भलोल
भाग -29
बाऊजी ने सूरज ट्रांसपोर्ट कंपनी में क्लर्क की नौकरी कर ली थी। घर में बैठ कर भी वे क्या करते। उन्होंने मुझे लिखा था कि मेरी सेहत नौकरी के लिए ठीक नहीं है। मैंने लिखा था, “जितनी देर होती है, करें, फिर छोड़ दें।”
मैं दूर बैठा और लिख भी क्या सकता था। मेरी छुट्टी का कार्यक्रम वही नवंबर-दिसंबर में था। यहाँ लद्दाख में 12 महीने सर्दी रहती है। एक्सट्रा क्लोदिंग और फील्ड राशन मिलता है जिस में रोज मीट का प्रबंध होता है, चाहें टिन्ड मीट मिले। मीट न उपलब्ध हो तो दो अंडे रोज मिलते हैं। बर्फ पड़ने के कारण रास्ते बंद रहते हैं। एयर-ड्रोपिंग से हमारी सरकारी डाक, प्राइवेट डाक, फ्रेश सब्जियाँ आदि ड्रोप की जाती हैं। वे भी मौसम क्लियर होने पर। तीन महीने जब बर्फ कम पड़ती है, रास्ते खुलते हैं तब सब चीजों का स्टॉक किया जाता हे। तीन साल का स्टॉक हमेशा रहता है। इसके लिए बड़े व्यापक प्रबंध रहते हैं। किसी चीज की कमी नहीं होती है। सुरक्षा कारणों से मैं उन प्रबंधों का जिक्र नहीं कर सकता।
भयंकर सर्दी के कारण जवानों पर कई तरह के प्रभाव पड़ते हैं। तापमान माइनस 20-25 डिग्री तक चला जाता था। खुद की साफ-सफाई का ध्यान रखना एक बहुत बड़ा चैलेंज रहता था। रात को अगर गर्म पानी में नमक डालकर अच्छी तरह न डुबोया जाए तो पैरों और हाथों की उंगलियाँ फूल कर गलने लगती थीं। होंठ फट जाते थे। उसके लिए लिपसोल लगाना पड़ता था।
लिपसोल होंठों पर लगाने की दवाई थी। हर दूसरे दिन नहाना जरूरी होता था, उसके लिए गर्म पानी के व्यापक प्रबंध होते थे।
जवानों में एक और भयंकर बीमारी की शिकायत पाई जाती थी, इंपोटेंसी की यानी नामर्दी की। उसके लिए जवान को सरकार रोज रम का एक पेग देती थी, ड्राइफ्रूट देती थी। विटमिन सी और मल्टी विटमिन की गोलियाँ रोज खाने की जरूरत रहती थी। जवानों को गर्म रखने के लिए सेना का ‘सिनेमा सेक्शन’ यूनिट यूनिट जाकर कई तरह की फिल्में दिखाता था।
रोटेशन ऐसा था कि हर जवान 3 महीने में एक बार छुट्टी जाएगा। रास्ते की कठिनाइयाँ और रुकावटें इतनी रहती थी कि अगर कोई जवान 20 दिन की छुट्टी जाए तो वह 3 महीने में वापिस आता था। हमें 30 दिन की केजुअल-लीव और 60 दिन की वार्षिक छुट्टी मिलती थी। केजुअल-लीव इकट्ठी नहीं मिलती थी। 20 दिन की एक बार ले सकते थे। मैंने केजुअल-लीव पर जाने से इंकार कर दिया था। घर जाकर भी क्या करता? मेरा कोई इंतजार नहीं कर रहा होता। कुंआरा था। बीवी होती तो उसके लिए कठिनाइयाँ सह कर भी घर जाता।
मुझे कमांडिंग अफसर साहब ने बुलाया और छुट्टी न जाने के कारण पूछे। मैंने जितना संभव हुआ बताया। वे बोले, “आपको वार्षिक छुट्टी तो जाना पड़ेगा।”
“हाँ सर, वार्षिक-छुट्टी जाऊँगा। वह नवंबर-दिसंबर का कार्यक्रम है।” मुझसे लिखवा लिया गया कि मैं केजुअल-लीव नहीं जाना चाहता। मैं घरवालों की उपेक्षा नहीं सह सकता था। उन्हें सिर्फ पैसा चाहिए होता था, वह मिल रहा था। मैं घर आऊँ या न आऊँ इस से घरवालों को कोई मतलब नहीं था। मेरे मन के भीतर की टूटन को कोई नहीं समझ सकता था।
दिन गुजरते गए। मैं बाऊजी को पत्र लिखता और उनके जवाब आते। कभी-कभी माँ का पत्र भी आ जाता था। बाऊजी के पत्र में उनका पत्र भी होता। माँ पूछती, “तुम कब छुट्टी आ रहे हो?”
मैं लिखता, “नवंबर-दिसंबर में आऊँगा। बाऊजी ने सूरज ट्रांसपोर्ट की नौकरी छोड़ दी थी। वे बीमार रहने लगे थे। एक बार उन्हें दिल का दौरा पड़ चुका था। डर था, घर की इतनी टेंशन की वजह से दूसरी बार दिल का दौरा न पड़ जाए। मैं उन्हें लिखता, “आप अपनी सेहत का ख्याल रखें। किसी तरह की टेंशन न लें। पर मैं जानता था, टेंशन तो कुदरती हो जाती है, इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता था।
नवंबर आया तो मैं छुट्टी जाने के लिए तैयार हो गया। लद्दाख में सेना का यह उसूल है कि अगर कोई जवान नवंबर में छुट्टी जाए तो उसे अगले साल की भी छुट्टी दी जाती थी। जवान चाहे तो ऐसा करने से इंकार सकता है। एक बार मैंने भी इंकार करने की सोची, फिर सोचा बी.ए. पार्ट टू की पढ़ाई जो है उसे पूरी कर लूँगा और उससे अगले साल परीक्षा दे दूँगा। इतनी भयंकर सर्दी से भी बच जाऊँगा, खुद को व्यस्त रखूँगा, घर वालों की उपेक्षा का आभास नहीं होगा।
नवंबर 1967 में मैं दो महीने की बजाय चार महीने की छुट्टी आया। लेह ट्रांजिट कैंप में जितने दिन रहूँगा, वह ऑन डयूटी गिना जाऊँगा। लेह का तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री के बीच चल रहा था। इस भयंकर सदी में कोई भी जवान अपने साथ स्नो क्लोदिंग नहीं ले जा सकता था। मुझे भी यूनिट में जमा करके आना पड़ा था। एक्सट्रा क्लोदिंग था जिसमें चार कंबल, ओवर कोट और कैप कम्फर्ट थी। गमबूट, कोटपारका, केप बल्कलावा और स्लीपिंग बंग जमा हो जाने थे। मुझे यहाँ की परेशानियों का पता नहीं था।
छुट्टी या पोस्टिंग जाने वालों को लेह ट्रांजिट कैंप में रहना पड़ता था। ट्रांजिट कैंप वाले आगे की फ्लाइट का प्रबंध करते थे। इतनी सर्दी में 10 कंबल भी कुछ काम नहीं करते थे। उधर से मौसम खराब होने की वजह से फ्लाइट भी नहीं आ रही थी। केवल तीन महीने सड़क मार्ग खुलते हैं या खुले रहते हैं। ऐसे में छुट्टी जाने वालों को फ्लाइट से जाना पड़ता था। सड़क मार्ग से जाया नहीं जा सकता था।
नवंबर महीने में ही लेह का तापमान माइनस 10 डिग्री चल रहा था। हम रोज फ्लाइट के लिए एयरफील्ड जाते। प्लेन आएँ अथवा न आएँ। यह हर रोज की बात थी। हमें दोपहर का खाना देकर गाड़ियों में एयरफील्ड छोड़ दिया जाता था। फ्लाइट न मिलने की स्थिति में शाम को एयरफील्ड से वापिस ट्रांजिट में आ जाते थे। थोड़ा मौसम ठीक होता प्लेन आते लेकिन किसी में तो दो अफसर, किसी में तीन अफसर लेकर वापिस चण्डीगढ़ उड़ जाते थे। जवानों की बारी ही नहीं आती थी।
दो तरह के प्लेन आते थे। एक सफेद रंग का प्लेन होता था, दूसरा हरे रंग का। सफेद रंग का प्लेन पूरी तरह मालवाहक था। उसमें कुछ ही जवानों की मांग होती थी। वे अफसरों को ले जाते थे। ग्रीन रंग का प्लेन पैसेंजर प्लेन था, जिसमें कभी 15, कभी 20 जवान ले जाने की डिमांड होती थी।
ट्रांजिट कैंप में रोज जवान आते रहते थे। जितने जाते नहीं, उससे दोगुने आ जाते थे। संख्या बढ़ती रहती थी। जहाँ खाना बेस्वाद मिलता, वहीं भयंकर सर्दी में कंबलों में रात-भर नींद नहीं आती थी। अफसरों के साथ भी ऐसा होता लेकिन उन्हें फर्क इसलिए नहीं पड़ता था कि उन्हें फ्लाइट दूसरे दिन ही मिल जाती थी। बहुत से अफसर ट्रांजिट कैंप में रहते ही नहीं थे। लोकल यूनिटों के अफसर मेस में अटैच हो जाते थे, जहाँ हर तरह की सुविधा रहती थी। जवानों के लिए ऐसा कोई प्रबंध नहीं था। वे जितने दिन ट्रांजिट में रहते उनके लिए नहाना भी मुश्किल होता था। वे नित्यकर्म भी मुश्किल से कर पाते थे।
रात में जागते रहते थे और दिन में एयरफील्ड में पाँव गर्म रखने के लिए धीरे-धीरे दौड़ते रहते थे। पाँव गर्म रखने के लिए रबड़ के गम बूट मिलते थे लेकिन स्नो क्लोदिंग का हिस्सा होने के कारण वे भी जमा हो जाते थे। सेना का तर्क यह था कि इस तरह का ड्रेस पहन कर जाना सिविल के सामने फौज की इमेज खराब करता था। लेह से छुट्टी आना किसी भयंकर सजा से कम नहीं था पर मजबूरी देखें कि घर जाने के चाव में हम सब सह लेते थे।
इसी आवाजाही में सर्दी के कारण एक जवान की मौत हो गई थी। यह एयरफील्ड जाते हुए हमारा 11 वां दिन था। पूरे एरिया में हुड़दंग मच गया था। सेना की पूरी अथार्टी हिल गई थी। हमें पता नहीं, कहाँ-कहाँ तार खड़के थे। दोपहर को तीन ग्रीन प्लेन आए और ट्रांजिट केंप के सारे जवानों को लेकर चले गए थे। यह उन जवानों के लिए अच्छा हुआ था जो अभी कल ही ट्रांजिट कैंप में आए थे। ऐसा अगर पहले करते तो एक जवान की मृत्यु नहीं होनी थी।
क्रमशः
राघवेंद्र सैनी