में पैदा होते ही बेटियों को पिलाई जाती है वही घुट्टी एक दिन उन बेटियों को तिल तिल कर मरने पर मजबूर कर देती है I समाज का इतना डर कि बेटियों को किसी भी कुएं में फैंक दो आख़िर यह डर आया कहाँ से, क्यों बेटी की ख़ुशी चुनने से पहले माता – पिता समाज की बनाई झूठी इज़्ज़त चुनते हैं I बेटी के मन मार कर रहने से ही क्या अविभावक की इज़्ज़त बनी रहेगी I बेटी की कावलियत पर आख़िर क्यों संस्कारवान होने की पॉलिश चढ़ा दी जाती है और झूठी पॉलिश को फिर जानकी जैसी बेटियां अपना सवरूप मान बैठती हैं जबकि यह वास्तविक सवरूप नहीं है I यह तो समाज और अपनों का दिया हुआ ड़र का रंग होता है जो हाड़ – मास में रच बस जाता है जिसे रगड़कर छुड़ाने की जब ज़रूरत होती है तो कोई अपना साथ खड़ा नज़र नहीं आता है जबकि इसके लिए पहल उन अपनों की ही होनी चाहिए जिनकी वजह से वक़्त के साथ यह रंग गहरा हुआ होता है I काश ! हर अपना इस सच को समझ सकता तो शायद ये झूठे आडम्बर के रंग गाढे होने की जगह फीके होते जाते I
कब, कहाँ और कैसे
चंदर से बातों का सिलसिला जारी रहता। चंदों जितनी शांति से मन की पीड़ा को चंदर की हथेली पर रखती, चंदर उतनी ही गंभीरता से अपने स्नेह से उसे सहला लेता। बातों-बातों में चंदर जान चुका है कि चंदों सुविधाओं से दूर जम्मू के सीमावर्ती गाँव की रहने वाली है और जो सबसे खास बात थी चंदों के बारे में जानने वाली वह यह कि वह हिम्मती है और चंदर उसके इसी स्वभाव का मुरीद होता चला गया।
‘अगर तुम्हारी सहेली किसी कारण से अपनी ससुराल में नहीं रह सकी तो क्या तुम अपना वादा निभा पाओगी।’ चंदर ने चंदों को बीच में ही टटोलते हुए पूछा।
‘बिल्कुल निभाऊंगी, दिक्कत ही क्या है निभाने में। उसे इस समय सिर्फ़ ज़रा-से सहारे की ज़रूरत है।’ चंदों ने गंभीर होते हुए जवाब तो दे दिया पर खुद को इस सवाल से न बचा सकी I
‘किस तरह का सहारा दे सकती हो तुम उसे।’
‘जो भी समय की मांग होगी… मैं बस उसके साथ खड़ी रहना चाहती हूँ। मैं चाहती हूँ कि वह अपनी पढ़ाई पूरी करे।’ चंदों की आँखों के सामने सुबोध जानकी थी, जिसे हमेशा क्लास में अव्वल आना होता था। हमेशा आगे आने की ललक रही थी उसके भीतर, पर आज भी ग्रामीण परिवेश में शादी जैसे मसलों में लड़की की सब निपुणता, कुशलता, दूरदर्शिता फेल हो जाती है। बारहवीं अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण करते ही जैलदार साहब ने जानकी का रिश्ता एक बड़े खानदान में कर दिया था। शादी को समय था इसलिए जानकी का दाखिला कॉलेज में तो हो गया था पर कॉलेज के आख़िरी साल में उसकी शादी करवा दी गई।
‘बात बड़ी है चंद्रिका पर तुम्हारी हिम्मत की मैं दाद देता हूँ। वाकई में तुम हिम्मती हो यार।’ चंदर ने कभी गाँव के पिछड़े क्षेत्र देखे नहीं थे, पर उसकी आँखों में चंदों के बनाए हुए दृश्य हैं, जिनमें एक औरत का दूसरी औरत के लिए टिके रहना उसे नामुमकिन लग रहा हैं ।
‘कुछ भी बड़ा नहीं होता है, सिवाय किसी का सहारा बनने के और जब किसी का आत्मविश्वास टूट रहा हो तो बहुत ज़रूरी है उस आत्मविश्वास को बचा लिया जाए ताकि सामने वाले को बिख़रने से बचाया जा सके।’ चंदों बोल रही थी पर साथ में एक सोच थी क्या सच में वह जानकी का साथ दे पायेगी या झूठे अंह में आकर वह ऐसा कह रही है I खुद पर संदेह करना भी कभी कभी ज़रूरी हो जाता है ताकि आत्म निरीक्षण किया जा सके I
‘समझता हूँ और जानता भी हूँ कि मेरी चंद्रिका लीक से हटकर चलने वाली लड़की है, पर उसे इन सब ज़िम्मेदारियों में यह तो याद है ना कि हमारे मिलने के दिन नज़दीक आ रहे हैं।’ चंदर की बातों से चंदों संदेह से बाहर निकली I
‘जी, बिलकुल याद है।’
‘तो कहाँ मिलेंगे ? कुछ सोचा क्या तुमने?’
‘नहीं.., मिलना ज़रूरी है क्या ?’ मिलने के नाम पर चंदों की आवाज़ ठंडी पड़ गई ।
‘तुम नहीं मिलना चाहती हो ? अगर नहीं मिलना चाहती तो मैं कभी भी तुम्हें मिलने के लिए फोर्स नहीं करूंगा।’ चंदर की आवाज़ उसके मन की उदासी को चंदों तक पहुँचा रही है।
‘सच कहूँ तो मिलना भी चाहती हूँ और समझ भी नहीं पा रही हूँ कि आख़िर क्या चाहती हूँ।’
‘समझ सकता हूँ, बेशक हम दोनों की बातें होते हुए बहुत समय हो गया है पर फिर भी मैं अजनबी ही हूँ न और तुम्हारे जैसी लड़की के लिए इस तरह मुझ पर भरोसा करना मुश्किल भी है।’
‘मिलूंगी, आप तय करें कहाँ मिलें।’ चंदों ने गहरी सांस लेते हुए कहा।
‘सच कहूँ तो, मैं तुम्हारे घर ही आना चाहता हूँ। तुम्हारे गाँव, तुम्हारे हीरानगर को, तुम्‍हारे गाँव को देखना चाहता हूँ और तुम्हारे बाऊजी से तुम्हें मांगना चाहता हूँ।’
‘हम्मम।’
‘सिर्फ़ हम्म ! कुछ बोला करो चंद्रिका…।’ इस बार चंदर को हम्म का बोझ बहुत ज्यादा लगा।
‘एक बात कहना चाहती हूँ, शायद सुनने के बाद आप मिलने का इरादा छोड़ दें।’
‘सब बातें सुनूंगा, सब मानूंगा भी। हो सकता है कि तुम्हारी किसी बात से परेशान भी हो जाऊं पर मिलने का इरादा नहीं छोड़ सकता।’
‘मैं दस साल के बच्चे की माँ हूँ।’ चंदों ने जल्दी से अपनी बात कह दी, जैसे अभी नहीं कही तो फिर कभी नहीं कह सकेगी। ख़ामोशी सन्नाटे में तब्दील होने लगी थी। कुछ देर जब चंदर ने कुछ नहीं कहा तो चंदों ने ख़ामोशी तोड़ते हुए कहा।
‘फोन रखती हूँ।’
‘क्यों, मुझे ज़रा-सा भी संभलने का मौक़ा नहीं दोगी ? तुम जब भी कहती थी कि मेरा एक अतीत है तो मैं हमेशा कुछ न कुछ सोचता था, पर यह कभी नहीं सोचा कि मैं तुम्हारे गुजरे कल को अपना पाऊंगा या नहीं। मैंने हमेशा यही सोचा कि जो भी इस लड़की का गुज़रा कल होगा उसमें मेरी भी हिस्सेदारी होगी, क्योंकि यह आज मेरी है इसलिए चंद्रिका जी अगर आप सोच रही हैं कि आपके माँ होने से मैं आपसे मिलने का ख़याल छोड़ दूंगा तो आप गलत हैं। मुझे अपने बच्चे की माँ से मिलना है।’
कभी – कभी किसी की बातों में इतना रस होता है कि उस रस को पीने का मन करता है। चंदों की भीगी पलकों के साथ सूखे गले में इसी रस को पीने की प्यास जगी थी।
‘कुछ कहोगी नहीं ? कोई हम्म्म… उम्म्म, कुछ भी ?’
‘कहूँगी, बहुत कुछ कहूँगी पर आपके पास बैठकर क्योंकि अब यक़ीन है कि आप सब सुनेंगे। फिर भी आपको कुछ पूछना है तो पूछ सकते हैं।’
‘मैं भी सब तभी सुनना चाहूँगा जब तुम कहना चाहोगी, मुझे कोई जल्दबाजी नहीं।’
‘हम्म्म।’
‘अब इस हम्म्म का मतलब क्या है ?
‘कुछ भी नहीं।’
‘ओह, खाली अटेंडेंस।’ बोलते हुए चंदर हँसने लगा। ‘तुम आज इतनी शांत क्यों हो? ना मुझे सोने के लिए कह रही हो ना ही किसी बात के लिए डांट रही हो।’
‘आज मेरा भी मन है आपको सुनने का।’
‘बताओ क्या सुनना चाहती हो ?’
‘जो भी आप सुना दें।’
‘पहले तय करते हैं कि कहाँ मिलें। अच्छा बताओ पटनीटॉप तुम्हारे वहाँ से कितनी दूरी पर है।’ चंदर ने लैपटॉप ऑन करते हुए पूछा।
‘पटनीटॉप ही क्यों ?’
‘पता नहीं क्यों पर अगर तुम्हें कोई असुविधा है तो रहने देते हैं।’
‘नहीं कोई असुविधा नहीं है, मैं आ जाऊंगी।’ चंदों की आवाज़ में भरोसा है, आत्मविश्वास है और सबसे बढ़कर ख़ुशी है। ख़ुशी उस शख़्स से मिलने की जिसके साथ वह अपने वर्षों के अकेलेपन को बांट रही है, पर इन सबके बीच एक हल्का सा डर और डर की शक्ल में एक सवाल है। ‘क्या चंदर वाकई में भरोसेमंद तो होगा ?’ दुनिया की तमाम औरतों की तरह चंदों के अंदर भी इस सवाल ने जन्म लिया। भरोसा एक स्वभाव है। स्वभाव कभी भी बताया नहीं जाता, वह तो महसूस किया जाता है। ‘मुझे भरोसा है इसलिए मिलने जा रही हूँ। मुझे बस इतना याद रखना है।’ चंदों ने अपने कंधे को थपथपाते हुए ख़ुद से कहा।
एक उम्र उफ़ान की होती है जो बिना सोचे समझे निर्णय कर लेती है और जब वह उम्र गुज़र जाती है तो निर्णय लेने की क्षमता भी मध्यम हो जाती है। हर बात में कई सवाल जन्म लेने लगते हैं और चंदों भी उफ़ान की उम्र से आगे निकल चुकी थी, फिर भी उसने चंदर से मिलने के लिए ख़ुद को राज़ी कर लिया और उसके साथ राज़ी हुए उसके कुछ अधखिले सपने जिनमें चंदर का चेहरा है।
‘हे कौन्तेय (अर्जुन), और निश्चय करके युद्ध करो…
हतो वा प्राप्यसि स्वर्गम्, जित्वा वा भोक्ष्यसे महिम्।
तस्मात् उत्तिष्ठ कौन्तेय युद्धाय कृतनिश्चय:॥’
चंदर ने हमेशा की तरह इस बार भी चंदों का आत्मविश्वास देखकर गीता का श्लोक कहा।
‘अब गीता क्यों।’
‘क्योंकि, जानेमन, गीता ही जीवन का सार है।’
‘मुझ नास्तिक को अब इसका अर्थ भी समझा दें गुरुवर।’ चंदर को गीता, कुरान सुनाते हुए अक्‍सर चंदों गुरुवर शब्द से संबोधित करती तो दोनों ओर हँसी ज़रूर गूँजती।
‘ज़रूर बालिके…
हे कुन्ती पुत्र! यदि तुम युद्ध करते हो तो या तो तुम मारे जाओगे और स्वर्ग लोक प्राप्त करोगे या विजयी होने पर पृथ्वी के साम्राज्य का सुख भोगोगे। इसलिए हे कुन्ती पुत्र! उठो और दृढ़ संकल्प के साथ युद्ध करो।
ऐसा है चंद्रिका जी हमें आपमें एक ऐसा योद्धा नज़र आता है, जो कर्मक्षेत्र में डटा हुआ है। जिसे परवाह नहीं जीतने की, डर नहीं कुछ हार जाने का, बस निडर होकर लड़ रहा है, इसलिए हमने आपको यह श्लोक सुनाया।’ चंदर के शब्दों में चंदों को अपने लिए मान दिखा। वही मान जो हर चाहत की पहली शर्त होती है। जिस चाहत में कोई मान-सम्मान नहीं होता, वह वक्‍़त से पहले ही बेरंग हो जाती है।
‘अच्छा एक बात बताएं ? आपको हर धर्म के ग्रंथ की इतनी जानकारी कैसे है।’ चंदों ने हमेशा चंदर से गीता के साथ-साथ अन्य धर्म ग्रंथों के बारे में भी सुना है, इसलिए उसने आज अपना सवाल रखा।
‘मैं इन ग्रंथों को सिर्फ़ पढ़ता नहीं हूँ चंद्रिका, मैं इनमें अपनी माँ को ढूँढ़ता हूँ। मेरी माँ भी तो किसी धर्म को मानती होगी। पता नहीं उसकी किस मज़बूरी के कारण मैं….।’ चंदर बोलते-बोलते चुप हो गया।
चंदों महसूस कर रही है कि इस वक्‍़त चंदर के दिल पर क्‍या बीत रही होगी। प्यास तो सबके भीतर उठती है अपनों को देखने की और जिसने कभी अपनी माँ तक को नहीं देखा हो उसके मन में यह विचार आने स्वाभाविक है।
चंदों उसकी चुप्‍पी को महसूस कर रही है, कुछ बोल नहीं पा रही, इस ख़ामोशी को चंदर ने ही तोड़ा, ‘मैं चुप हो जाऊंगा तो क्या तुम भी नहीं बोलोगी।’
‘कभी-कभी आपकी बातें मुझे मौन कर देती हैं।’
‘तुम हँसती, खिलखिलाती और बोलती हुई ही अच्छी लगती हो, इसलिए बोला करो और मुझे जैसे टोकती हो वैसे टोकती रहा करो।’
‘हम्म।’
‘मेरी हम्म, एक बात कहूँ तुमसे ?’ चंदर ने ख़ुद को सामान्य करते हुए कहा।
‘जी ज़रूर।’
‘तुम जानकी के लिए चिंतित हो, अच्छी बात है पर मैं चाहता हूँ तुम अपनी पढ़ाई भी शुरू कर दो।’ चंदर के इस वाक्य में एक फ़िक्र थी जो चंदों तक पहुँच रही है । अपने लिए फ़िक्र देखकर चंदों के चेहरे पर गुलाबी मुस्कान तैर गई । ज़्यादा लोग बातचीत से पहले यही पूछते हैं कि क्या करते हो? कहाँ पढ़े हो? कितना पढ़े हो? कितना कमाते हो? पर चंदर और चंदों में यह सब बातें आज भी नहीं होतीं। दोनों ने एक-दूसरे को जानने के लिए एक-दूसरे पर वक्‍़त लुटाया था ।
‘नहीं पढ़ना मुझे, नहीं अच्छा लगता मुझे पढ़ना। कौन मोटी-मोटी किताबों के साथ सिर फोड़े।’ चंदों ने उदासी के ढोंग में कहा।
‘अच्छा ठीक है मत पढ़ो, पर उदास मत हो।’
‘क्या उदास मत हो ? डांटकर कहें इस लड़की को कि पढ़ा करे।’ हँसते हुए बोली।
‘मतलब तुम मुझे बना रही हो।’
‘बिलकुल भी नहीं, बस मन था आपको छेड़ने का।’
‘और जब मैंने छेड़ा तो छुईमुई बन जाओगी।’ चंदों की पलकें कुछ पल के लिए ऐसे झुक गईं जैसे चंदर ने सच में उसको उसके पास आकर छेड़ दिया हो। रात बीत चुकी है। जागती हुई दो जोड़ी आँखें सपने बुनने में लगी हैं अब तक।
‘सुबह होने वाली है, कुछ देर सो जाएं।’
‘यही सोच रहा था कि आज यह आदेश क्यों नहीं हुआ।’
‘हो गया ना, अब तो सो जाइए।’
‘हम्म… मन नहीं हो रहा।’
‘पर सोना तो पड़ेगा ना।’
‘ठीक है जानेमन।’
‘सुनो, आपकी चंद्रिका ज़रूर पढ़ेगी। अच्छा लगा यह जानकर कि आप उसकी फ़िक्र करते हैं।
‘उम्म्म, यह मेरी बहादुर लड़की के लिए। सोच रहा हूँ कि तुम्हारे गाँव में ही बस जाऊं, वैसे यश चोपड़ा की फ़िल्मों में तो गाँव बहुत सुंदर होते हैं और गाँववालियां भी।’ चंदर ने चुहलबाजी करते हुए कहा।
‘ही..ही..ही.., वो यश चोपड़ा के गाँव हैं स्वामी, जो इमेजिनेशन से बनते हैं। सच्चाई इसके बिलकुल विपरीत है। यहाँ के गाँवों का इस्तेमाल सिर्फ़ वोट बटोरने के लिए होता है। यहाँ की तो सड़कें भी अपनी दुर्दशा पर रोती हुई हाईवे से जुड़ने के सपने देखती हैं।’ चंदों के मुँह से स्वामी सुनना चंदर को अच्छा लगा, साथ में अच्छा लगा गाँव की हालत पर उसके विचार रखना यानी लड़की जागरूक तो है। सचेत साथी की इच्छा इंसानी स्वभाव में है और इस स्वभाव से चंदर वंचित नहीं था I वह खुद प्रबुद्ध था और कहीं न कहीं कामना थी सजग लड़की की I मिलन के वादे के साथ दो लोग ठिठुरती हुई सुबह में कई आकृतियां बना रहे हैं। आकृतियाँ जो धीरे से कुछ बोल रही हैं, कुलबुला रही हैं पर एक मिठास है जो दोनों ओर रस घोल रही हैं I दो अजनबी मिलने को आतुर हैं और वक़्त दोनों को मिलाने के लिए I एक ठहराव ही तो नहीं मिलता था चंदर को बाकी उसने क्या नहीं कमाया था और एक गहरे रिश्ते में होने पर मुंह की खाई तो प्रेम भरोसा उसके भीतर से उड़न छू गया था पर चंदों से बातें करते हुए उसने महसूस किया जीवन का एक धोखा ही जीवन का सार नहीं है I जो लड़की अपना जैसे तैसे समय निकाल कर मुझसे बात करती है तो वह निभा भी सकती है I यही कारण था जो उजड़े हुए प्रेम पंख फिरसे उग रहे थे और तैयारी कर रहे थे मिलन की उडान भरने के I वक़्त की मंजूरी से, कौन किसे मिला है और यही वक़्त था जो साजिश कर रहा था एक महानगर को एक गाँव तक लाने की I
अक्सर गाँव महानगरों की ओर भागे हैं, अपनी रोज़ी रोटी के लिए पर एक महानगर किसी अपने की तलाश में गाँव से मिलने के सपने देख रहा है I जो भीड़ भरी सड़कों में नहीं मिला था उसकी उम्मीद गाँव के मौन में थी और यह सब प्रेम में ही हो सकता है वरना कौन महानगरों की सुविधा को छोड़ जीने की मुशक्कत करते गाँव से मिलने की चाहत करेगा I
लेखिका – नीना अंदौत्रा

WhatsApp Image 2026-06-17 at 10.53.15 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment