अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘कारगिल एक प्रेम कथा ‘ भाग -2

कारगिल एक प्रेम कथा

भाग -2

सभी को उत्साह और उमंग में डूबा देख उर्वशी ने सबकी नज़र बचाकर उस अपलक निहारते युवक की तरफ़ तिरछी नज़र से देखा… छोटे-छोटे कैंची से कटे बाल, लगभग 6 फुट ऊंचाई, गठीला बदन, माथे पर तिलक लगाये उस सांवले से युवक को देखकर उर्वशी को उसमें ऐसी कोई बात नज़र नहीं आई कि वह उसे दुबारा नज़र उठाकर भी देख सके ।

मगर इन सबसे बेखबर वह युवक उर्वशी को देखने का कोई मौका नहीं गंवाना चाहता था, अब तक उर्वशी की दूर के रिश्ते की भाभियों ने भी अपनी पैनी नज़र से उस युवक की हरकतों को भांप लिया था, इसलिए वह सब जुट गईं उसकी खोज-खबर पता करने को। वह लड़का इससे पहले कभी वहाँ नहीं देखा गया था.. यानि वह स्थानीय अथवा आसपास के गाँव का तो बिल्कुल भी न था.. इसका अर्थ यह हुआ कि वह युवक बारात के साथ ही आया होगा… शायद दूल्हे के भाई या दोस्त।

उन भाभियों को उर्वशी को छेड़ने का बैठे-बिठाये मसाला मिल गया था.. और बेचारी उर्वशी कुछ न होने के बाद भी इस तरह की चुहलबाजी सुनने को मजबूर थी। खैर शादी-ब्याह के मौकों पर ननद और भाभी में इस तरह की मज़ाक मस्ती न हो तो फिर भला कब होगी।

दोपहर की पंगत में जब उस युवक को दूल्हे पंकज गौतम के बिल्कुल बग़ल में बैठकर खाना खाते देखा तो थोड़ा अंदाज़ा लग गया कि वह युवक दूल्हे 7/105

का भाई या मित्र जो भी हो, जरा करीब का है, इसलिए भाभियों ने भी दूल्हे के साथ साथ उस युवक को भी विशेष आग्रह से भोजन परोसा। वह थोड़ा शर्मीला किस्म का था, इसलिए परोसने वालों की तरफ़ आँख उठाकर भी नहीं देख रहा था। इस बीच अपने पिताजी जी के कहने पर होने वाले जीजाजी को विशेष आग्रह करके रसगुल्ले परोसने उर्वशी भी गई। अपने नये नवेले जीजाजी को उर्वशी ने बहुत आग्रह और जबर्दस्ती करके चार रसगुल्ले परोसने के बाद दो रसगुल्ले उस युवक को भी परोस दिये… मग़र वह तो नज़र उठाकर यह भी न देख सका कि जिसके दीदार के लिए वह सुबह से तरस रहा था वह खुद उसके सामने ही खड़ी है।

दिन भर यूँ ही विवाह की गहमा-गहमी में बीत गया। सारे फंक्शन होने के बाद शाम को ही उसी स्थल पर रिसेप्शन प्रोग्राम का आयोजन था… उस आयोजन के पश्चात रात्रिभोज और अंत मे संगीत का प्रोग्राम था।

फोटोग्राफर कैमरे में रील भर-भर कर फोटोज़ लिये जा रहा था, जबकि पंकज और वंदना किसी भी परिचित हो या अपरिचित सभी के सामने एक कुशल अदाकार की तरह मुस्कराते हुए फोटोज़ खिंचवाने में व्यस्त थे।

कुछ बच्चे और बुजुर्ग रात्रिभोज के स्टॉल के सामने खड़े होकर आइसक्रीम और पानीपुरी का स्वाद ले रहे थे। उस गाँव में शायद यह पहला बुफे यानि स्वंय-सेवा वाला प्रीति भोज था, इसलिए गाँव के लोगों की भीड़ अभी भी पंगत लगने की बांट जोह रही थी।

रात 10 बजते बजते ऑर्केस्ट्रा वालों ने मोर्चा सम्हाल लिया था.. स्थानीय कलाकार अपनी आवाज़ का बेसुरापन छुपाने के लिए तेज संगीत का सहारा ले रहे थे और कुछ बेवड़े लड़के उसी संगीत की धुन पर थिरकना शुरू कर दिए थे।

क्रमशः

अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment