अनिल पुरोहित का उपन्यास ‘उस पार ‘ भाग -5

उस पार
भाग -5
” सबसे पहले हम इस जगह का एक चक्कर लगाते हैं, शायद निकलने का कोई मार्ग मिल जाए।” – कहकर विनोद ने मेरी ओर प्रश्नसूचक निगाहों से देखा।

” जरूर! …तो शुरू करते हैं।” – मैंने प्रत्युत्तर दिया।

हम दोनों ने अपना सामान चेक किया ताकि कोई वस्तु वहां छूट न जाए। जब तसल्ली हो गई तो हम उस गोलाकार मैदान की किनारे की उभरी हुई चट्टानों को ध्यान से देखते हुए आगे बढ़ गए।

मैं चट्टान की दीवारों को ध्यान से देखते हुए चला जा रहा था। विनोद मुझसे थोड़ा पीछे था। अचानक मैं जोर से चिल्लाया – ” विनोद… विनोद ! देखो ! ये क्या है?”

मेरे जोर से चिल्लाने के कारण विनोद मेरे पास दौड़कर आया और घबराते हुए बोला – ” क- क्या हुआ? …क्यों चिल्ला रहे हो?”

” द -देखो! ये क्या है?” – कहकर मैंने गुफा की एक दीवार की ओर अंगुली किसी भाले की मानिंद भोंकी।

विनोद ने ,जहां मैंने इशारा किया; उस ओर गौर से देखने लगा। उसे ज्यादा कुछ समझ में न आया तो मुझसे मुखातिब होकर बोला – ” इसमें ऐसा क्या खास है? किसी ने दीवार पर भद्दा सा चित्र ही तो बनाया है! “

” ये केवल चित्र नहीं है विनोद! ध्यान से देखो। इस स्थान की ये बहुत बड़ी ऐतिहासिक खोज साबित हो सकती है। तुम्हें शायद मालूम न हो… … पर चित्र को ध्यान से देखो। घोड़े पर सवार एक व्यक्ति जंगली सूअर का शिकार कर रहा है। चित्र में केवल लाल रंग का प्रयोग किया गया है। क्या तुम्हें गुफाओं के भित्तिचित्रों के बारे में कोई जानकारी है? “

मेरे सवाल पर विनोद ने कंधे उचकाए और हाथों को नचाते हुए बोला – ” तुम्हें तो पता है , मैं कॉमर्स का विद्यार्थी रहा हूं। …और फिर इतिहास में मेरी रुचि न के बराबर रही है, इसलिए इन चीजों के बारे में भला मैं क्या बता सकता हूं। दूसरे चित्रकला या पेंटिंग के बारे में मेरी नॉलेज सिफ़र है। अब तुम ही बता दो; ये क्या है?”

” कोई बात नहीं। मैं ही बता देता हूं। ये तो मानते हो न कि ये चित्र किसी मनुष्य के बनाए हुए हैं। मतलब इस गुफा में मनुष्य आता – जाता रहा है। इससे एक बात तो सिद्ध हो गई कि यहां से निकलने का कोई न कोई रास्ता अवश्य है। इससे हमारी एक चिंता तो दूर हो ही गई कि देर – सबेर यहां से निकल ही जायेंगे। बोलो ? क्या कहते हो?” – मैंने एक सवालिया निगाह उस पर डाली ।

” हां …ये बात तो है। निकलने का रास्ता तो जरूर है ही। इसमें कोई शक नहीं। वरना यहां चित्र बनाने कौन आता … और जब यहां आया है तो आने जाने का रास्ता होना ही चाहिए।” – बोला विनोद। उसके स्वर में अब आत्मविश्वास की एक झलक थी।

” अब मैं तुम्हें इस चित्र के बारे में बताता हूं। तुम्हें याद होगा पिछले साल हम अजंता – एलोरा की गुफाएं देखने गए थे। वहां भी हमने गुफाओं में अनेक चित्र देखे थे। वे चित्र ज्यादातर बौद्ध धर्म और जातक कथाओं से संबंधित हैं और उन्हें चौथी – पांचवीं शताब्दी में बनाया गया था। परंतु ये जो चित्र है” – मैंने अंगुली से पुनः इशारा किया और बोला ,” लगभग तीस हजार वर्ष पुराना है। प्रागैतिहासिक काल या पुरापाषाणिक काल के ऐसे चित्र भीमबेटका की गुफाओं में काफी संख्या में हैं। अगर हम ये नयी खोज दुनियां के सामने ला सके तो बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। हमारा नाम दुनियां भर में होगा। ऐसी खोज करने वाले और वो भी इतनी कम उम्र में किसी ने आज तक नहीं की है। “

कहकर मैं एक पल सांस लेने के लिए रुका फिर पुनः बोला – ” इस आखेट के चित्र की कुछ फोटो खींच लेता हूं ताकि हमारे पास ये सबूत रहे कि हमने कितनी बड़ी खोज की है।”

मैंने बैग से अपना ओलंपस OM -1 कैमरा निकाला जिसे यात्रा से पूर्व ही बैग में डाल लिया था। कैमरे पर 50 एमएम का लैंस अटेच्ड था। ये लैंस कम रोशनी में फोटोग्राफी के लिए बेहद शानदार था। मैंने व्यू फाइंडर में देखा और फ्रेम को कंपोज करते हुए फोकस कर कुछ फोटो क्लिक किए और कैमरा वापस बैग में रख दिया। मेरे चेहरे पर पूर्ण संतोष के भाव थे। मुझे लगा कि फोटोग्राफी के इस शौक की बदौलत आज कुछ ऐसा किया है कि मेरा फोटोग्राफी सीखना सार्थक हो गया।

वहां से आगे हम बढ़े ही थे कि विनोद की नजर उस विशाल गोलाकार हॉल की छत की ओर गई। विनोद मारे खुशी के जोर से बोला कि – ” द – देखो ! छत की ओर देखो! …और वहां दीवारों को भी देखो। चारों ओर चित्र भरे पड़े हैं। “

मैंने हॉल की छत और दीवारों की ओर नजरें दौड़ाई और ध्यान से देखा तो आश्चर्य और खुशी के मारे मेरे रोंगटे खड़े हो गए। चारों तरफ जहां भी नजर जाती , अलग – अलग तरह के सैकड़ों शैलचित्र बने हुए थे। चित्रों में लाल ,काले और सफेद रंग का प्रयोग किया गया था। मैंने विनोद को अपना पिट्ठू बैग दिया और कहा कि अभी रोशनी अच्छी है, मैं फटाफट कुछ फोटो और क्लिक कर लेता हूं। जो मेरे आसपास और नजदीक थे पहले उन चित्रों के फोटो खींचे फिर सामने की दीवार और छत के फोटो उस 50 एमएम लेंस से खींचना संभव नहीं था, इसलिए बैग से 70-210 mm का जूम लैंस निकाला और 50 mm के स्थान पर ये लैंस अटैच कर लिया। अब मैं धड़ाधड़ दूर से फोटो शूट करने लगा और तब रुका जब देखा कि फिल्म खतम हो गई। फटाफट फिल्म को रिवाइंड किया और उसे पेंट की जिप पॉकेट में डाला और दूसरी नयी फिल्म लोड की।

यहां से थोड़ा आगे चले तो एक काफी बड़े और विशालकाय तबलेनुमा पत्थर पर दोनों बैठ गए। विनोद ने कहा – ” पहले कुछ खा -पी लेते हैं …फिर निकलने का कोई रास्ता तलाश करते हैं।”

” ठीक है। ” – कहकर मैंने अपना बैग खोला और सिल्वर फॉयल में पैक किए परांठे और अचार निकाल लिया। विनोद ने भी ऐसा ही किया। दोनों ने मिलकर भरपेट भोजन किया और थोड़ा पानी पीकर वहां से रवाना होने के लिए खड़े हुए। उस पत्थर से नीचे पांव रखने वाले ही थे कि एक जोर की फुंफकार सुनाई दी। मैंने एक झटके से अपने पांव ऊपर खींच लिए। खड़े होकर नीचे झांका तो एक विशालकाय काला नाग फन उठाए उस पत्थर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था जिस पर हम बैठे थे। इतने विशाल नाग को देखते ही मेरी सिट्टी -पिट्टी गुम हो गई। काटो तो खून नहीं। मैंने भयातुर आंखों से विनोद की ओर देखा तो उसका चेहरा पीला जर्द पड़ चुका था। वो कुछ बोलने की कोशिश कर रहा था पर आवाज उसके गले में ही घुटकर रह गई।

सामने साक्षात मौत को देखकर हमारे हौसले पस्त हो चुके थे। मैंने विनोद को आंखों से एक इशारा किया और उसका हाथ कसकर पकड़ा और पीछे की ओर घूमकर उस तबलेनुमा पत्थर से सीधे नीचे छलांग लगाई और बेतहाशा दौड़ पड़े। पता नहीं कैसे मेरा पैर एक पत्थर से उलझा और मैं विनोद को लिए बीच में भरे पानी के तालाब में फिसलता गया। एकबारगी तो पूरा शरीर पानी के अंदर चला गया। विनोद का हाथ मुझसे छूट गया था। किसी तरह हाथ – पैर मारकर पानी में खड़ा हुआ तो वहां पानी कमर तक था। मुझसे कुछ ही दूर विनोद भी जद्दोजहद करके पानी में खड़े होने की कोशिश कर रहा था।

मेरे पैर में चोट लगी थी, शायद खून निकल आया था। दर्द की एक तेज लहर पूरे शरीर में दौड़ रही थी। विनोद चलकर मेरे पास आने की कोशिश कर रहा था। मैंने पानी की सतह पर देखा तो कुछ खून दिखाई पड़ा। विनोद मेरे पास पहुंचा ही था कि मैंने पानी में सामने देखा कि एक खतरनाक पिरान्हा मछली अपने भयानक दांतो को दिखाते हुए हमारी तरफ आ रही थी। शायद उसे मेरे खून की गंध लग चुकी थी। आकार में वो किसी बिल्ली जितनी थी। हमसे लगभग बीस फुट की दूरी पर थी वो शैतान। मैंने और विनोद ने उसे एकसाथ ही देखा था।

” भ -भागो यहां से विनोद ! भागो! इसे हमारे खून की गंध लग चुकी है। अगर इसने काट लिया तो मौत से कोई नहीं बचा सकता।” – कहकर मैं सिर पर पैर रखकर किनारे की ओर भागा। हमारे पीछे – पीछे ही पिरान्हा तेज़ी से हमारी तरफ आ रही थी। मैं जान बचाकर किनारे पहुंचा ही था कि पीछे घूमा तो विनोद आता दिखाई दिया। उससे कुछ ही दूरी पर पिरान्हा अपना भयानक जबड़ा खोले आती दिखी। मैंने अपना एक हाथ आगे बढाया और विनोद का हाथ थामकर एक झटके से उसे बाहर खींच लिया। सैकेंड के सौवें हिस्से का अंतराल ही रहा होगा। उसे बाहर निकाल थोड़ी दूर सुरक्षित किनारे की सूखी चट्टानों पर हम बैठ गए। शैतान की खाला पिरान्हा को बड़ी मुश्किल से गच्चा देकर जान बचा पाए थे।

हमारी सांसे लोहार की धोंकनी की तरह चल रही थी। दस मिनट बाद जब थोड़ा दम में दम आया तो कसम खा ली कि अब पानी से दूर ही रहेंगे। पता नहीं कहां कौनसी आफ़त आ जाए और लेने के देने पड़ जाए।

§§§§
§§§§

 

गुफा के इस विचित्र स्थान से हम दोनों वहां से सावधानी के साथ चारों तरफ देखते हुए उस तालाब का चक्कर लगाते हुए आगे बढ़ने लगे। सुरंग का आकार निरंतर छोटा होता जा रहा था। रोशनी भी कम होती जा रही थी। मैंने कलाई घड़ी में समय देखा तो दोपहर के ढाई बज रहे थे।

मैं चाहता था कि जल्द से जल्द कोई बाहर निकलने का रास्ता दिखे तो निकलें पर अभी तक सफलता कोसों दूर थी। धीरे – धीरे सुरंग ऊंची होती जा रही थी। हम तेज कदमों के साथ निरंतर चले जा रहे थे, पर सुरंग खत्म होने का नाम भी न ले रही थी। हम तकरीबन एक घंटे तक चढ़ाई करते जा रहे थे। अब सुरंग अंदर से रेलगाड़ी के डिब्बे जितनी चौड़ी थी। अंदर रोशनी बहुत कम थी। सुरंग आगे दाहिनी ओर मुड़ गई थी और वहां से तेज प्रकाश आता नज़र आ रहा था।

प्रकाश की चमक देख मेरी आंखों में आशा की एक लहर दौड़ गई। हमने दौड़कर मोड़ पार किया ही था की सुरंग की दाहिनी दीवार में एक चौड़ी दरार दिखाई दी। रोशनी उसी से छनकर आ रही थी। मैं शरीर में विनोद से कुछ पतला था सो विनोद से कहा – “मैं कोशिश करता हूं बाहर निकलने की।”

मैंने हरचंद कोशिश की बाहर निकलने की पर थोड़ी सी कमी रह गई। यदि ये दरार एक इंच चौड़ी और होती तो मैं आसानी से निकल जाता पर हमारी ऐसी किस्मत कहां। दरार के बाहर उगी झड़बेरी की कुछ डालियां अंदर आ गई थी जिस पर बड़े – बड़े ‘ पेमली ‘ बेर लगे हुए थे। मैंने हाथ बढ़ाकर काफी सारे बेर तोड़कर एकत्र कर लिए ताकि आगे काम आ सकें। विनोद ने झाड़ी की एक बड़ी टहनी को पकड़ कर अंदर की ओर खींचा ताकि मैं और बेर तोड़ सकूं। हमने काफी बेर तोड़कर बैग में भर लिए और बाकी बचे खाने लगे। कहीं दूर किसी कुत्ते के भौंकने की आवाजें सुनाई पड़ रही थी। लगता था कि कहीं नजदीक ही कोई बस्ती या ‘ ढाणी’ होगी।

बाहर न निकल सकने के कारण कुछ समय के लिए हम निराश हो गए थे, पर फिर पुनः हिम्मत जुटाकर आगे बढ़ गए। लगभग आधे घंटे तक सुरंग में चलते रहे। अब सुरंग निरंतर चौड़ी और ऊंची होती जा रही थी। पता नहीं किन दरारों से होकर प्रकाश भी आ रहा था। अब सुरंग किसी बड़े हॉल जितनी चौड़ी हो गई थी। दरारों से आने वाला प्रकाश एकदम मंद पड़ गया था।

थोड़ा ही आगे चले होंगे कि सुरंग दो समान भागों में बंट गई। मैंने घड़ी में समय देखा तो शाम के पौने छः बज रहे थे। दिन छिपने को था। विनोद ने मुझसे कहा – ” अब आगे जाने में कोई फायदा नहीं है। रात को रुकने की यहीं कोई जगह तलाश कर लेते हैं। यदि अंधेरा हो गया तो और मुश्किल होगी। आगे की योजना कल सुबह देखेंगे।”

” ओके, यही ठीक रहेगा।” – मैंने जवाब दिया और सोने की जगह के लिए इधर -उधर देखने लगा। जहां हम खड़े थे उसके बगल में ही ट्रेन की बर्थ जैसी सपाट और लंबी चट्टान थी जो मेरे कंधे जितनी ऊंचाई पर थी। इतनी अच्छी और सुरक्षित जगह मिल जाने से चिंता काफी हद तक कम हो गई। हम दोनों एक ही छलांग में उस बर्थनुमा चट्टान पर चढ़ गए। खाने की इच्छा दोनों की ही नहीं थी। थर्मस में चाय थी सो दोनों ने चाय के साथ कुछ बिस्किट खाए और अपने पिट्ठू से स्लीपिंग बैग निकाल कर उसके अंदर घुस गए। दिन में पूरे दिन चलने के कारण थक गए थे इसलिए जल्द ही नींद ने हमें अपने आगोश में ले लिया।

WhatsApp Image 2026-07-20 at 15.13.50 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment