वहाँ कौन है? (भाग 30)
“अम्भोर!”,नीलवलया ने ऊँची मूंगे की चट्टान के सहारे स्वयं को संभालते हुए पुकारा।उसकी साँसें तेज़ चल रही थीं। माथे पर पसीने की सूक्ष्म बूँदें नहीं थीं,जललोक में पसीना नहीं आता था किन्तु उसकी श्वासों की गति बता रही थी कि वह अत्यधिक थक चुकी थी। बहुत कठिनाई से वह उस गुप्त स्थान तक पहुँच सकी थी जहाँ वे दोनों मिला करते थे।
उसने फिर पुकारा,”अम्भोर!”अचानक पीछे की जललताओं के बीच तीव्र हलचल हुई।क्षणभर बाद अम्भोर बाहर निकला।उसे देखते ही नीलवलया के चेहरे पर थकान के बीच मुस्कान खिल उठी। उसे लगा कि अम्भोर उसे देखकर प्रसन्न होगा…शायद उसकी ओर तेजी से आएगा.. पूछेगा कि उसे इतनी देर क्यों हुई।
पर ऐसा कुछ नहीं हुआ।अम्भोर लगभग दौड़ता हुआ उसके सामने आया और बिना किसी भूमिका के बोला,”इतनी देर क्यों लगा दी?” उसका स्वर अपेक्षा से कहीं अधिक तीखा था। “मैं कब से प्रतीक्षा कर रहा हूँ।”
नीलवलया एक पल के लिए ठिठक गई”रास्ते…”वह हल्की मुस्कान के साथ बोली,”आज रास्ते ही बदल गए थे। जाने कितनी बार भटक गई मैं। ऐसा लग रहा था जैसे कोई मुझे यहाँ आने से रोक रहा हो।”
अम्भोर ने उसकी बात पूरी होने भी नहीं दी, “नागमणि लाई हो न?”
नीलवलया ने उसे ध्यान से देखा,”हाँ…”
“तो निकालो।”
नीलवलया उसे देखती रह गई।बस इतना! न कोई स्नेह…न कोई चिंता…न उसकी थकान का प्रश्न…न उसकी कठिनाई का।उसके भीतर बहुत हल्का-सा कंपन हुआ।फिर उसने स्वयं को समझाया, “शायद यह अपनी माता की बीमारी के कारण बेचैन है… बस इसी कारण ऐसा व्यवहार कर रहा है।”
वह धीरे-धीरे चट्टान पर बैठ गई,”पहले बैठो तो सही!”
“बैठने का समय नहीं है।”,अम्भोर ने चारों ओर देखा।उसकी दृष्टि बार-बार दूर तक जा रही थी।मानो उसे किसी के आने का भय हो।, ” क्योंकि यदि किसी को पता चल गया तो सब समाप्त हो जाएगा।”
” इतनी जल्दी किसी को पता नहीं चलेगा। मैं बहुत सावधानी से आई हूँ।”, नीलवलया ने उसे आश्वस्त करने का प्रयास किया।
अम्भोर ने उसकी आँखों में देखकर कहा,”नील, समय हमारे विरुद्ध है। तुम बात को समझो! अधिक।समय तक उनसे यह छिपा नहीं रह सकता।”
नीलवलया ने अपने वस्त्रों की तह को हल्का-सा छुआ।भीतर से दूधिया प्रकाश की एक किरण निकली और तुरंत फिर छिप गई।
अम्भोर की आँखें उसी क्षण चमक उठीं। वह समझ गया कि नागमणि नीलवलया के वस्त्रों में है।
“पहले एक बात बताओ यदि मैं तुम्हें नागमणि दे दूँ..तो उसके बाद?”
“उसके बाद क्या?”, अम्भोर झल्ला रहा था।
“तुमने कहा था न…”, वह मुस्कराई, “…यदि नागमणि केवल एक रात के लिए भी मिल जाए तो सब बदल सकता है।”
“हाँ।”
“कैसे बदल जाएगा?”
अम्भोर तुरंत बोला,”मैं अम्भोनिधि लौटूँगा , जो करना होगा, करूँगा।”
” क्या करोगे?”, नीलवलया ने पुनः प्रश्न किया।
“तुम आज इतने प्रश्न क्यों कर रही हो?”, अम्भोर ने उसे देखा।
नीलवलया ने सहज भाव से कहा,”क्योंकि मै जानना चाहती हूं। इसलिए।”
कुछ क्षण मौन रहा।अम्भोर ने स्वयं को संयत किया फिर पहले से कहीं अधिक मधुर स्वर में बोला,”देखो…”।वह उसके समीप आ गया, “मेरी ओर देखो।”नीलवलया ने उसकी ओर देखा।
“मुझ पर विश्वास करती हो?”
“अपने प्राणों से भी अधिक।”
“तो बस एक रात का विश्वास और कर लो।”
उसने नीलवलया का हाथ अपने हाथों में ले लिया”मैं नागमणि लेकर आज ही अम्भोनिधि जाऊँगा।”
” माँ को ठीक करूंगा और माँ-पिता से बात करूँगा फिर कल…”उसने उसके हाथ को हल्के से दबाया। “…कल इसी समय मैं वापस यहीं मिलूँगा।उसके बाद हम दोनों साथ चलेंगे। मैं स्वयं तुम्हारे पिताश्री से तुम्हारा हाथ माँगूँगा।”
नीलवलया की आँखों में आशा चमक उठी, “सच?”
“मैंने आज तक तुमसे झूठ कहा है क्या?”
वह मुस्करा तो दिया..किन्तु नीलवलया को न जाने क्यों लगा कि उसकी मुस्कान उसकी आँखों तक नहीं पहुँची।उसने नागमणि फिर भी बाहर नहीं निकाली।
“फिर भी…”वह धीमे स्वर में बोली,”मुझे बहुत डर लग रहा है अम्भोर।”
“किस बात का?”
“आज सब कुछ अलग लग रहा है…तुम भी कुछ अलग लग रहे हो।”
अम्भोर का चेहरा एक पल के लिए कठोर हो गया।लेकिन अगले ही क्षण उसने स्वयं को संभाल लिया।वह मुस्कुराया।”डर प्रेम का सबसे बड़ा शत्रु है, नील और आज तुम्हें केवल मुझ पर विश्वास करना है।अब देर मत करो, लाओ मुझे मणि दो।”
नीलवलया ने नागमणि की ओर हाथ बढ़ाया…पर उसी क्षण दूर जल में कई दिशाओं से उठती तीव्र नीली तरंगें दिखाई दींअम्भोर की आँखें फैल गईं।उसने फुसफुसाकर कहा “कोई आ रहा है…”
जल में उठती हुई नीली तरंगें अब तीव्र होती जा रही थीं। ऐसा लग रहा था मानो समुद्र का प्रत्येक कण किसी अदृश्य शक्ति के प्रभाव में एक ही दिशा में बहने लगा हो। मूंगे की चट्टानों के पीछे छिपी छोटी-बड़ी मछलियाँ अचानक तितर-बितर हो गईं। जलवनस्पतियाँ, जो कुछ क्षण पहले तक शांत लहरा रही थीं, एक साथ एक ही ओर झुक गईं।
अम्भोर के चेहरे का रंग बदल गया, ” तुम्हारे लोग यहाँ तक पहुँच गए!”
नीलवलया का हृदय धड़क उठा।
अम्भोर आगे कुछ बोलता, उससे पहले ही दूर से जल को चीरती हुई एक विशाल स्वर्णिम त्रिशूल की आभा दिखाई दी। उसके पीछे नीले और रजत कवच पहने विशिष्ट सैनिक आगे बढ़ रहे थे। उनके मध्य मत्स्यराज थे। उनके दाहिने ओर राजपुरोहित और बाईं ओर महारानी चल रही थीं।
मत्स्यराज का चेहरा क्रोध से तमतमा रहा था।उन्होंने दूर से ही गर्जना की, “नीलवलया!”
वह स्वर सुनते ही नीलवलया काँप उठी, “प… पिताश्री…”
कुछ ही क्षणों में पूरा दल वहाँ पहुँच गया।मत्स्यराज की दृष्टि सबसे पहले अम्भोर पर पड़ी।एक अपरिचित युवक…और उसके सामने उनकी पुत्री…जिसका विवाह तीन दिन बाद शंखपुरी जलसंघ के युवराज आर्यकेतु से होने वाला था।
क्षणभर के लिए वहाँ ऐसा मौन छा गया कि केवल जल की मंथर ध्वनि ही सुनाई दे रही थी।राजा ने भारी स्वर में पूछा “यह कौन है?”
नीलवलया ने साहस जुटाया, “पिताश्री… ये… अम्भोर हैं।”
“अम्भोर?”राजा की भौंहें तन गईं।”अम्भोनिधि का राजकुमार?”
अम्भोर ने हल्का-सा सिर झुकाया, “जी।”
“तो संदेह सत्य निकला।”राजा के स्वर में पीड़ा थी, केवल क्रोध नहीं। “जिस व्यक्ति के विषय में मैंने तुम्हें सावधान किया था… उसी के साथ तुम एकांत में मिल रही थीं।”
नीलवलया कुछ बोलने ही वाली थी कि राजा ने हाथ उठा दिया, “अभी नहीं।” उनकी दृष्टि सीधी अपनी पुत्री पर टिक गई, “नागमणि कहाँ है?”
नीलवलया का चेहरा एकदम पीला पड़ गया, ” नागमणि?”
राजा ने कुछ नहीं कहा लेकिन राजपुरोहित आगे बढ़े।उन्होंने दोनों हथेलियाँ जोड़कर आँखें बंद कर लीं।कुछ ही क्षणों बाद उनके चारों ओर हल्की सुनहरी लहरें घूमने लगीं।उन्होंने गंभीर स्वर में कहा, “महाराज… संकेत स्पष्ट हैं।नागमणि यहीं है।इसके दिव्य स्पंदन इसी क्षेत्र से आ रहे हैं।”
नीलवलया ने अनायास अपने वस्त्रों की ओर हाथ बढ़ाया, फिर तुरंत रोक लिया।यह छोटी-सी हरकत भी महारानी की दृष्टि से नहीं बची।उन्होंने कठोर स्वर में कहा,”नीलवलया! अपनी माता की ओर देखो।”
नीलवलया ने सिर उठा लिया।महारानी की आँखों में आँसू भी थे और कठोरता भी।”एक बार पूछ रही हूँ।क्या नागमणि तुम्हारे पास है?”
नीलवलया का गला सूख गया।उसने धीरे से सिर हिला दिया,”न… नहीं।”
राजपुरोहित ने शांत स्वर में कहा,”राजकुमारी असत्य बोल रही हैं।”
“नागमणि का दिव्य प्रकाश अभी पूर्णतः लुप्त नहीं हुआ। उसके सूक्ष्म कंपन राजकुमारी के चारों ओर एक सुरक्षा-वलय बनाकर घूम रहे हैं। यह केवल वही स्थिति होती है जब कोई उसे अभी-अभी उसके मूल स्थान से हटाकर लाया हो।”
मत्स्यराज ने आँखें बंद कर लीं।उनके लिए यह विश्वास करना कठिन था।फिर उन्होंने धीमे स्वर में कहा—”नीलवलया…मैं राजा नहीं..तुम्हारा पिता बनकर पूछ रहा हूँ। सत्य बता दो।”
नीलवलया की पलकों पर आँसू आ गए।वह कुछ कह पाती, उससे पहले अम्भोर आगे बढ़ गया।”महाराज!”
सबकी दृष्टि उसकी ओर उठी, ” नागमणि इनके पास है..यह मेरे कहने पर लाई हैं।”
महारानी की दृष्टि अंगार बन गई,”क्यों?”
अम्भोर ने बिना झिझक उत्तर दिया,”मेरी माता ने वर्षों पहले हमारे राज्य की रक्षा करते हुए ‘कालविष-मणि’ का प्रभाव अपने ऊपर ले लिया था। वह विष अब जाग गया है। उनके शरीर पर कोई घाव नहीं है पर भीतर का प्रत्येक अंग धीरे-धीरे नष्ट हो रहा है। हमारे लोक में उसका एकमात्र उपचार नागमणि माना जाता है।”
यह सुनते ही राजपुरोहित तुरंत कहा, “यदि कालविष-मणि का प्रभाव है तो उसके उपचार के लिए नागमणि नहीं, गरुड़-शंख और सुधामृत का प्रयोग होता है। यह ज्ञान तो समुद्र का प्रत्येक राजवैद्य जानता है।”
नीलवलया ने विस्मय से उसकी ओर देखा।उसका हृदय जैसे रुक गया,’पर… मुझसे तो इसने कहा था कि विषधारा ने उनकी देह को जला दिया है…’
उसने धीरे से अम्भोर का हाथ पकड़ लिया,”अम्भोर…”वह फुसफुसाई, “तुमने… मुझसे तो कुछ और कहा था।”
अम्भोर ने उसकी ओर देखा।उसके चेहरे पर एक पल को झुँझलाहट उभरी, पर अगले ही क्षण मुस्कान लौट आई।
“नील…अभी सबके सामने सब कुछ नहीं बता सकता।मैं तुम्हें बाद में समझा दूँगा।पहले नागमणि मुझे दे दो।”
अब नीलवलया के भीतर पहली बार विश्वास और संदेह आमने-सामने खड़े हो गए।उसी समय महारानी आगे बढ़ीं।उन्होंने नीलवलया के दोनों कंधे पकड़ लिए।”बस बहुत हुआ।तुम राजकुमारी हो।तुम्हारा प्रथम धर्म अपने लोक की रक्षा है, किसी अपरिचित के प्रेम में अपने राज्य का भविष्य दाँव पर लगाना नहीं।”
उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा,”मेरे साथ चलो।”
नीलवलया ने काँपते हुए सिर झुका लिया।उसकी आँखों से आँसू बह निकले।कुछ क्षण बाद उसने धीमे से कहा,”जी… माताश्री।”
वह मुड़ी और उनके साथ चलने लगी।उसी क्षण—
“नहीं!”,अम्भोर की गर्जना पूरे जललोक में गूँज उठी।अगले ही पल वह बिजली की गति से आगे बढ़ा।उसने नीलवलया को पीछे से खींचकर अपनी ओर कर लिया।उसका तीक्ष्ण शस्त्र नीलवलया के कंठ से आ लगा।सभी सैनिकों ने तत्काल अपने अस्त्र उठा लिए।महारानी का चेहरा पीला पड़ गया।
“अम्भोर!”,मत्स्यराज दहाड़े।”यह क्या कर रहे हो?”
अम्भोर की आँखों में अब प्रेम नहीं था।केवल लालच था,”नागमणि…”।उसने दाँत भींचकर कहा,”मुझे दे दो अन्यथा…”
शस्त्र नीलवलया के गले पर और कस गया।नीलवलया स्तब्ध थी।उसकी आँखों से आँसू बह निकले।उसे विश्वास ही नहीं हो रहा था कि यही वही अम्भोर है जिसके लिए उसने अपने माता-पिता तक को धोखा दे दिया।
तभी उसी क्षण..उसके वस्त्रों के भीतर छिपी नागमणि से दूधिया प्रकाश की एक प्रचंड लहर निकली।प्रकाश की वह तरंग किसी जीवित शक्ति की तरह अम्भोर से टकराई।
“आह…”,वह कई हाथ दूर जाकर गिरा।उसके हाथ से शस्त्र छूट गया।नीलवलया मुक्त होकर पीछे हट गई।किन्तु अम्भोर इतनी आसानी से हार मानने वालों में नहीं था।उसने दोनों हथेलियाँ जल की ओर फैलाईं।
उसके होंठ किसी अज्ञात भाषा के मंत्र बोलने लगे।क्षणभर में काले जल का एक घूमता हुआ आवरण बना।वह नीलवलया की ओर बढ़ा।
महारानी ने जैसे ही यह देखा बिना एक पल गंवाए वह नीलवलया की आगे आ गईं। वह काला आवरण एक पारदर्शी जल-कारागार बनकर महारानी के चारों ओर बंद हो गया।भीतर से वे स्पष्ट दिखाई दे रही थीं…पर उनका एक भी प्रहार उस आवरण को भेद नहीं पा रहा था।
राजपुरोहित के चेहरे पर भय उतर आया।उन्होंने विस्मित होकर कहा, “यह…!यह तो अम्भोनिधि की निषिद्ध मायावी जलविद्या है…”
Megha
( हाय राम, वह काला आवरण तो यहाँ भी बढ़ रहा है, जो लोग कमेंट नहीं कर रहे उनकी तरफ😈😈। वैसे क्या लग रहा है आपको इस जादू की कोई काट है क्या आपके पास? बताइए बताइए न)