कारगिल एक प्रेमकथा
भाग -6
मृदुल बहुत शर्मिला लड़का था, मगर उर्वशी को वह बहुत पसंद था, इसलिए नहीं कि उर्वशी को उसकी कोई खूबी पसन्द थी, बल्कि इसलिए कि वह “कैप्टन नायर अंकल” का बेटा था। उर्वशी कैप्टन नायर को देखकर जोश से भर जाती थी, और सोचती कि बड़ी होकर वह भी एक दिन आर्मी जॉइन करेगी।
मृदुल क्लास में अक्सर ही उर्वशी से नोट्स ले जाया करता। उर्वशी को उसके पास आकर झिझकते हुये नोट्स के लिए रिक्वेस्ट करने की अदा बहुत पसंद आने लगी थी।
एक बार गलती से मृदुल का हाथ उर्वशी के हाथ को छू गया तो उसे जो “सिहरन” हुई थी, उसकी अनुभूति से उर्वशी का आज भी रोम रोम सिहर उठता है। मगर अफ़सोस इससे पहले कि यह स्पर्श की अनुभूति किसी प्रेमकथा में बदल पाती, उससे पहले ही नायर अंकल का श्रीनगर ट्रांसफर हो गया और यह प्रेम कहानी पनपने के पहले ही खत्म हो चुकी थी।
कॉलेज के दिनों में कितने ही लड़के युवा हो रही उर्वशी पर फ़िदा थे, मगर उर्वशी ने अपनी बातों अथवा हावभाव से किसी को इतनी इजाज़त ही न दी कि कोई उससे प्रेम प्रदर्शन कर सकता।
बिना माँ की बेटियाँ तो वक़्त से पहले ही “समझदार” हो जाती हैं। उर्वशी और वंदना भी समय के हिसाब से बहुत समझदार हो चुकी थीं। वे पुरकषों की नज़रों के फर्क को बखूबी समझने लगी थीं और उसी के हिसाब से ऐसे वहशियों से दूरी बनाकर चला करती थीं।
वंदना की तो अरेंज मैरिज हुई थी, परन्तु शिमला में दो वर्षों से अकेले रहने के बाद भी उर्वशी को कोई ऐसा युवक पसन्द न आया जिसे वह अपना जीवनसाथी बना सकती।
पिछले कुछ दिनों से उर्वशी के सीनियर बॉस उसे बहुत प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे, मगर वह यह बात कहाँ समझते थे कि पैसा और पोजीशन ही सबकुछ तो नहीं होता न किसी से भी प्यार करने के लिए…
सुबह हो चली थी, आगरा स्टेशन पर चाय-चाय की आवाजों से उर्वशी की नींद खुली। उबले पानी सी वह घटिया चाय पीकर उर्वशी का मूड फ्रेश होने की जगह और चढ़ गया।
अब तो नई दिल्ली स्टेशन पर ही फ्रेश होकर चाय नाश्ता करके वहीं से टैक्सी लेकर शिमला पहुंचेगी।
अब तक “आगरा पेठा”-“आगरा पेठा” बोलकर चीखने वालों का शोर थम चुका था।
किन्नर भी अपनी “मोहक अदाओं” के दम पर वसूली कर चुके थे।
जैसे-जैसे दिल्ली नज़दीक आ रहा था, सहयात्रियों की हलचल तेज़ होती जा रही थी, लोग सामान पैक करके गेट के नजदीक वाली खाली सीटों पर अपना सामान रखने की जल्दबाजी में थे, हालांकि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन उस ट्रेन का आखिरी स्टॉपेज था।
दिल्ली आते ही उर्वशी के यात्री प्रतीक्षालय में अपना सामान रखा और फ्रेशअप होने चली गई। वहीं के एक स्टॉल में चाय नाश्ता करके अपना सामान लेकर नई दिल्ली स्टेशन के “पहाड़गंज साइड” से एक टैक्सी पकड़ी और शिमला के लिए रवाना हो गई।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से टैक्सी पकड़े अभी लगभग 2 घण्टे हो चुके थे मगर टैक्सी अब तक दिल्ली सीमा से बाहर नहीं निकल सकी थी।
चंडीगढ़ हाइवे पकड़ते ही खुशनुमा ठंडक का अहसास होने लगा था। उर्वशी ने ड्राइवर से कार की सभी खिड़कियों को खोलने और कोई अच्छा सा संगीत लगाने को कहा।
क्रमशः
अविनाश स आठल्ये