36-
उसके ठहरने का इंतजाम आशुतोष ने नाट्य समूह की ही एक लड़की के साथ कर दिया था। ऑडिशन में उसे चरित्र में बिल्कुल फिट पाया गया और टेलीफिल्म में उसे कास्ट कर लिया गया।
इस फ़िल्म की सबसे अच्छी बात यह थी, कि वह कहानी लखनऊ की ही पृष्ठभूमि की थी। अतः सारी शूटिंग लखनऊ में ही होनी थी। वह कॉन्ट्रेक्ट साइन करके लखनऊ वापस लौट आयी। अब वह काफ़ी खुश थी। बस एक बार शुरुआत हो जाए, फिर वह पलटकर नहीं देखेगी। वह सिर्फ अभिनय के लिए बनी है, इसी काम में वह अपना बेहतरीन दे सकती है। नया काम मिलने की खुशी में उमंग, नील व उसकी तिकड़ी ने बाहर डिनर करके जश्न मनाया।
शीघ्र ही शूटिंग शुरू हो गई। नायिका एक नई लड़की थी, जबकि नायक उसका ही साथी कलाकार रोहित था। उसने लोगों से सुना था कि थियेटर के दिनों में रोहित उसे बहुत पसंद करता था, पर उसने इस बात को तवज्जो न दी थी। क्योंकि उसके आकर्षण का केंद्र बिंदु एक गुमनाम चेहरा शिखर था। वह दिन रात शिखर से मुलाकात को बेचैन थी। इस बार जब शूट शुरू हुआ और उसका सामना रोहित से हुआ, तो दोनों एक दूसरे से मिलकर बहुत प्रसन्न हुए। रोहित का उत्साह तो खासतौर पर देखने लायक था। उर्वशी को यकीन हो गया कि रोहित के विषय में सुनी हुई अफ़वाह में कुछ हक़ीक़त तो अवश्य थी। जैसे ही उसके दृश्य की शूटिंग समाप्त होती वह उससे बात करने बैठ जाता। भोजन भी वह प्रतिदिन उसके ही साथ ही करता। धीरे धीरे वह जान गया था कि उर्वशी राणा पैलेस को छोड़ आयी है। अब वह उसका विशेष ध्यान रखने लगा था।
इधर उर्वशी को इन दिनों काफ़ी कमजोरी महसूस हो रही थी। सुबह उठने का मन नहीं करता, जबर्दस्ती उठती तो काम करने का दिल नहीं करता। खाना पीना भी बहुत कम हो गया था, उमंग से वह कुछ कहती नहीं थी, कि बेकार में फिक्र करने लगेगा। चेहरा भी कुम्हला गया था। उस दिन सुबह से वह शूट में व्यस्त थी। जी चाह रहा था कि थोड़ा आराम कर ले, पर शूटिंग बहुत तेजी से हो रही थी। आशुतोष कम बजट, व समय में, वह फ़िल्म पूरी कर लेना चाहते थे। चूँकि अधिकतर कलाकर नाट्य समूह के ही थे, तो कोई दिक्कत नहीं थी। वह सभी पूरा सहयोग कर रहे थे। सबकी यही अभिलाषा थी कि फ़िल्म जल्दी से पूरी होकर राष्ट्रीय चैनल में टेलीकास्ट हो जाए, तो सबके भाग्य का भी निर्णय हो जाए।
एक दृश्य का फिल्मांकन होते समय उसे सब कुछ गोल गोल घूमता नज़र आया। इससे पहले की वह गिरती, रोहित ने उसे थाम लिया, शूटिंग रुक गई। रोहित जल्दी से नारियल पानी लेकर आया। थोड़ी देर में उसकी तबियत कुछ ठीक महसूस हुई। आशुतोष ने उसे उस दिन आराम करने की सलाह देकर घर भिजवा दिया। नील उस समय घर पर ही अपना ऑनलाइन काम कर रहा था , उसने जल्दी से डॉक्टर को फोन कर दिया । यद्यपि उर्वशी ने मना किया, पर वह नहीं माना। साथ ही उसने उमंग को भी फोन कर दिया। थोड़ी देर में डॉक्टर व उमंग, दोनो आ गये । डॉक्टर ने मुआयना करके, उसके गर्भवती होने की सूचना दी । आवश्यक दवाएं लिखकर डॉक्टर तो चली गई, पर उमंग और नील एक दूसरे को देखने लगे। उमंग खुश दिखाई दिया, जबकि नील न जाने किस सोच में डूबा था। फिर न जाने किस ख़्याल ने उमंग को भी गम्भीर कर दिया। थोड़ी देर बाद उसने मम्मी को फोन करके यह सूचना दी। यह सुनकर सब भौंचक्के रह गए। कुछ पल उन्हें समझ ही न आया कि क्या करें। फिर तय हुआ कि मम्मी पापा दोनो, अगले दिन लखनऊ आ जाएंगे। उर्वशी ने उमंग व मम्मी से राणा परिवार को यह सूचना देने से मना कर दिया।
” अब ?” उमंग ने उसे देखकर प्रश्न किया।
” अब क्या ? उन्हें ये ख़बर नहीं देनी है। ” उसने दृढ़ स्वर में कहा। उमंग गहरे सोच में डूब गया, उधर उर्वशी के मस्तिष्क में शिखर के साथ हुई अंतरंगता के दृश्य घूम रहे थे। उन खूबसूरत लम्हों का प्रतीक, एवम उसके प्रिय के प्रेम का अंश, उसके भीतर जीवन पा रहा है। यह विचार ही उसे बेहद प्रफुल्लित कर गया। उसे स्वयम में पूर्णता का अहसास होने लगा। अब वह पूर्ण स्त्री बन गई है । मातृत्व एक बेहद खूबसूरत अहसास है। उसके भीतर एक नवजीवन अंकुरित हो गया है। उसका अंश पल रहा है। कुछ समय बाद वह जन्म लेगा। अब वही उसके जीने का मकसद और अकेलेपन का सहारा होगा। वह अपनी चमकीली आँखों से उसे देखेगा। उसे माँ कहकर पुकारेगा। उसकी नन्ही नन्ही कोमल उंगलियों के स्पर्श का अहसास करके वह भावुक हो उठी। उसका जी चाहने लगा कि वह तुरन्त शिखर को यह खुशखबरी सुनाए, परन्तु तभी परिणाम के विषय में सोचकर उसका उत्साह ठंडा पड़ गया।
* * * * *
अगले दिन मम्मी पापा आ गए। उनके चेहरे पर गम्भीरता थी। उन्होंने उसे गले से लगा लिया और उसके सिर पर हाथ फेरा। थोड़ी देर में चाय पीकर वे सब इस मसले पर विचार करने लगे। मम्मी की आवाज़ से उसकी तन्द्रा भंग हुई। वह पापा से कह रही थीं
” अब क्या करें ? बच्चे को इस दुनिया मे आने दें या …”
” मम्मी, ये आप कह रही हैं ! आपसे ऐसी उम्मीद नहीं थी मुझे। “
” जब तुम उस घर से अब कोई वास्ता ही नहीं रखना चाहतीं, तो इस बच्चे को जन्म देने का कोई मतलब नहीं है.ये तुम्हारी राह में सौ मुश्किलें खड़ी करेगा। “
” ऐसी कौन सी मुश्किल आ जाएगी ?”
” बात तो सही है बेटा, अभी तुम्हारी उम्र ही क्या है। सारा जीवन पड़ा है, जो अकेले नही काटा जा सकता। किसी का साथ तो ढूंढ़ना ही होगा। तब बच्चे की वजह से दिक्कत आएगी। ” इस बार पापा ने उसे समझाना चाहा।
” मुझे किसी के साथ की आवश्यकता नहीं। अपना बाकी जीवन मैं इस बच्चे के सहारे काट दूँगी। “
” भावुकता में आकर फैसले नहीं लिए जाते। अकेले रहना इतना आसान नहीं। हर उम्र की अपनी ज़रूरतें होती हैं। “
” पापा प्लीज़ , ऐसे मत कहिये, ये मेरा बच्चा है, और मैं इसे जीवन दूँगी। ” उसने कहा तो पापा खामोश रह गए। उन्हें चुप देखकर मम्मी समझ गईं, की अब उनकी कोई दलील उसका फ़ैसला नहीं बदलेगी।
” तो फिर उन लोगों को यह खुशखबरी दे देनी चाहिए। शायद यह खबर सब ठीक कर दे। “
” बिल्कुल नहीं, जब मैं वह घर ही छोड़ आयी, तो अब उनका मेरी किसी भी बात से कोई वास्ता नहीं। ” उसने दृढ़ स्वर में कहा।
” पर बेटा, यह उनके खानदान का वारिस है। “
” यह सिर्फ मेरा बच्चा है। “
क्रमशः