अविनाश स आठल्ये का उपन्यास ‘कारगिल एक प्रेम कथा ‘ भाग -5

कारगिल एक प्रेम कथा

भाग -5

उस शाम माँ और पिताजी अपने स्कूटर से पंचमढ़ी से मार्केटिंग करके जब घर आ रहे थे तब न जाने कैसे स्कूटर का ब्रेक फेल हो गया और पिताजी और माँ दोनों स्कूटर समेत गहरी घाटी में गिर गये … पिताजी तो किसी तरह बाहर निकल आये मगर माँ की तो लाश तक नहीं मिली।

वन-विभाग एवम पुलिस दल ने हफ्तों उस जंगल की खाक छानी मगर माँ का कुछ पता न चल सका। इधर पिताजी का इस सदमे से रो-रोकर बुरा हाल था। वह इस घटना का जिम्मेदार स्वयं को ही मानते थे। रोज रात को वंदना और उर्वशी माँ के सिरहाने की टेबल पर रखी तस्वीर देखकर सुबकते हुये एक दूसरे को सांत्वना देते हुये चिपक कर सो जाया करती थीं।

उर्वशी को तो जब भी पहाड़ियां और ऊँचे दरख्त दिखते तो उसे लगता था कि उन पेड़ों की ओट में छुपकर उसकी माँ उसे ही बुला रही है। उसे उन पेड़ों से अजीब सा अपनापन लगता था, परन्तु यह अपनापन उसे शिमला के उन जंगलों में बिल्कुल भी न लगता।

मैडम टिकिट दिखाना जरा… टिकिट निरीक्षक की आवाज़ सुनकर उर्वशी बरबस ही बचपन की यादों से निकलकर वर्तमान में आ पहुंची। टिकट निरीक्षक के जाने के बाद उर्वशी ने घड़ी देखी तो रात के 10 बज रहे थे, भोपाल स्टेशन आने वाला था, इसलिए वह भी जल्द ही अपना टिफिन खाने के बाद साथ बैठे सहयात्रियों की गतिविधियों को देखने लगी। कोई ताश खेलने में व्यस्त था, कोई माँ अपने बच्चे को सुला रही थी, तो कोई बुजुर्ग अपनी सीट पर निढाल हो चुके थे।

भोपाल स्टेशन निकल चुका था। सहयात्रियों के निवेदन पर उर्वशी ने भी अपनी बर्थ खोलकर उनके लिए नीचे की बर्थ खाली कर दी, वह बेड रोल लगाकर अपनी सीट पर लेट गई।

नींद तो अब भी कोसों दूर थी उर्वशी की आँखों से। एक बार ट्रेन की “छुक छुक छुक छुक” की रिदम ने पुनः उर्वशी को बचपन की यादों में खींच कर धकेल दिया…

उर्वशी तब ग्यारहवीं कक्षा में थी और स्कूल का ट्रिप मसूरी के लिए जा रहा था। उसकी पूरी क्लास, पी टी वाले सर, क्लास टीचर और दो अन्य दूसरी क्लास के टीचर्स भी साथ में जा रहे थे। पिताजी ने पहली बार ही उर्वशी को पंचमढी से बाहर अकेले जाने की परमिशन दी थी। सभी शिक्षकों की सख्त निगरानी में उनकी पूरी क्लास के बच्चे उस बोगी में साथ साथ बैठकर अंताक्षरी खेल रहे थे… लड़कियां और महिला शिक्षिकाएँ एक तरफ़ तथा लड़के पुरूष शिक्षक दूसरी तरफ़।
14/105

उर्वशी इतनी नादान भी न थी कि वह यह समझ न पाती कि उसके पी टी वाले रोहित सर और साइंस की ऋचा मैडम के बीच रोमांस चल रहा है… ज्यादातर गीत वही दोनों एक दूसरे के लिए अंताक्षरी की आड़ लेकर गा रहे थे, जबकि सभी छात्र छात्राएं बाक़ी शिक्षकों के साथ मूक दर्शक बनकर यह तमाशा देख रहे थे।

जैसे ही ऋचा मैडम ने अपना गीत “आपकी नज़रों ने समझा प्यार के काबिल मुझे गीत “समझा” शब्द पर खत्म किया रोहित सर को “झ” शब्द से गीत गाना था, जो कि उन्हें सूझ नहीं रहा था।

लड़कियों की टीम ने “काउंटडाउन” शुरू कर दिया.. झ1, झ 2, झ 3, झ 4, झ 5, झ 6… लड़के बड़ी आस से रोहित सर की तरफ देख रहे थे, मगर रोहित सर को शायद कोई गीत सूझ ही नहीं रहा था।

लड़कों को अपनी पराजय नज़दीक लगने लगी थी, तभी कैप्टन अरविंद नायर का बेटा मृदुल नायर गा उठा.. “झूमती चली हवा… याद आ गया कोई” और लड़कों की टीम में नया जोश आ गया, अब तो अंताक्षरी सिर्फ छात्र छात्राओं के बीच होने लगी थी।

कितनी मस्ती कर रहे थे सब लोग, तभी रात लगभग 12.30 बजे किसी सहयात्री की शिकायत पर टिकिट निरीक्षक ने उन सभी छात्रों से सो जाने का अनुरोध किया और यह प्रोग्राम बंद हुआ

क्रमशः

अविनाश स आठल्ये

WhatsApp Image 2026-07-20 at 16.05.34 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment