मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -25

वहां कौन है? ( भाग 25)

मायरा चारों ओर से उस प्रकाश में घिरी हुई थी। आरम्भ के कुछ पल तो घबराहट के कारण उसकी धड़कने बढ़ी रहीं लेकिन उसके बाद धीरे–धीरे वह सामान्य से भी अधिक शांति का अनुभव करने लगी। उसे लगा जैसे उसके शरीर के रोम–रोम में शीतलता समाती जा रही है ।उसके हर भय, चिंता को नष्ट करती हुई कोई शक्ति उन स्थानों पर चंदन का लेप लगाती जा रही हो।

मायरा के नेत्रों को शांति का अनुभव हुआ तो वे स्वत: ही बंद हो गए। अब मायरा अपनी यात्रा के लिए तैयार थी। उसकी आँखों के आगे पहले गहरा गुलाबी फिर उसमें धीरे–धीरे घुलता हुआ सफेद प्रकाश आया जिसने उसे हल्का गुलाबी कर दिया।

उसे अपना शरीर बहुत हल्का लग रहा था। अब मायरा ने हौले से अपनी आँखें खोलीं। वह उसी जल लोक में थी । उसकी आयु उस समय 15–16 वर्ष की युवती के समान थी। मायरा अपना रूप देख कर हैरान थी। उसके नैन नक्श बदले नहीं थे किंतु उनमें अद्भुत आकर्षण था। कंचन के समान चमकदार त्वचा, रतनारे नेत्र…अपना रूप देखकर वह स्वयं ही मोहित हो गई।

अर्धवलयाकार सीप के दर्पण में वह स्वयं को निहार रही थी कि तभी किसी ने उसके केशों में एक खूबसूरत पुष्प लगा दिया( किसी समुद्री फूल का नाम लिखें)

” अब तुम्हारा रूप कुछ पूर्ण सा हुआ नीलवलया!”, किसी ने मायरा के कंधों पर अपने हाथ रखते हुए उसे अपनी ओर घुमाया। मायरा अब नीलवलया थी और घुमाने वाला था…

“अम्भोर तुम!”,नीलवलया मुस्कुरा दी,” तुम हमेशा मुझे हैरान कर देते हो अचानक आकर! …अच्छा बताओ जरा, कल तुम कहाँ थे?”

(मत्स्यलोक की प्राचीन भाषा में “अम्भोर” का अर्थ है— “जल की अथाह गहराइयों का स्वामी” या “समुद्र की गहराइयों से जन्मा हुआ।”)

” मै गया था अपनी प्यारी नीलवलया के लिए इन गुलाबी मोतियों को तलाशने, ये बहुत दुर्लभ हैं।”, अम्भोर ने एक माला दिखाते हुए कहा।

“अच्छा, बताओ तो जरा कि कैसे!”, नीलवलया ने माला को छूते हुए शरारत से अपना निचला होंठ दबाते हुए अदा के साथ पूछा।

अच्छा सुनो,” अम्भोर ने मुस्कुराकर कहा, “ये गुलाबी मोती साधारण सीपों में नहीं बनते। समुद्र की सबसे गहरी खाइयों में रहने वाली रक्तशुक्ति नाम की दुर्लभ सीपें जब गुलाबी मूंगे के पराग और चंद्रज्वार की पहली किरण को एक साथ अपने भीतर समेट लेती हैं, तब वर्षों बाद कहीं जाकर ऐसा एक मोती जन्म लेता है।”

” ओह..कितने सुंदर हैं ये!”, नीलवलया मंत्रमुग्ध थी।

” और जानती हो, यह माला मैने स्वयं अपने हाथों से गूंथी है तुम्हारे लिए।”, अम्भोर वह माला उसके गले में पहना दी।

गुलाबी मोतियों के साथ श्वेत मोतियों को बहुत कलात्मक रूप से माला में पिरोया गया था। नीलवलया प्रसन्न होकर उसके गले लग गई।

” कितना प्रेम करते हो तुम …वैसे तुमने बताया नहीं कि ये मोती आखिरकार तुमने एक दिन में कैसे एकत्रित कर लिये क्योंकि ये दुर्लभ है तो आसानी से एक ही स्थान पर प्राप्त नहीं हो सकते।”,उत्सुकता दिखाते हुए नीलवलया ने प्रश्न किया।

” ओह हो, अर्थात हमारी प्रियतमा को कथा सुनने की इच्छा है!”,…ने उसे अपने सीने से कसते हुए बोला।

” इस बहाने तुम कुछ अधिक समय मेरे साथ रहोगे न!”, नीलवलया ने उसके पुष्ट बाजुओं को सहलाया और फिर उन्हें चूम लिया।

वह मुस्कुराया और फिर बोला ” अच्छा सुनो”, उसने माला की ओर देखा, “एक-एक मोती पाने के लिए मुझे समुद्र की कई घाटियाँ पार करनी पड़ीं।”

नीलवलया विस्मय से उसे देखती रह गई, “इतनी मेहनत… सिर्फ मेरे लिए?”

अम्भोर ने उसके माथे पर हल्की-सी चपत लगाई”और किसके लिए करता मैं?”

वह खिलखिलाकर हँस पड़ी, “बताओ… फिर क्या हुआ?”

अम्भोर ने कहानी शुरू की, “सबसे पहले मैं मूंगों के वन में गया। वहाँ समुद्री बिच्छुओं का झुंड रास्ता रोककर बैठा था। उनसे बचकर आगे बढ़ा तो एक विशाल भँवर मिल गया… लगा आज तो वापस नहीं जा पाऊँगा।”

नीलवलया साँस रोके सुन रही थी।

“फिर सात धाराओं के संगम पर मुझे पहली रक्तशुक्ति मिली। वह इतनी पुरानी थी कि उसके ऊपर मूंगे उग आए थे। बड़ी विनती के बाद उसने मुझे एक मोती दिया।”

“फिर?”

“फिर दूसरी… तीसरी… चौथी…”

वह एक-एक स्थान का ऐसा सुंदर वर्णन करता गया कि नीलवलया की आँखों में पूरी यात्रा जीवित हो उठी।

“और आख़िर में?”, नीलवलया की आंखों में बच्चों सी जिज्ञासा थी।

“आख़िर में जब अंतिम मोती मिला… तब मैंने वहीं बैठकर पूरी माला अपने हाथों से बनाई।”, उसने नीलवलया की आँखों में देखते हुए कहा,”क्योंकि मैं चाहता था… यह संसार में सबसे पहले तुम्हारी गर्दन पर ही सजे।”

नीलवलया की आँखें भीग गईं, “मुझे कोई राजमहल नहीं चाहिए, न कोई खज़ाना… अगर तुम हमेशा ऐसे ही मेरे साथ रहो तो बस वही बहुत है।”

उसने अपनी गर्दन में पहनी माला को छुआ, “मैं इसे जीवन भर अपने से अलग नहीं करूँगी।”

अम्भोर मुस्कुरा तो रहा था…पर उसी क्षण उसके मन में जैसे किसी ने काँटा चुभो दिया। उसकी मुस्कान एक पल के लिए ठिठकी, “झूठ…”उसके भीतर कोई स्वर उठा।

“मैंने यह माला बनाई ही कब थी?”, एक क्षण के लिए उसके सामने एक दूसरा दृश्य चमका।

थकी हुई, झुर्रियों से भरी एक वृद्ध जलपरी जो सात समंदर पार के अपने मत्स्यलोक से भटकती हुई आ गई थी…उसके हाथों में यही गुलाबी मोतियों की माला थी…चारों ओर मत्स्य सैनिक…और वह वृद्धा बार-बार कह रही थी, “यह मेरे प्रेम की अंतिम धरोहर है… इसे मत छीनो…”

दृश्य उतनी ही तेजी से गायब हो गया।

अम्भोर ने तुरंत स्वयं को संभाल लिया।उसने नीलवलया की ओर देखा।वह अब भी प्रेम से उसी माला को निहार रही थी।

“नहीं…” उसने मन ही मन सोचा, “उसे कभी सच पता नहीं चलना चाहिए।”

“अगर उसे मालूम हो गया कि यह माला मैंने एक असहाय वृद्ध जलपरी से छीनी थी… तो वह मुझसे घृणा करने लगेगी।”

उसने मुस्कुराकर नीलवलया का हाथ अपने हाथ में ले लिया और चूम लिया। उसके होंठों का स्पर्श पाकर वह सिमट गई। अम्भोर के हाथ अब उसकी कमर के नील वलय सहला रहे थे और होंठ उसके चेहरे की ओर बढ़ रहे थे कि जलीय शैवालों में एक हलचल हुई और वे एक दूसरे से दूर हो गए।

नील वलया की आँखों में झुंझलाहट आ गई।” कौन है जो बिना हमारी आज्ञा के यहां आ गया?”
Megha

( क्या वह नीलांबरी है या आर्यकेतु या फिर कोई अन्य? सोचिए आपको भी गुलाबी मोतियों की माला चाहिए क्या? दुर्लभ है पर आपके प्रेम द्वारा आपको तभी मिलेगी तभी जब आप मुझे ढेर सारे कमेंट्स करोगे)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment