अजय कुमार का उपन्यास ‘ बात एक रात की ‘भाग -1

बात एक रात की
**************
पहला भाग
************
रात में विजया की नींद अचानक खुल गयी थी, और नींद खुलते ही उसे एक अजीब सी बेचैनी महसूस हुई थी । उसका कारण भी मगर उसे फौरन ही पता लग गया था।
कमरे में कुछ न सूझे ऐसा घुप्प अंधेरा था और बाहर बहुत तेज बरसात हो रही थी ।
मुंबई की बरसातों के मिजाज को कौन नहीं जानता, पर यह बिजली,उसे क्या हुआ है, मुंबई में तो बिजली इतनी आसानी से कभी नहीं जाती ।
शायद तेज बरसात के चलते ही कहीं कुछ फॉल्ट वगैरह आया हो, या कोई खंबा या फिर तार वगैरह नीचे आ गिरा हो, विजया ने खुद को तसल्ली देने की कोशिश की, पर इस बात से उसके मन का भय कुछ भी कम नहीं हुआ,
पता नहीं क्यूं, उसे लगा जैसे कुछ बहुत भयानक होने वाला है ।
हल्की सी भी रौशनी नहीं थी कमरे में।घटाटोप अंधेरा था। विजया को शक हुआ,सारी की सारी बिजलियां बंद कर देने के बाद भी, उसके कमरे में बाहर से थोड़ी बहुत रौशनी आती ही रहती है, और फिर स्ट्रीट लाईट का खम्बा भी तो
ठीक उसके कमरे की बाल्कनी के नीचे ही है। कुछ न कुछ गड़बड़ तो जरूर है।
विजया हड़बड़ा कर अपने बिस्तर से उठी, घबराहट
से भरी हुई। यह सब सोचते हुए, एकाएक उसे अपनी स्थिति की गंभीरता का अहसास हुआ। विजया अकेली जो रहती थी वो अपने फ्लैट में । अंदाजे से ही उसने अपने स्लीपर टटोले। स्लीपर तो सही जगह पर ही मौजूद थे। वह अपने पलंग से
उठ कर अभी आगे बढ़ी ही थी कि किसी ने उसे पीछे से कस कर पकड़ लिया, उसकी एक हथेली ठीक उसके मुंह पर ही पैबस्त हो गयी थी और दूसरे हाथ ने उसे इस तरह जकड़ रखा था कि जरा सा हिलना भी मुमकिन नहीं था ।
सचमुच बहुत ही मजबूत पकड़ थी उसकी। अपना
पूरा जोर लगा देने पर भी वह अपने आक्रान्ता को टस से मस नहीं कर सकी। उसके गले से गों गों की आवाज के अलावा कोई भी आवाज भी बाहर नहीं निकल पाई थी ।
“देखिए ! मैं आपको कोई भी नुकसान नहीं पहुंचाऊंगा। बस कुछ देर के लिए ही हूं मैं यहां, सो प्लीज कोपरेट । ” उस
के कानों में फुसफुसाती हुई एक भारी सी आवाज आई थी ।
आवाज सुनते ही विजया ठंडी सी पड़ गयी। जो कोई
भी था,उसने यह बात लगभग उसके कान पर होंठ लगा कर बोली थी। इतनी ज्यादा घबराहट में भी विजया के पूरे बदन
में एकबारगी भय पूरित रोमांच की लहर सी दौड़ गयी। उसने फिर एक बार जोर लगाया। चीखने की कोशिश भी की । पर एक घुटी सी हुम्म हुम्म के अलावा इस बार भी कुछ भी उस
की जुबान बाहर नहीं आ पाया।
“देखिए, मैं फिर कहता हूं…मैं आपको कोई नुकसान
नहीं पहुंचाना चाहता ,पर अगर आप मुझे विवश करेंगी तो ।” अचानक उसका फुसफुसाहट जैसा स्वर खामोश हो गया,
नीचे कोर्टयार्ड में अचानक एक हलचल सी सुनाई दे रही थी, पहले बहुत सारे भारी बूटों की और फिर सीटी की सम्मिलित आवाजें सुनाई देने लगी थीं , बारिश अभी भी उतनी ही तेज बरस रही थी। विजया को अब समझ में आया,यह आगन्तुक जरूर कोई चोर है ,जो छुपने की कोशिश में उसके फ्लैट में जबर्दस्ती घुस आया है, और नीचे मुस्तैदी से पुलिस भी उसे ढूंढती हुई आ पहुंची है । यह भी हो सकता है चोर शायद उसकी सोसायटी में ही चोरी की मंशा से आया हो,और पुलिस को उसके आने की ख़बर लग गयी हो, या किसी ने दे दी हो।
बहुत विकट परिस्थिति थी विजया के लिए यह तो,और यह भी तो हो सकता है कि इसके पास कोई हथियार भी
मौजूद हो।विजया ने मन ही मन प्रार्थना की कि पुलिस किसी भी तरह यहां से उल्टे पैरों ही लौट जाए तो बेहतर,वरना यदि पुलिसवाले उसके इसी फ्लैट में आ धमके तो यह चोर तो तुरंत उसे ही बलि की बकरी बना कर तुरंत उसे अपनी ढाल बना
कर खुद के बचाव के लिए उनके आगे कर देगा और अगर
ऐसा हुआ तो फिर आपसी धर पकड़ में  कुछ भी हो सकता
है। विजया निश्चेष्ट सी यूं ही खड़ी रही । कुछ देर तक नीचे से आपस में बातें करने की अस्पष्ट सी आवाजें आती रहीं। मगर तभी किसी की दूर से  जोर से चिल्लाने की आवाज आई।उसके बाद दूर भाग कर जाते हुए कदमों की आवाजें आई। और फिर सारी की सारी आवाजें एकाएक बारिश की तेज आवाज में घुल कर कहीं विलीन हो गयीं।
विजया अभी तक वैसे ही खड़ी थी। जो भी था वह बहुत मजबूत ही जिस्म का आदमी था,जिसकी लंबाई भी
पूरी थी ,कम से कम पांच फुट दस ग्यारह ईंच तो जरूर होगी। विजया मन ही मन उसकी एक अस्पष्ट सी आकृति गढ़ने लगी थी ।
” बस कुछ देर और…।” विजया उस अजनबी को अपने शरीर से निरंतर महसूस कर पा रही थी ,और अब जब
कि पुलिस शायद यहां से दूर चली गयी थी, तो उसकी घबरा
हट मामूली सी कम हो गयी थी,और अब उसकी ज्ञानेन्द्रियां
भी ठीक से काम  करने लगी थी…”और हां,अब मैंने जैसा आपसे वायदा किया है ,जा रहा हूं मैं यहां से,पहले मैंने सोचा  था आपको बांध कर जाऊं,पर आपने वही किया है जो मैंने कहा है ,इसलिए कुछ भी नहीं कर रहा हूं,पर याद रखिए मेरे पास पिस्तौल है, आप कुछ भी ऐसा वैसा करेंगी तो फिर हर बात के लिए खुद ही जिम्मेदार होंगी…ठीक है…।”
फुसफुसाते हुए उसने फिर कहा था,और विजया अपनी जगह पर अभी भी मूर्तिवत स्तंभित सी खड़ी थी,जैसे उसके दोनो पैर वहीं की वहीं जम गये हों और वह उसे मुक्त
कर के जैसे एक जादू की तरह गायब हो गया था,उसके जाने के कुछ देर बाद बिजली भी आ गयी थी, पर बारिश अभी
तक जारी थी,उतने ही जोरों से।
विजया किसी तरह हिम्मत बटोर कर अपने बिस्तर पर धम्म से जा पड़ी थी…निश्चेष्ट… उसे बहुत जोरों से बाथ
रूम जाने की जरूरत आन पड़ी थी,पर फिलहाल उसमे
बिस्तर से फिर उठकर वहां तक जाने का हौसला भी नहीं
बचा था, क्या पता वह चोर अभी भी कहीं इधर उधर ही
छुपा खड़ा हो,पूरे एक घंटे बाद ही वह जा पायी थी वह
अपने बाथरूम तक।
**********************
(शेष आगे )

अजय कुमार

WhatsApp Image 2026-07-19 at 17.37.20 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment