सुदर्शन रत्नाकर का उपन्यास ‘ यादों के झरोखे’ भाग -5

5.

दूसरे दिन उषाकाल में दादीमाँ ने प्राण त्याग दिए। मैं मम्मी के रोने की आवाज़ सुनकर जाग गई और उनको रोता देखकर मैं भी रोने लगी थी। मम्मी के रोने और मेरे रोने में अन्तर था मम्मी का रुदन हृदय की गहराई से फूट रहा था, उनका रेशा रेशा क्रन्दन कर रहा था, वह पीड़ा की एक सच्ची अभिव्यक्ति थी, जिसकी अनुभूति मुझे आज भी हो रही है। मम्मी दादीमाँ के मृत शरीर पर सिर रखकर रो रही थीं और मैं उनका आँचल पकड़े उनके पीछे खड़ी थी। यहीं से शुरू होती है मम्मी के महायुद्ध की कहानी।

दादीमाँ देह के दुःख भोगकर महाप्रयाण कर चुकी थीं, लेकिन उनके नश्वर देह के लिए पारम्परिक संस्कार शेष थे। जीवित जीव के लिए समय नहीं मिल पाता, लेकिन मृत्यु के बाद उसके नाम से हम सब कार्य भूल जाते हैं। कितना कटु सत्य है यह। दादीमाँ जब जीवित थीं तो पापा, अंकल और आंटी किसी के पास उनके साथ रहने का समय नहीं था। लेकिन मृत्यु की सूचना मिलते ही सभी चले आए थे। शाम तक और सगे-सम्बन्धी भी आ गए थे। दाह-संस्कार करके बेटों ने अपना कर्त्तव्य पूरा कर दिया था। लेकिन उन्हें कम से कम तीन दिन और रुकना था, चौथे दिन अस्थियाँ एकत्रित करके उन्हें गंगा में विसर्जित करनी थीं। और भी धार्मिक अनुष्ठान शेष थे।

इन दिनों में आंटी ने सभी रिश्तेदारों के सामने ऐसा प्रदर्शन किया जिससे लगता था कि दादीमाँ को केवल उन्हीं से अत्यधिक लगाव था और मेरी मम्मी से भी बहुत सहानुभूति है। उन्होंने सारा काम सम्भाल लिया था। वास्तव में वे चाहती थीं कि उनका बड़प्पन और रौब सब पर कायम रहे। साथ ही वह यह भी दिखाना चाहती थीं कि मम्मी को तो कुछ आता-जाता नहीं और न ही उन्हें किसी बात की समझ है। उन्होंने यह भी सिद्ध करने का प्रयास किया कि यदि पापा मम्मी को अपने साथ नहीं रखना चाहते तो इसमें भी मम्मी का ही दोष है, पापा का नहीं। क्योंकि मम्मी को कोई सलीका नहीं आता। गोया मम्मी पापा के साथ रहने के काबिल न थीं। जैसा कि पापा अक्सर कहा करते थे. आंटी भी यही साबित करना चाहती थीं कि मम्मी गँवार और मैं उजड्ड हूँ और हम पापा के साथ कतई रहने के काबिल नहीं हैं।

नाना-नानी भी दो दिन रहे थे। मम्मी के जीवन काल में भी वे उनकी दुर्दशा देखकर केवल आँसू बहाकर ही रह जाते थे। आंटी हमेशा मम्मी को हर बात में छोटा सिद्ध करने और उनका अपमान करने पर तुली रहती थीं। उनकी मृत्यु पर शोक प्रकट करने आए रिश्तेदारों के सामने भी वह यह कटाक्ष करती रहती थीं ‘बेचारी माँजी ने कई वर्ष बड़ी तकलीफ में बिताए थे, नीरा की वजह से उन्हें यहाँ रहना पड़ता था, दो-दो बेटों के होते हुए भी वे कोई सुख और आराम नहीं भोग सकीं। उनके अंत समय में भी दोनों में से कोई उनके पास नहीं था। मैं हमेशा दोनों से कहती रही कि माँजी को अपने पास ले आओ, लेकिन माँजी की हमेशा यही ज़िद्द रही कि उन्हें तो नीरा और मुक्ता के पास ही रहना है’ दिखाने के लिए आँसू पोंछते हुए वे कहतीं।

लेकिन आंटी का यह एकदम ढोंग था और सभी इस सत्य को जानते थे। वे हमेशा दूसरों के सामने श्रेष्ठ दिखने का प्रयत्न किया करती थीं। सभी सगे सम्बन्धी और रिश्तेदार यह भली-भाँति जानते थे कि यदि आंटी और पापा तथा अंकल चाहते तो दादीमाँ को अपने साथ रख सकते थे। लेकिन दोष तो बेचारी मम्मी के सिर मढ़ा जाता था और आंटी इसे सिद्ध करने के लिए कोई कसर उठा न रखती थीं।

इन चार दिनों में और सभी बातें हुई, लेकिन किसी ने भी मेरे तथा मम्मी के बारे में न कोई दिलचस्पी ली और न कुछ कहा। सभी जानते थे कि दादीमाँ के न रहने से हम दोनों माँ-बेटी बिलकुल तन्हा हो गई हैं लेकिन किसी ने भी यह नहीं सोचा कि अब हम दोनों यहीं रहेंगी या पापा अपने साथ ले जाएँगे और न किसी ने इस बारे में कोई पहल की। हाँ, हिम्मत करके नाना नानी ने अवश्य पूछा था ‘विमल! नीरा और मुक्ता के बारे में कुछ सोचा?’

‘सोचना क्या है? उनका अपना घर है, मैं तो आता-जाता ही रहूँगा. किसी बात की कमी तो है नहीं इनके लिए यहाँ।’ पापा का रूखा सा जवाब था।

‘फिर भी बेटा पहले बात और थी, अब उन्हें अकेले रहने में मुश्किल
होगी।’ नानी ने समझाते हुए कहा था।

‘इसमें मुश्किल की क्या बात है, नीरा कोई बच्ची तो है नहीं, अपनी और अपनी बेटी की देखभाल अच्छी तरह कर सकती है।’ पापा का उत्तर सुनकर नानी ने फिर कुछ नहीं कहा था।

रात की गाड़ी से सभी रिश्तेदार लौट गए थे। खैर, उन सभी को जाना ही था। लेकिन पापा तो एकाध दिन और रुक सकते थे। मम्मी और मैं अब कितने अकेले पड़ गए हैं, उन्होंने कतई नहीं सोचा था। पापा की निष्ठुरता की यह पराकाष्ठा थी। यह घड़ी मम्मी के धैर्य की परीक्षा की घड़ी थी, जिसमें वे बिलकुल खरी उतरीं। जीवन भर उन्हें इन्हीं कठिन परिस्थितियों से गुज़रना पड़ा था। उन्हें हर बार नए मानदण्डों पर परखा गया और मम्मी उतनी ही अधिक तपकर कुन्दन बनकर निकलती रहीं। उनकी जीवन-शैली और व्यक्तित्व में हर बार नया निखार और प्रखरता उत्पन्न होती रही। उन्होंने एक बार भी पापा से एकाध दिन और रुकने अथवा अपने साथ ले जाने का आग्रह नहीं किया।

क्रमशः

सुधाकर रत्नाकर

WhatsApp Image 2026-07-20 at 09.57.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment