बात एक रात की
****************
भाग पांच
************
” ले…तू अब इससे निपट…मैं तो कहती हूं माउशी वाले प्रपोजल को जाने दे..तू इसके बारे में सीरियसली सोच..देख तेरी सारी शर्तें पूरी करता है यह आदमी,नौकरी की जगह एक नौकरी..खुद आबोदाना तलाश रहा है इस बड़े शहर में, तो तेरे फ्लैट में भी रह लेगा खुशी खुशी,अहसान मानेगा सो अलग..”
मानसी दबे होठों से यही सब बुदबुदा ही रही थी कि हेमन्त उन दोनो सहेलियों के एकदम पास आ गया.. “ओह… लगता है ,आप दोनों तो फिर आज आलरेडी खाना खा चुकी हैं…मैं फिर से लेट हो गया हूं..”
मानसी, जब से हेमन्त ने ज्वाईन किया है स्कूल में , उससे पूरे मजे लेने लगी थी,पता नहीं कैसे,पर उसको यह आभास हो चला था कि विजया को लेकर शायद उसके मन
में कुछ पलने लगा था और विजया उसकी इस बात पर खीझ उठती थी.. आज फिर उसी छेड़ छाड़ का अगला अंक शुरू होने को था…
“और आप लेट क्यूं हो गये…क्लॉस छूटे तो पन्द्रह मिनिट से ज्यादा हो गये हैं…”
बहुत मासूमियत से पूछा था हेमन्त से मानसी ने.. और हेमन्त हमेशा उस मासूमियत के पीछे छुपी शरारत को
नहीं भांप पाता था,बहुत सरल लगता था स्वभाव से..”हां हो
तो गये, पर क्या है मानसी जी, मैं एक न्यूमैरिकल समझाने
लग गया था..अब कोई स्टूडैंट क्लास के बाद आपसे कुछ
पूछ बैठे , तो मना थोड़े ही कर सकते हैं….बताना ही पड़ता है…”
“हां , यह तो है..स्टूडैंट्स बहुत पसन्द भी करने लगे
हैं आपको, तो इतना तो करना ही पड़ेगा, चलिए कोई नहीं…
आप आज अकेले बैठ कर खाना खाइये….हम दोनो का तो
हो गया…कल हम लोग साथ बैठ कर खायेंगे…अब तो हम चलते हैं…।”
“अरे रूकिए न मानसी जी..अभी तो समय बाकी
है पीरियड शुरू होने में .. आप लोग ऐसा क्यूं नहीं करती..
चाय पी लीजिए..मैं तब तक खाना लेता हूं..”
” आप पिला रहे हैं तो ठीक हैं…हमें कोई ऐतराज नहीं।” अब विजया को बीच में बोलना ही पड़ा.. ” मगर मुझे ऐतराज है…तुझे पीनी है तो पी मुझे काम है जरा ऑफिस में…।”
“सॉरी हेमन्त जी…अब विजया ही नहीं पी रही तो मेरी चाय भी रहने दीजिए..फिर किसी दिन सही… तब तक उधार रही आप पर,एनिवेज थैंक्स फॉर द ऑफर…।”
कैंटीन के हॉल से लौटते वक्त विजया गुस्सा हो रही
थी अपनी सहेली पर..”क्या जरूरत है तुझे यूं उससे रोज
रोज यूं पंगा लेने की…पता नहीं वह क्या सोचता होगा हमारे बारे में…बिल्कुल ठीक नहीं है तेरी यह छिछोरी हरकतें…।”
” अरे नहीं, नहीं…पंगा नहीं ले रही…और कुछ नहीं सोचता होगा,बल्कि ऑबलाइज्ड़ महसूस करता होगा..और
मैं सच में सीरियस हूं , तू कभी गौर करेगी न उसके प्रोफाईल पर… तो खुद समझ जायेगी…पता किया है मैंने माथुर साहब से…बड़ी सारी जमींदारी है इसकी गांव में,इकलौता है अपने
मां बाप का,बहिन है,पर उस की शायद शादी हो चुकी है.. बेचारा मुंबई में आया है अहमदनगर से नौकरी करने..तो तू
बता कितना सुटैबुल कैंडिडेट है तेरे लिए..वो भी बैठे बिठाए मिल रहा है और तेरे पास हर चीज है जो इसको यहां पर फ्लैट भी है,फ्लैटवाली है…और सेम जॉब भी,और फिर देखने में भी बुरा नहीं है..ऊपर से गांव देहात का है,शहर के रंग में नहीं रंगा है अब तक..जैसे तू अछूती है ,तो है न मैंचिंग मैंचिंग…मैं तो कहती हूं..”
” बस बस…अब और मजाक ठीक नहीं है.. किसी
को पता लगा न, हम क्या बातें करते हैं तो अच्छा नहीं होगा.. अब काम की बात सुन..आज शनिवार है,आज घर आजा,
कल शाम वापस चली जाना..बहुत अकेला अकेला सा लग
रहा है…”
सुन कर कुछ सोच में पड़ गयी थी मानसी फिर दूसरे ही क्षण बोली…”ठीक है ,पूछूंगी स्कूल से लौटते ही आई से,
और फिर फोन करती हूं तुझे….।”
” ठीक है, मगर आए तो जल्दी आना, हम साथ ही खाना खायेंगे…ठीक है…।”
मानसी ने जवाब में अपना सिर हिलाया और बात समाप्त हो गयी..वैसे मानसी को पता था उसकी आई कभी
भी उसे विजया के घर जाने से मना नहीं करती थी , उनका अपना मन बहुत दुख पाता था जब भी उन्हें विजया की इस
निरीह स्थिति का ख्याल आता था किन मुश्किलों से गुजर
रही है बेचारी लड़की की जिंदगी,अच्छा है,सोसायटी में सभी पुराने लोग हैं, बचपन से जानते हैं उसको, उसका स्कूल भी बस पांच सात मिनिट की ही दूरी पर है..इसलिए बहुत सहारा
है उसको..वरना तो अकेली लड़की के लिए यूं अकेले जिंदगी गुजारना कितना दुष्कर है, वो यह अच्छे से जानती हैं ।
विजया ने मानसी को आने को ऐसे ही नहीं कहा था ,उसे लगा,आज जब वो सोने जायेगी तो नींद नहीं आयेगी उसको, कल की सारी घटना घूमती रहेगी देर तक रात में, वैसे आज स्कूल आते वक्त वो किचन की खिड़की को अच्छे से बंद कर के आई थी….और लोहे के तार को अच्छे से लपेट कर के उससे सिटकनी का काम भी निकाल लिया था..उसके मन में जम चुकी थी यह बात , हो न हो जरूर वो किचन की खिड़की से ही आया था, गर बाल्कनी से आया होता तो जरूर पकड़ा गया होता अब तक।
शाम को छः बजे ही मानसी का फोन आ गया था कि वो आ रही है थोड़ी देर में और यह सुन कर विजया बेहद रिलैक्स हो गयी थी ,और पता नहीं थोड़ी देर बाद क्या आया उसके दिमाग में, अपना मोबाईल खोल कर विजय घाटगे से रिलेटेड जो कुछ भी मौजूद था…उत्सुकता से पढ़ने लगी थी।
****************
(शेष आगे )
अजय कुमार