मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -28

वहाँ कौन है?भाग 28

जललोक में उस दिन का प्रभात किसी उत्सव से कम नहीं था।

सूर्य का प्रकाश समुद्र की सतह को भेदकर नीचे उतरता तो असंख्य जलकण उसे हजारों रंगों में बाँट देते। पूरा राजमहल मानो नीले, गुलाबी और रजत प्रकाश की लहरों में झिलमिला रहा था।

आज ‘मणि-आशीर्वाद’ की राजपरम्परा निभाई जानी थी।

मत्स्यलोक में विवाह से पूर्व यह सबसे पवित्र संस्कार माना जाता था। मान्यता थी कि जब तक भावी वधू नागमणि का आशीर्वाद प्राप्त न कर ले, तब तक विवाह पूर्ण रूप से स्वीकार्य नहीं माना जाता। नागमणि केवल आशीर्वाद ही नहीं देती थी, वह होने वाली महारानी के अंतर्मन की शुद्धता भी परखती थी।

यदि उसके दूधिया प्रकाश में वधू के शरीर से स्वयं आभा फूटने लगे तभी उसे जलदेव और नागवंश की स्वीकृति प्राप्त होती।इसी कारण आज पूरा राजमहल अत्यंत पवित्र वातावरण में डूबा हुआ था।

महल के मध्य स्थित विशाल प्रांगण में मूंगे की लाल और गुलाबी शाखाओं से मेहराबें बनाई गई थीं। उनके बीच-बीच में मोतियों की लंबी झालरें झूल रही थीं जो जल की मंद गति से धीरे-धीरे डोल रही थीं।

नीले क्रिस्टलों से बने दीपों में किसी अग्नि की नहीं, बल्कि चमकते समुद्री शैवालों की हरित-नीली रोशनी थी। सैकड़ों जलपरियाँ सफेद शंखों में सुगंधित जल लेकर इधर-उधर दौड़ रही थीं।

कुछ कन्याएँ समुद्री कुमुदिनी और नीलकमल शैवाल-पुष्पों से वेदिकाएँ सजा रही थीं। कुछ युवक विशाल सीपों में मोती सजा रहे थे।

शंखों और जलवीणाओं का मधुर संगीत पूरे वातावरण में घुला हुआ था।

उसी समय राजमहल के भीतरी कक्ष में नीलवलया अपनी दासियों के बीच बैठी थी। आज उसे केवल श्वेत रंग ही धारण करना था।यह जललोक की सबसे प्राचीन परम्परा थी। यह माना जाता था कि विवाह से पहले वधू अपने समस्त अहंकार, इच्छाएँ और पूर्वाग्रह त्यागकर जलदेव के समक्ष उपस्थित होती है।इसलिए इस दिन किसी भी प्रकार का रंग धारण करना वर्जित था।

एक-एक करके दासियों ने उसके शरीर पर मोती के चूर्ण और दुर्लभ चन्द्रशैवाल से बना सुगंधित लेप लगाया फिर अत्यंत महीन, दूधिया आभा लिए समुद्री रेशों से बुना वस्त्र उसे पहनाया गया।

उस वस्त्र पर किसी प्रकार की रंगीन कढ़ाई नहीं थी केवल श्वेत मोतियों की सूक्ष्म जड़ाई थी जो हल्की-सी रोशनी पड़ते ही ओस की बूँदों जैसी चमक उठती।

उसकी कमर पर श्वेत मूंगे की पतली करधनी बाँधी गई।भुजाओं में शंख से बने बाजूबंद, कानों में अश्रुबिंदु जैसे लटकते मोती, गले में तीन परतों वाली मोतियों की माला।

केशों को खुला न रखकर दासियों ने उन्हें मोतियों की महीन लड़ियों से गूँथ दिया। अंत में समुद्री फूल श्वेत वारुणिका की दो कलियाँ उसके जूड़े में सजा दी गईं।

उसे देखकर लगता ही नहीं था कि वह इस संसार की है।वह स्वयं भी दर्पण में अपना प्रतिबिंब देखकर कुछ पल के लिए ठिठक गई।

तभी कक्ष का विशाल द्वार खुला।महारानी भीतर आईं।उनके पीछे नीलांबरी और राजपरिवार की वरिष्ठ स्त्रियाँ थीं।सबकी दृष्टि नीलवलया पर टिक गई।महारानी की आँखें स्नेह से भर उठीं, “मेरी पुत्री…”

उन्होंने आगे बढ़कर उसके माथे को चूम लिया,”आज सचमुच तुम जलदेवी का रूप लग रही हो।”

नीलवलया ने थोड़ा सा मुस्कुरा दी।

महारानी ने संकेत किया।एक दासी रजत थाल लेकर आगे आई।
थाल पर नीले रेशमी वस्त्र के ऊपर रखा था…वही नीला कंगन।

उसे देखते ही नीलवलया का हृदय जैसे एक पल को थम गया।
कंगन किसी साधारण धातु का नहीं था।वह गहरे नील वर्ण की दिव्य मिश्रधातु से बना है।उसकी सतह पर सूक्ष्म नक्काशी उकेरी थी।कहीं मत्स्य कुमार और मत्स्य कुमारियाँ हाथों में हाथ डाले खड़ी थीं।कहीं जलतरंगों के बीच विवाह संस्कार अंकित था।

मध्य भाग में एक वधू की आकृति थी जिसके ऊपर प्राचीन जलाक्षरी लिपि में मंत्र उत्कीर्ण थे।कंगन से अत्यंत हल्की नीली आभा निकल रही थी।

महारानी ने दोनों हाथों से उसे उठाया, “नीलवलया…”। उनका स्वर गंभीर हो गया”यह तुम्हारे भावी ससुराल… शंखपुरी जलसंघ… से आया है।”

नीलवलया का सिर अनायास झुक गया।

“युवराज आर्यकेतु की माताश्री ने स्वयं अपने हाथों से इसे तुम्हारे लिए भेजा है।”

कक्ष में उपस्थित सभी स्त्रियों ने श्रद्धा से सिर झुका लिया।नीलवलया के भीतर जैसे कोई तूफ़ान उठ गया।उसने अम्भोर का चेहरा याद कियाऔर उसी क्षण उसकी कलाई आगे बढ़ा दी गई।महारानी ने अत्यंत श्रद्धा से वह कंगन उसकी कलाई में पहना दिया।

कंगन ने जैसे ही उसकी त्वचा को स्पर्श किया…पूरा कक्ष हल्की नीली आभा से भर उठा।कंगन पर उकेरी मत्स्य आकृतियाँ क्षणभर के लिए जीवित प्रतीत हुईं।मंत्रों की रेखाएँ मंद-मंद चमकने लगीं। सभी स्त्रियाँ विस्मित रह गईं।

राजपुरोहित ने आँखें बंद कर दीं, “स्वीकार कर लिया…”वे धीरे से बोले, “कंगन ने राजकुमारी को स्वीकार कर लिया।”

महारानी मुस्कुराईं, “अब से तुम्हारा और युवराज आर्यकेतु का भाग्य एक सूत्र में बँध गया है, पुत्री।”

नीलवलया ने विस्मित होकर उनकी ओर देखा।

महारानी बोलीं,”इसे रक्षक-वलय कहा जाता है।हमारे पूर्वजों का विश्वास है कि विवाह से पूर्व जब यह कंगन वधू की कलाई स्वीकार कर लेता है, उसी क्षण वर और वधू के भाग्य एक-दूसरे से जुड़ जाते हैं।यदि भविष्य में एक पर कोई संकट आए तो दूसरा अनजाने ही उसे अनुभव करता है। यदि दोनों का मन पवित्र रहे तो यह कंगन अदृश्य कवच बनकर उनकी रक्षा करता है।”

“और यदि…”,महारानी कुछ पल रुक गईं।, “…यदि इस बंधन में छल, कपट या विश्वासघात प्रवेश करे…”,उनकी आँखें कठोर हो गईं।,”…तो यह कंगन रक्षा नहीं करता। तब भाग्य स्वयं न्याय करता है।”

यह सुनते ही नीलवलया के चेहरे का रंग उड़ गया।उसे लगा जैसे कंगन उसकी कलाई पर पहले से अधिक भारी हो गया हो।क्या वह पहले ही उस बंधन के साथ छल करने जा रही थी?उसने अनायास कंगन पर हाथ फेर दिया।

वह हल्का-सा धड़क उठा।और उसी क्षण…युवराज आर्यकेतु अचानक ठिठक गए।उनके दाहिने हाथ की कलाई में एक शीतल स्पंदन दौड़ गया।उन्होंने विस्मित होकर अपनी कलाई देखी, “यह कैसा अनुभव..?”

पास खड़े राजगुरु ने शांत मुस्कान से उनकी ओर देखा, “युवराज…”, उन्होंने धीरे से कहा,”लगता है… भाग्य ने अपना प्रथम सूत्र बाँध दिया है।”

आर्यकेतु ने कुछ नहीं कहा।पर न जाने क्यों उनके मन में पहली बार उस राजकुमारी की छवि उभर आई…जिससे वे अभी तक कभी मिले भी नहीं थे।

कक्ष में उपस्थित सभी स्त्रियाँ कुछ क्षणों तक नीलवलया की कलाई में दमकते उस नीले कंगन को देखती रहीं। उसकी आभा अब सामान्य हो चुकी थी किंतु नीलवलया के भीतर उठी हलचल सामान्य नहीं थी।

उसे बार-बार महारानी के शब्द याद आ रहे थे,”यदि इस बंधन में छल प्रवेश करे तो भाग्य स्वयं न्याय करता है…”

उसका हृदय जैसे किसी ने कसकर पकड़ लिया हो,’क्या वह सचमुच छल करने जा रही थी?’

क्या प्रेम के लिए किया गया अपराध भी अपराध ही कहलाएगा?

उसने धीरे से अपनी कलाई को स्पर्श किया। कंगन शीतल था, पर उसके भीतर कोई मृदुल स्पंदन निरंतर चल रहा था।

“चलो पुत्री।” महारानी ने उसके कंधे पर हाथ रखा, “अब नागमणि के आशीर्वाद का समय हो गया है।”

सभी स्त्रियाँ अत्यंत गंभीर भाव से आगे बढ़ीं।

राजमहल का वह भाग जहाँ नागमणि प्रतिष्ठित थी, सामान्य दिनों में भी निषिद्ध माना जाता था। वहाँ केवल महाराज, महारानी, राजपुरोहित और कुछ चुनिंदा रक्षक ही प्रवेश कर सकते थे।

आज उस मार्ग के दोनों ओर श्वेत शंखों से बने ऊँचे-ऊँचे स्तंभों पर जलदीप प्रज्वलित थे। दीपों में अग्नि नहीं थी। उनके भीतर बंद दुर्लभ ज्योतिशैवाल स्वयं दूधिया प्रकाश फैला रहे थे।

मार्ग पर किसी प्रकार का संगीत नहीं था।केवल जल की धीमी तरंगें…और शंखध्वनि की लंबी प्रतिध्वनि…लगता था जैसे पूरा समुद्र स्वयं मौन होकर इस परंपरा का साक्षी बन गया हो।

चलते-चलते वे एक विशाल गोलाकार द्वार के सामने पहुँचे। द्वार मूंगे का नहीं बल्कि एक ही विशाल श्वेत शंख को तराशकर बनाया गया था। उसकी सतह पर नागों, मत्स्यों और कमलों की अद्भुत नक्काशी थी।

राजपुरोहित ने आँखें बंद कर मंत्रोच्चार किया।द्वार पर उकेरे नागों की आँखें नीली चमक उठीं। धीरे-धीरे पूरा द्वार स्वयं खुलने लगा।नीलवलया ने भीतर कदम रखा।और अगले ही क्षण…वह स्तब्ध रह गई।

यह किसी कक्ष से अधिक किसी दिव्य लोक जैसा था।

गोलाकार कक्ष की छत इतनी ऊँची थी कि उसका अंतिम सिरा दिखाई ही नहीं देता था। ऊपर से पारदर्शी जल की परतें गुजर रही थीं जिनमें से छनकर आती सूर्यकिरणें हजारों चमकती रेखाओं में बदल जातीं।

चारों ओर विशाल क्रिस्टलों के स्तंभ थे।

हर स्तंभ के भीतर नीली रोशनी किसी जीवित प्राण की भाँति धड़क रही थी।भूमि श्वेत स्फटिक की थी। जिसपर चलने से कोई ध्वनि नहीं होती थी।

कक्ष के मध्य कमल के आकार का ऊँचा वेदिका-मंच बना था।
और उसके ठीक केंद्र में…एक समुद्री अश्व की प्रतिमा।उसी प्रतिमा के मस्तक पर स्थापित थी…”नागमणि।” …दूधिया श्वेत प्रकाश से आलोकितऐसा लग रहा था मानो पूर्णिमा का चंद्रमा किसी ने अपने दोनों हाथों में पकड़कर वहाँ स्थापित कर दिया हो।

नीलवलया की आँखें अनायास झुक गईं।महारानी उसके समीप आईं,”स्मरण रखना पुत्री।”,उनका स्वर अत्यंत गंभीर था।”नागमणि केवल पत्थर नहीं है।यह जललोक, नागलोक और समुद्रदेव—तीनों की संयुक्त धरोहर है। इसके समीप वही जा सकता है जिसके मन में किसी प्रकार का लोभ, क्रोध या छल न हो।”

“यदि मन अपवित्र हो…”,उन्होंने नीलवलया की आँखों में देखते हुए कहा,”…तो नागमणि का प्रकाश स्वयं उसका निर्णय कर देता है।”

नीलवलया का हृदय धक् से रह गया। ‘क्या नागमणि उसके मन का रहस्य जान जाएगी?’

महारानी ने उसके सिर पर हाथ रखा,”जाओ…अपने आगामी सुखद वैवाहिक जीवन के लिए प्रार्थना करो।जब तक तुम्हारे शरीर से स्वयं आभा प्रकट न होने लगे, हम सब बाहर प्रतीक्षा करेंगे। यह तुम्हारा और नागमणि का एकांत संवाद है।”

इतना कहकर महारानी पीछे हट गईं।नीलांबरी ने एक बार बहन की ओर देखा,”मैं बाहर हूँ।”

उसने मुस्कुराने का प्रयास किया।दासियाँ भी धीरे-धीरे बाहर चली गईं।विशाल द्वार पुनः बंद हो गया।अब पूरे कक्ष में केवल…
नीलवलया…और नागमणि…रह गए थे। कुछ क्षण तक वह वहीं खड़ी रही फिर धीरे-धीरे वेदिका की ओर बढ़ी।हर कदम के साथ उसकी धड़कन तेज होती जा रही थी।

वह वेदिका के सामने घुटनों के बल बैठ गई।दोनों हाथ जोड़ लिए।आँखें बंद हो गईं।उसके होंठ काँप रहे थे, “मुझे क्षमा करना…”धीरे-धीरे शब्द बाहर निकले “मैं नहीं जानती मैं सही हूँ या गलत , मैं किसी का अहित नहीं चाहती पर मैं अम्भोर से प्रेम करती हूँ यदि प्रेम अपराध है…”

उसकी आँखों से आँसू बह निकले “…तो शायद मैं अपराधिनी हूँ।”

दूधिया प्रकाश धीरे-धीरे उसके चारों ओर फैलने लगा।उसे लगा जैसे किसी ने उसके सिर पर शीतल जल उँडेल दिया हो।उसके शरीर का प्रत्येक रोम हल्का होता जा रहा था।कलाई का नीला कंगन भी मंद-मंद चमकने लगा।

अचानक…नागमणि से एक पतली दूधिया किरण निकली।वह सीधी नीलवलया के हृदय पर आकर ठहर गई।नीलवलया काँप उठी।उसे लगा जैसे कोई उसके भीतर झाँक रहा हो।उसके सभी रहस्य…सभी भाव…सभी स्मृतियाँ…सब कुछ देख रहा हो।

कुछ ही क्षण बाद उसके शरीर से हल्की श्वेत आभा निकलने लगी। पहले हथेलियाँ…फिर चेहरा…फिर पूरा शरीर।कक्ष का वातावरण और अधिक उज्ज्वल हो गया।

बाहर खड़े राजपुरोहित ने आँखें बंद कर लीं।वे धीमे से बोले,”नागमणि ने राजकुमारी को आशीर्वाद दे दिया।”

नीलवलया आशीर्वाद पाकर सभी के साथ कक्ष से बाहर आ गई। महारानी ने उसे अपने गले से लगा लिया।” चलो चलें।”

नीलवलया अपने कक्ष की ओर चल दी। उसके कक्ष तक पहुंचते ही महारानी ने उसे पुनः गले लगाया और उसे ध्यान से देखा। उनका चेहरा ममता से दमक रहा था। ” तुम विश्राम करो, हमें अभी विवाह की अन्य व्यवस्थाएं देखनी है।” कहके वो नीलांबरी के साथ सभी परिजनों को लेकर चली गईं।

नील वलया ने उन्हें जाते हुए देखा और यह भी देखा कि कक्ष के दूर वाले स्तंभों के पास कुछ जलसेवक अंतिम सजावट कर रहे थे।उनमें से एक ने क्षणभर के लिए अपना सिर उठाया।उनकी आँखें मिलीं।

नीलवलया का हृदय उछल पड़ा, “अम्भोर!”

उसने साधारण सेवक का वेश धारण किया हुआ था।चेहरे पर श्वेत शंखों का मुखावरण था।पर उसकी आँखें…उन्हें नीलवलया हजारों लोगों के बीच भी पहचान सकती थी।अम्भोर ने हल्का-सा सिर झुकाया।उसकी आँखों में प्रश्न था, “क्या…?”

नीलवलया ने धीरे से अपनी कलाई मोड़ी।फिर बहुत सावधानी से…अपनी मुट्ठी बंद की…और हृदय पर रख ली।यह संकेत था, “वह मिल गई…”

अम्भोर की आँखों में चमक आ गई।नीलवलया ने बहुत हल्के से दूसरी ओर दृष्टि घुमाई…जहाँ राजमहल से दूर…पुराने मूंगे के उपवन की दिशा थी…वही स्थान…जहाँ वे मिलते थे।

अम्भोर ने बिना किसी भाव के अपनी गर्दन झुका दी।मानो वह केवल सजावट कर रहा हो पर नीलवलया समझ गई।उसने संकेत समझ लिया है।

अगले ही क्षण वह फिर अन्य सेवकों के बीच विलीन हो गया।
नीलवलया ने गहरी साँस ली।उसका हृदय अब पहले से अधिक तेजी से धड़क रहा था।उसे नहीं मालूम था…कि उसी क्षण…भाग्य की दिशा बदल चुकी थी और जो निर्णय उसने अभी लिया था…वह केवल उसके जीवन का नहीं…पूरे जललोक के इतिहास का सबसे बड़ा मोड़ बनने वाला था।
Megha

( ओहो मगर नीलवलया ने नागमणि चुराई कैसे? मै बताऊं..वैसे ही जैसे आप कहानी पढ़कर अपने कमेंट मुझसे छिपा कर ले जाते हो😀😀 चलिए अब तो अच्छे से कमेंट्स की बरसात कर दीजिए ताकि मेरे मन का समुद्र भी हिलोर भरने लगे।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment