34-
उसने काफी विरोध किया, पर कोई भी उसके पक्ष में नहीं था। अंत मे उसने गृह त्यागने का निश्चय किया। जब उसका निर्णय ग्रेसी ने सुनाको बताया, तो वह इस निर्णय से सहमत न हुई। उसने शौर्य को समझाया, कि वह घर वालों की बात मान ले और जहां वे सभी कह रहे हैं, वहीं शादी कर ले। ग्रेसी तो उसको समर्पित है ही, वह उससे रिश्ता कभी नहीं तोड़ेगी। वह हैरान रह गया और मन मार कर उर्वशी से विवाह कर लिया। उसे समझ में न आया था कि भाई का उर्वशी को लेकर इतना आग्रह क्यों है ?
नाराज़गी में उसने पत्नी की ओर दृष्टि उठाकर देखा तक नहीं। कहीं न कहीं शायद यह डर भी था, कि वह उसे देखकर पिघल न जाए। उसने निर्णय किया कि वह उसे कभी अपनी पत्नी का अधिकार व सम्मान नहीं देगा। उसकी इस बात का तारीफ़ ग्रेसी ने भी की। यद्यपि कई बार शौर्य के मन ने कहा भी, की यह गलत है। इसमें उस बेचारी का क्या दोष ? पर उसका अहम यह मानने को तैयार नहीं हुआ। वह उससे बात नहीं करता था, देखता भी नहीं था। उन दोनों के मध्य एक दीवार हमेशा खड़ी रही। जब वह पहली बार मायके गई थी तो शौर्य ने अनुमान लगाया था, कि उसके न अपनाए जाने के कारण सम्भवतः अब वह वापस नहीं आएगी। पर जब भाई ने उसे पत्नी को विदा कराकर लाने को बोला तो वह हैरान रह गया। कैसी लड़की है ? क्या इसमे ज़रा भी आत्म सम्मान नहीं ? फिर जब वह विदा करवा कर ला रहा था तो उसने अपने आक्रोश को कुछ पिघलता सा महसूस किया। न जाने क्यों ? शायद उसके सौंदर्य की आँच से वह पिघलने लगा था । जब वह उसके साथ बैठी थी, सोते हुए उसका सिर शौर्य के कंधे पर आ गया, तो उसने चौंककर उसकी ओर देखा। उसकी मनमोहिनी सूरत, व भीनी भीनी देहगन्ध शौर्य को मदहोश करने लगी। बड़ी मुश्किल से उसने स्वयं पर नियंत्रण किया।पर उस रात, जब वह नशे के हल्के सुरूर में था, उर्वशी को देखा तो दृष्टि नहीं हटा पाया। उसका निर्दोष सौन्दर्य, उसके पास से आती सुगन्ध उसे पागल करने लगी। वह नियंत्रण खो बैठा। उस रात सारी दीवारें ढह गईं। होश में आने पर एक बार उसे अपराध बोध हुआ, पर अगले ही पल मन ने कहा ‘ तो क्या हुआ, वह पत्नी है उसकी। उस पर उसका ही अधिकार है। वह उसके आकर्षण में डूबता चला गया। अब उसे ग्रेसी बहुत साधारण लगने लगी। उसे आश्चर्य होने लगा कि इतनी साधारण लड़की, उसे कभी संसार में सबसे सुंदर कैसे लगती थी।
जब वह हनीमून के लिए यू एस गया, तो पहली बार ग्रेसी का माथा खनका। वह तो इस भुलावे में थी कि शौर्य सिर्फ उसका है, पर वह तो अपनी पत्नी नाम की उस बला की संगति में उसे बिल्कुल भुला ही बैठा। हनीमून पर जाने के बाद, पन्द्रह दिनों में उसने एक फोन भी नहीं किया था। अब उसे अपना शिकंजा कसना होगा, वरना वह कहीं की न रहेगी। शौर्य के लौटने के बाद बाद उसने बहुत खरी खोटी सुनाई की वह उससे दूर हो गया है। वह हर तरह से ठगी गई। वह उससे अब खुलकर कीमती फरमाइश करने लगी, प्रतिदिन ज्यादा समय उसके साथ व्यतीत करने का दबाव बनाने लगी। प्रारंभ में तो शौर्य उसकी हर बात का मान रखता रहा, वह उसे आहत नहीं करना चाहता था। बेमन से उसकी अधिकतर फरमाइश पूरी करता रहा, कि कभी इस लड़की के साथ उसने बहुत सुंदर समय व्यतीत किया है। उसी ने पहली बार उसे अहसास कराया था, कि स्त्री सुख क्या होता है, पर जब वह बहुत मनमानी करने लगी, तो वह खीझने लगा।
अब जाकर शौर्य को पहली बार अहसास हुआ कि ग्रेसी ने योजनबद्ध तरीके से उसे अपनी ओर आकर्षित किया था। इसीलिए उसने उसके समक्ष समर्पण भी किया ताकि वह उससे दूर न हो सके, धन के लिए घर छोड़ने से भी रोका था । अब वह पछताता था कि क्यों वह उस धूर्त लड़की से जुड़ा। कई बार वह उनदोनों के सम्बन्धों के विषय में उर्वशी को बताने की धमकी भी देने लगी थी। पर शौर्य को उस पर इतना विश्वास था, कि वह कल्पना भी न कर पाया, कि ग्रेसी इस हद तक जा सकती है। जब ग्रेसी ने देखा, कि वह पत्नी से जुड़ता जा रहा है और उसके खिलाफ कोई भी बात सुनकर नाराज़ हो जाता है, तो उसे लगा कि अब वह उसके हाथ से निकल गया है। उसने निश्चय किया कि यदि वह उसका न हो सका, तो किसी और का भी नहीं होने देगी। उसने तस्वीरें भेजकर उनके मध्य कटुता उत्पन्न करने की चाल चली। एक बार मियाँ बीवी के बीच कड़वाहट घुल जाए, तो शौर्य को वापस उसके पास आना होगा।
इस हरकत ने शौर्य के मन में उसके लिए घोर नफ़रत पैदा कर दी। अब वह ग्रेसी को सबक सिखाने को तैयार हो गया। परन्तु जब वे सब स्विट्जरलैंड से लौटकर आये, तो उसे खबर मिली कि ग्रेसी कम्पनी से इस्तीफा देकर कहीं चली गई है। किसी को नहीं पता था कि वह कहाँ गई है। जैसे जैसे समय गुज़र रहा था वह पश्चाताप की अग्नि में जल रहा था। उसने पहली बार महसूस किया कि वह उर्वशी से बेहद प्यार करने लगा है। वह उसके जीवन का ज़रूरी अंग बन गई थी। कैसे हुआ, पर यह चमत्कार हो गया था, उसके बिना शौर्य कुछ सोच ही नहीं पा रहा था। उसके बिना घर का हर हिस्सा, उसे काट खाने को दौड़ रहा था। वह इतना असंवेदनशील कैसे हो गया ? कैसे इतने कठोर शब्द कह बैठा ? अब वह कभी लौटकर नहीं आएगी। उसने हमेशा के लिए उर्वशी को खो दिया। वह मूर्ख है, दुनिया का सबसे मूर्ख इंसान, जिसने एक अनमोल रत्न गंवा दिया। उसका मन करा की जाकर बड़े भाई के पैर पकड़ ले, कि आप उर्वशी को आने के लिए राजी कर लीजिए। मैं उसे सर आँखों पर बिठाकर रखूँगा। पर वह अब उससे नफरत करती होगी , तभी तो ब्लॉक कर दिया। जिससे कभी उसकी आवाज़ न सुननी पड़े। अब उससे नज़र कैसे मिलाऊँगा ? मैं सबसे गन्दा आदमी हूँ। मैं डिज़र्व ही नहीं करता उसके जैसी बेहतरीन पत्नी। मैं हूँ ही इसी लायक कि वह मुझे कभी माफ न करे।
क्रमशः