मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -29

वहां कौन है?

(भाग 29 )

नीलवलया शीघ्रता से अपने कक्ष में पहुँच गई और उने दरवाजे बंद कर दिए। दाइयों को उसने बाहर रहने का आदेश दे दिया था विश्राम का बहाना बनाकर। वह धीरे–धीरे आगे बढ़ी। उसका पूरा शरीर काँप रहा था। सामने श्वेत मूंगे की चौड़ी मेज पर रेशमी शैवाल से बना वस्त्र बिछा था। उसने अपने वस्त्र की तहों के मध्य से सुरक्षित रखी नागमणि निकाली और उसे उस वस्त्र पर रख दिया।

क्षणभर के लिए पूरा कक्ष दूधिया आभा से भर उठा।ऐसा लगा मानो चाँद स्वयं समुद्र की गहराइयों में उतर आया हो। मणि के भीतर असंख्य सूक्ष्म प्रकाश-रेखाएँ घूम रही थीं। कभी वे सर्पाकार आकृति बना लेतीं, कभी कमल की पंखुड़ियों जैसी फैल जातीं और फिर स्वयं ही विलीन हो जातीं।

नीलवलया विस्मित होकर उसे देखती रही,”हे नागदेव… मुझे क्षमा करना। मैं तुम्हारा अपमान नहीं करना चाहती। मैं इसे अपने लिए नहीं ले जा रही… केवल एक रात्रि के लिए… केवल एक रात्रि…”

उसकी आँखों से आँसू टपक पड़े, “यदि मेरा प्रेम सत्य है तो कल प्रातः यह मणि यथास्थान लौटा दूँगी।”

उसने दोनों हाथ जोड़ दिए।कमरे के बाहर अभी भी दूधिया प्रकाश फैल रहा था। दरवाजे बंद होने के कारण भीतर क्या हो रहा है, इसका आभास तक नहीं हो रहा था। नीलवलया किसी प्रकार का संकट नहीं चाहती थी अतः उसने एक समुद्री पत्थर की बनी मंजूषा( डिब्बी) निकाली और नागमणि को उसी वस्त्र में लपेट कर सुरक्षित रख दिया यद्यपि अभी भी मंजूषा से प्रकाश बाहर आ रहा था लेकिन तब भी आसानी से किसी का ध्यान उस पर नहीं जाता।

अचानक ही जल में कम्पन हुआ और दृश्य पुनः परिवर्तित हो गया।

नागमणि कक्ष में अभी भी वही उजाला विद्यमान था जो सामान्यतः आशीर्वाद के समय कई घड़ी तक बना रहता था।प्रहरी निश्चिंत थे। वे जानते थे कि जब तक यह प्रकाश स्वयं मंद न हो जाए, कोई भी भीतर प्रवेश नहीं कर सकता।समय धीरे-धीरे बीतता गया।

दूधिया प्रकाश क्षीण होने लगा।पहले उसकी तीव्रता कम हुई।फिर वह केवल मणि के आसन तक सीमित रह गया।और अंततः…वह भी समाप्त हो गया।

उसी क्षण पूरे जललोक में एक अत्यन्त सूक्ष्म कंपन दौड़ गया।
कोई ध्वनि नहीं हुई।कोई शंख नहीं बजा।कोई चेतावनी नहीं गूँजी।किन्तु राजमहल के चारों ओर फैला दिव्य सुरक्षा-वृत्त धीरे-धीरे फीका पड़ने लगा।महल के ऊपर तैरते नीले ऊर्जा-वृत्तों में महीन दरारें-सी चमकने लगीं।

विशाल मूंगे की दीवारों पर अंकित सुरक्षा-मंत्र क्षीण प्रकाश देने लगे।राजकीय ज्योतिषी, जो ध्यानमग्न बैठे थे, एकदम से चौंककर उठ खड़े हुए, “यह…”,उन्होंने काँपते स्वर में कहा,”राजरक्षक आवरण शिथिल हो रहा है!”

उसी समय नागमणि कक्ष के बाहर खड़े प्रधान रक्षक ने भीतर प्रवेश की अनुमति चाही।दरवाज़ा खुला।भीतर प्रवेश करते ही वह स्तब्ध रह गया।समुद्री अश्व की प्रतिमा अपने स्थान पर थी, स्वर्णासन भी, रत्नों की मालाएँ भी किन्तु…उसके मस्तक पर प्रतिष्ठित नागमणि वहाँ नहीं थी।

क्षणभर के लिए उसका शरीर जैसे पत्थर का हो गया। फिर कांपते हुए उसका स्वर निकला, “अ…असंभव…”

कुछ ही क्षणों में समाचार राजमहल के अंतरतम कक्ष तक पहुँच चुका था।

मत्स्यराज समुद्रकेतु अपने मंत्रणा-कक्ष में थे।प्रधान रक्षक ने भीतर प्रवेश करते ही दोनों घुटने टेक दिए, “महाराज…”उसका स्वर काँप रहा था,”नागमणि…”

राजा का चेहरा कठोर हो गया, “क्या हुआ नागमणि को?”

“वह… अपने स्थान पर नहीं है।”

कमरे में मौन छा गया।महारानी की आँखें फैल गईं।नीलांबरी के हाथ से मोतियों का पात्र छूटकर नीचे गिर पड़ा।कुछ क्षण तक किसी के मुँह से एक शब्द नहीं निकला।राजा धीरे-धीरे अपने सिंहासन से उठे।उनकी आँखों में क्रोध नहीं…बल्कि अविश्वास था।

वे सभी तेजी से उस दिव्य कक्ष की ओर तेज कदमों से बढ़ गए।
राजा ने बिना एक पल कक्ष का विशाल द्वार खोल दिया।

सैनिक, राजपुरोहित और महारानी उनके पीछे थे।समुद्री अश्व की प्रतिमा अब भी वहीं थी…किन्तु उसके मस्तक पर स्थापित मणि…लुप्त थी।कुछ क्षणों तक वहाँ पूर्ण मौन छाया रहा।ऐसा मौन जो किसी तूफ़ान के आने से पहले उतरता है।

राजा धीरे-धीरे प्रतिमा के समीप पहुँचे।उन्होंने आधार देखा।
कोई संघर्ष नहीं।कोई बल प्रयोग नहीं।कोई टूट-फूट नहीं।उन्होंने आँखें बंद कर लीं।

“नहीं।”,उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा,”कोई बाहरी व्यक्ति यह नहीं कर सकता।”

प्रधान रक्षक ने सिर झुका लिया।राजा आगे बोले,”नागमणि कक्ष तक पहुँचने के लिए सात सुरक्षा-वृत्त पार करने पड़ते हैं। प्रत्येक द्वार राजवंश के रक्त, मंत्र और अनुमति से खुलता है।”

उन्होंने एक-एक शब्द पर बल दिया, “यदि कोई बलपूर्वक प्रवेश करता तो पूरा जललोक जान जाता।”

सभी मौन थे।राजा की दृष्टि धीरे-धीरे गंभीर होती गई, “अर्थात…”
वे रुक गए और उनकी दृष्टि महारानी की ओर उठी।महारानी ने घबराकर उनकी ओर देखा,”आप क्या कहना चाहते हैं?”

राजा ने गहरी साँस ली, “जिसने नागमणि ली है… वह हमारे अपने लोगों में से है।”

कमरे का वातावरण भारी हो गया।राजा कुछ क्षण सोचते रहे।फिर अचानक बोले,”नीलवलया कहाँ है?”

नीलांबरी का हृदय धक् से रह गया।वह तुरंत संभल गई, “वह… शायद अपने कक्ष में विश्राम कर रही होगी।”, उसने तुरंत एक दासी को नीलवलया को बुलाने के लिए भेजा। कुछ ही देर में दासी मलिन मुख के साथ वापिस आ गई,” राजकुमारी अपने कक्ष में नहीं हैं।”

सभी हतप्रभ रह गए। राजा ने निराशा में अपना सिर हिलाया और चुपचाप बैठ गए। कुछ देर बाद बाद राजा ने प्रधान रक्षक की ओर देखा, “किसी को भी इस बारे में कुछ पता न चले।”

“जी महाराज।”

“यदि यह समाचार बाहर फैला तो पूरा जललोक भय और अराजकता में डूब जाएगा”उन्होंने आदेश दिया,”केवल विश्वासपात्र सैनिक तैयार किए जाएँ और नीलवलया को बिना किसी शोर के खोजा जाए।”

उसी समय…राजमहल के बाहर से उद्घोष सुनाई दिया, “शंखपुरी जलसंघ के युवराज आर्यकेतु अपने राजपरिवार सहित पधार रहे हैं!”

नीलांबरी ने आँखें बंद कर लीं, “हे देव..अब क्या होगा ,सब आ चुके हैं।”

‘दृश्य पुनः बदल चुका था।’

नीलवलया तेज़ी से जलमार्गों को चीरती हुई उस दिशा में बढ़ रही थी जहाँ वर्षों से उसका और अम्भोर का गुप्त मिलन होता आया था।आज हर क्षण उसे भारी लग रहा था।

उसकी हथेलियाँ अब भी नागमणि की दूधिया आभा से हल्की चमक रही थीं। वह बार-बार अपने वक्ष से लगी मंजूषा को छूकर आश्वस्त हो जाती कि नागमणि सुरक्षित है।

“बस थोड़ा और… फिर सब ठीक हो जाएगा।”,उसने स्वयं से कहा।किन्तु जैसे ही वह नीलकमल वन पार करने लगी, जल की धारा अचानक बदल गई। एक क्षण पहले जो मार्ग सीधा था, अगले ही पल उसके सामने तीन अलग-अलग जलमार्ग खुल गए।

“यह कैसे संभव है?”वह रुक गई।वर्षों से वह इस मार्ग पर आती रही थी। आँखें बंद करके भी यहाँ पहुँच सकती थी।किन्तु आज…आज हर रास्ता अपरिचित लग रहा था।

वह बाएँ मुड़ी।कुछ दूर जाकर देखा तो वही स्थान फिर सामने था।इस बार दाहिने गई…फिर वही। तीसरी दिशा में गई तो सामने वही विशाल नील शैवाल का वृक्ष खड़ा था जिसके पास से वह पाँच बार गुजर चुकी थी।

“मैं… घूम क्यों रही हूँ?”,उसका हृदय धड़क उठा।उसी समय उसकी कलाई में पहना नीला कंगन हल्की नील आभा से चमका। उसकी गति स्वयं धीमी हो गई। उसे लगा जैसे कोई अदृश्य शक्ति उसे आगे बढ़ने से रोक नहीं रही बल्कि विलम्ब करा रही हो।

वह झुँझलाई, “नहीं… मुझे पहुँचना ही होगा।” उसने आँखें बंद कीं, गहरी साँस ली और स्मृति के आधार पर दूसरा गुप्त जलमार्ग चुना।इस बार मार्ग खुल गया।वह आगे बढ़ गई।

‘दृश्य फिर से बदलता है।’ उसी समय उधर महल में–

महल के बाहरी प्रांगण में एक अलग ही दृश्य था।शंखपुरी जलसंघ से आए अतिथियों का स्वागत होने वाला था।सैकड़ों मोतियों से सजे विशाल जलरथ धीरे-धीरे महल की ओर बढ़ रहे थे।

उनके आगे विशाल समुद्री घोड़े तैर रहे थे जिनके शरीर पर स्वर्णिम कवच जड़े थे।दोनों ओर शंखध्वज लहरा रहे थे।नीले और रजत वर्ण की दुर्लभ मछलियाँ उस शोभायात्रा के साथ-साथ चल रही थीं।बीच के सबसे भव्य रथ पर बैठे थे—”शंखपुरी जलसंघ के युवराज आर्यकेतु, अपने माता पिता के साथ “

उन्हें देखते ही अनेक जलकन्याएँ अनायास रुक गईं।उनका व्यक्तित्व वैभव से अधिक मर्यादा से भरा था।ऊँचा.. संतुलित शरीर…शांत किन्तु दृढ़ मुखमुद्रा…गहरे समुद्री नीले नेत्र जिनमें अधिकार नहीं, संवेदनशीलता थी…कंधों तक आते घुँघराले श्याम केश…भुजाओं पर शंखमुक्ता से बने बाजूबंद…वक्ष पर रजत कवच, जिस पर शंखपुरी का चिह्न अंकित था।

उनकी कमर से कोई भारी शस्त्र नहीं केवल एक सुंदर जलखड्ग लटक रहा था।वे बार-बार आसपास के सौंदर्य को देख रहे थे।
उनके चेहरे पर उत्सुकता थी… और एक गंभीर किंतु प्यारी मोहक मुस्कान…अहंकार का नामोनिशान नहीं।

रथ रुकते ही उन्होंने सबसे पहले अपने वृद्ध माता-पिता को उतरने में सहारा दिया फिर स्वयं नीचे उतरे।महल के सेवक एक-दूसरे की ओर देखकर मुस्कुरा उठे।

“युवराज में सचमुच राजसी संस्कार हैं।”
नीलांबरी ने दूर से आते राजपरिवार को देख लिया।उसका हृदय धड़क उठा।उसे अभी-अभी ज्ञात हुआ था कि नीलवलया अपने कक्ष में नहीं है और अब…आर्यकेतु भी आ चुके थे।उसने एक क्षण के लिए आँखें बंद कीं लंबी–गहरी सांस भरी फिर स्वयं को संभाला।चेहरे पर मुस्कान लाई और आगे बढ़ी।

“शंखपुरी जलसंघ के महाराज, महारानी और युवराज आर्यकेतु का हमारे जललोक में स्वागत है।”,उसने पूर्ण मर्यादा से प्रणाम किया।

आर्यकेतु ने भी झुककर अभिवादन किया, “राजकुमारी नीलांबरी, आपके विषय में बहुत सुना था। आज दर्शन का सौभाग्य मिला।”,उनकी वाणी में विनम्रता थी।

नीलांबरी के मन में एक टीस उठी,”यदि नीलवलया इन्हें देख लेती… शायद…”। किन्तु उसने उस विचार को वहीं रोक दिया।

शंखपुरी की महारानी ने मुस्कुराकर पूछा,”और हमारी होने वाली पुत्रवधू कहाँ है?”

नीलांबरी का गला सूख गया।एक पल को लगा जैसे सब समझ जाएँगेपर अगले ही क्षण उसने सहज स्वर बनाया, “विवाह की पूर्व-परंपराओं के कारण वह अभी अपनी सखियों के साथ अंतिम अनुष्ठानों में व्यस्त है।”

“शीघ्र ही आप सबसे भेंट होगी।”,आर्यकेतु ने संतोष से सिर हिलाया।

उन्हें तनिक भी संदेह नहीं हुआ। नीलांबरी ने उन सभी को उनके कक्ष तक पहुंचाया। दासियों को उनके सत्कार का निर्देश देकर वह बाहर आ गई।उसके मन में बैचेनी थी कि अब क्या होगा।

तभी महल के भीतर से मत्स्यराज अपने पाँच विश्वासपात्र सैनिकों के साथ बिना किसी औपचारिकता के तेज़ी से बाहर निकलते दिखाई दिए।उनके चेहरे पर चिंता स्पष्ट थी।नीलांबरी ने पिता की आँखों में देखा।राजा ने केवल एक क्षण उसकी ओर देखा…और बिना कुछ कहे आगे बढ़ गए।

नीलांबरी समझ गई पिताश्री नीलवलया को खोजने निकल चुके हैं।
‘दृश्य पुनः बदल चुका था।’

घने नील शैवालों के बीच से गुजरती नीलवलया अंततः उस गुप्त स्थान के समीप पहुँच चुकी थी जहाँ अम्भोर उसकी प्रतीक्षा कर रहा था। उसने अपनी छाती से लगी मंजूषा को और कसकर पकड़ लिया।

उसे नहीं मालूम था उसके पीछे केवल पिता ही नहीं…बल्कि नियति भी तेज़ी से उसकी ओर बढ़ रही थी।
Megha

( क्या होगा, क्या नागमणि अम्भोर को मिल जाएगी? क्या आर्यकेतु से नीलावलया का विवाह हो जाएगा? कब तक चुप बैठेंगे, अब तो कुछ है बोलना। वैसे इस समुद्री विवाह में शामिल होने का यह पहला अवसर है आपका या पहले भी शामिल हो चुके हैं? कैसा अनुभव रहा आपका? बताइए न!)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment