सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -2

यादों के झरोखे

भाग -2

पापा ड्राइंग रूम में चले गए। मैं मम्मी वाले कमरे में चली जाती हूँ। घर साफ-सुथरा रखने का उन्हें बहुत चाव था, चीजें चाहे कम हों, लेकिन होनी अच्छी चाहिएँ और वे भी करीने से रखी हों। उनका कमरा अब भी कितना सजीव लग रहा है, जैसे अभी इसे ठीक करके निकली हों। पलंग पर कढ़ाई की हुई चादर बिछी है, जिस पर उन्होंने स्वयं महीनों तक कढ़ाई की थी। पलंग के एक ओर ड्रेसिंग टेबल, दूसरी ओर स्टडी टेबल, सामने रखी अलमारी दीवार पर खूबसूरत पेंटिंग, पीछे की ओर मरियम की तस्वीर और खिड़की के सामने दो कुर्सियाँ। इनमें से एक कुर्सी पर बैठकर मम्मी घण्टों खिड़की के बाहर देखा करती थी।

मैं भी थोड़ी देर के लिए उसी कुर्सी पर बैठ जाती हूँ। मम्मी के साथ ऐसे ही बैठती थी। एक पर वे बैठती थीं और दूसरी पर मैं। कई बार उन्हें मेरे पास बैठने का आभास भी नहीं होता था। जब मैं अपने छोटे-छोटे हाथ उनके हाथों पर रखती तो वे चौंक जाती थीं जैसे सोते से जाग गई हों। पता नहीं घण्टों यहाँ बैठकर वे क्या सोचा करती थीं।

अब भी जब मैं उस कुर्सी पर बैठी हूँ तो लग रहा है जैसे दूसरी कुर्सी पर मम्मी बैठी हैं, खिड़की की ओर नहीं बल्कि मेरी ओर देख रही हैं और मैं फिर से अपने बचपन में लौट आई हूँ… मम्मी मुझे उठा रही हैं, लेकिन मैं फिर भी और थोड़ी देर बैठे रहने के लिए मचल रही हूँ। मैं पापा के साथ जाना चाहता हूँ और नीचे उतरने के लिए ज़िद्द कर रही हूँ। लेकिन पापा अपने साथ ले जाने के लिए तैयार नहीं हैं। वे मम्मी को डाँट रहे हैं-‘तुम इसे सम्भाल नहीं सकतीं। कितनी उजड्ड हो गई है यह। इसे कुछ सलीका सिखाओ। सारा दिन क्या करती हो।’ इतना कह कर पापा तेज़ कदमों से बाहर निकल आते हैं।

अरे! चार बज गए। समय का पता नहीं चला। मैं उठती हूँ, मम्मी के reader

76

बिस्तर के सिरहाने चाबियाँ रखी हैं। अपने होते हुए मम्मी किसी को भी अपनी अलमारी नहीं खोलने देती थीं। आज ऐसा करते हुए थोड़ा झिझक रहीं हूँ। सोचती हूँ, खोलनी तो है ही। अब मम्मी तो है नहीं जो इसे स्वयं खोलतीं, सामान निकालतीं और मेरे सामने रखतीं।

अलमारी पुरानी हो चुकी है। खोलते समय आवाज़ करती है। मैं धीरे-धीरे खोलती हूँ। पूरी तरह कपड़ों से भरी हुई है। एक-एक करके साड़ियाँ निकालती हूँ। सिल्क की भारी-भारी साड़ियाँ हैं, शायद मम्मी के विवाह के समय की हैं। मैंने मम्मी को कभी भी इन साड़ियों को पहनते नहीं देखा। मेरे बड़ी होने तक तो वे प्रौढ़ हो चुकी थीं, इन साड़ियों को कहाँ पहनतीं, लेकिन इनकी तो तह भी नहीं खुली। शायद इन्हें खोलने और पहनने का कभी प्रयास ही नहीं किया गया।

मैं देखती हूँ कि साड़ियों के अलावा कितना सामान भरा हुआ है इसमें। शायद यह सब मम्मी की शादी के समय का ही है, जिसे बाहर निकालने की कभी आवश्यकता ही नहीं पड़ी। पूरी अलमारी का सामान बाहर निकाल देती हूँ। छोटे-छोटे डिब्बों में कई चीजें रखी हैं। वहीं कुछ पत्र और डायरी भी रखी है। मैं उन्हें उठाकर अपनी अटैची में रख लेती हूँ।

सोचती हूँ, मम्मी की साड़ियों को मैं कैसे पहन सकती हूँ। जब-जब पहनूंगी, उनकी स्मृति मुझे कचोटेगी। वैसे भी मैं उन्हें कैसे भूल पाऊँगी, मेरा अकेलापन, जिसे मैंने बचपन से ही झेला है, और गहरा गया है। मम्मी की आँखों का दर्द मुझे इन सारी वस्तुओं में फैला हुआ नज़र आने लगा है। कीमती साड़ियाँ और अन्य सामान एक बड़ी अटैची में बन्द कर देती हूँ। बाकी बचा हुआ सामान फिर उसी अलमारी में ठूंस देती हूँ।

डिनर के वक्त भी मैं और पापा प्रायः चुप ही रहते हैं। मैं पापा को टोकती हूँ- “आज आपने बहुत कम खाया है जबकि मैंने भी ठीक तरह से नहीं खाया। दरअसल मम्मी के बिना इस घर में सबकुछ अधूरा-अधूरा सा लगता है। पापा के साथ रहने की मुझे आदत नहीं रही। चार दिन तक तो रिश्तेदार साथ थे, मम्मी के क्रिया-कर्म करने के बाद सभी लौट गए हैं।”

“तुमने अपनी माँ का सारा सामान देख लिया है मुक्ता!” पापा अचानक मेरी तन्द्रा तोड़ते हैं।

“मैं मम्मी की कोई भी वस्तु अपने साथ नहीं ले जा रही हूँ पापा! इस अटैची में सब कीमती सामान रख दिया है, आप अपने साथ ले जाएँ, बाकी चीजें तो आप इस मकान के साथ बेच ही देंगे, शायद वहाँ आपको इनकी ज़रूरत नहीं होगी।”

मेरी बात सुनकर पापा मेरी ओर एकदम सीधी, आँखों से देखते हैं, मैं अपनी नज़र प्लेट में गड़ा देती हूँ। मैं जानती हूँ, मुझे पापा से इस समय ऐसी बात नहीं कहनी चाहिए थी। लेकिन अपने मन की कड़वाहट को मैं भी बाहर निकालना चाहती हूँ। मैं पापा को कभी माफ़ नहीं कर पाऊँगी, जबकि मुझे पापा की याद सदैव सताती रहती थी। मुझे उन्होंने सदैव अपने प्यार से वंचित रखा है। उन्होंने मम्मी की घोर अवहेलना की है। पति का नाम ही तो दिया था पापा ने उन्हें। अब अपने अंतिम समय में इन्हें कर्त्तव्य-बोध हुआ है। इसलिए शायद वे पिछले चार-पाँच दिन से यहाँ रहकर अपने पति होने के कर्त्तव्य से मुक्त हो जाना चाहते हैं।

पापा सिर्फ देखते रह जाते हैं, कोई उत्तर नहीं देते। मैं भी अब उनसे कुछ भी नहीं कहना चाहती। आज के बाद पता नहीं कब मिल पाऊँगी।

क्रमशः

सुदर्शन रत्ना

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment